आज खेला जाएगा आईपीएल का ‘एल क्लासिको’, 5-5 बार की चैंपियन मुंबई और चेन्नई होगी आमने-सामने
मुंबई। आईपीएल में सीजन 19 के 33वें मुकाबले में लीग की दो सबसे सफल टीमें मुंबई इंडियंस (MI) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) आमने-सामने होंगी। जब फुटबॉल लीग की सबसे प्रसिद्ध और ऐतिहासिक प्रतिद्वंदी रियल मैड्रिड और बार्सिलोना के बीच मुकाबला होता है, तो उसे ‘एल क्लासिको’ कहा जाता है। उसी तरह MI वर्सेस CSK आईपीएल मैच को भी यह दर्जा मिल चुका है। दोनों के पास 5-5 आईपीएल ट्रॉफियां हैं।
मौजुदा सीजन में दोनों टीमों की हालत एक जैसी
MI और CSK भले ही आईपीएल इतिहास की सबसे सफल टीमें हैं, लेकिन इस सीजन दोनों टीमों की हालत एक जैसी है। मुंबई और चेन्नई ने आईपीएल के 19वें सीजन में 6-6 मैच अब तक खेले हैं और उनमें से सिर्फ 2-2 मैचों में ही जीत दर्ज की है। बेहतर नेट रन रेट के कारण मुंबई इंडियंस 7वें स्थान पर है, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स 8वें नंबर पर काबिज है। ऐसे में सीजन के आधे मैच खेलने के बाद दोनों टीमें चाहेंगी कि कम से कम झोली में 3-3 जीत हो जाएं। यही कारण है कि मुकाबला काफी दिलचस्प होगा।
बता दें कि MI और CSK के बीच यह मुकाबला मुंबई के होम ग्राउंड वानखेड़े स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से शुरू होगा, जबकि टॉस शाम 7:00 बजे होगा। मैच से पहले आइए दोनों टीमों के हेड-टू-हेड आंकड़े, संभावित प्लेइंग 11, पिच रिपोर्ट और लाइव स्ट्रीमिंग की डिटेल्स समेत मैच से जुड़ी सभी जरूरी अपडेट्स पर एक नजर डालते हैं।
वानखेड़े स्टेडियम की पिच रिपोर्ट
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम की पिच को आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए बेहद अनुकूल माना जाता है, जहां अक्सर हाई-स्कोरिंग मुकाबले देखने को मिलते हैं। हालांकि नई गेंद से तेज गेंदबाजों को शुरुआती ओवरों में हल्की मदद जरूर मिलती है। यह पिच लाल मिट्टी से बनी है, जिससे इसमें अच्छा उछाल मिलता है, जो बल्लेबाजों को शॉट खेलने में सहूलियत देता है।
मौजूदा सीजन में वानखेड़े में अब तक तीन मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें सभी मैचों में टीमों ने लगभग 200 रन का बड़ा स्कोर बनाया है। इनमें से दो मैच लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने जीते हैं, जबकि एक मैच पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम के नाम रहा है।
गुरुवार का मुकाबला वानखेड़े की पिच नंबर 7 पर खेला जाएगा। इस पिच पर ज्यादा बड़े स्कोर नहीं बने हैं। यहां खेले गए पिछले छह टी20 मैचों में पहली पारी का औसत स्कोर 179 रन रहा है। आंकड़ों के अनुसार, यह पिच पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम के पक्ष में रही है। इन छह मैचों में से चार मुकाबले पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं।
नेट रन रेट की बात करें तो पहली पारी में यह 8.98 और दूसरी पारी में 8.57 रहा है, जिससे साफ है कि दूसरी पारी में बल्लेबाजी थोड़ी मुश्किल हो जाती है। शाम के समय ओस भी बड़ी भूमिका निभाती है, जिससे गेंदबाजों के लिए गेंद को ग्रिप करना चुनौतीपूर्ण हो जाता है और इसका फायदा बल्लेबाजों को मिलता है। वानखेड़े स्टेडियम के रिकॉर्ड की बात करें तो यहां दोनों टीमों के बीच अब तक 13 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें मुंबई ने 8 और चेन्नई ने 5 मैच जीते हैं।
MI बनाम CSK हेड-टू-हेड में किसका पलड़ा भारी?
आईपीएल इतिहास में मुंबई इंडियंस (MI) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच अब तक कुल 39 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें मुंबई इंडियंस ने 21 मैच जीतकर बढ़त हासिल की है, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स ने 18 मुकाबलों में जीत दर्ज की है।
इस तरह हेड-टू-हेड रिकॉर्ड में MI का पलड़ा थोड़ा भारी नजर आता है। आंकड़ों के अनुसार, मुंबई इंडियंस आईपीएल इतिहास की इकलौती ऐसी टीम है जिसने CSK के खिलाफ 20 से ज्यादा मुकाबले जीते हैं।
हालांकि हालिया फॉर्म में चेन्नई का दबदबा देखने को मिला है। पिछले पांच मुकाबलों में से चार मैच CSK ने अपने नाम किए हैं, जबकि सिर्फ एक मुकाबला मुंबई इंडियंस जीत सकी है।
धोनी-रोहित के खेलने पर सस्पेंस
MI और CSK दोनों टीमों के फैंस के लिए बड़ी चिंता यह है कि रोहित शर्मा और एमएस धोनी पिछले कुछ मैचों से मैदान पर नजर नहीं आए हैं। ऐसे में इस अहम मुकाबले में उनके खेलने को लेकर सस्पेंस बना हुआ है।
मंगलवार के ऑप्शनल प्रैक्टिस सेशन में दोनों खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर अलग-अलग तस्वीर सामने आई। रोहित शर्मा इस अभ्यास सत्र से पूरी तरह अनुपस्थित रहे, जिससे उनके खेलने पर संशय बढ़ गया है। उनकी उपलब्धता पर अंतिम फैसला टॉस से पहले लिया जाएगा।
वहीं दूसरी ओर, एमएस धोनी ने नेट्स पर प्रैक्टिस की और विकेटकीपिंग करते हुए भी नजर आए। इससे उनके खेलने की उम्मीदें बनी हुई हैं, हालांकि अंतिम पुष्टि नहीं हुई है। CSK के गेंदबाजी कोच एरिक सिमंस ने भी कहा है कि धोनी के खेलने पर अंतिम फैसला मैच से ठीक पहले लिया जाएगा।
MI और CSK की संभावित प्लेइंग 11
मुंबई इंडियंस (MI)
हार्दिक पंड्या (कप्तान), क्विंटन डिकॉक, विल जैक्स, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, नमन धीर, शेरफेन रदरफोर्ड, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह, दीपक चाहर, अश्विनी कुमार
चेन्नई सुपर किंग्स (CSK)
ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), संजू सैमसन, उर्विल पटेल, डेवाल्ड ब्रेविस, सरफराज खान, शिवम दुबे, मैथ्यू शॉर्ट, जेमी ओवरटन, मुकेश चौधरी, नूर अहमद, स्पेंसर जॉनसन