राजनीति

वन्यजीव तस्करी पर सियासत तेज, CBI जांच के ऐलान पर कांग्रेस ने सरकार को घेरा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में वन्यजीव तस्करी मामले में सरकार ने बड़ा एक्शन लिया है। को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। वनमंत्री केदार कश्यप ने कहा है कि प्रदेश में सामने आए वन्यजीव तस्करी के मामले की जांच CBI से कराई जाएगी। इसके लिए छत्तीसगढ़ वन विभाग की ओर से जांच CBI को सौंपने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।

मामला इंद्रावती टाइगर रिजर्व क्षेत्र में वन्यजीव तस्करी से जुड़ा है, जहां कार्रवाई के दौरान तस्करों की गिरफ्तारी की गई थी। प्रारंभिक जांच में इस पूरे नेटवर्क के तार दूसरे राज्यों से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। माना जा रहा है कि तस्करी में अलग-अलग राज्यों के गिरोह सक्रिय हो सकते हैं।

वहीं वन मंत्री केदार कश्यप के बयान पर कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने सवाल उठाया है। उन्होंने कहा है कि छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनने के बाद वन्य जीवों की तस्करी बढ़ गई है। संरक्षित वन्य प्राणी शिकार हो रहे हैं। यह राज्य सरकार की उदासीनता और वन विभाग की गंभीर लापरवाही है।

अलग-अलग राज्यों के गिरोह की आशंका

मंत्री केदार कश्यप ने कहा है कि इंद्रावती टाइगर रिजर्व क्षेत्र में हुई गिरफ्तारियों के बाद वन विभाग की जांच में तस्करी के बड़े नेटवर्क की आशंका सामने आई है। अधिकारियों को संदेह है कि यह केवल स्थानीय स्तर पर संचालित गिरोह नहीं, बल्कि दूसरे राज्यों से जुड़े संगठित नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है। इसी को देखते हुए मामले की गहराई से जांच और पूरे नेटवर्क तक पहुंचने के लिए CBI जांच की दिशा में कदम बढ़ाया जा रहा है।

वन विभाग तैयार कर रहा प्रस्ताव

वनमंत्री केदार कश्यप के बयान के बाद वन विभाग ने मामले को CBI को सौंपने के लिए प्रस्ताव तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। CBI जांच होने पर वन्यजीव तस्करी के नेटवर्क, आरोपियों के संपर्क, संभावित अंतरराज्यीय कनेक्शन और तस्करी के पूरे चैनल की पड़ताल की जा सकेगी। फिलहाल वन विभाग की कार्रवाई और प्रस्ताव तैयार करने की प्रक्रिया जारी है। CBI को जांच सौंपे जाने के बाद इस मामले में और भी बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।

अपनी गलतियों का पल्ला झाड़ने CBI जांच करा रही सरकार : कांग्रेस

वन्य प्राणियों के संरक्षण के लिए सीबीआई जांच को लेकर कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा है कि सरकार अपनी गलतियों का पल्ला झाड़ने के लिए सीबीआई जांच की बात कर रही है। सीबीआई तो केवल संबंधित मामले की जांच करेगी, लेकिन हमारा जंगल जो 7 राज्यो से घिरा हुआ है। उसे संरक्षित करने के लिए वन अमले को अपने दायित्व का निर्वहन करना होगा। सीबीआई आकर हमारे वन्य जीवों की रक्षा तो नहीं करेगी। हमारे राज्य के वन मंत्री को क्या करना है और क्या नहीं करना है, ये ही समझ नहीं आ रहा है।