प्रदेश / छत्तीसगढ़

सड़क पर काटना पड़ा महंगा, स्वास्थ्य मंत्री के PA पर दर्ज हुआ FIR

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अपने विशेष निजी सहायक (PA) राजेंद्र दास के खिलाफ दर्ज एफआईआर पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, “भारत में संविधान और नियम सबके लिए समान हैं। चाहे कोई मंत्री का पीए हो या कोई आम नागरिक — अगर कोई गड़बड़ी करेगा तो कानून अपना काम करेगा। किसी को भी अनुशासनहीनता की छूट नहीं है।”

यह बयान उस घटना के बाद आया है, जिसमें चिरमिरी में बीच सड़क पर केक काटने और आतिशबाजी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वायरल वीडियो में स्वास्थ्य मंत्री के विशेष सहायक राजेंद्र दास को अपनी पत्नी का जन्मदिन सड़क पर मनाते हुए देखा गया था।

क्या है पूरा मामला

दरअसल, नगर निगम चिरमिरी के डोमनहिल स्थित सोनावनी नाका (दादू लाहिड़ी चौक) में बीते गुरुवार रात भाजपा नेता और मंत्री के पीए राजेंद्र दास ने अपनी पत्नी का जन्मदिन सड़क पर केक काटकर मनाया। इस दौरान सड़क को अस्थायी रूप से बंद कर आतिशबाजी भी की गई। बताया जा रहा है कि जन्मदिन कार्यक्रम में कई लोग शामिल थे और ट्रैफिक कुछ समय के लिए बाधित रहा।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर कांग्रेस की आधिकारिक हैंडल से पोस्ट किया गया। कांग्रेस ने वीडियो के साथ लिखा — “स्वास्थ्य मंत्री के विशेष सहायक बीच सड़क पर केक काटकर जन्मदिन मना रहे हैं। पटाखे फोड़कर सड़क को निजी संपत्ति की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है। क्या कानून सिर्फ आम जनता के लिए है?”

कांग्रेस ने उठाए सवाल

कांग्रेस ने पोस्ट में यह भी लिखा कि “हाईकोर्ट के आदेश के अनुसार सार्वजनिक स्थानों पर जश्न या आतिशबाजी की अनुमति नहीं है, लेकिन भाजपा नेताओं और उनके सहयोगियों पर शायद यह नियम लागू नहीं होता।” कांग्रेस ने वीडियो के पीछे दिख रहे नगर निगम बोर्ड ‘अपना प्यारा चिरमिरी’ का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि यह पूरा मामला चिरमिरी क्षेत्र का है और यह “प्रशासनिक शिथिलता” का उदाहरण है।

एफआईआर दर्ज, जांच शुरू

वीडियो वायरल होने के बाद चिरमिरी पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए राजेंद्र दास के खिलाफ सार्वजनिक स्थान पर अव्यवस्था फैलाने और सड़क अवरोध करने की धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया। पुलिस ने बताया कि जांच जारी है और आगे की कार्रवाई साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।

मंत्री जायसवाल की प्रतिक्रिया

इस पूरे विवाद पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मीडिया से बातचीत में कहा —

“भारत एक संवैधानिक देश है, जहां कानून सब पर समान रूप से लागू होता है। कोई भी व्यक्ति चाहे वह मेरा पीए ही क्यों न हो, यदि उसने कोई गलती की है तो कानून के तहत कार्रवाई होगी। जो गड़बड़ करेगा, उसे उसका परिणाम भुगतना होगा। कानून सबके लिए है — किसी को भी छूट नहीं।”

मंत्री ने आगे कहा कि विभाग या प्रशासनिक स्तर पर यदि कोई अनुशासनहीनता हुई है, तो उसका संज्ञान लिया जाएगा।