चोट के चलते एशिया कप 2025 से बाहर हो सकते हैं ऋषभ पंत
मुंबई। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत, जो हाल ही में इंग्लैंड दौरे पर चोटिल हो गए थे, अब आगामी एशिया कप 2025 से बाहर हो सकते हैं। चौथे टेस्ट मैच में क्रिस वोक्स की गेंद उनके पैर में लगी थी, जिसके बाद स्कैन में फ्रैक्चर का पता चला। इसी चोट के कारण वह पांचवें टेस्ट में भी नहीं खेल पाए थे और उनकी जगह ध्रुव जुरेल को टीम में शामिल किया गया था।
एशिया कप 2025 में खेलना मुश्किल
एशिया कप 2025 की शुरुआत 9 सितंबर से हो रही है। हालांकि, ऋषभ पंत के लिए इस टूर्नामेंट तक पूरी तरह से फिट हो पाना मुश्किल लग रहा है, क्योंकि फ्रैक्चर को ठीक होने में समय लगेगा। इस वजह से उनके आगामी टूर्नामेंट में खेलने की संभावना कम है।
टी-20I फॉर्मेट से दूरी
यह भी उल्लेखनीय है कि पंत ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 के बाद से भारत के लिए कोई भी T20I मैच नहीं खेला है। उनका ध्यान ज्यादातर टेस्ट क्रिकेट पर केंद्रित रहा है, जहां वे भारतीय टेस्ट टीम के एक महत्वपूर्ण सदस्य हैं। टेस्ट क्रिकेट में उनका प्रदर्शन शानदार रहा है, लेकिन अब चोट के कारण उनके भविष्य के मैचों में भागीदारी पर सवालिया निशान लग गया है।