प्रदेश
NSUI ने टोल प्लाजा पर किया जमकर प्रदर्शन, छात्र हित और स्थानीय रोजगार को लेकर दिया धरना
रायपुर। राजधानी रायपुर से लगे तरपोंगी टोल प्लाजा पर NSUI रायपुर जिला इकाई ने चार सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन किया और टोल प्लाजा का घेराव किया। इस प्रदर्शन में NSUI के प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय की मौजूदगी रही, जबकि नेतृत्व जिला अध्यक्ष प्रशांत गोस्वामी ने किया। सैकड़ों की संख्या में छात्र कार्यकर्ता, पदाधिकारी और युवा इस आंदोलन में शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगें:
-
CG 04 पासिंग वाहनों से टोल टैक्स समाप्त किया जाए, जिले की सीमाओं पर टोल लगाना अन्यायपूर्ण है। स्थानीय नागरिकों पर यह आर्थिक बोझ गैरवाजिब है और इसे तत्काल समाप्त किया जाना चाहिए।
-
छात्रों के लिए “स्टूडेंट टोल पास” की व्यवस्था की जाए, प्रतिदिन रायपुर आकर पढ़ाई करने वाले छात्र-छात्राओं के लिए कोई विशेष व्यवस्था नहीं है। NSUI ने मांग की कि विद्यार्थियों के लिए टोल टैक्स पूरी तरह माफ किया जाए या रियायती “स्टूडेंट पास” की व्यवस्था हो, जिससे वे शिक्षा के लिए निर्बाध आवागमन कर सकें।
-
टोल प्लाजा कर्मचारियों द्वारा यात्रियों से दुर्व्यवहार रोका जाए, कई बार टोल कर्मचारियों द्वारा आम नागरिकों, खासकर वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार की शिकायतें आई हैं। NSUI ने मांग की कि टोल स्टाफ को व्यवहार-कुशलता का प्रशिक्षण दिया जाए और किसी भी शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की जाए।
-
स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता दी जाए, टोल प्लाजा में बाहरी लोगों को नौकरी पर रखा जा रहा है जबकि आसपास के स्थानीय युवाओं को रोजगार से वंचित किया जा रहा है। NSUI की मांग है कि टोल प्लाजा में प्राथमिकता स्थानीय बेरोजगार युवाओं को मिले।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय ने कहा कि यह सिर्फ टोल टैक्स की लड़ाई नहीं है, बल्कि यह आवाज़ है उन छात्रों की जो रोज़ पढ़ाई के लिए सफर करते हैं, उन नागरिकों की जो अपने ही शहर में दोहरी मार झेल रहे हैं, और उन युवाओं की जिन्हें उनके ही क्षेत्र में नौकरी नहीं मिल रही। NSUI जनहित के इन मुद्दों को लेकर संकल्पबद्ध है और जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा।
जिला अध्यक्ष प्रशांत गोस्वामी ने अपने वक्तव्य में कहा कि छात्रों, युवाओं और आम जनता के हक की यह लड़ाई अब थमेगी नहीं। शासन-प्रशासन को यह समझना होगा कि युवाओं की आवाज़ को दबाया नहीं जा सकता। अगर मांगें नहीं मानी गईं, तो हम और भी उग्र आंदोलन करेंगे।
NSUI ने स्पष्ट किया कि अगर जल्द ही इन चार सूत्रीय मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती है, तो यह आंदोलन जिले के अन्य हिस्सों में भी फैलाया जाएगा। साथ ही प्रदेश स्तर पर भी इसके लिए व्यापक रणनीति बनाई जाएगी।
प्रदर्शन में NSUI के प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय, उपाध्यक्ष अमित शर्मा, महामंत्री हेमंत पाल, जिला अध्यक्ष प्रशांत गोस्वामी, राजा देवांगन, विशाल कुकरेजा, कुणाल दूबे, विकास राजपूताना, हरिओम तिवारी, शिवांक सिंह, प्रशांत चंद्राकर, वैभव मुजेवार, श्रेयांश परघनीया, संयम सिंह, अंकित शर्मा, आलोक सिंह, भूपेंद्र, सत्यदास, प्रिंस अन्य शामिल हुए।
डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कवर्धा में सर्व सुविधा युक्त बलराम सदन का किया लोकार्पण
कवर्धा। किसानों के हित में एक और ऐतिहासिक कदम उठाते हुए राज्य के डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कवर्धा स्थित तहसील और एसडीएम कार्यालय परिसर में प्रदेश के पहले “बलराम सदन” का लोकार्पण किया। यह सदन विशेष रूप से उन किसानों के लिए बनाया गया है, जो सरकारी कामकाज के सिलसिले में तहसील या एसडीएम कार्यालय पहुंचते हैं और जिन्हें रुकने या ठहरने की आवश्यकता होती है।
बलराम सदन में किसानों के लिए टीवी एवं मूलभूत सुविधाओं से युक्त व्यवस्था की गई है, जिससे उन्हें असुविधा न हो और वे आराम से अपने कार्य संपन्न कर सकें। इस पहल को किसानों की बेहतरी की दिशा में एक बड़ी शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि प्रदेश में पहली बार कवर्धा से इस अनोखी पहल की शुरुआत की गई है। आगे चलकर प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी इसी तरह के बलराम सदन स्थापित किए जाएंगे, ताकि किसानों को हर जगह यह सुविधा मिल सके।
राहुल गांधी का रथयात्रा पर झूठ शर्मनाक – सनातन परंपरा का किया घोर अपमान : पुरंदर मिश्रा
रायपुर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा को लेकर दिए गए विवादित बयान पर रायपुर शहर उत्तर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने राहुल गांधी के बयान को सनातन धर्म का अपमान करार देते हुए कड़े शब्दों में निंदा की।
विधायक मिश्रा ने कहा कि, राहुल गांधी ने अपने बयान में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा को अडानी परिवार के लिए रोके जाने का आरोप लगाकर न सिर्फ आस्था का अपमान किया है, बल्कि भगवान जगन्नाथ को भी चुनौती देने का प्रयास किया है। भगवान जगन्नाथ कलियुग के साक्षात देवता हैं, और करोड़ों सनातनी उनकी भक्ति करते हैं।
उन्होंने कहा कि भगवान जगन्नाथ से प्रार्थना है कि वे कांग्रेस को सद्बुद्धि दें। साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोग जानबूझकर सनातन धर्म और धार्मिक परंपराओं को निशाना बना रहे हैं। मिश्रा ने कहा, “जिनकी अपनी जिंदगी में कुछ नहीं हो पा रहा, जैसे शादी तक नहीं हो रही, वे आज भगवान पर उंगली उठा रहे हैं। यह सिर्फ राहुल गांधी का व्यक्तिगत एजेंडा है, कांग्रेस पार्टी का नहीं।”
विधायक यहीं नहीं रुके। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा, राहुल गांधी, भारत में रहना है तो भारत की आस्था और संस्कृति का सम्मान करना सीखिए। नहीं तो जनता आपको अगली रथ यात्रा तक बता देगी कि आपका क्या हश्र हो सकता है। भगवान जगन्नाथ का अपमान करने वालों की कभी भी दुर्गति हुई है और आगे भी होगी।
छत्तीसगढ़वासियों को बड़ी राहत, सांसद बृजमोहन अग्रवाल की पहल पर रद्द ट्रेनों की पुनर्बहाली की घोषणा
रायपुर। रायपुर सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल के सतत प्रयासों का सुखद परिणाम एक बार फिर सामने आया है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) द्वारा सुरक्षा संबंधी अनुरक्षण कार्यों के चलते रद्द की गई एक दर्जन से अधिक यात्री ट्रेनों के संचालन को पुनः बहाल करने की घोषणा की गई है।
30 जून 2025 को रायपुर में आयोजित SECR के महाप्रबंधक एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई महत्वपूर्ण बैठक में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने इन ट्रेनों के बंद होने से हो रही जनसामान्य की परेशानी को मजबूती से उठाया था।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ट्रेनों का संचालन शीघ्र शुरू किया जाए ताकि यात्रियों को राहत मिल सके। अब रेलवे प्रशासन ने सांसद अग्रवाल के आग्रह पर करीब 13 ट्रेनों के 15 जुलाई से पुनः संचालन के निर्देश जारी कर दिए हैं, जो छत्तीसगढ़वासियों के लिए एक बड़ी राहत है।
इन ट्रेनों की बहाली से न केवल यात्रियों की सुविधा बढ़ेगी, बल्कि व्यापार, शिक्षा और रोजगार के लिए यात्रा कर रहे हजारों लोगों को भी लाभ मिलेगा। जनहित के इस निर्णय हेतु सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने रेलवे प्रशासन का आभार प्रकट किया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि छत्तीसगढ़ की जनता की हर जरूरत और समस्या के समाधान के लिए वे सदैव तत्पर रहेंगे।
उप अभियंता भर्ती परीक्षा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से नकल करते हुए पकड़ी गई परीक्षार्थी पर एफआईआर दर्ज
रायपुर। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल, रायपुर द्वारा आयोजित उप अभियंता (सिविल) एवं उप अभियंता (विद्युत/यांत्रिकी) भर्ती परीक्षा के अंतर्गत परीक्षा केन्द्र क्र. 1309 - शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सरकंडा, बिलासपुर (छ.ग.) में एक गंभीर नकल प्रकरण प्रकाश में आया। कक्ष क्रमांक 07 में परीक्षार्थी रोल नंबर 13091014 - कु. अन्नु सूर्या, पिता - कलेश्वर राम द्वारा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर त्वरित संज्ञान लेते हुए परीक्षा कक्ष में तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उक्त परीक्षार्थी के अंतःवस्त्र में हिडन कैमरा व कान से माइक्रो स्पीकर जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण छिपाकर रखे गए पाए गए, जिन्हें तत्काल जब्त किया गया।
परीक्षा केन्द्र परिसर के बाहर नकल में सहायता करने हेतु उपस्थित अनुराधा बाई के पास से वॉकी-टॉकी, टैबलेट, ब्लूटूथ डिवाइस और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। यह स्पष्ट रूप से एक संगठित इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से नकल करने का प्रयास था।
प्रशासन द्वारा नियमानुसार तत्काल नकल प्रकरण तैयार कर छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) को प्रेषित कर दिया गया है। साथ ही, थाना सरकंडा पुलिस को सूचित कर एफआईआर दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। संबंधित व्यक्तियों पर उचित कानूनी कार्यवाही की जा रही है।
व्यावसायिक परीक्षा मंडल एवं जिला प्रशासन द्वारा इस पूरे प्रकरण को अत्यंत गंभीरता से लिया गया है। परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु ऐसी घटनाओं पर "जीरो टॉलरेंस नीति" अपनाई गई है। भविष्य में भी किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधियों पर कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
अवैध कोल लेवी वसूली मामले में फरार आरोपी नवनीत तिवारी गिरफ्तार
रायपुर। कोल स्कैम में बड़ी गिरफ्तारी हुई है। जांच एजेंसी ने फरार आरोपी नवनीत तिवारी को गिरफ्तार किया है। ब्यूरो में विवेचनाधीन अपराध कमांक 03/2024 धारा 7, 7 ए एवं 12 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 यथासंशोधित अधिनियम 2018 एवं 420, 120बी, 384, 467, 468, 471 भा.द.वि. में अवैध कोल लेवी की वसूली की योजना, वसूली करना से लेकर अवैध धनराशि का निवेश मे संलिप्त आरोपी नवनीत तिवारी को गिरफ्तार किया गया है।
आरोपी वर्ष 2022 मे ईडी रेड के बाद से लगातार फरार चल रहा था। प्रकरण मे आरोपी के विरूद्ध न्यायालय से पूर्व मे स्थायी गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया गया था। आरोपी नवनीत तिवारी को विधिवत गिरफ्तार कर य न्यायालय समक्ष पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त कर विस्तार से पूछताछ की जा रही है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अखिल भारतीय वैष्णव ब्राह्मण सेवा संघ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में हुए शामिल
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज राजधानी रायपुर में आयोजित अखिल भारतीय वैष्णव ब्राह्मण सेवा संघ (चतुः संप्रदाय), मुंबई की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभु श्रीराम के ननिहाल और माता कौशल्या की पावन भूमि छत्तीसगढ़ में वैष्णव ब्राह्मण समाज का राष्ट्रीय अधिवेशन आयोजित होना हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि वैष्णव ब्राह्मण समाज का इतिहास अत्यंत गौरवशाली रहा है। इस समाज की विभूतियों ने छत्तीसगढ़ में दानशीलता की अद्भुत मिसालें स्थापित की हैं। विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में वैष्णव ब्राह्मण समाज का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले समाज के प्रतिभावान व्यक्तियों को सम्मानित भी किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि वैष्णव ब्राह्मण समाज ने सनातन धर्म को सशक्त बनाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई है। यह समाज केवल पुरोहित कर्म से ही नहीं, बल्कि शासन-प्रशासन में भी सक्रिय रहा है। दानशीलता की महान परंपरा का परिचय देते हुए इस समाज ने कभी राजपाट तक दान कर दिए। राजनांदगांव की वैष्णव ब्राह्मण रियासत इसका अनुपम उदाहरण है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि डेढ़ वर्ष के भीतर हमने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अधिकांश गारंटियों को अमल में लाकर पूर्ण किया है। छत्तीसगढ़, प्रभु श्रीराम का ननिहाल रहा है और उन्होंने अपने वनवास का लंबा समय यहीं व्यतीत किया था। हमारी सरकार ने रामलला दर्शन योजना शुरू की है, जिसके तहत अब तक 22 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या में प्रभु श्रीरामलला के दर्शन कर चुके हैं। मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना को भी पुनः प्रारंभ किया गया है, जिसके अंतर्गत 60 वर्ष से अधिक आयु के सभी नागरिक अपनी आस्था के अनुसार तीर्थ स्थलों का दर्शन कर सकेंगे। दिव्यांगजनों, विधवाओं और परित्यक्ताओं के लिए इस योजना में अधिकतम आयु सीमा नहीं रखी गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत का संकल्प लिया गया है। उसी दिशा में हमें विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में अग्रसर होना है। इस कार्य में वैष्णव ब्राह्मण समाज की सक्रिय भागीदारी अपेक्षित है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि समाज संगठित रहकर निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर होगा।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि वैष्णव ब्राह्मण समाज एक दूरदर्शी और कल्पनाशील समाज है। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव से विधायक, सांसद, केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने इस समाज के ऐतिहासिक योगदान को निकटता से देखा है। उच्च शिक्षा, रेलवे, उद्योग और पेयजल व्यवस्था के विकास में राजनांदगांव के राजपरिवार ने अभूतपूर्व योगदान दिया है। महंत दिग्विजय दास जी ने महाविद्यालय के लिए अपना महल दान किया, रेलवे के लिए विशाल भूमि दी, और बीएनसी कॉटन मिल की स्थापना की, जिससे हजारों लोगों को रोजगार मिला। महंत घासीदास जी ने व्यापार को प्रोत्साहित करने के लिए नि:शुल्क भूमि देने की घोषणा की थी।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने अपने संबोधन में कहा कि वैष्णव ब्राह्मण समाज सनातन धर्म की ध्वजवाहक है। इस राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक के आयोजन से समाज और अधिक एकजुट होकर आगे बढ़ेगा।
इस अवसर पर राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, अखिल भारतीय वैष्णव ब्राह्मण सेवा संघ के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष पी. एल. बैरागी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल जे. के. वैष्णव, प्रदेश अध्यक्ष राकेश दास वैष्णव, विजय कुमार दास, राघवेंद्र दास वैष्णव, डॉ. सौरभ निर्वाणी, अंजना देवी वैष्णव, रजनीश वैष्णव सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित थे।
बिलासपुर में ‘मुन्नाभाई स्टाइल’ हाईटेक नकल कांड: कॉलर में लगा रखा था माइक्रोकैमरा और वॉकी- टॉकी
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक बार फिर परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। PWD सब इंजीनियर भर्ती परीक्षा में हाईटेक तरीके से नकल का मामला सामने आया है, जो बिल्कुल फिल्मी अंदाज़ में ‘मुन्नाभाई MBBS’ की तर्ज पर अंजाम दिया जा रहा था।
मुन्ना भाई MBBS के बाद अब मुन्ना बहन का कारनामा सामने आया है। जहां परीक्षा के दौरान परीक्षा में बैठी मुन्ना बहन ने कॉलर में लगा माइक्रो कैमरा, और वॉकी टॉकी रखा था। वहीं दूसरी ऑटो में बैठकर प्रश्नों का दे जवाब रही थी। NSUI के कार्यकर्ताओं ने हाईटेक नकलचियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना रामदुलारे आत्मानंद स्कूल, बिलासपुर की है, जहां यह परीक्षा आयोजित की जा रही थी। परीक्षा में शामिल एक अभ्यर्थी कैमरे और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ परीक्षा केंद्र पहुंचा था। उसका उद्देश्य था – बाहर बैठे सहयोगियों की मदद से उत्तर प्राप्त कर पेपर हल किया जा रहा था।
इस हाईटेक नकल की योजना इतनी चतुराई से बनाई गई थी कि शुरुआत में किसी को शक नहीं हुआ। लेकिन एनएसयूआई की सजगता और सतर्क नजरों ने पूरे मामले का भंडाफोड़ कर दिया। परीक्षा केंद्र के बाहर कुछ संदिग्ध गतिविधियां देखी गईं, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सरकंडा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जब जांच की तो अभ्यर्थी के पास से कैमरा, ब्लूटूथ डिवाइस और संचार उपकरण बरामद किए गए। इसके बाद पूरे परीक्षा केंद्र में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने डिवाइस जब्त कर लिया है और अब पूरा नेटवर्क खंगाला जा रहा है कि क्या इसमें और लोग भी शामिल थे, क्या यह कोई संगठित नकल गैंग है, और क्या अन्य केंद्रों में भी इसी तरह के उपकरणों का उपयोग किया गया।
भाजपा विधायक गुरु खुशवंत साहेब के काफिले पर हमला, समाज में आक्रोश
बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले से एक सनसनीखेज़ घटना सामने आई है। सतनामी समाज के गुरु और आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब के काफिले पर अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। यह हमला नवागढ़ प्रवास से रायपुर लौटते समय उस वक्त हुआ, जब उनका काफिला बेमेतरा-रायपुर बायपास स्थित भोइनाभाटा गांव के पास से गुजर रहा था। हमले में गुरु खुशवंत साहेब की कार के सामने का शीशा पूरी तरह से टूट गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई है और जांच शुरू कर दी गई है।
विधायक सुरक्षित, घटना के बाद पहुंचे बेमेतरा विधायक के निवास
घटना के बाद गुरु खुशवंत साहेब बेमेतरा विधायक दीपेश साहू के निवास पहुंचे, जहां बेमेतरा एसपी रामकृष्ण साहू ने उनसे मुलाकात कर घटना की पूरी जानकारी ली। फिलहाल गुरु साहेब पूरी तरह सुरक्षित हैं, लेकिन इस घटना ने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हलचल मचा दी है।
प्रशासन सतर्क, जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है। घटनास्थल पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
समाज में आक्रोश, सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
सतनामी समाज के एक बड़े धार्मिक और राजनीतिक प्रतिनिधि पर इस तरह का हमला न केवल निंदनीय है, बल्कि कानून-व्यवस्था पर भी बड़ा सवाल खड़ा करता है। समाज के कई लोगों ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस हमले ने न केवल एक जनप्रतिनिधि की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं, बल्कि राजनीतिक और सामाजिक सौहार्द को भी चुनौती दी है। पुलिस और प्रशासन पर अब यह जिम्मेदारी है कि जल्द से जल्द दोषियों को गिरफ्तार कर, कानून के दायरे में लाएं और समाज में विश्वास बहाल करें।
भीषण सड़क हादसा, ड्राइवर की लापरवाही से पलटी बस, कांच तोड़कर बाहर निकले यात्री
लोरमी। जिले के अचानकमार टाइगर रिजर्व इलाके में भीषण सड़क हादसा हो गया. बस में सवार करीब 25 यात्री अपनी जान गवाने से बाल-बाल बच गए. हालांकि लगभग दर्जनभर लोगों को चोटें आई है. जिन्हें घटनास्थल पर प्राथमिक उपचार के बाद एम्बुलेंस के माध्यम से बिलासपुर भेजा गया.
जानकारी के मुताबिक, घटना ATR क्षेत्र अंतर्गत लमनी इलाके के तिलईडबरा वनग्राम की है. जहां प्रतिदिन वनांचल मार्ग पर चलने वाली कैपिटल बस सर्विस में नए ड्राइवर आने के चलते अनियंत्रित होकर बस मोड़ पर पलट गई. घटना के वक्त बस में करीब 25 यात्री सवार थे. हादसे में दर्जनभर से अधिक यात्रियों को मामूली चोट आई. घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई. हादसे के बाद सभी यात्री एक दूसरे को सहयोग करते हुए बस के सामने कांच को तोड़कर बाहर निकल गए. इसके बाद 17 यात्री जो मदद की गुहार लगाते हुए टीम का इंतजार कर रहे थे, उन्हें राहत सामग्री प्रदान कर एंबुलेंस के माध्यम से बिलासपुर की ओर भेजा गया.
घटना की सूचना पर मुंगेली जिला प्रशासन स्वास्थ्य विभाग की टीम, जीपीएम जिला के जिम्मेदार अधिकारी और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची. घायलों को मुंगेली जिला प्रशासन सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घटनास्थल पर ही प्राथमिक उपचार के बाद सुरक्षित उनके घर भेजा गया. इसके साथ ही मुंगेली जिला प्रशासन की टीम ने भोजन सहित राहत सामग्री भी पहुंचाई. वहीं अधिकारियों ने बस में सवार यात्रियों को सुरक्षित एंबुलेंस के माध्यम से बिलासपुर की ओर रवाना किया.
घटनास्थल में जिले के डीपीएम गिरीश कुर्रे, जीपीएम स्वास्थ्य टीम और मुंगेली राजस्व अमले सहित एसडीएम अजीत पुजारी और वन विभाग की टीम भी मौजूद रही. जिनके प्रयास से घटना में घायल यात्रियों को त्वरित इलाज के बाद उनके घर भेजा गया.
मैनपाट प्रशिक्षण शिविर पर सियासत जारी, कांग्रेस विधायक ने बताया मौज-मस्ती का जरिया, तो भाजपा सांसद ने कही संगठन मजबूती की बात
दुर्ग। मैनपाट में भारतीय जनता पार्टी ने चिंतन और प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया था. पार्टी के विधायकों और सांसदों के लिए,आयोजित शिविर के समाप्त होने के बाद भी राजनीतिक बयानबाजी जारी है. कांग्रेस ने भाजपा के इस शिविर को जहां मौज-मस्ती बताया, तो वहीं दूसरी ओर भाजपा ने इसे संगठन मजबूती का जरिया बताया है.
शिविर को लेकर दुर्ग सांसद और भाजपा नेता विजय बघेल ने कहा कि भाजपा एक सिद्धांतवादी पार्टी है, जो राष्ट्र और जनहित को सर्वोपरि मानती है. उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविर समय-समय पर नए निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के लिए आयोजित किए जाते हैं, ताकि उन्हें पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक कार्यशैली और महापुरुषों के सिद्धांतों की गहराई से जानकारी दी जा सके. बघेल ने बताया कि शिविर में महापुरुषों के आदर्शों और विचारों को आत्मसात करने पर विशेष बल दिया गया.
वहीं दूसरी ओर भिलाई नगर के कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव ने इस शिविर को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि यह शिविर असल में सिर्फ मौज-मस्ती और घूमने-फिरने के लिए था. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की नीति और नियत सिर्फ चुनाव जीतने तक सीमित है. यादव ने यह भी आरोप लगाया कि इस शिविर में चुनावी रणनीति के तहत मतदाता सूची में गड़बड़ी, नाम कटवाने और चुनाव को प्रभावित करने जैसी बातों पर चर्चा की गई. उन्होंने कहा कि मैनपाट जैसी खूबसूरत जगह को भ्रमण स्थल बनाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है.
तालाब में नहाने गए 4 बच्चों की डूबने से हुई मौत, गांव में पसरा मातम
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बलौदा थाना क्षेत्र के भैसतरा गांव में तालाब में नहाने गए चार मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया है।जानकारी के अनुसार, डूबने वाले बच्चों में तीन बालिकाएं और एक बालक शामिल हैं। ये सभी अलग-अलग परिवारों से थे, लेकिन रोज़ की तरह एक साथ खेलते-खेलते तालाब में नहाने चले गए। सभी बच्चों की उम्र 5 से 8 साल के बीच बताई जा रही है।
खेल-खेल में मौत के मुंह में समा गए मासूम
गांव में दोपहर के समय जब बच्चे अपने घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने तलाश शुरू की। कुछ ही देर में तालाब किनारे बच्चों के कपड़े और चप्पल मिलने पर शंका हुई, और फिर ग्रामीणों ने तालाब में खोजबीन शुरू की। स्थानीय लोगों की मदद से बच्चों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक चारों की सांसें थम चुकी थीं।
शव भेजे गए पोस्टमार्टम के लिए
घटना की सूचना मिलते ही बलौदा पुलिस मौके पर पहुंची और चारों शवों को कब्जे में लेकर बलौदा स्वास्थ्य केंद्र पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव में मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
एक साथ चार मासूमों की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है। बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार, तालाब के पास कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी, न ही बच्चों के जाने पर किसी ने उन्हें रोका। यह हादसा लापरवाही और अनदेखी की बड़ी कीमत बन गया।
सड़क पर एक साथ दिखा 70 से अधिक हाथियों का झुंड
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक वीडिया सामने आया है, जिसमें 70 से अधिक हाथियों का दल सड़क पार करते नजर आ रहा है. घटना धर्मजयगढ़ वन मंडल की है. क्षेत्र में बड़ी में विचरण कर रहे हाथियों को लेकर वन विभाग अलर्ट मोड पर है. हालांकि निगरानी में टीम को परेशानी हो रही है.
दरअसल, धर्मजयगढ़ वन मंडल में सीथरा से हाटी मार्ग को बड़ी संख्या में हाथियों का दल पार करते दिखा। 70 से अधिक हाथियों के झुंड में शावकों से लेकर विशालकाय हाथी नजर आए. हाथियों की मौजूदगी से इलाके में दहशत फैल गई है. हाथियों के सड़क पार करने सड़क पर काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा.
शिक्षक, व्याख्याता सहित 27 कर्मचारियों-अधिकारियों पर बर्खास्तगी की तलवार, डीईओ व अन्य विभागों से मांगी गयी रिपोर्ट
रायपुर। फर्जी सर्टिफिकेट पर नौकरी करने वालों की अब खैर नहीं है। 27 अधिकारियों व कर्मचारियों पर बर्खास्तगी की तलवार लटक गयी है। जिन कर्मचारियों की मुश्किलें बढ़ी है, उसमें शिक्षा विभाग, कृषि विभाग, उद्यानिकी विभाग, श्रम विभाग और जिला योजना एवं सांख्यिकी विभाग शामिल है।
जानकारी के मुताबिक सिर्फ मुंगेली जिले में ही 29 कर्मचारियों के फर्जी दिव्यांग सर्टिफिकेट पर नौकरी करने का मामला सामने आया है। अब कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्देशित किया है कि वो अपने विभागों में पदस्थ कर्मचारियों की मेडिकल सर्टिफिकेट की जांच कराकर कलेक्टर कार्यालय को जानकारी दें।
जिन 27 कर्मचारियों की लिस्ट दी गयी है, उनमें से कुछ की दिव्यांगता सर्टिफिकेट की जांच हुई है और कुछ की जांच अब तक नहीं हुई है, लिहाजा मेडिकल सर्टिफिकेट की मौजूदा स्टेटस की जानकारी कलेक्टर ने मांगी है, ताकि उन पर बर्खास्तगी की कार्रवाई की जा सके।


खराब सर्जरी किट मामले में स्वास्थ्य मंत्री का बयान आया सामने, कहा- कंपनी के विरुद्ध होगी कार्रवाई, बर्दाश्त नहीं करेंगे भ्रष्टाचार
रायपुर। छत्तीसगढ़ में सर्जरी किट खराब मिलने के मामले पर स्वास्थ्य मंत्री बिहारी जायसवाल ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि कुछ लॉट की सप्लाई हुई थी. उसमें कई बैग की जांच किए गए हैं. जंग लगे बैग की भी जांच हो रही है. उन्होंने कहा कि अगर यह ज्यादा मात्रा में पाई गई तो सप्लाई करने वाली कंपनी पर कार्रवाई की जाएगी. मंत्री जायसवाल ने स्पष्ट किया कि छत्तीसगढ़ में किसी भी प्रकार का भ्रष्टाचार बर्दास्त नहीं किया जाएगा.
आरंग विधायक के काफिले पर हमला, मंत्री बोले जल्द कड़ी कार्रवाई
विधायक गुरु खुशवंत साहब की कार पर अज्ञात असमाजिक तत्व द्वारा हमला के मामले में मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि यह कोई नई घटना नहीं है. इस घटना के मूल में जाएंगे. जो आसमाजित तत्व शामिल है, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई जाएगी. अपराध में शामिल लोगों को जल्द पकड़ लिया जाएगाा.
NHM स्वास्थ्य कर्मियों ने सौंपा ज्ञापन, मंत्री ने मांगे पूरी करने की कही बात
एनएचएम स्वास्थ्य कर्मियों के हड़ताल पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जयसवाल ने कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखने का अधिकार है. एनएचएम स्वास्थ्य कर्मियों ने ज्ञापन सौंपा है. उन्होंने कहा कि जो मांगे पूरा कर सकते हैं, उन्हें निश्चित रूप से पूरा किया जाएगा. स्वास्थ्य मिशन एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम है, जिसे हम पूरी गंभीरता से संचालित कर रहे हैं. भारत सरकार से चर्चा करके अपनी गारंटी को पूरा करने के लिए आगे बढ़ रहे हैं.
मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का कांग्रेस पर हमला
छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि कांग्रेस का आंतरिक विषय है हमें क्या लेना है. हमरा उद्देश्य पार्टी के विषय को आगे पहुंचाना है. जो उनकी धारणा वो उसे आगे बढ़ाते रहें. कांग्रेस ने 70 सालों में क्या किया है? महिलाओं, किसान और जनता के लिए क्या किया सबने देखा है? भाजपा अपने घोषणा पत्र पर आगे बढ़ रही है. हम (भाजपा) बेरोजगाओ को न्याय दिलाने का काम कर रही है. कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है. जनता के सामने बने रहने के लिए ये बात करते रहते हैं. उन्होंने कहा कि सरकार देश के हितैषी होती है तो देश का स्वरूप बदलता है. टेक्नोलॉजी के मामले में देश आगे बढ़ा है.
मानसून सत्र के लिए कांग्रेस के पास एक भी मुद्दा नहीं : मंत्री जायसवाल
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने आज शाम होने वाली भाजपा विधायक दल की बैठक को लेकर कहा कि विधायक दल की बैठक में आज कई विषयों पर बातचीत होगी. परंमपरा के तौर पर सत्र के एक दिन पहले बैठक होती है. उन्होंने विपक्ष को मुद्दविहिन बताया है. कहा कि 18 महीने में विष्णुदेव साय के नेतृत्व में कई डवलपमेंट के कई काम हुए हैं. प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्र में काम हुए हैं. वहीं गरीब, किसान और सभी के लिए काम हुए हैं. इसलिए सरकार को कटघरे में खड़ा करने के लिए कांग्रेस के पास एक भी मुद्दा नहीं है.
पुलिस कस्टडी में मौत का मामला में उच्च न्यायालय सख्त, राज्य सरकार को नोटिस भेज दो सप्ताह में मांगा जवाब
बिलासपुर। धमतरी जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र में पुलिस हिरासत में हुई संदिग्ध मौत के मामले ने अब कानूनी मोड़ ले लिया है। बिलासपुर हाईकोर्ट ने इस मामले में राज्य सरकार को नोटिस जारी करते हुए जांच की प्रगति पर दो सप्ताह के भीतर जवाब मांगा है।मामले की सुनवाई छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट की मुख्य न्यायाधीश की डिवीजन बेंच (डीबी) में हुई, जिसमें याचिकाकर्ता की ओर से सीबीआई जांच की मांग भी की गई है।
क्या है पूरा मामला?
यह गंभीर मामला 30 मार्च 2025 का है, जब धमतरी के अर्जुनी थाना में एक व्यक्ति दुर्गेंद्र कुमार कठोलिया की पुलिस कस्टडी में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मृतक के परिजनों ने इस मौत को साजिश और पुलिसिया क्रूरता का नतीजा बताया था।
परिजनों का आरोप है कि पूरी जांच प्रक्रिया पारदर्शी नहीं है, और इसमें कई खामियां हैं। इसी के विरोध में परिजनों ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर सीबीआई से स्वतंत्र जांच कराने की मांग की थी।
हाईकोर्ट ने लिया संज्ञान
मुख्य न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली डिवीजन बेंच ने मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार को नोटिस जारी करते हुए दो सप्ताह में जवाब पेश करने का आदेश दिया है। कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया है कि जांच प्रक्रिया में हुई अब तक की प्रगति का ब्यौरा भी प्रस्तुत करना होगा।
युक्तियुक्तकरण के बावजूद स्कूलों में ज्वाइनिंग नहीं करने वाले चार शिक्षक हुए सस्पेंड, डीईओ ने जारी किया आदेश
रायपुर। युक्तियुक्तकरण से अतिशेष हुए शिक्षकों को नये स्कूलों में ज्वाइन नहीं करना महंगा पड़ गया है। एक साथ चार शिक्षकों को सस्पेंड कर दिया गया है। इन शिक्षकों ने काउंसिलिंग के बाद नये शाला में ज्वाइन के बजाय हाईकोर्ट की शरण ली थी। लेकिन हाईकोर्ट से भी इन चार शिक्षकों को कोई खास राहत नहीं मिली। जिलास्तरीय कमेटी में भी अभ्यावेदन अस्वीकार होने के बाद चार शिक्षक अजय कुमार कश्यप, मंसूर अहमद सिद्दीकी, पुष्पा कुमारी कंवर और मंजू घृतलहरे को तत्काल प्रभाप से सस्पेंड कर दिया गया है। सभी शिक्षक कोरबा जिले के हैं और अलग-अलग स्कूलों में पदस्थ हैं।
युक्तियुक्तकरण के बाद अतिशेष सिक्षकों को एकल शिक्षकीय व शिक्षक विहीन स्कूलो में पदस्थ किया गया था। लेकिन इन शिक्षकों ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। हाईकोर्ट ने निर्देश दिया था कि सभी प्रभावित शिक्षक जिलास्तरीय कमेटी में अभ्यावेदन दें, कमेटी एक सप्ताह के भीतर इसका निराकरण करेगी। तब तक अपीलकर्ताओं के युक्तियुक्तकरण पर रोक लगायी गयी थी।
कमेटी के पास इन शिक्षकों ने अभ्यावेदन किया, लेकिन 30 जून को सभी का अभ्यावेदन अस्वीकार कर दिया गया, जिसके बाद इन शिक्षकों को काउंसिलिंग के बाद आवंटित शाला में ज्वाइनिंग करना था, लेकिन शिक्षकों ने ज्वाइनिंग नहीं की, जिसके बाद चार शिक्षकों को सस्पेंड कर दिया गया है।



