BJP का कार्टून वारः पूर्व CM बघेल के बयान पर बीजेपी ने साधा निशाना
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति इन दिनों आरोप-प्रत्यारोप और बयान से आगे बढ़कर कार्टून वार तक पहुंच गई है। राज्यसभा सांसद और सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल के एक पॉडकास्ट में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के भाजपा में शामिल होने के संकेत संबंधी दावे के बाद प्रदेश का सियासी तापमान बढ़ा हुआ है। ऐसे में अब छत्तीसगढ़ बीजेपी ने कार्टून वार कर पूर्व सीएम भूपेश बघेल और सांसद राहुल गांधी पर तीखा तंज कसा है।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल के बीजेपी में प्रवेश के लिए आफर वाले बयान के बाद सूबे की राजनीति गरमायी हुई है। एक के बाद एक दोनों ही पार्टी के नेता जहां बयान दे रहे है। वहीं इन बयानों के बीच अब प्रदेश भाजपा ने इस पूरे घटनाक्रम को प्रतीकात्मक और व्यंग्यात्मक अंदाज में भुनाने की कोशिश की है। भाजपा सोशल मीडिया सेल के प्रदेश संयोजक मितुल कोठारी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक कार्टून पोस्ट किया है, जिसके जरिये कांग्रेस की आंतरिक स्थिति और नेतृत्व संकट पर तंज कसा गया है।
कार्टून के माध्यम से यह संदेश देने की कोशिश की गई कि कांग्रेस के भीतर नेतृत्व और भरोसे का संकट गहराता जा रहा है। इसमें कार्टन के जरिये यह भी संकेत देने का प्रयास किया गया है कि….प्रदेश नेतृत्व पीसीसी चीफ दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत, पार्टी की गिरती साख और बयानों से हो रहे नुकसान पर चिंतित हैं। जबकि शीर्ष नेतृत्व अपने राजनीतिक अस्तित्व को साधने में व्यस्त है। कार्टून में बकायदा राहुल गांधी पर भी निशाना साधा गया है।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ कांग्रेस की राजनीति पहले भी आंतरिक गुटबाजी और नेतृत्व परिवर्तन के सवालों से जूझती रही है। ऐसे में एक पॉडकास्ट में पूर्व सीएम बघेल के दिए बयान ने प्रदेश की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। भाजपा जहां इसे कांग्रेस के भीतर अस्थिरता का संकेत बता रही है। वहीं कांग्रेस इसे राजनीतिक साजिश करार दे रही है। आने वाले दिनों में यह देखना अहम होगा कि यह विवाद महज बयानबाजी तक सीमित रहता है या प्रदेश की सियासत में कोई बड़ा मोड़ लेकर आता है।