प्रदेश
उप मुख्यमंत्री अरुण साव सामूहिक विवाह में हुए शामिल, नवविवाहितों को बधाई और शुभकामनाएं दीं
रायपुर। मुख्यमंत्री कन्या सामूहिक विवाह योजना के तहत आज मुंगेली जिला मुख्यालय में आयोजित सामूहिक विवाह में 192 जोड़े पारंपरिक रीति-रिवाजों से दाम्पत्य बंधन में बंधे। मुंगेली के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में बेहद उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में बाजे-गाजे के साथ बारात निकाली गई और कार्यक्रम स्थल पहुँचने पर सभी दूल्हों का भव्य स्वागत किया गया। उप मुख्यमंत्री अरुण साव अपनी धर्मपत्नी मीना साव के साथ सामूहिक विवाह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने सभी नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और उनके सुखी दाम्पत्य जीवन की कामना की। सभी नवविवाहित जोड़ों को राज्य शासन की ओर से 35-35 हजार रुपए के चेक एवं उपहार भेंट किए गए। विधायक पुन्नूलाल मोहले भी आयोजन में शामिल हुए।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सामूहिक विवाह समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार गरीब परिवारों की आर्थिक परेशानियों को कम करने के लिए प्रतिबद्ध है। विवाह और इलाज दो ऐसे बड़े खर्च हैं जिन्हें अब सरकार उठा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आयुष्मान भारत योजना के तहत पांच लाख रुपए तक का निःशुल्क इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार ने गरीब परिवारों के लिए कन्या विवाह योजना को सशक्त बनाया है। उन्होंने 192 जोड़ों के विवाह के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन को बधाई दी और कहा कि सरकार आगे भी इसी तरह जरूरतमंदों की मदद करती रहेगी।
विधायक पुन्नूलाल मोहले ने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कन्या सामूहिक विवाह योजना के तहत प्रत्येक जोड़े को 35-35 हजार रुपए का चेक और 15 हजार रुपए के उपहार दिए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की और कहा कि सरकार आवास, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, बिजली एवं अन्य बुनियादी जरूरतों के लिए कई कल्याणकारी योजनाएँ चला रही हैं। कलेक्टर राहुल देव, पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, वनमंडलाधिकारी संजय यादव, जिला पंचायत के सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, जिला पंचायत के अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय और उपाध्यक्ष शांति देवचरण भास्कर सहित जनप्रतिनिधि, वर-वधू के परिजन और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में कार्यक्रम में मौजूद थे।


छत्तीसगढ़ में आस्था को मिला नया संबल : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का किया शुभारंभ
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज रायपुर रेलवे स्टेशन से पहली विशेष तीर्थ यात्रा ट्रेन को तिरुपति, मदुरै और रामेश्वरम के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस पहली तीर्थ यात्रा ट्रेन में रायपुर और बलौदाबाजार-भाटापारा जिलों के 780 श्रद्धालु बुजुर्ग सम्मिलित हुए, जिनके लिए यह यात्रा केवल धार्मिक अनुभव नहीं, बल्कि सम्मान और स्नेह का प्रतीक बन गई। प्रदेश के बुजुर्गों की वर्षों पुरानी अभिलाषा आज पूरी हो गई जब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का विधिवत शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने तीर्थयात्रा पर जा रहे बुजुर्गों से आत्मीय चर्चा करते हुए कहा कि आप सभी के चेहरे पर जो खुशी है, वही मेरा संतोष है। उन्होंने कहा कि रामेश्वरम में आप लोग पवित्र रामसेतु देख सकेंगे, ज्योतिर्लिंग का दर्शन कर सकेंगे। आप लोग मदुरै तीर्थ का भी दर्शन करेंगे जहां मीनाक्षी मंदिर है। तिरुपति में बालाजी का दर्शन करेंगे। दक्षिण भारत के तीर्थ स्थलों को देखने का यह सुंदर अवसर है।







मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री रामलला (अयोध्या दर्शन) योजना अंतर्गत अब तक 22 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या में श्री रामलला के दर्शन कर चुके हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रयागराज में 144 वर्षों उपरांत महाकुंभ का आयोजन हुआ। छत्तीसगढ़ के तीर्थयात्रियों ने भी बड़ी संख्या में कुंभ में हिस्सा लिया। छत्तीसगढ़ के तीर्थयात्रियों की सेवा के लिए और उनकी सुविधा का ध्यान रखने के लिए हमने प्रयागराज मेला क्षेत्र में छत्तीसगढ़ पवैलियन तैयार किया था। यहां लगभग साढ़े चार एकड़ में तीर्थयात्रियों के रूकने के इंतजाम थे। यह हमारा सौभाग्य है कि हम गंगा जी में स्नान करने पहुंचे प्रदेश के लाखों श्रद्धालुओं की सेवा कर सके।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि अब श्रद्धालुओं की यात्रा मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना अंतर्गत निरन्तर होती रहेगी। उन्होंने कहा कि इस योजना के लिए हमने 15 करोड़ रुपए का बजट प्रावधान किया है। इस योजना में उज्जैन, पुरी, द्वारिका, वैष्णो देवी, मथुरा, वृंदावन जैसे अनेक तीर्थ स्थलों को जोड़ा गया है, जिनकी निःशुल्क यात्रा कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर कहा कि हमारे बुज़ुर्गों की तीर्थ यात्रा की इच्छा अक्सर आर्थिक कठिनाइयों के चलते अधूरी रह जाती थी। उन्होंने कहा कि हमें संतोष है कि हम उनकी इस इच्छा को साकार कर पा रहे हैं। उन्होंने बताया कि योजना में विधवा और परित्यक्त महिलाओं को भी शामिल किया गया है, जिससे उन्हें भी धार्मिक स्थलों के दर्शन का गौरव प्राप्त हो सकेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार युवाओं, किसानों, महिलाओं और आदिवासी समुदाय सहित समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए पूरी तरह समर्पित है और इसी दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
यह केवल यात्रा नहीं, संस्कृति और श्रद्धा का संगम है – मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े
समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना केवल तीर्थ यात्रा नहीं, बल्कि हमारी सनातन संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक आस्था का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत उन श्रद्धालुओं को यह अवसर प्राप्त होगा, जो अब तक आर्थिक सीमाओं के कारण तीर्थ यात्रा से वंचित रहे हैं। सरकार ने श्रद्धालुओं के लिए पूर्ण सुविधायुक्त पैकेज तैयार किया है जिसमें ट्रेन यात्रा, यात्रियों के ठहरने, भोजन, मंदिर दर्शन, सुरक्षा और चिकित्सा जैसी सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ शामिल हैं। स्पेशल ट्रेन में टूर एस्कॉर्ट, पुलिस बल और चिकित्सकों की टीम भी उनके साथ यात्रा कर रही है ताकि श्रद्धालुओं को हर क्षण सुरक्षा और सुविधा का अहसास हो। योजना के तहत देशभर के 19 प्रमुख तीर्थ क्षेत्रों को शामिल किया गया है, जिनमें उज्जैन, ओंकारेश्वर, पुरी, हरिद्वार, काशी, शिरडी, वैष्णोदेवी, अमृतसर, द्वारका, बोधगया, कामाख्या मंदिर, सबरीमाला जैसे प्रमुख धार्मिक स्थल सम्मिलित हैं।
समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना की शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में 4 दिसंबर 2012 को की गई थी। 15 जनवरी 2013 से 10 जून 2019 के मध्य इस योजना के अंतर्गत कुल 272 तीर्थ यात्राओं के माध्यम से 2,46,983 श्रद्धालुओं को लाभान्वित किया गया था। पूर्व सरकार के कार्यकाल के दौरान यह योजना 5 साल तक संचालन में नहीं थी। डॉ. रमन सिंह की सरकार के दौरान संचालित इस योजना को, जिसे उसके बाद आने वाली सरकार ने बंद कर दिया था, अब पुनः प्रारंभ कर वर्तमान सरकार ने छत्तीसगढ़ में बुजुर्गों की श्रद्धा, आस्था और वर्षों से संजोए गए तीर्थ यात्रा के सपने को पूर्ण करने के लिए एक बार फिर पहल की है।
इस अवसर पर विधायकगण पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा, समाज कल्याण आयुक्त भुवनेश यादव, संचालक रोक्तिमा यादव, रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, नगर निगम आयुक्त विश्वदीप, रायपुर डीआरएम दयानंद, समाज कल्याण और रेलवे विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिकगण उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ में फिर बढ़ेगी गर्मी, अगले तीन दिनों में तापमान में हो सकती है वृद्धि
रायपुर। प्रदेशवासियों को कुछ दिनों की राहत के बाद अब फिर से भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों में छत्तीसगढ़ के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. इसके बाद तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा.
बिलासपुर सबसे गर्म, अंबिकापुर में सबसे ठंडा
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में प्रदेश का मौसम शुष्क रहा. बिलासपुर में सबसे अधिक तापमान 39.0°C दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 14.4°C रहा.

आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आज प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा. वहीं राजधानी रायपुर में आसमान साफ रहने की संभावना है. अधिकतम तापमान 40°C और न्यूनतम तापमान 23°C रहने का अनुमान है.
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आएंगे छत्तीसगढ़, नक्सल मुद्दे पर सुरक्षा एजेंसियों की लेंगे बैठक
जगदलपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 4 अप्रैल को रायपुर आएंगे और नक्सल मुद्दे पर विभागीय बैठक लेंगे. इसके बाद 5 अप्रैल को वे दंतेवाड़ा जाएंगे और संभाग स्तरीय बस्तर पंडुम के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे. इस कार्यक्रम में वे बस्तर की पारंपरिक संस्कृति से रूबरू होंगे.
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने बताया, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का यह दौरा नक्सल उन्मूलन की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. वे राज्य के उच्च अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों के साथ बैठक करेंगे और नक्सल उन्मूलन के लिए नयी रणनीति पर चर्चा करेंगे. बस्तर पंडुम का आयोजन बस्तर की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए किया जा रहा है. यह कार्यक्रम जिला स्तर पर पहले ही आयोजित हो चुका है और अब संभाग स्तरीय कार्यक्रम दंतेवाड़ा में आयोजित होगा. पंडुम कार्यक्रम के समापन के बाद नक्सल को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक भी होने की संभावना है.
इस साल अब तक 100 नक्सली हो चुके हैं ढेर
बता दें कि भाजपा सरकार 31 मार्च 2026 तक बस्तर से नक्सलवाद खत्म करने का टारगेट रखा है और बस्तर में प्रभावी रूप से कार्रवाई भी की जा रही है. 2025 में अब तक 100 नक्सलियों को अलग-अलग मुठभेड़ों में मार गिराया गया है, जिसमें नक्सलियों के शीर्ष नेतृत्वकर्ता भी शामिल रहे हैं.
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विधायक गुरु खुशवंत साहेब को दी जन्मदिन की बधाई
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज उनके निवास कार्यालय में आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री श्री साय ने गुरु खुशवंत को आज उनके जन्मदिन के अवसर पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दी। उन्होंने गुरु खुशवंत साहेब के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर गुरु बालदास साहेब भी उपस्थित रहे।
पीडब्ल्यूडी ने निकाली असिस्टेंट इंजीनियर के पदों पर भर्ती, जानिए पूरी डिटेल्स…
रायपुर। छत्तीसगढ़ में व्यापमं (व्यावसायिक परीक्षा मंडल) द्वारा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई), जल संसाधन विभाग और लोक निर्माण विभाग में विभिन्न इंजीनियरिंग पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है.
पीएचई विभाग में भर्ती
पीएचई विभाग में सब इंजीनियर (असिस्टेंट इंजीनियर) के पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया चल रही है. कुल 128 पदों पर भर्ती होगी, जिनमें 118 सिविल और 10 पद विद्युत/यांत्रिकी के लिए निर्धारित हैं. इन पदों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 2 अप्रैल 2025 तक बढ़ा दी गई है, जबकि पहले यह तिथि 1 अप्रैल थी. यह निर्णय उच्च न्यायालय द्वारा जारी आदेश के बाद लिया गया, जिसमें डिग्रीधारी अभ्यर्थियों को भी आवेदन करने का अवसर दिया गया है. इन पदों के लिए परीक्षा 27 अप्रैल को आयोजित होने की संभावना है.
लोक निर्माण विभाग में भर्ती
लोक निर्माण विभाग ने असिस्टेंट इंजीनियर के 113 पदों के लिए विज्ञापन जारी किया है, जिनमें से 96 सिविल और 17 विद्युत/यांत्रिकी के हैं. इसमें 10 बैकलॉग पद भी शामिल हैं. इन पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा 13 जुलाई 2025 को आयोजित की जाएगी.
जल संसाधन विभाग में भर्ती
जल संसाधन विभाग में असिस्टेंट इंजीनियर के कुल 115 पदों पर भर्ती होगी. इनमें 100 पद उप अभियंता सिविल और 15 पद विद्युत/यांत्रिकी के हैं. इन पदों के लिए परीक्षा 20 जुलाई 2025 को आयोजित की जाएगी.
आवेदन प्रक्रिया: इच्छुक अभ्यर्थी व्यापमं और संबंधित विभागों की वेबसाइट https://vyapamcg.cgstate.gov.in/ पर जाकर आवेदन कर सकते हैं. साथ ही, वे भर्ती संबंधित सभी जानकारी भी वेबसाइट पर प्राप्त कर सकते हैं. सभी अभ्यर्थियों से अनुरोध है कि वे संबंधित विभागों की वेबसाइट पर अपडेट के लिए नियमित रूप से विजिट करें और आवेदन प्रक्रिया में कोई गड़बड़ी न हो इसका ध्यान रखें.
हाउसिंग बोर्ड में लंबे समय से जमे अधिकारियों का हुआ तबादला, जोशी को नवा रायपुर की मिली जिम्मेदारी…
रायपुर। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मण्डल ने प्रशासनिक सुविधा के दृष्टिकोण से लंबे समय से एक ही स्थान पर जमे अधिकारियों का तबादला किया है. बताया जा रहा है कि यह लंबे समय से प्रतिक्षित यह तबादला आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी के आदेश पर जारी हुआ है.
ताजा आदेश में तबादले की जद में आए अपर आयुक्त एचके जोशी को दुर्ग प्रक्षेत्र से हटाकर नवा रायपुर मुख्यालय के साथ नवा रायपुर प्रक्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई है. इसी तरह अपर आयुक्त अजीत सिंह पटेल को बिलासपुर प्रक्षेत्र, अपर आयुक्त एमडी पनारिया को दुर्ग प्रक्षेत्र, अपर आयुक्त एसके भगत को रायपुर प्रक्षेत्र और अपर आयुक्त एचके वर्मा का जगदलपुर प्रक्षेत्र में तबादला किया गया है.

रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने लोकसभा में छत्तीसगढ़ की खनन खदानों की बदहाल स्थिति का मामला उठाया
नई दिल्ली। रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने गुरुवार को लोकसभा में शून्यकाल के दौरान छत्तीसगढ़ राज्य में कोयला, लौह अयस्क, सीमेंट और अन्य खनिज खदानों की बदहाल स्थिति का गंभीर मामला उठाया। उन्होंने अपने प्रश्न के माध्यम से खनन मंत्री का ध्यान इस ओर आकर्षित किया और सरकार से इस पर तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की।
श्री अग्रवाल ने सदन में बताया कि छत्तीसगढ़ देश का सबसे बड़ा कोयला उत्पादक राज्य है, जहां कोल इंडिया की अनुषंगी कंपनी सीसीएल (Central Coalfields Limited) सहित कई सरकारी और निजी कंपनियां बड़े पैमाने पर खनिज खनन कर रही हैं। भारत में जितना कोयला खनन होता है, उसमें सबसे अधिक खनन छत्तीसगढ़ में होता है। एशिया की सबसे बड़ी कोयला खदान भी इसी राज्य में स्थित है।
हालांकि, खनन कार्य समाप्त होने के बाद खदानों का रिक्लेमेशन (Reclamation) नहीं किया जा रहा है, जिससे गंभीर पर्यावरणीय और सामाजिक समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। वर्तमान में राज्य में 100 से अधिक खदानें ऐसी हैं, NMDC समेत अन्य निजी कंपनियों द्वारा संचालित खदानों की स्थिति एक जैसी है, जहाँ खनिज निकालने के बाद खदानों को छोड़ दिया जाता है। जो पर्यावरणीय संकट और जल प्रदूषण के साथ ही मानव जीवन एवं पशुओं के लिए खतरा है।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि, परित्यक्त खदानों में बरसात का पानी भर जाता है, जिससे भूजल स्तर और जल स्रोत प्रदूषित हो रहे हैं। ट्यूबवेल और अन्य जल स्रोतों से आने वाला पानी गंदा हो रहा है, जिससे स्थानीय लोगों को पीने के स्वच्छ जल की समस्या हो रही है। खनन से उत्पन्न रासायनिक अपशिष्ट और जहरीले तत्व भूजल में मिलकर गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न कर सकते हैं।
मानव जीवन एवं पशुओं के लिए खतरा
गहरे खदानों में गिरने से दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे जान-माल का नुकसान हो रहा है। हाल ही में एक बस दुर्घटना में 10 से अधिक मजदूरों की मृत्यु हो चुकी है। परित्यक्त खदानों के कारण भूस्खलन और आकस्मिक दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। खनन कंपनियां खनिज निकालने के बाद खदानों को यूँ ही छोड़ देती हैं, जिससे वह भूमि अनुपयोगी बन जाती है। छत्तीसगढ़ में देश के कुल सीमेंट उत्पादन का 26% निर्माण होता है, लेकिन सीमेंट कंपनियां भी खदानों को पुनः भरने या समतल करने की जिम्मेदारी नहीं निभा रही हैं।
सरकार से अनुरोध एवं समाधान
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग की, जिसमे सभी खनन कंपनियों को कानूनी रूप से बाध्य किया जाए कि वे खनन कार्य समाप्त होने के बाद खदानों का रिक्लेमेशन करें। परित्यक्त खदानों को समतल कर उनमें बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण किया जाए और इन्हें राज्य सरकार को हस्तांतरित किया जाए ताकि इनका उचित उपयोग हो सके। सभी परित्यक्त खदानों का एक व्यापक सर्वेक्षण कराया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी खदान यूँ ही खुली न छोड़ी जाए। साथ ही खनन कार्य समाप्त होने के बाद कंपनियों से खदानों की पुनर्स्थापना सुनिश्चित करने के लिए एक सख्त नीति बनाई जाए और पर्यावरणीय क्षति को रोकने के लिए प्रदूषित जल स्रोतों की शुद्धिकरण योजना लागू की जाए और भूजल की गुणवत्ता सुधारने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
श्री अग्रवाल ने कहा कि यह मुद्दा राज्य के पर्यावरण, नागरिकों के जीवन और भूमि के पुनः उपयोग से जुड़ा हुआ है। उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि इस समस्या के समाधान के लिए जल्द से जल्द प्रभावी कदम उठाए जाएं।
गर्मी में यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी, रेलवे ने इन ट्रेनों को किया रद्द, देखिए सूची…
रायपुर। उत्तर पूर्व रेलवे के लखनऊ रेल मंडल अंतर्गत गोरखपुर स्टेशन पर अधोसंरचना विकास कार्य के तहत गोरखपुर-गोरखपुर कैंट के बीच तीसरी रेलवे लाइन को जोड़ने के लिए 27 मार्च से 26 अप्रैल 2025 तक नॉन इंटरलोकिंग कार्य किया जाएगा. इस कार्य के पूर्ण होने के बाद ट्रेनों की समयबद्धता और गति में सुधार होगा.
इस दौरान दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की कुछ यात्री गाड़ियों का परिचालन प्रभावित रहेगा. रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए खेद जताया है और सहयोग की अपील की है.
रद्द रहने वाली ट्रेनें
गाड़ी संख्या 18205 (दुर्ग-नौतनवा एक्सप्रेस) – 24 अप्रैल व 01 मई 2025 को रद्द.
गाड़ी संख्या 18206 (नौतनवा-दुर्ग एक्सप्रेस) – 26 अप्रैल व 03 मई 2025 को रद्द.
गाड़ी संख्या 18201 (दुर्ग-नौतनवा एक्सप्रेस) – 25 अप्रैल व 03 मई 2025 को रद्द.
गाड़ी संख्या 18202 (नौतनवा-दुर्ग एक्सप्रेस) – 27 अप्रैल व 05 मई 2025 को रद्द.
पुलिस विभाग में बड़े पैमाने पर तबादला, SI, ASI समेत 121 पुलिसकर्मी किये गए इधर से उधर, देखें लिस्ट…
रायपुर। रायपुर पुलिस विभाग में बड़े पैमाने पर तबादला हुआ है, जिसमें (एसआई) SI और (एएसआई) ASI समेत 121 पुलिसकर्मियों को एक जगह से दूसरी जगह भेजा गया है. यह ट्रांसफर लिस्ट एसएसपी लाल उमेद सिंह ने जारी किया है.
जारी ट्रांसफर लिस्ट में 6 उप निरीक्षक, 23 सहायक उपनिरीक्षक, 13 प्रधान आरक्षक और 79 आरक्षक के नाम शामिल हैं.
देखिये ट्रांसफर लिस्ट-





CBI की ASP अभिषेक माहेश्वरी के घर फिर से दस्तक, जांच के लिए दो गाड़ियों में पहुंची टीम…
राजनांदगांव। महादेव सट्टा एप मामले में सीबीआई की कार्रवाई जारी है. बुधवार की कार्रवाई के बाद आज एक बार फिर सीबीआई की टीम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक माहेश्वरी के कंचनबाग के सनसिटी स्थित घर पहुंची.
सीबीआई की टीम ने बुधवार को कार्रवाई के बाद घर को सील कर दिया था. आज फिर से दो गाड़ियों में अभिषेक माहेश्वरी के घर पहुंची सीबीआई की टीम ने सील को खोलकर दोबारा से अपनी जांच शुरू की.
भोरमदेव महोत्सव का हुआ रंगारंग शुभारंभ, हंसराज रघुवंशी ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का मोह लिया मन
कवर्धा। दो दिन चलने वाले भोरमदेव महोत्सव का बुधवार को रंगारंग शुभारंभ हुआ. शिव भजन गायक हंसराज रघुवंशी ने अपनी प्रस्तुति से शिव भक्तों को झूमने पर मजबूर कर दिया. 30 वर्षों के इतिहास में पहली बार भोरमदेव महोत्सव में इतनी अधिक भीड़ देखने को मिली.
प्रदेश के डिप्टी सीएम विजय शर्मा, सांसद संतोष पांडे और विधायक भावना बोहरा ने दीप प्रज्ज्वलित कर भोरमदेव महोत्सव का शुभारंभ किया. कार्यक्रम के दौरान बैगा नृत्य और बांसुरी वादन के जरिए छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर से परिचित कराया गया. इसके बाद प्रदेश के प्रसिद्ध कलाकार अनुराग शर्मा ने छत्तीसगढ़ी और हिंदी गीतों की शानदार प्रस्तुति देकर समां बांध दिया.
आयोजन के बाद हंसराज रघुवंशी ने कहा कि भगवान शिव के आशीर्वाद से मैं शिव भजन गाता हूं. पहली बार मुझे भोरमदेव आने का अवसर मिला है. यहां मेरे चाहने वाले बहुत हैं. डिप्टी सीएम विजय शर्मा और जनता ने मुझे खूब प्यार दिया.

रंगारंग प्रस्तुति के साथ होगा समापन
भोरमदेव महोत्सव का समापन आज एक भव्य और रंगारंग आयोजन के रूप में होगा. समापन समारोह में सुप्रसिद्ध छत्तीसगढ़ी पार्श्व गायक पद्मश्री अनुज शर्मा द्वारा अपनी संगीत प्रस्तुति दी जाएगी. इसके अलावा, सोनी टीवी के सुपर डांसर फेम अनिल टांडी डांस ग्रुप द्वारा शानदार डांस प्रदर्शन होगा. स्थानीय स्कूलों के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुतियां भी होंगी, जिसमें युवा पीढ़ी की कला और संस्कृति के प्रति समर्पण का प्रदर्शन होगा.
इसके अलावा बसंताबाई और साथी द्वारा बैगा नृत्य, संगीता कापसे और राधिका शर्मा द्वारा कत्थक नृत्य, दानी वर्मा द्वारा छत्तीसगढ़ी लोक विधा परसा के फुल, नासीर निदंर द्वारा भजन गायन, दुष्यंत हरमुख द्वारा छत्तीसगढ़ लोक कला मंच रंग झरोखा की भव्य प्रस्तुति की जाएगी. इसके अलावा समापन समारोह में विशेष रूप से आकर्षक लाइट और लेजर शो का भी आयोजन किया जाएगा, जो कार्यक्रम को और भी रोमांचक और यादगार बना देगा.
समापन में सीएम होंगे शामिल
छत्तीसगढ़ के ऐतिहासिक स्थल भोरमदेव में आयोजित होने वाले भोरमदेव महोत्सव का उद्घाटन 26 मार्च 2025 को भव्य तरीके से किया जाएगा. उद्घाटन समारोह में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. वहीं भोरमदेव महोत्सव का समापन समारोह 27 मार्च 2025 को होगा. समापन समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा करेंगे.
RTE में गरीब बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा देने के मामले में सुनवाई, हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को स्पष्ट नीति बनाने के दिए निर्देश
बिलासपुर। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के बच्चों को शिक्षा के अधिकार (आरटीई) के तहत नि:शुल्क शिक्षा देने के मामले में पेश जनहित याचिका पर हाईकोर्ट ने बड़ा फैसला दिया है। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश रमेश कुमार सिन्हा और न्यायाधीश रविन्द्र कुमार अग्रवाल की युगलपीठ ने राज्य सरकार को इस मामले पर आदेश से छह महीने के भीतर एक स्पष्ट नीति बनाने के निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने यह फैसला संविधान के अनुच्छेद 21ए के तहत बच्चों को मुफ्त और अनिवार्य शिक्षा के अधिकार को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दिया है।
दरअसल सीवी भगवंत राव ने अधिवक्ता देवर्षि ठाकुर के माध्यम से एक जनहित याचिका दायर की गई थी, जिसमें 6 से 14 वर्ष के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को निजी स्कूलों में भी नि:शुल्क शिक्षा देने की मांग की गई थी। उन्होंने तर्क दिया कि शिक्षा के अधिकार कानून (आरटीई) के तहत इन बच्चों को भी समान अवसर मिलना चाहिए और राज्य सरकार को इस पर स्पष्ट नीति बनानी चाहिए।
इस मामले को लेकर चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा की डिवीजन बेंच में पिछली सुनवाई में अपना आदेश सुरक्षित रख लिया था, जिसे आज जारी कर दिया गया है। कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि राज्य सरकार के पास इस विषय पर कोई स्पष्ट रोडमैप नहीं है। इस प्रकार यह न्यायालय राज्य को निर्देश देना उचित समझता है कि वह ‘आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग’ के बच्चों को मुफ्त और अनिवार्य शिक्षा के अधिकार के संबंध में नीति तैयार करे, ताकि भारत के संविधान के अनुच्छेद 21ए में निहित आरटीई अधिनियम की भावना और उद्देश्य को कानून के अनुसार यथाशीघ्र अधिमानतः आज से छह महीने की अवधि के भीतर प्राप्त किया जा सके।
सीएम साय ने कहा- चाहे कोई भी दोषी हो बख्शा नहीं जाएगा, सब जानते हैं छत्तीसगढ़ के युवाओं को सट्टे की लत किसने लगाया
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बेंगलुरु में आयोजित इन्वेस्टर्स कनेक्ट कार्यक्रम से आज रायपुर लौटे. रायपुर एयरपोर्ट पर उन्होंने पत्रकारों से चर्चा करते हुए महादेव सट्टा एप मामले में CBI रेड और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान पर पलटवार किया. सीएम साय ने कहा कि भूपेश बघेल के पास दूसरा बोलने के लिए कोई रास्ता नहीं है. सीबीआई के द्वारा महादेव सट्टा एप पर यह जांच हो रही है. सबको मालूम है किस तरह से हमारे छत्तीसगढ़ के युवाओं को सट्टे की लत लगा दी गई थी. अब मामले में जांच सीबीआई कर रही है.
इसके साथ ही सीएम साय ने भूपेश बघेल के बयान को लेकर कहा कि उनके पास बोलने के लिए कुछ नहीं है तो कुछ भी बोलते हैं. इसमें चाहे कोई भी हो दोषीदार बख्शे नहीं जाएंगे. इसमें भाजपा और कांग्रेस के करीबी होने का कोई सवाल नहीं है. जो भी लिंक पूरे प्रकरण से जुड़ा होगा, उन सभी के ऊपर कार्रवाई होगी.
इन्वेस्टर्स कनेक्ट कार्यक्रम का सफल आयोजन, 3700 करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले – सीएम साय
बैंगलुरु इन्वेस्टर्स मीट कार्यक्रम को लेकर सीएम ने जानकारी देते हुए कहा कि इन्वेस्टर्स कनेक्ट का कार्यक्रम बहुत अच्छे से संपन्न हुआ. छत्तीसगढ़ की नई उद्योग नीति की निवेशकों को जानकारी दी गई. इससे उद्यमी और निवेशक काफी आकर्षित हुए हैं. कल 3700 करोड़ रुपये का निवेश का प्रस्ताव सौंपा गया है. कुछ कंपनियों से एमओयू हुआ है. इंजीनियरिंग और आईटी के क्षेत्र में यहां पर उद्योग लगेंगे. इस तरह से बहुत अच्छा हमारा यह इन्वेस्टर्स कनेक्ट का कार्यक्रम रहा है. इसके पहले भी हमने दिल्ली और मुंबई में इस तरह का कार्यक्रम किया था, जिसमें काफी अच्छा रुझान आया है. उद्योगपति बहुत इंटरेस्ट ले रहे हैं.
सीएम साय ने बताया कि नई उद्योग नीति लॉन्च करने के बाद करीब 4 लाख 40 हजार करोड़ के प्रस्ताव मिले हैं. यह हमारी नई उद्योग नीति का ही असर है. 3700 करोड़ के जो निवेश के प्रस्ताव दिए हैं, उनमें ग्रीन एनर्जी और फ्रूट प्रोसेसिंग के प्रस्ताव हैं.
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का CBI छापेमारी पर बड़ा सवाल, कहा- हमने ही कार्रवाई की तो हम पर संरक्षण का आरोप कैसे?
रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने महादेव सट्टा एप को लेकर सीबीआई की छापेमारी को लेकर सवाल खड़ा किया है. सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर किए अपने पोस्ट में उन्होंने कहा कि जब हमने ही कार्रवाई की तो हम पर संरक्षण का आरोप कैसे? ये कैसी जाँच है?
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने लिखा है कि महादेव एप के बारे में देश में कोई नहीं जानता था. मुख्यमंत्री रहते कांग्रेस सरकार में ही 74 FIR दर्ज हुई हैं. 200 से अधिक गिरफ़्तारी हुई हैं. 2000 से अधिक बैंक खाते सीज किए गए. हमारी सरकार में ही गूगल को पत्र लिखकर प्ले स्टोर से इस एप को हटाया गया. वहीं ईडी पर निशाना साधते हुए कहा कि ईडी ने झूठी खबर छपवाई कि सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल दुबई में गिरफ़्तार हो गए हैं, लेकिन वे वहाँ शिवकथा की जजमानी करते पाए गए. तो ये कैसी जाँच है?
षड्यंत्र रचने की जताई आशंका
इसके साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री भूपेशबघेल ने पोस्ट में कहा कि CBI अधिकारियों ने न तो मेरे रायपुर स्थित शासकीय आवास में सूचना दी, और न ही भिलाई निवास में कोई सूचना दी. मेरी अनुपस्थिति में मेरे शासकीय आवास में बिना मुझे सूचना दिए प्रवेश करना पूर्णतः अनाधिकृत है. क्या भाजपा अब सीबीआई के माध्यम से कोई षड्यंत्र रच रही है?
डिप्टी सीएम अरुण साव ने क्षेत्रवासियों संग खेली होली : मुख मुरली बजाए…अरुण साव ने गाया गाना, नगाड़े की थाप पर जमकर थिरके, देखें वीडियो…
लोरमी। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कल लोरमी के मंगलम भवन में आयोजित होली मिलन समारोह में विधानसभा क्षेत्र के अपने परिवारजनों के साथ जमकर खुशियों की होली खेली। इस अवसर पर उन्होंने एक दूसरे पर रंग गुलाल लगाकर होली की बधाई एवं शुभकामनाए दी।
इस कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी का तमाम पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में समर्थक मंगलम भवन पहुंचे थे, जिन्होंने एक दूसरे को रंग गुलाल लगाकर होली पर्व की बधाई दी. इस बीच बड़ी संख्या में क्षेत्र की महिलाएं सहित जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रम में शामिल हुए। इस मौके पर डिप्टी सीएम अरुण साव ने छत्तीसगढ़ी गीत मुख मुरली बजाए गाया. साथ ही गाने की धुन और नगाड़े की थाप पर जमकर थिरकते हुए नजर आए.
