रायपुर। ‘इंडियाज गॉट टैलेंट’ सीजन 10 के विजेता अबूझमाड़ मलखंभ अकादमी के होनहारों ने 3000 फीट की ऊंचाई पर स्थित ढोलकल पहाड़ पर स्थित गणेश प्रतिमा के समीप हैरतअंगेज मलखंभ का प्रदर्शन किया. उनके इस प्रदर्शन की उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सराहना करते हुए अपने ट्वीटर एकाउंट पर शेयर किया है.
नारायणपुर स्थित अबूझमाड़ मलखंब अकादमी में प्रशिक्षक मनोज प्रसाद के साथ पारस यादव, नरेंद्र गोटा, युवराज सोम, फूलसिंह सलाम, श्यामलाल पोटाई, राजेश सलाम, राकेश कुमार बड़दा, मोनू नेताम, राजेश कोराम, शुभम पोटाई, अजमत फरीदी, समीर शोरी, सुरेश पोटाई शामिल हैं.
टीम अपने प्रदर्शन पर हर बार लोगों को आश्चर्यचकित करते रहती है, लेकिन अबकी बार ढोलकल पहाड़ पर 3000 फीट की ऊंचाई पर स्थित जगप्रसिद्ध गणेश प्रतिमा के समक्ष अपनी कला का सिद्ध प्रदर्शन कर एक नया आयाम जोड़ दिया है. आप भी उनके प्रदर्शन को देखकर आश्चर्यचकित रह जाएंगे.
रायपुर। संत शिरोमणि आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज आध्यात्मिक चेतना के पुंज थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमेशा आचार्य जी से आशीर्वाद लेते थे, उनसे प्रेरणा ग्रहण करते थे। हम सबका सौभाग्य है कि आचार्य जी ने हमेशा हमें प्रेरित किया। यह छत्तीसगढ़ की भूमि धन्य है कि जिसे आचार्य जी ने इतना प्रेम दिया और संलेखना के लिए प्रदेश की इस धरती को चुना। आज उनकी समाधि स्मृति महोत्सव में दर्शन पाकर सौभाग्यशाली महसूस कर रहा हूँ। मेरी प्रार्थना है कि छत्तीसगढ़ के ऊपर उनका आशीर्वाद हमेशा बना रहे, प्रदेश में सदैव खुशहाली हो।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ स्थित चंद्रगिरि तीर्थस्थल में जैनाचार्य विद्यासागर जी महाराज के प्रथम समाधि स्मृति महोत्सव में सम्मिलित हुए और समाधि के दर्शन किये जहाँ देशभर से पहुंचे अनुयायियों को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बात कही।
श्री साय ने कहा कि यह छत्तीसगढ़ वासियों का परम सौभाग्य है कि आचार्य विद्यासागर जी महाराज ने धर्मचर्या के लिए अपने यशस्वी जीवन का लम्बा समय डोंगरगढ़ के चंद्रगिरि तीर्थस्थल में व्यतीत किया। आचार्य जी के विचार और उनका जीवन-दर्शन हम सबको प्रेरणा देते रहेंगे। जैनाचार्य विद्यासागर जी महाराज ने समाज को सत्य, अहिंसा और परमार्थ के मार्ग में चलने के लिए एकजुट किया। बाबा जी का जीवन सर्वजन के लिए अनुकरणीय है।
सीएम साय ने कहा कि आचार्य जी के धार्मिक विचार तो प्रेरित करते ही हैं, भारत के प्रति उनकी सोच भी अनुकरणीय है, जिन्होंने देश के करोड़ों लोगों को प्रभावित किया है। उन्होंने राष्ट्रहित को हमेशा सर्वोपरि रखा। अपने संदेश से उन्होंने भारत की एकता को लगातार मजबूत करने का काम किया। उनका स्पष्ट मत था कि भारत में भारतीय शिक्षण पद्धति लागू हो और लोगों के बीच बातचीत के लिए भारतीय भाषा में व्यवहार हो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के माध्यम से उनके विचारों को मूर्त रूप देने का प्रयास किया है। आज हमारी शिक्षा पद्धति भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों से जुडी हुई है। हमें इस बात कि हार्दिक खुशी है कि आचार्य जी के जीवनकाल में उनका यह स्वप्न मूर्त रूप ले सका।
महोत्सव में पूज्य मुनि संतसागर जी महाराज, देशभर से आए मुनिगण, साध्वीगण, अनुयायी एवं अन्य गणमान्य जन उपस्थित रहे।
रायपुर। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश बजट 2025 को लेकर प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने अलग-अलग वर्ग को होने वाले फायदे गिनाए हैं. उन्होंने 12 लाख रुपए की आमदनी पर टैक्स में पूरी तरह से दी गई छूट का सबसे पहले जिक्र करते इसे मध्यम वर्ग के लिए बहुत बड़ी छूट करार दिया है.
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने चर्चा में कहा कि 12 लाख रुपए तक की आमदनी में आयकर में छूट से सरकारी कर्मचारियों को, छोटे व्यापारियों को, मध्यम वर्ग के लोगों को बड़ा लाभ होगा. लोग अधिकतम 10 लाख रुपए की छूट की उम्मीद लगाए हुए थे. लेकिन मोदी जी ने पूरे मध्यम वर्ग को 12 लाख रुपए की बहुत बड़ी छूट दी है.
वित्त मंत्री ने कहा कि इसके अलावा किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड के तहत तीन लाख तक का लोन बिना ब्याज के मिलता था, जिसे बढ़ाकर अब पांच लाख रुपए कर दिया गया है, जो बहुत बड़ी बात है. प्रधानमंत्री धनधान्य कृषि योजना के तहत देश के लांच की गई है, देश को सौ कृषि के लिहाज से पिछड़े जिले हैं, वहां विशेष मिशन चलाया जाएगा. इसमें खेती के लिए अच्छे बीज, सिंचाई, क्राप डाइवर्शिफिकेशन – सारी चीजों का ध्यान रखा जाएगा. इसका लाभ छत्तीसगढ़ के बस्तर और सरगुजा अंचल के तुलनात्मक रूप से पिछड़े जिलों को मिलेगा.
उन्होंने कहा कि युवाओं की दृष्टि से जो सेकेंडरी स्कूल हैं, वहां सरकार सौ प्रतिशत स्कूलों में इंटरनेट की सुविधा देने जा रही है. इससे लर्निंग का लेवल में तेजी से सुधार होगा. हमारे देश में जो गीगा वर्कर्स हैं, जोमैटो, स्वीगी जैसे संस्थानों में जो ऑपरेटर का काम करते हैं, उनको आयुष्मान भारत योजना का लाभ सरकार देने जा रही हैं, उनका आइडेंटी कार्ड होगा, उनको अलग-अलग प्रकार से सुविधाएं मिल सकेंगी.
ओपी चौधरी ने कहा कि इसके अलावा MBBS की सीटे हैं, उसमें इस साल 10,000 की वृद्धि की गई है, और आने वाले 5 सालों में 75,000 सीटों की वृद्धि भारत सरकार करने जा रही है,यह देश में स्वास्थ्य के हालात को सुधारने की दिशा में क्रांतिकारी कदम है. इसके अलावा IITs में 6,500 सीटों की वृद्धि की भी इस बजट में घोषणा की गई है. इसके अलावा माइनिंग सेक्टर में बड़े रिफॉर्म्स के लिए मिशन चलाए जा रहे है. हमारे छत्तीसगढ़ के कटघोरा में लिथियम का डिपोजिट मिला है. इस तरह के मिशन को इससे बड़ा लाभ मिलेगा.
उन्होंने कहा कि इसी तरह टूरिज्म में जो बड़े-बड़े ऐलान हुए हैं, उसका भी लाभ हमारे छत्तीसगढ़ में बस्तर को मिलेगा और विशेष रूप से रेलवे में, इंफ्राइस्ट्रक्चर में, सड़कों में भारत सरकार के माध्यम से छत्तीसगढ़ को बड़ा लाभ मिल रहा है. पिछले साल 20,000 करोड के नेशनल हाईवेज के निर्माण की स्वीकृति मिली है. उसी दिशा में इस बजट से हमको बहुत सारे लाभ मिलेंगे.
मेडिकल टूरिज्म का जिक्र करते हुए ओपी चौधरी कहा कि छत्तीसगढ़ की राजधानी नवा रायपुर में हमने 200 एकड में MEDICITY का ऐलान किए हैं. इस,तरह से छत्तीसगढ़ को बड़े लेबल पर लाभ मिलेगा. इस सारा कुछ एक फिसिकल डिसीप्लीन के तहट किया गया है. इस साल फिसिकल डेफिसीट 4.8 परसेंट है, आने वाले साल के लिए इसे 4.4 परसेंट का किया गया है.
रायपुर। केंद्रीय बजट को लेकर भाजपा-कांग्रेस के नेताओं ने अपनी प्रतिक्रिया दी है. कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने इस बजट को ऐतिहासिक बताते हुए कहा, आज बहुत ही गौरव का दिन है. मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल का ऐतेहासिक बजट पेश किया गया है. अब तक के सभी बजटों में इस बार सबसे अधिक राशि का प्रावधान किए गए हैं. देश की अर्थव्यवस्था को तीसरे नंबर पर लाने, सर्वांगीण विकास और समृद्धि के लिए यह बजट मदद करेगा. वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता धनेंद्र साहू ने इस बजट को निराशाजनक बताया है.
धनेंद्र साहू ने कहा, छत्तीसगढ़ को इस बजट से कुछ नहीं मिला है. केवल इनकम टैक्स की लिमिट 12 लाख करने से ही कोई बड़ी राहत नहीं होगी. गरीब आदमी और मध्यम वर्ग के लिए बजट में कुछ नहीं है. मेडिकल कॉलेज बनाने की घोषणा तो हर साल होती है.
‘कांग्रेस पर तरस आता है : रामविचार नेताम’
कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने कांग्रेस की बजट पर प्रतिक्रिया की निंदा की है. उन्होंने कहा, कांग्रेस पर तरस आता है. पार्टी खुद गर्त में जा रही है और वो दूसरों की क्या बात करते हैं. जिन्हें दुनिया के सामने सीना तान के खड़ा अपना देश नहीं दिखता वो कह भी क्या सकते हैं.
‘सोनिया गांधी ने किया देश का अपमान’
मंत्री नेताम ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुरमू को सोनिया गांधी द्वारा बेचारी कहने वाले बयान की निंदा करते हुए इसे देश का अपमान बताया. उन्होंने कहा, इसके लिए देश और समाज उन्हें माफ नहीं करेगा. कांग्रेस ST और SC विरोधी पार्टी है. एससी समाज से आने वाली राष्ट्रपति का अपमान किया गया है.
रायपुर। देश के लगभग 30 करोड़ बच्चे और युवा विभिन्न स्तरों पर शिक्षा प्राप्त कर रहें हैं। इस समूह के उज्जवल भविष्य के लिए गुणवत्ता भोजन, शिक्षा एवं सुविधाएं उपलब्ध कराना हम सभी की प्राथमिकता है। इसी को दृष्टिगत रखते हुए नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 लागू कर पूरे देश में शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम खोले गए हैं, जिसमें डिग्री के साथ कौशल विकास को प्राथमिकता दी गई है। भारत को 5 ट्रिलियन अर्थव्यवस्था बनाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। यह उद्गार राज्यपाल रमेन डेका एवं कुलाधिपति इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर ने विश्वविद्यालय के 10वें दीक्षांत समारोह में व्यक्त किये।
राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के 10 वें दीक्षांत समारोह में शामिल होने से पूर्व विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पण कर उनका पुण्य स्मरण किया। इस अवसर पर कृषि मंत्री राम विचार नेताम और इंटरनेशनल सेंटर फॉर जेनेटिक इंजिनियरिंग एण्ड बायोटेक्नोलॉजी, नई दिल्ली के पूर्व महानिदेशक डॉ. वांगा शिवा रेड्डी विशेष रूप से उपस्थित थे।
राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर के सभागार में आयोजित भव्य एवं गरिमामय दीक्षांत समारोह में शैक्षणिक वर्ष 2022-23 एवं 2023-24 तक उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को पदक एवं उपाधियां वितरित की गई। मेधावी विद्यार्थियों को 16 स्वर्ण, 18 रजत एवं 4 कास्य पदक प्रदान किए गए। साथ ही लगभग 4200 विद्यार्थियों को ग्रेजुएशन, पोस्ट ग्रेजुएशन और पी.एच.डी की उपाधि प्रदान की।
कार्यक्रम के अध्यक्षीय उद्बोधन में राज्यपाल रमेन डेका ने उपाधि और पदक प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आपने अपनी कड़ी मेहनत से अध्ययन कर ये मेडल प्राप्त किए हैं। आपके जीवन की यह अत्यंत महत्वपूर्ण उपलब्धि है। मुझे पूरा विश्वास है कि आपने इस विश्वविद्यालय में जो शिक्षा प्राप्त की है, उसका उपयोग आप समाज एवं देश के कल्याण एवं विकास के लिए करेंगे तथा दूसरों के लिए प्रेरणा स्त्रोत बनेंगे। राज्यपाल रमेन डेका ने कृषि की महत्ता का उल्लेख करते हुए कहा कि दुनिया में युद्ध समाप्त होगा लेकिन खाद्य सामग्री की हमेशा जरूरत पड़ेगी। उन्होंने डॉ स्वामीनाथन के योगदानों का जिक्र किया श्वेत क्रांति से दूध के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की बात कही। उन्होंने कहा कि अब नीली क्रांति का दौर है और आज मत्स्य पालन में देश काफी आगे बढ़ चुका है। भूटान और ताइवान प्रवास के दौरान कृषि कार्य से जुड़े कुछ रोचक तथ्यों को साझा किया। उन्होंने कहा कृषि एक शानदार व्यवसाय है और इससे जुड़कर भी हम देश के विकास में अपना योगदान दे सकते है। कृषि में असीम संभावनाएं है और युवा पीढ़ी को इसे समझकर इससे जुड़ना होगा। उन्होंने जय जवान जय किसान जय विज्ञान का उल्लेख करते हुए कहा कि विज्ञान से जुड़कर ही हम कृषि को उन्नत बना सकते है।
श्री डेका ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत की परिकल्पना प्रस्तुत की है एवं हम सबको इसे प्राप्त करने के लिए लगातार कार्य करना है। वर्तमान में हम सभी प्रकार के भोजन, अनाज, तिलहन, सब्जी, फल, दूध, मांस, मछली आदि के साथ लगभग 1000 मिलियन टन भोजन का उत्पादन कर रहे हैं। वर्ष 2047 तक इसे 1500 मिलीयन टन तक बढ़ाना होगा। यह एक चुनौतीपूर्ण कार्य है। बदलते मौसम एवं बाजार के उतार चढ़ाव से कृषि में जोखिम बढ़ गया है। श्री डेका ने विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों से आग्रह किया कि ऐसी तकनीक का विकास करें जिससे किसानों की लागत कम हो एवं आय बढ़े। हमें प्राकृतिक खेती एवं दलहन, तिलहन के उत्पादन पर भी विशेष ध्यान देने की आवश्यकता हैं। उन्होंने कहा कि हमारे देश के कुल वर्कफोर्स की संख्या का 45 प्रतिशत भाग अभी भी कृषि में लगा हुआ है एवं इस वर्कफोर्स के जीवन यापन को ऊपर उठाने की जिम्मेदारी हम सभी की है। कम ऊर्जा की आवश्यकता वाले छोटे-छोटे कृषि यंत्र विकसित करे जिससे कृषि में लागत, मानव श्रम एवं विशेष रूप से महिलाओं की मेहनत कम हो सके। कृषि के क्षेत्र में लोगों को बनाए रखना आज एक बड़ी चुनौती है। कृषि कार्य को आसान बनाना एवं उनकी आय बढ़ाना हमारा प्रमुख उद्देश्य होना चाहिए।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान में भारत में सर्वाधिक जनसंख्या युवाओं की है। देश एवं प्रदेश की प्रगति में भी युवा शक्ति का भी उल्लेखनीय योगदान है। स्वामी विवेकानंद ने कहा था कि आप मुझे देश के 100 ऊर्जावान युवा दे दें, मैं देश के भविष्य को बदल दूंगा। आज भारत के पास ऊर्जा से भरी युवाओं की पीढ़ी है, निश्चय ही हम स्वामी विवेकानंद जी के सपनों को पूरा करने की दिशा में सकारात्मक रूप से आगे बढ़ रहे है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का लक्ष्य रखा है और इसे पूरा करने के लिए तेजी से काम कर रहे हैं। विकसित भारत के साथ ही विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए हमने विजन डॉक्यूमेंट बनाया है। ऊर्जा से भरे प्रतिभाशाली युवाओं के बूते निश्चित ही हम विकसित छत्तीसगढ़ के सपनों को मूर्त रूप प्रदान करेेंगें।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि आधुनिक युग विज्ञान एवं तकनीक का युग है। आपने जो ज्ञान अर्जित किया है, उस ज्ञान एवं तकनीक का उपयोग समाज के हित में, देश एवं प्रदेश के विकास में करने की आवश्यकता है। छत्तीसगढ़वासियों की आकांक्षाओं और सपनों को पूरा करने के लिए पूर्ण समर्पण से कार्य करें और विकसित छत्तीसगढ गढ़ने में अपना बहुमूल्य योगदान दें। रायपुर में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के सहयोग से हम अपने प्रदेश में कृषि विकास को नई ऊंचाइयों पर स्थापित करेंगे। कृषि वैज्ञानिकों और उद्यमियों की सहभागिता से हम किसानों के जीवन को खुशहाल और समृद्ध बनाएंगे। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि एक वैज्ञानिक अपनी सोच और काम से देश को कितना बदल सकता है इसका उदाहरण कृषि वैज्ञानिक डा. एमएस स्वामीनाथन के जीवन में हम देख सकते हैं। डा. एमएस स्वामीनाथन जी ने देश में हरित क्रांति लाई। उन्होंने देश को खाद्य सुरक्षा के मामले में आत्मनिर्भर बनाया। जिससे अब भारत को विदेशों से गेंहूं आयात के लिए मुंह नहीं ताकना पड़ा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमेशा कृषि क्षेत्र के विकास को अपनी सर्वाेच्च प्राथमिकता में रखा है। उन्होंने हमेशा नवाचारों, अनुसंधानों और उद्यमिता के विकास को प्रोत्साहित और प्रेरित किया है। हमारे युवा सकारात्मक ऊर्जा से भरे हैं। उनके पास नये विचार हैं। हमें उन्हें प्रोत्साहित करना है। सुविधाएं उपलब्ध करानी हैं और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करना है। मुझे इस बात की खुशी है कि विश्वविद्यालय कैंपस में इसके लिए बहुत अच्छा वातावरण आप लोगों ने उपलब्ध कराया है। जीवन में नई संभावनाओं को प्राप्त करने के लिए शिक्षा बेहद आवश्यक है। हमारा देश अपनी शिक्षा व्यवस्था की वजह से ही विश्व गुरु रहा है। हमें अपनी शिक्षा संस्थाओं को लगातार बेहतर करना होगा ताकि एक बार पुनः भारत वैश्विक शिक्षा का केंद्र बन सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा विभिन्न फसलों की 160 से अधिक किस्में और 100 से अधिक उन्नत कृषि तकनीक विकसित की गई है। दुनिया जलवायु परिवर्तन के खतरों से जूझ रही है और इसका सबसे अधिक असर कृषि क्षेत्र पर पड़ेगा। यह खुशी की बात है कि कृषि विश्वविद्यालय के अनुसंधान केंद्रों के वैज्ञानिक जलवायु परिवर्तन का मुकाबला करने वाले बीज तैयार कर रहे हैं। विश्वविद्यालय का बलरामपुर से लेकर सुकमा तक कृषि महाविद्यालय, अनुसंधान केन्द्र और कृषि विज्ञान केन्द्र का मजबूत नेटवर्क है जिनकी सहायता से विश्वविद्यालय छत्तीसगढ़ राज्य में कृषि विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
समारोह के विशिष्ट अतिथि कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य कृषि के साथ-साथ उद्यानिकी के क्षेत्र में भी निरंतर प्रगति कर रहा है। नए अनुसंधान और तकनीक के माध्यम से किसान अपना उत्पादन बढ़ा रहे है और आर्थिक रूप से समृद्ध हो रहे है। समारोह में दीक्षांत भाषण इंटरनेशनल सेंटर फॉर जेनेटिक इंजीनियरिंग एण्ड बायोटेक्नोलॉजी, नई दिल्ली के पूर्व महानिदेशक डॉ. वांगा शिवा रेड्डी ने दिया। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने दीक्षांत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया उन्होंने विश्वविद्यालय की गतिविधियों एवं उपलब्धियों पर विस्तृत प्रकाश डाला। आभार प्रदर्शन कुलसचिव द्वारा किया गया। दीक्षांत समारोह में विभिन्न विश्वविद्यालय के कुलपति, प्रबंध मण्डल तथा विद्या परिषद के सदस्यगण, प्राध्यापक, वैज्ञानिक, विश्वविद्यालय के अधिकारी, उपाधि तथा पदक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी तथा उनके पालकगण उपस्थित थे।
नई दिल्ली। रायपुर सांसद एवं पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने आम बजट 2025 पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत यह आम बजट देश की समृद्धि एवं खुशहाली का बजट है। इसमें मध्यम वर्ग, नौकरीपेशा, किसान, गरीब, महिला, युवा, विद्यार्थी और देश की सुरक्षा सभी का भरपूर ध्यान रखा गया है।
उन्होंने बजट की ऐतिहासिक उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि नौकरीपेशा लोगों को बड़ी राहत देते हुए कर छूट की सीमा को बढ़ाकर 12 लाख रुपए वार्षिक कर दिया गया है, जिससे लाखों करदाताओं को सीधा लाभ मिलेगा।
कृषि क्षेत्र में क्रांतिकारी कदम
श्री अग्रवाल ने कहा कि किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए 100 जिलों में प्रधानमंत्री धनधान्य योजना लागू की जायेगी। इसके अलावा किसान क्रेडिट कार्ड की सीमा को 3 लाख से बढ़ाकर 5 लाख रुपए कर दिया गया है, जिससे किसानों को आर्थिक संबल मिलेगा। अगले 6 वर्षों में मसूर और तुअर जैसी दालों की पैदावार को बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, वहीं कपास उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए 5 वर्षीय मिशन की शुरुआत की गई है, जिससे देश का कपड़ा उद्योग मजबूत होगा।
उद्यमिता और MSME को बढ़ावा
MSME क्षेत्र में भी सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। अब तक 7.5 करोड़ युवाओं को रोजगार देने वाले इस क्षेत्र की कारोबार सीमा को और बढ़ाया जाएगा। स्टार्टअप्स को 20 करोड़ रुपए तक का लोन देने की घोषणा की गई है, वहीं माइक्रो उद्यमों के लिए 5 लाख रुपए के क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराए जाएंगे। पहली बार के उद्यमियों को 2 करोड़ रुपए तक का टर्म लोन मिलने से नए व्यवसायों को प्रोत्साहन मिलेगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
महिलाओं और युवाओं के लिए बड़ा कदम
इस बजट में महिला सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दिया गया है। 5 लाख दलित एवं आदिवासी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए 2 करोड़ रुपए तक के ऋण का प्रावधान किया गया है, जो एक स्वागत योग्य पहल है।
स्वास्थ्य और चिकित्सा क्षेत्र में सुधार
श्री अग्रवाल ने कहा कि बजट में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती देने के लिए 200 डे-केयर कैंसर सेंटर स्थापित करने की घोषणा की गई है। साथ ही देश में 3 AI एक्सीलेंस सेंटर भी खोले जाएंगे। छोटे उद्योगों के लिए विशेष क्रेडिट कार्ड जारी किए जाएंगे, जिनमें पहले वर्ष 10 लाख कार्ड जारी करने की योजना है, जिससे छोटे व्यापारियों को आर्थिक सहयोग मिलेगा।
उन्होंने कहा कि डीप टेक फंड की घोषणा, इंश्योरेंस सेक्टर में 100% FDI की अनुमति और 36 जीवनरक्षक दवाओं पर पूरी तरह से ड्यूटी टैक्स खत्म करने का फैसला आम जनता को बड़ी राहत देगा। कैंसर की दवाओं और मेडिकल उपकरणों की कीमतों में कमी आएगी, जिससे सभी वर्गों को लाभ मिलेगा।
देश की आर्थिक प्रगति को नई दिशा
श्री अग्रवाल ने कहा कि यह बजट देश की आर्थिक प्रगति को नई दिशा देने वाला है। यह आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने और देश के प्रत्येक वर्ग को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को ऐतिहासिक बजट प्रस्तुत करने के लिए बधाई दी और कहा कि यह बजट देश को नए आयामों तक पहुंचाएगा।
नई दिल्ली/रायपुर। सांसद बृजमोहन अग्रवाल को भारत सरकार के संसदीय कार्य मंत्रालय द्वारा दक्षिण पूर्व मध्य रेल उपभोक्ता सलाहाकार समिति का सदस्य नामित किया गया है। माननीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू की तरफ से जारी एक पत्र के माध्यम से यह जानकारी देते हुए आशा की गई कि, श्री अग्रवाल इस समिति में सदस्य के रूप में अपने बहुमूल्य समय से योगदान देंगे।
दक्षिण पूर्व मध्य रेल उपभोक्ता सलाहाकार समिति के सदस्य के रूप में श्री अग्रवाल का यह नामांकन रेलवे सेवाओं और उपभोक्ताओं के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने में सहायक होगा। इस समिति का उद्देश्य उपभोक्ताओं की समस्याओं और जरूरतों को सुनना और उनका समाधान करना है, ताकि रेलवे सेवाओं में सुधार किया जा सके।
रेल मंत्रालय द्वारा शीघ्र ही इस समिति के गठन, कार्य और कार्यक्रमों से संबंधित औपचारिक अधिसूचना जारी की जाएगी। श्री अग्रवाल ने इस नए कार्य के लिए अपनी प्रतिबद्धता जताई और इस समिति में कार्य करने का अवसर देने के लिए मंत्रालय का आभार व्यक्त किया।
श्री अग्रवाल ने कहा कि वे इस समिति में उपभोक्ताओं के हित में काम करेंगे और रेलवे से संबंधित मुद्दों पर सक्रिय रूप से योगदान देंगे, ताकि बेहतर रेलवे सेवा सुनिश्चित की जा सके।
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य में बर्ड फ्लू के प्रकरण की पुष्टि होने पर इसे गंभीरता से लेते हुए राज्य भर में बर्ड फ्लू की रोकथाम के लिए विस्तृत दिशा निर्देश दिए हैं। राज्य में बर्ड फ्लू की रोकथाम के लिए रेपिड रिस्पांस टीम का गठन किया गया है। राज्य एवं जिला स्तर पर कंट्रोल रूम का गठन करते हुए सभी कलेक्टरों और पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को एहतियाती कदम उठाने, सतर्कता बरतने और बायोसेक्युरिटी निर्देशों का पालन के निर्देश भी दिए गए हैं।
गौरतलब है कि प्रदेश के रायगढ़ जिले स्थित शासकीय कुक्कट पालन प्रक्षेत्र में बर्ड फ्लू (एवियन एनफ्लूएंजा) के मामले की पुष्टि हुई है। 30 जनवरी 2025 को कुक्कट पालन प्रक्षेत्र में बड़ी संख्या में पक्षियों की अकस्मिक मृत्यु की सूचना के बाद, पशु चिकित्सकों की एक टीम गठित की गई थी। जांच के बाद राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान, भोपाल ने 31 जनवरी 2025 को बर्ड फ्लू वायरस की पुष्टि की है।
संचालक पशु चिकित्सक सेवाएं के निर्देश पर बर्ड फ्लू के रोकथाम के लिए रायगढ़ जिले में प्रभावित कुक्कट पालन प्रक्षेत्र के 1 किलोमीटर क्षेत्र को इन्फेक्टेड जोन घोषित कर कुक्कट, अंडे, आहार और अन्य सामग्रियों का विनिष्टीकरण किया गया है। प्रभावित क्षेत्र के 1 से 10 किलोमीटर के दायरे को सर्वलेंस जोन घोषित कर पोल्ट्री और अंडे की दुकानों को बंद कर दिया गया है और सीरो सर्वलेंस कार्य शुरू कर दिया गया है। जिला प्रशासन रायगढ़ द्वारा कुक्कुट पालकों को भारत सरकार द्वारा निर्धारित दरों पर मुआवजा देने के निर्देश भी दिए गए हैं। रायगढ़ कुक्कुट प्रक्षेत्र में इन्फेक्टेड जोन से पोल्टी प्रोडक्ट की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई है। पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को पर्सनल प्रोटेक्शन इक्यूपमेंट किट का उपयोग भी करने कहा गया हैै।
संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं द्वारा आम जनता से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, क्योंकि संक्रामित क्षेत्र में सभी आवश्यक कार्रवाई की जा चुकी है। पोल्ट्री उत्पादों का सेवन स्वच्छता और सावधानी से किया जा सकता है, क्योंकि ये पोषण से भरपूर होते हैं और कुपोषण दूर करने में मदद करते हैं। उन्होंने कहा कि यह भी सुनिश्चित किया है कि राज्य के अन्य हिस्सों में बर्ड फ्लू के मामलों की कोई सूचना नहीं मिली है। एवियन एनफ्लूएंजा एक घातक संक्रामक रोग है, जो पक्षियों में फैलता है। हालांकि अब तक भारत में इस वायरस के मानवों में संक्रमण का कोई मामला नहीं देखा गया है। फिर भी वायरस के लक्षण और संक्रमण के जोखिम को लेकर सभी लोगों को सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज संसद में पेश केंद्रीय बजट 2025-26 पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस बजट से मोदी जी का वह वचन फिर से पूरा हुआ है कि जिन्हें कोई नहीं पूछता, उन्हे मोदी जी पूजते हैं। समाज के मध्यम वर्ग और श्रमिक वर्गों के उत्थान के लिए यह बजट ऐतिहासिक और क्रांतिकारी होगा। यह भारत के सुनहरे भविष्य का दस्तावेज है। स्वतंत्र भारत के इतिहास के चंद ऐतिहासिक बजटों में से यह एक है।
श्री साय ने कहा कि जो प्रावधान इस बजट में किए गए हैं वो केवल प्रधानमंत्री श्री मोदी ही कर सकते हैं। इस बजट ने सिद्ध कर दिया है कि आने वाला समय भारत का है और भारत का स्वर्णिम युवा युग शुरू हो गया है। भारत अब विश्व का नेतृत्व करेगा यह तय हो गया है।
आज पेश हुआ यह बजट एक ऐतिहासिक बजट है, जिसे भारत देश में हमेशा याद रखा जाएगा। देश के टैक्स पेयर और मध्यम वर्ग का सम्मान करते हुए मोदी सरकार ने एक ऐसा निर्णय लिया है जिसकी कल्पना भी लोगों को नहीं थी, पूर्व की सरकार में जहां 2 लाख रुपए की आय पर टैक्स लगता था, मोदी जी की सरकार में 12 लाख रुपए तक कोई टैक्स नहीं लगेगा।
किसानों के संबंध में प्रावधान -
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि मोदी सरकार ने इस बजट में किसानों के उत्थान के लिए दूरगामी नीतियाँ बनाई हैं। इस बजट में कृषि की उत्पादकता बढ़ाने, दालों के क्षेत्र में भारत को आत्मनिर्भर बनाने, किसानों के लिए यूरिया फैक्ट्री लगाने और किसान क्रेडिट कार्ड की लिमिट 3 लाख से बढ़ाकर 5 लाख करने के निर्णय किसानों की तरक्की के लिए मील का पत्थर साबित होंगे।
व्यापार उद्योग एवं रोजगार -
देश के व्यापार-उद्योग को बढ़ावा देने एवं बड़ी संख्या में रोजगार के सृजन के प्रावधान इस बजट में मौजूद हैं। एमएसएमई को लोन की सीमा 5 करोड़ से बढ़ाकर 10 करोड़ रूपए करने का निर्णय, स्टार्टअप के लिए 10 हजार करोड़ का फंड देने एवं अब मेक इन इंडिया के साथ मेक फॉर वर्ल्ड का अभियान भारत को विश्व गुरु बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक निर्णय साबित होगा। 22 लाख श्रमिकों के लिए लेदर स्कीम, एक करोड़ वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा और भारत को खिलौनों का ग्लोबल हब बनाने का निर्णय देश के युवाओं के लिए रोजगार के अनेकों अवसर पैदा करने जा रहा है।
स्वास्थ्य संबंधी निर्णय -
भारत के लोगों के स्वास्थ्य की चिंता करते हुए कैंसर व अन्य गंभीर बीमारियों के इलाज की जीवन रक्षक दवाइयों को पूरी तरीके से टैक्स में छूट दे दी गई है, साथ ही कैंसर के लिए 200 केयर यूनिट भी बनाई जाएंगी।ऐसे संवेदनशील निर्णय पर हम मोदी सरकार का धन्यवाद करते हैं।
आधारभूत संरचना एवं छत्तीसगढ़ के लिए प्रावधान -
आधारभूत संरचना के लिए राज्यों को डेढ़ लाख करोड़ रुपए दिए जाने का निर्णय राज्यों की आधारभूत संरचना को मजबूत करने वाला प्रशंसनीय निर्णय है। साथ ही 1 लाख करोड़ का फंड अर्बन डेवलपमेंट के लिए मिलने से शहरों का विकास होगा।आदिवासी एवं दलित महिलाओं को 5 लाख तक के लोन का प्रावधान किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट देश के किसानों, युवाओं, महिलाओं को समर्पित बजट है। देश में रोजगार की नई संभावनाओं का सृजन होगा। भारत के विकसित भारत बनने की दिशा में इस बजट के प्रावधान बेहद मददगार साबित होंगे। देश की आधारभूत संरचना मजबूत होगी। देश के हर वर्ग के लिए बजट में प्रावधान है। यह भारत की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने वाला बजट है। यह बजट भारत में निवेश की संभावनाओं को प्रबल करेगा और भारत की मैन्युफैक्चरिंग ग्रोथ की संभावनाओं को बल देगा।
डोंगरगढ़। आचार्य विद्यासागर महाराज की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर डोंगरगढ़ स्थित चंद्रगिरी तीर्थ में छह दिवसीय महा महोत्सव कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ की गई. इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा ने श्रद्धांजलि अर्पित की और आचार्य विद्यासागर महाराज को नमन किया।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर छह दिवसीय महा महोत्सव के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आज पहुंचे हैं. यह तीर्थ क्षेत्र धार्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि यहां शिक्षा, शिल्पकला और गौसेवा के माध्यम से समाजहित के कार्य भी हो रहे हैं, जिससे यह स्थल न केवल छत्तीसगढ़, बल्कि देश-विदेश में प्रसिद्ध हो रहा है. उन्होंने आचार्य विद्यासागर जी महाराज के समाधि स्थल को प्रेरणा का केंद्र बताया.
कार्यक्रम में देशभर से बड़ी संख्या में जैन मुनि, आचार्यगण और श्रद्धालु पहुंचे हैं. आगामी दिनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चंद्रगिरी तीर्थ में आचार्य विद्यासागर के आशीर्वाद लेने का उल्लेखनीय वृतांत भी है, जो 5 नवंबर 2023 को हुआ था. इस आयोजन में प्रदेश और देश के कई प्रमुख राजनेताओं के भी शिरकत करने की संभावना जताई जा रही है.
यह महा महोत्सव 6 फरवरी तक चलेगा, जिसमें धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी.
खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के कला प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है. दुनिया के सबसे बड़े थिएटर फेस्टिवल ‘भारत रंग महोत्सव’ (भारंगम) के 25वें संस्करण का आयोजन इस बार पहले से भी ज्यादा भव्य हो रहा है. 28 जनवरी से 16 फरवरी 2025 तक यह उत्सव भारत के 10 प्रमुख शहरों के साथ-साथ नेपाल और श्रीलंका में भी आयोजित किया जा रहा है. खास बात यह है कि इस बार छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ को भी इस प्रतिष्ठित आयोजन की मेजबानी का अवसर मिला है.
कला और संगीत की विरासत के लिए प्रसिद्ध इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ पहली बार इस ऐतिहासिक महोत्सव का हिस्सा बनने जा रहा है. देश-विदेश के नामचीन थिएटर समूह यहां अपनी कला का जादू बिखेरेंगे, जिससे यह आयोजन न केवल खैरागढ़ बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय बनेगा.
खैरागढ़ में 4 से 9 फरवरी तक होगा "भारत रंग महोत्सव"
खैरागढ़ स्थित इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय के मंच पर 4 से 9 फरवरी 2025 तक थिएटर महोत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भारत और विदेशों के प्रमुख थिएटर ग्रुप्स अपने नाटकों का मंचन करेंगे. राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (NSD) द्वारा पहली बार छत्तीसगढ़ को इस प्रतिष्ठित फेस्टिवल की मेजबानी का अवसर दिया गया है. इस महोत्सव में रूस, इटली, जर्मनी, नॉर्वे, चेक गणराज्य, नेपाल, ताइवान, स्पेन और श्रीलंका सहित कई देशों के नाट्य दल भाग लेंगे. भारत के भोपाल, कोलकाता, असम, पुडुचेरी, मुंबई और पुणे से भी प्रसिद्ध थिएटर ग्रुप्स खैरागढ़ पहुंचेंगे, जिससे यह आयोजन और भी भव्य हो जाएगा.
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हो सकता है आयोजन
इस बार भारत रंग महोत्सव 2025 को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज कराने की भी योजना बनाई गई है. इससे पहले 2024 में ‘जन भारत रंग परियोजना’ ने एक समान विषय पर सबसे अधिक नाट्य प्रस्तुतियां देकर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाई थी. इस बार भी दुनियाभर के सात महाद्वीपों में बसे भारतीय कलाकार ऑनलाइन लघु नाट्य प्रस्तुतियां देंगे, जिससे यह महोत्सव वैश्विक स्तर पर ऐतिहासिक बन जाएगा.
भारत रंग महोत्सव की तैयारी में जुटा संगीत विश्वविद्यालय
NSD की ओर से खैरागढ़ को इस आयोजन का हिस्सा बनाए जाने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन पूरी तैयारियों में जुट गया है. विश्वविद्यालय का थिएटर विभाग इस महोत्सव को ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरी तरह से तैयार है. 4 से 9 फरवरी तक चलने वाले इस महोत्सव में हर शाम देश-विदेश के थिएटर ग्रुप्स विभिन्न नाटकों का मंचन करेंगे, जिससे खैरागढ़ एक नए सांस्कृतिक केंद्र के रूप में उभरेगा. यह महोत्सव न केवल थिएटर प्रेमियों के लिए, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए एक ऐतिहासिक अवसर साबित होगा.
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने बागी प्रत्याशियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है. सरगुजा जिले में निर्दलीय चुनाव लड़ रहे 3 कांग्रेसियों को पार्टी ने बाहर का रास्ता दिया दिया है. जिला अध्यक्ष राकेश गुप्ता ने अशोक जायसवाल, अब्दुल रशीद और फिरोज को कांग्रेस से निष्काषित कर दिया है. ये तीनों कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी होने के बावजूद पार्षद का चुनाव लड़ रहे हैं.
रायपुर। केंद्रीय वन, पर्यावरण और जल वायु परिवर्तन मंत्रालय ने स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2024 के परिणाम घोषित किए हैं. इसमें छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर को देश के टॉप 10 शहरों में 8वां स्थान मिला है. रायपुर को 177.5 स्कोर मिला है. वहीं सूरत देश में पहले स्थान पर है.
इस सर्वेक्षण में रायपुर ने टॉप 10 शहरों में अपनी जगह बनाते हुए 10 लाख से अधिक आबादी वाले 41 शहरों की स्पर्धा में आठवां स्थान अर्जित किया है. केंद्र सरकार द्वारा धूल मुक्त वातावरण, कचरे को जलाने की प्रवृति पर अंकुश, निर्माण व विध्वंस अवशेष के निपटान, वायु गुणवत्ता स्तर और जागरूकता गतिविधियों के प्रभावी संचालन जैसे कई मापदंडों के आधार पर यह सर्वेक्षण किया गया था.
इसलिए रायपुर को मिला 8वां स्थान
निगम कमिश्नर अबिनाश मिश्रा के अनुसार स्वच्छ वायु गुणवत्ता सुनिश्चित करने कलेक्टर एवं निगम प्रशासक डॉ. गौरव कुमार सिंह के निर्देश पर अंतर विभागीय समन्वय के आधार पर बीरगांव और रायपुर नगर निगम, पर्यावरण सरक्षण मंडल, सी एस आई डी सी, परिवहन, यातायात और पुलिस विभाग मिलकर काम कर रहे हैं. धूल कम करने निरंतर जल छिड़काव, बीटी व सीसी सड़क निर्माण, एंड टू एंड पेविंग, सी एंड डी प्रोसेसिंग प्लांट से निर्माण व विध्वंस अवशेष को पुनः उपयोगी बनाने के साथ ही वृक्षारोपण, कई नवाचारों पर इस बार फ़ोकस किया जा रहा है.
टॉप टेन शहरों में ये शहर शामिल
इसके अलावा यांत्रिक विधि से रात्रिकालीन सड़क सफाई का दायरा 152 किमी तक बढ़ाया गया है. प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों की जांच शुरू की गई है. जागरूकता कार्यकर्मों के लिए रणनीति आधारित आईईसी गतिविधियां भी संचालित की जा रही है. निगम कमिश्नर ने कहा कि इन सभी प्रयासों का लाभ इस सर्वेक्षण में रायपुर को मिला है. इस रैंकिंग में टॉप-10 शहरों में सूरत, जबलपुर, आगरा, लखनऊ, कानपुर, वडोदरा, इंदौर, भोपाल, विजयवाड़ा, अहमदाबाद और दिल्ली के नाम भी शामिल हैं.
दुर्ग। भिलाई नगर निगम के वार्ड 35 शारदा पारा में होने वाले उप चुनाव को राज्य निर्वाचन आयोग के आदेश के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी ने आगामी आदेश तक स्थगित कर दिया है. हाईकोर्ट में लगाई गई याचिका पर कोर्ट ने राज्य निर्वाचन आयोग को चुनाव स्थगित करने के निर्देश दिए थे. इसके बाद अब चुनाव रद्द कर दिया गया.
बता दें कि कल यानि शुक्रवार को भाजपा प्रत्याशी चंदन यादव के खिलाफ चुनावी मैदान में उतरे मनोज सिन्हा ने कांग्रेस छोड़ भाजपा का दामन थाम लिया था. विधायक रिकेश सेन और जिलाध्यक्ष पुरषोत्तम देवांगन ने इसे भाजपा प्रत्याशी चंदन यादव का निर्विरोध जीत बताकर पत्रकारवार्ता कर खुशी जताई थी, लेकिन 31 जनवरी को ही जिला निर्वाचन अधिकारी ने उपचुनाव को स्थगित करने का आदेश जारी कर दिया.
नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ टेनिस एसोसिएशन के महासचिव व डेविस कप में भारतीय टीम के मैनेजर गुरुचरण सिंह होरा ने दिल्ली में आयोजित प्रतिष्ठित डेविस कप की प्रेस कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लिया. इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों की तैयारियों और आगामी मुकाबलों पर चर्चा की. गुरुचरण सिंह होरा ने बताया कि डेविस कप भारतीय टेनिस के लिए एक महत्वपूर्ण टूर्नामेंट है और इसमें भारतीय टीम की तैयारियों को लेकर गहन विचार-विमर्श हुआ. हमारे खिलाड़ी शानदार फॉर्म में हैं और टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन करने के लिए तैयार हैं.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में खेल के तकनीकी पहलुओं, रणनीतियों और भारतीय टेनिस के भविष्य को लेकर भी चर्चा हुई. गुरुचरण होरा ने छत्तीसगढ़ में टेनिस के विकास को लेकर भी अपनी प्रतिबद्धता दोहराई. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में राज्य से भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी उभरेंगे. डेविस कप में भारत की संभावनाओं को लेकर खेलप्रेमियों में उत्साह बना हुआ है. इस प्रतिष्ठित आयोजन को लेकर सभी की निगाहें अब भारतीय टीम के प्रदर्शन पर टिकी हैं.
हाई-टेक टेनिस स्टेडियम से निकलेंगे अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी
होरा ने कहा, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश में टेनिस के विकास को गति देने के लिए 14 पदों की भी स्वीकृति प्रदान की है. उन्होंने भरोसा जताया है कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ से भी होनहार खिलाड़ी निकलेंगे और डेविस कप जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे. सीएम साय ने छत्तीसगढ़ में आधुनिक तकनीकों से लैस हाई-टेक टेनिस स्टेडियम बनाया है, जो प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए एक बेहतरीन मंच साबित होगा. इस पहल से राज्य में टेनिस को नई ऊंचाइयां मिलेंगी और खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा.
विक्रम सिसोदिया के कार्यकाल को किया गया याद
इस मौके पर विक्रम सीसोदिया, जो छत्तीसगढ़ टेनिस संघ के अध्यक्ष रह चुके हैं, को भी याद किया गया. उनके कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, जिससे टेनिस खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और सुविधाएं मिलीं. उनके योगदान से छत्तीसगढ़ में टेनिस खेल को नई दिशा मिली और आज यह प्रदेश इस खेल में अपनी अलग पहचान बनाने की ओर अग्रसर है.
रायपुर। राइस मिलर्स, एक्सपोर्ट्स, कमीशन एजेंट्स और राइस ब्रोकर्स के ठिकानों पर मिले कैश में से अब तक 10 करोड़ रुपए सीज किए गए हैं. इसके साथ ही सभी आवासीय परिसरों में की गई जांच के दौरान मिली ज्वेलरी में से करीब 2.5 करोड़ मूल्य की ज्वेलरी सीज की गई है. आयकर अन्वेषण द्वारा प्रदेश में की गई आयकर छापे की कार्रवाई तीसरे दिन भी जारी रही. सभी 25 ठिकानों से मिले कैश में से बुक्स के रिकार्ड्स का मिलान करने के बाद अब तक 10 करोड़ रुपए कैश सीज कर लिए गए हैं.
दोनों कारोबारी समूह के संचालकों के आवास के साथ ही कमीशन एजेंट्स व राइस ब्रोकर्स फर्म के संचालकों के आवासीय परिसर से मिली ज्वेलरी का मूल्यांकन कराने के बाद ढाई करोड़ की ज्वेलरी सीज की गई है. टीम हवाला के लेन-देन और बेनामी सम्पत्ति के एंगल से भी जांच कर रही है.
18 ठिकानों पर जांच जारी
शुक्रवार रात कुछ ठिकानों पर की जा रही जांच पूरी कर ली गई है, लेकिन अभी भी मुख्य दफ्तर और अन्य कार्यालय व आवास मिलाकर अभी भी 18 ठिकानों पर जांच की प्रक्रिया जारी रही. टीम जांच के दौरान मिले दस्तावेज के आधार पर संचालकों का बयान दर्ज कर रही है. अब तक मिले 18 लॉकर्स में 12 लॉकर्स उनके संचालकों की उपस्थिति में आपरेट किए जा चुके हैं तथा शेष लॉकर्स की जांच भी जल्द ही की जाएगी. विशेषज्ञों की एक टीम डिजिटल रिकार्ड्स का बैकअप लेने में जुटी है. बता दें कि आयकर अन्वेषण छत्तीसगढ़-मध्यप्रदेश की टीम ने सत्यम बालाजी समूह, साईं हनुमंत इंडस्ट्रीज के साथ ही कमीशन एजेंट्स, राइस ब्रोकर्स के 25 ठिकानों पर दबिश दी थी.
कांट्रेक्टर फर्म पीआरए ग्रुप में आयकर जांच जारी
मुख्य आयकर आयुक्त कार्यालय की टीम द्वारा कांट्रेक्टर फर्म पीआरए ग्रुप में की गई सर्वे की कार्रवाई दूसरे दिन भी जारी रही. प्रारंभिक जांच में खर्चे ज्यादा दिखाकर लाभ कम दर्शाए जाने के दस्तावेज मिले हैं. बताया जा रहा है टीम ने कांट्रेक्टर के कुछ दस्तावेज, खर्चों के बिल और हार्डडिस्क को भी सीज किया है.
टीम को डिजिटल रिकार्ड में भी अनियमितताएं मिली हैं. संभावना बताई जा रही है कि संचालकों का बयान लेने के बाद देर रात तक सर्वे की कार्रवाई पूरी हो सकती है. गड़बड़ियों का खुलासा फाइनल रिपोर्ट तैयार होने पर ही हो पाएगा.
रायपुर। छत्तीसगढ़ राइस मिलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेश अग्रवाल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. साथ ही पूरी कार्यकारिणी भंग करने की घोषणा भी की है. उन्होंने विधिवत इसकी सूचना एसोसिएशन को दी है. बता दें कि योगेश अग्रवाल वरिष्ठ भाजपा नेता और सांसद बृजमोहन अग्रवाल के छोटे भाई हैं.
योगेश अग्रवाल ने कहा है कि प्रदेश राइस मिलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष के रूप में मैंने और पूरी टीम ने सबकी सेवा करने अपनी पूरी ऊर्जा से काम किया, परंतु अब मैं अध्यक्ष के रूप में काम नहीं करना चाहता. मैं अपने अध्यक्ष पद से त्यागपत्र देता हूं व पूरी कार्यकारिणी को भंग करने की घोषणा करता हूं. हमारी सरकार ने हम मिलर्स की सभी मांगों को मान भी लिया है. सरकार और अधिकारियों ने मुझे पूरा सहयोग दिया. इसके लिए सभी का आभार व्यक्त करता हूं.
अभी डेढ़ साल बचा था कार्यकाल
योगेश अग्रवाल लंबे समय से अध्यक्ष के दायित्व का निर्वहन कर रहे थे. राइस मिलर्स एसोसिएशन का चुनाव 3 सालों के लिए होता है. पिछली बार यह चुनाव अक्टूबर 2023 में हुआ था. अभी उनका कार्यकाल समाप्त होने में करीब 20 महीने का समय बचा था.
रायपुर। शिक्षा सचिव सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी ने जिले के विभिन्न स्कूलों का आकस्मिक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने गरियाबंद विकासखंड के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बारूका के निरीक्षण के दौरान पाया कि वहां अध्ययनरत बच्चों का शैक्षणिक स्तर अत्यंत ही कमजोर है एवं विद्यालय में कार्यरत शिक्षिका एलबी दीपा साहू और शिक्षिका टी संवर्ग कविता साहू से अध्यापन संबंधी प्रश्न पूछे जाने पर उनके शैक्षणिक स्तर भी अत्यंत कमजोर परिलक्षित हुआ. साथ ही विद्यालय की नियमित साफ-सफाई नहीं पाए जाने और अव्यवस्था व गंदगी आदि होने के कारण जमकर फटकार लगाई.
इसके अलावा प्रधान पाठक द्वारा छात्र-छात्राओं के अधिगम स्तर के रूप शैक्षणिक व्यवस्था नहीं किया गया था. जिसके लिए शिक्षिका दीपा साहू एवं कविता साहू से स्पष्टीकरण मांगा गया है तथा जवाब संतोषप्रद नहीं मिलने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिया गया है. इस दौरान संभागीय संयुक्त संचालक राकेश पांडेय, कलेक्टर दीपक कुमार अग्रवाल, जिला शिक्षा अधिकारी ए.के. सारस्वत और डीएमसी के.सी. नायक भी मौजूद थे.
इसके अलावा शिक्षा सचिव परदेशी ने शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बारूका और मालगांव के निरीक्षण में कक्षा 8वीं के छात्र-छात्राओं के अधिगम स्तर में गुणवत्ताहीन शिक्षा एवं विषय के प्रति समझ स्तरहीन पाए गए छात्र-छात्राओं के अध्यापन में सुधार न होने के कारण संपूर्ण कक्षा के अधिगम स्तर में गिरावट होने पर शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बारूका के प्रधानपाठक ललित कुमार साहू और शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला मालगांव के संकुल समन्वयक भूपेंद्र सिंह ठाकुर को पूर्ण रूप से जिम्मेदार पाए गए. इस पर उन्हें कर्तव्य निर्वहन के प्रति घोर लापरवाही, उदासीनता व स्वेच्छाचारिता के कारण शिक्षा संभाग के संभागीय संयुक्त संचालक राकेश कुमार पांडेय ने तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है. निलंबन अवधि में ललित कुमार साहू को विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय सरायपाली, जिला महासमुंद तथा भूपेंद्र सिंह ठाकुर को विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय कसडोल, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा नियत किया गया है. निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा.