खेल

मुंबई क्रिकेट टीम की कप्तानी छोड़ेंगे अजिंक्य रहाणे

मुंबई।  भारतीय क्रिकेट के अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने मुंबई क्रिकेट टीम की कप्तानी छोड़ने का फैसला किया है। उन्होंने यह जानकारी खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक लंबा पोस्ट शेयर करते हुए दी। रहाणे का मानना है कि अब समय आ गया है कि टीम में युवा और अगली पीढ़ी के लीडर को कमान सौंपी जाए और उन्हें जिम्मेदारी दी जाए।

रहाणे ने अपने पोस्ट में लिखा, “मुंबई क्रिकेट टीम के कप्तान के रूप में यह मेरा आखिरी सीजन होगा। मेरा मानना है कि समय आ गया है कि टीम में नई पीढ़ी को तैयार किया जाए और उन्हें नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपी जाए।”

अजिंक्य रहाणे ने मुंबई की टीम का कई सालों तक प्रतिनिधित्व किया है और वह भारतीय घरेलू क्रिकेट में सबसे सफल खिलाड़ियों में से एक रहे हैं। उनके नेतृत्व में मुंबई ने कई महत्वपूर्ण टूर्नामेंट जीते हैं और उन्होंने युवा खिलाड़ियों को मेंटर करने में भी अहम भूमिका निभाई है।

रहाणे के इस फैसले से मुंबई क्रिकेट में एक नए युग की शुरुआत होगी। आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि टीम की कमान किसे सौंपी जाती है और कौन युवा खिलाड़ी इस बड़ी जिम्मेदारी को संभालता है। रहाणे ने अपने पोस्ट में मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन, साथी खिलाड़ियों, कोचों और प्रशंसकों का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनका यह सफर हमेशा यादगार रहेगा और वह एक खिलाड़ी के तौर पर टीम के साथ जुड़े रहेंगे।