राजनीति

'कका का तेवर बरकरार रहेगा', भूपेश बघेल ने चुनावी नेतृत्व पर दिया बड़ा संकेत

बिलासपुर। पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने बिलासपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए भाजपा पर निशाना साधा। अयोध्या राम मंदिर में चोरी पर बघेल ने कहा, महमूद गजनवी ने सोमनाथ के मंदिर को लूटा था। आज RSS और बजरंग दल के लोग देश को लूट रहे हैं। छत्तीसगढ़ में रायगढ़ से लेकर बस्तर तक राम के नाम पर ये लोग लूटने में लगे हुए हैं।

विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के नेतृत्व पर भूपेश बघेल ने कहा, कांग्रेस पार्टी सामूहिक नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी। कका अभी जिंदा हे… और कका का तेवर बरकरार रहेगा, लेकिन चुनाव पार्टी के सामूहिक नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा।

तीन गुना मार झेल रहे हैं किसान

बीजेपी पर निशाना साधते हुए पूर्व सीएम बघेल ने कहा, किसानों को तीन गुना मार झेलनी पड़ रही है। एक ओर मौसम की मार, दूसरी ओर पेट्रोल-डीजल क्राइसिस और प्रदेश में मिलने वाली नकली खाद, ऊपर से प्रदेश में बिजली के बिल ने भी झटका दिया है। कानून व्यवस्था भी बहुत खराब है। स्कूल खुल चुके हैं, लेकिन बच्चों को किताबें और बस्ते नहीं मिले हैं। प्रदेश की व्यवस्था खराब है।

कानून व्यवस्था खराब, जेल में कैदी भी सुरक्षित नहीं

बिलासपुर सेंट्रल जेल में चाकूबाजी पर भूपेश बघेल ने कहा, छत्तीसगढ़ में कानून व्यवस्था बेहद खराब है। आए दिन अपराध बढ़ रहे हैं। प्रदेश में व्यापारी व्यवसायी कोई सुरक्षित नहीं है। अपराधियों का बीजेपी के विधायकों और नेताओं का संरक्षण प्राप्त है। अब तो प्रदेश की जेल में बंद कैदी भी असुरक्षित नजर आ रहे हैं। जेल के अंदर कैदी भी सुरक्षित नहीं है।

राहुल गांधी से बीजेपी को डर

राहुल गांधी के संबंध में बघेल ने कहा कि राहुल को बदनाम करने में बीजेपी लाखों नहीं बल्कि अरबों खर्च कर चुकी है। राहुल गांधी जब बोलना शुरू करते हैं तो बीजेपी के ऊपर से लेकर नीचे तक सारे लोग सक्रिय हो जाते हैं। अगर बीजेपी को किसी से डर है तो सिर्फ राहुल गांधी से है।