प्रदेश
किसान-जवान-संविधान सभा : कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भाजपा सरकार पर जमकर साधा निशाना
रायपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रायपुर के साइंस कॉलेज में आयोजित किसान-जवान-संविधान सभा को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा, रायपुर में मेरी अध्यक्षता में महाधिवेशन हुआ था, जब भूपेश बघेल सीएम थे. रायपुर से सामाजिक न्याय का जो नारा बुलंद हुआ उसने 2024 में मोदी सरकार के अहंकार को तोड़ दिया. बीजेपी ऐसे हालात में है कि खुद की सरकार भी नहीं बना सकी. मोदीजी सिर्फ दो टांग लेकर चल रहे हैं, एक टांग नीतीश बाबू और एक टांग TDP है. एक ने भी लात मार दी तो मोदीजी हार जाएंगे.
अपने संबोधन में राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे ने सभा में पहुंचे लोगों को धन्यवाद देते हुए कहा कि इतनी बारिश में आपका यहां आना यह बताता है कि आप हमारे साथ हैं. आप सभी साथ हैं तो हमें कोई नहीं हरा सकता. खरगे ने कहा, मोदी ने छत्तीसगढ़ के लोगों के जीवन को तबाह करने का काम किया. केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को लेकर उन्होंने कहा, शाह काे यहां बार-बार क्यों आना, क्या उनका घर है या ससुराल है ? यहां के मुख्यमंत्री को तो बैठो कहने पर बैठ जाते हैं, उठो बोलो तो उठ जाते हैं. इतना अपमान सह रहे हैं, लेकिन पद नहीं छोड़ रहे.
‘झूठों के सरदार हैं भाजपा सरकार’
कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने कहा, भाजपा सरकार ने हमारे छत्तीसगढ़ के जवानों और किसानों को धोखा दिया, क्योंकि ये झूठ बोलते हैं. ये लोग कैसे जीत जाते हैं समझ नहीं आता. ये इतना झूठ बोलते हैं इसीलिए मैं कहता हूं कि ये झूठों के सरदार हैं. ये लोग डबल इंजन की बात करते हैं, ये कैसा डबल इंजन हैं. एक छोटा और एक बड़ा है तो गाड़ी कैसे चलेगी. जो गुलामगिरी करते हैं वही लोग ये सब करते हैं. खरगे ने कहा, भाजपा के लोग ऐसा क्या कर रहे हैं कि 2025-26 में इन्होंने 47 हजार करोड़ कर्ज लिया. हमारे जमाने में एक रुपए भी कर्ज बढ़ता था तो लोग रास्ते पर आते थे. कहां है वो लोग, अब क्यों नहीं आते. 11 सालों में जो काम इन्हें ठीक से करना था वो नहीं किया. अब फिर प्रदेश का कर्ज बढ़ा रहे.
‘मीटिंग में नहीं आते प्रधानमंत्री, ये शर्म की बात’
पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान और भारत के बीच तनाव की स्थिति काे लेकर मल्लिकार्जुन खरगे ने आक्रोश भरी आवाज में कहा, दो बार मीटिंग हुई, दूसरी बार भी प्रधानमंत्री मोदी मीटिंग में नहीं आए. ये शर्मनाक है. देश के लोगों की बेइज्जती है. बार-बार बुलाने के बाद भी पीएम नहीं आते. ये शर्म की बात है. अंत में खरगे ने छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया के नारों के साथ अपना भाषण खत्म किया. इस दौरान सभा स्थल नारों से गूंज उठी.

भूपेश बघेल ने कहा – किसानों को खाद नहीं दे पा रही सरकार
किसान जवान संविधान सभा को संबोधित करते हुए पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा, स्कूल खुल गए लेकिन बच्चों को कॉपी किताब नहीं मिल पाए. आज देश और प्रदेश के किसान को एक बोरी भी खाद नहीं मिल रहा है. प्रधानमंत्री मोदी दुनिया घूम रहे है, लेकिन किसानों को डीएपी खाद उपलब्ध नहीं करा पा रहे. हमारे किसानों के साथ षड्यंत्र कर रहे हैं. नकली खाद दे रहे हैं. उन्होंने कहा, अगले साल 21 क्विंटल धान की खरीदी नहीं हो सकेगा.
भूपेश बघेल ने कहा, बस्तर में 35-40 हजार युवक नक्सलियों के नाम पर बस्तर छोड़ने को तैयार हैं. जब पहलगाम की घटना हुई तब राहुल और खरगे जी देश के लिए खड़े हो गए. राहुल और खरगे जी ने कहा, हम देश के लिए सरकार के साथ हैं, लेकिन दुर्भाग्य हमारे प्रधानमंत्री जी का कि चुनाव प्रचार के लिए बिहार चले गए. आज देश के सभी लोग एक साथ हैं, इसका पूरा श्रेय मल्लिकार्जुन खरगे को जाता है.
शराब घोटाला मामले में EOW का बड़ा एक्शन: 28 आरोपी आबकारी अधिकारियों के खिलाफ 2300 पन्नों का चालान किया पेश
रायपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित 2161 करोड़ रुपये के शराब घोटाले में एक और बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) ने सोमवार को इस मामले में आरोपी बनाए गए 28 आबकारी अधिकारियों के खिलाफ करीब 2300 पन्नों का चालान विशेष कोर्ट में पे किया है।
बता दें कि इससे पहले बीते 30 जून को पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा के खिलाफ ईओडब्ल्यू ने विशेष कोर्ट में लगभग 1200 पन्नों का चौथा पूरक चालान पेश किया था, जिसमें लखमा की अहम भूमिका का उल्लेख किया गया है। ईओडब्ल्यू ने बताया कि पूर्व मंत्री कवासी लखमा को आबकारी घोटाले में उनके हिस्से का 64 करोड़ रुपये मिला है, जिसमें 18 करोड़ रुपये की अवैध धनराशि के निवेश और खर्च से जुड़े दस्तावेजी साक्ष्य भी मिले हैं।
पूर्व मंत्री को घोटाले में मिले 64 करोड़ रुपये
शराब घोटाला मामले की जांच में अब तक यह पता चला है कि पूर्व मंत्री लखमा के संरक्षण में विभागीय अधिकारियों, सहयोगियों और ठेकेदारों के माध्यम से सुनियोजित घोटाले को क्रियान्वित किया गया। इस घोटाले से हासिल की गई रकम को व्यक्तिगत और परिवार के हितों में खर्च किया गया, जिससे उन्हें अत्यधिक और अनुचित आर्थिक लाभ प्राप्त हुआ। अब तक तीन पूरक अभियोग पत्रों सहित कुल चार अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किए जा चुके हैं। इसके अलावा मामले में 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। घोटाले की जांच जारी है।
21 जनवरी से जेल में हैं कवासी लखमा
गौरतलब है कि शराब घोटाले मामले में ED ने 15 जनवरी को कवासी लखमा को गिरफ्तार किया था। इससे पहले उनसे 2 बार ED दफ्तर बुलाकर पूछताछ की गई थी। पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा को गिरफ्तार करने से पहले ED ने उन्हें 7 दिन कस्टोडियल रिमांड में लेकर पूछताछ की थी। उसके बाद 21 जनवरी से 4 फरवरी तक लखमा को 14 दिन के न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था। पिछली सुनवाई के दौरान जेल में पर्याप्त सुरक्षा बल नहीं होने के कारण लखमा की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेशी हुई थी। सुनवाई के बाद कोर्ट ने लखमा की 18 फरवरी तक रिमांड बढ़ा दी थी।
क्या है शराब घोटाला?
तत्कालीन भूपेश सरकार में पूर्व IAS अनिल टुटेजा, उनके बेटे यश टुटेजा और CM सचिवालय की तत्कालीन उपसचिव सौम्या चौरसिया के खिलाफ आयकर विभाग ने दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट में 11 मई, 2022 को याचिका दायर की थी, जिसमें कहा गया कि छत्तीसगढ़ में रिश्वत, अवैध दलाली के बेहिसाब पैसे का खेल चल रहा है। इसमें रायपुर महापौर रहे एजाज ढेबर का भाई अनवर ढेबर अवैध वसूली करता है। दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट में दायर याचिका के आधार पर ED ने 18 नवंबर, 2022 को PMLA एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। आयकर विभाग से मिले दस्तावेजों के आधार पर ED ने जांच के बाद 2161 करोड़ रुपये के घोटाले की बात का कोर्ट में पेश चार्जशीट में जिक्र किया था।
ED ने अपनी चार्जशीट में बताया कि किस तरह एजाज ढेबर के भाई अनवर ढेबर के आपराधिक सिंडिकेट के ज़रिए आबकारी विभाग में बड़े पैमाने पर घोटाला किया गया। ED ने चार्जशीट में कहा कि 2017 में आबकारी नीति में संशोधन कर CSMCL के ज़रिए शराब बेचने का प्रावधान किया गया, लेकिन 2019 के बाद शराब घोटाले के किंगपिन अनवर ढेबर ने अरुणपति त्रिपाठी को CSMCL का MD नियुक्त कराया। उसके बाद अधिकारियों, कारोबारियों और राजनीतिक रसूख वाले लोगों के सिंडिकेट के ज़रिए भ्रष्टाचार किया गया, जिससे 2161 करोड़ रुपये का घोटाला हुआ। इस मामले में ED ने 15 जनवरी को कवासी लखमा को गिरफ्तार किया था।
गौरतलब है कि 30 जून से पहले 13 मार्च को मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने स्पेशल कोर्ट में 3,841 पन्नों का चालान पेश किया था, जिसमें जेल में बंद पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा समेत 21 अन्य को आरोपी बनाया गया था। इसमें कवासी लखमा, अनवर ढेबर, अनिल टुटेजा, त्रिलोक सिंह ढिल्लन, छत्तीसगढ़ डिस्टिलर, वेलकम डिस्टिलर, टॉप सिक्योरिटी, ओम साई ब्रेवरीज, दिशिता वेंचर, नेस्ट जेन पावर, भाटिया वाइन मर्चेंट और सिद्धार्थ सिंघानिया सहित अन्य लोगों के नाम शामिल हैं।
आकाशीय बिजली का कहर, महिला की मौत, दो की हालत गंभीर
जशपुर। जिले में मानसून की पहली बड़ी बिजली गिरने की घटनाओं में जानमाल का नुकसान देखने को मिला है। रविवार को बगीचा थाना क्षेत्र अंतर्गत दो अलग-अलग गांवों में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं सामने आईं, जिनमें एक वृद्ध महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक महिला और एक मासूम बच्ची गंभीर रूप से झुलस गईं।
पहली घटना बंबा गांव की है, जहां तेज बारिश के दौरान खेत के किनारे खड़ी एक वृद्ध महिला पर आकाशीय बिजली गिर गई। हादसा इतना भयानक था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि महिला खेत की निगरानी कर रही थी, तभी अचानक बिजली चमकी और सीधा उस पर गिर गई।
वहीं दूसरी घटना पास ही के पसिया लघुटरी गांव में हुई, जहां बारिश से बचने के लिए एक महिला और उसकी बच्ची पेड़ के नीचे खड़ी थीं। तभी तेज गर्जना के साथ वहां बिजली गिर गई। इस घटना में दोनों गंभीर रूप से झुलस गईं। ग्रामीणों ने तुरंत दोनों को बगीचा के सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है, लेकिन डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।
हादसे के बाद दोनों गांवों में मातम पसर गया है। मृत वृद्धा के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। प्रशासन की ओर से अब तक कोई मुआवज़े की घोषणा नहीं हुई है, लेकिन स्थानीय पटवारी और तहसीलदार ने गांव पहुंचकर प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है।
MP भीषण सड़क हादसे में 3 महिलाओं की मौतः अयोध्या दर्शन कर छत्तीसगढ़ लौट रहे परिवार का वाहन पेड़ से टकराया, 4 की हालत गंभीर
शहडोल। मध्यप्रदेश में रफ्तार का कहर थम नहीं रहा है। तेज रफ्तार वाहनों के अनियंत्रित होने से रोज रोज सड़क हादसे हो रहे हैं। ताजा मामला प्रदेश के शहडोल जिले का है जहां भीषण सड़क हादसे में तीन महिलाओं की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई 4 लोग गंभीर रूप से घायल है। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी मृतक छत्तीसगढ़ के रहने वाले थे।
दरअसल घटना शहडोल जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र के जोरा की है। अयोध्या दर्शन कर लौट रहे परिवार का वाहन पेड़ से टकरा गया। इस हादसे में तीन महिलाओं की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई है। चार लोगों की हालत गंभीर है। गंभीर लोगों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल ब्यौहारी के डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर कर दिया है। मृतकों में गायत्री कवर 55, मालती पटेल 50 एवं इंदिरा बाई शामिल है। सभी छत्तीसगढ़ की रहने वाली और अयोध्या दर्शन कर लौट रहीं थीं। बताया जाता है कि तूफान वाहन में कुल 20 लोग सवार थे।
कांग्रेसियों को रिचार्ज करने आज पहुंचेंगे खरगे, दिग्गजों के साथ एकजुटता का देंगे संदेश
रायपुर। विधानसभा और लोकसभा चुनाव होने के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरने की राजधानी में पहली बड़ी जनसभा होगी. इसके लिए साइंस कॉलेज मैदान में वाटर प्रूफ तीन डोम बनाए गए हैं. कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने रविवार को सभा स्थल का जायजा भी लिया. इस सभा के जरिए कांग्रेस अपने संगठन को सक्रिय करने की कवायद कर रही है. इसके साथ कांग्रेस में गुटबाजी हावी होने के आरोप को खारिज करने के लिए कांग्रेस के सभी नेताओं को एक मंच पर लाने का प्रयास किया जाएगा. हालांकि बारिश और खेती-किसानी का दौर शुरू होने की वजह से सभा के लिए भीड़ जुटाना कांग्रेस के लिए चुनौतीपूर्ण काम होगा. सबसे अहम बात यह है कि बैठक के बाद काग्रेस अध्यक्ष पहली बार कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में बैठक भी करने जा रहे हैं. माना जा रहा है कि इसमें शीर्ष नेतृत्व को मिली शिकायतों का निपटारा किया जाएगा।
कांग्रेसियों को करेंगे रिचार्ज
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे आज राजधानी में जनसभा के बाद संगठनात्मक बैठकों के जरिए प्रदेश के दिग्गजों और पदाधिकारियों के साथ भावी रणनीति तय करेंगे. जनसभा के दौरान प्रदेश कांग्रेस के सभी दिग्गजों को साथ लेकर एकजुटता का संदेश देने की कोशिश होगी. वहीं बैठक के जरिए ही दिशा-निर्देशों के साथ पदाधिकारियों को रिचार्ज किया जाए।
इधर सभा के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष से अलग-अलग प्रतिनिधिमंडलों की मुलाकात होगी. वे बस्तर में कथित फर्जी मुठभेड़ में मारे गए ग्रामीण आदिवासियों के पीड़ित परिजन भी कांग्रेस अध्यक्ष से मिलेंगे. कांग्रेस इन मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उछालने की तैयारी में है.
विस्तारित कार्यकारिणी में समीक्षा
प्रदेश कांग्रेस की विस्तारित कार्यकारिणी की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष संगठन की पूरी गतिविधियों की समीक्षा करेंगे. इस दौरान वे पदाधिकारियों के परफार्मेंस का भी ब्यौरा लेंगे. माना जा रहा है कि प्रदेश संगठन में होने वाली नियुक्तियों को लेकर भी वे कोई संकेत दे सकते हैं. यह पहली बार होगा जब राष्ट्रीय अध्यक्ष किसी प्रदेश इकाई की कार्यकारिणी और जिला अध्यक्षों की बैठक लेकर दिशा-निर्देश देंगे. इस बैठक में सभी पदाधिकारियों को तय रणनीति के तहत अहम टास्क भी सौंपे जाएंगे. इसके अलावा पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष प्रदेश के दिग्गज नेताओं को एकजुटता के साथ राज्य सरकार के खिलाफ अभियान शुरू करने सख्त निर्देश दे सकते हैं.
मैनपाट में कल से भाजपा का प्रशिक्षण शिविर : सीएम समेत कई BJP नेता ट्रेन से हुए रवाना
रायपुर। छत्तीसगढ़ के शिमला कहे जाने वाले मैनपाट में 7 जुलाई सोमवार से भाजपा का सबसे बड़ा प्रशिक्षण शिविर होने जा रहा है. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ करेंगे. तीन दिनों तक चलने वाले इस प्रशिक्षण शिविर में सीएम विष्णुदेव साय, छत्तीसगढ़ के सभी सांसद और विधायक शामिल होंगे. सीएम विष्णुदेव साय, डिप्टी सीएम विजय शर्मा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी समेत कई नेता आज रात में दुर्ग-अंबिकापुर एक्सप्रेस से अंबिकापुर रवाना हुए, जहां से मैनपाट प्रशिक्षण स्थल जाएंगे.
मैनपाट रवाना होने से पहले रेलवे स्टेशन पर सीएम विष्णुदेव साय ने कहा, मैनपाट में प्रशिक्षण शिविर का आयोजन है. तीन दिन तक प्रशिक्षण शिविर चलेगा. BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ करेंगे. तीन दिन विभिन्न विषयों पर व्याख्यान होगा. केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह समापन कार्यक्रम में आएंगे. केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, बीएल संतोष के साथ विषय विशेषज्ञ भी आएंगे. प्रशिक्षण शिविर से विकसित छत्तीसगढ़ बनाने में सहयोग मिलेगा. सीएम ने कहा, ट्रेन की यात्रा हमेशा स्मृतियों को ताजा कर देती है.
कांग्रेस की बैठक पर विजय शर्मा बोले – मुझे खरगे के मोबाइल की चिंता
प्रशिक्षण शिविर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा, तीन दिन तक भाजपा का प्रशिक्षण शिविर है. मूल्यवान, सिस्टोमेटिक तरह से प्रशिक्षण होगा इसलिए सभी को प्रशिक्षण में रहने की इच्छा रहती है. प्रशिक्षण शिविर पर कांग्रेस के तंज पर शर्मा ने कहा, भाजपा मानती है कि जीवनभर अभ्यास की जरूरत होती है. कोई अगर सर्व ज्ञाता हो गया हो तो अलग बात है. कांग्रेस की बैठक पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा, मुझे खरगे जी के मोबाइल की चिंता है.
BJP प्रदेश अध्यक्ष समेत पदाधिकारियों ने लिया प्रशिक्षण स्थल का जायजा
जानकारी के मुताबिक, 8 जुलाई को राष्ट्रीय महामंत्री बीएल संतोष, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, धर्मेंद्र प्रधान शिविर में शामिल होंगे. वहीं अंतिम दिन केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शामिल होंगे. प्रशिक्षण शिविर को लेकर मैनपाट में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है. क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंह देव, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने आज प्रशिक्षण स्थल का जायजा लिया.
अब संवरेगा ऐतिहासिक दलपत सागर, मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजाना के तहत 9 करोड़ 88 लाख रुपये स्वीकृत…
जगदलपुर। बस्तर के ऐतिहासिक धरोहर विशाल दलपत सागर को संवारनें और कायाकल्प करने का संकल्प अब शीघ्र साकार रूप पायेगा. शहर के ऐतिहासिक दलपत सागर के सौंदर्यीकरण करने के लिए मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजानांतर्गत शासन से 09 करोड़ 88 लाख रुपए राशि की स्वीकृति प्राप्त हुई है. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और विधायक जगदलपुर किरण देव ने ऐतिहासिक दलपत सागर के सौंदर्यीकरण के लिए 09 करोड़ 88 लाख रुपए की राशि स्वीकृत करने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव व वित्त मंत्री ओपी चौधरी के प्रति सहृदय धन्यवाद व आभार व्यक्त किया है.

बस्तर के ऐतिहासिक धरोहर विशाल दलपत सागर के सौंदर्यीकरण के लिए राशि स्वीकृत होने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और विधायक किरण देव ने कहा कि बस्तरवासियों की वर्षों से बहुप्रतीक्षित मांग रही कि दलपत सागर को संवारनें व सुरक्षित करने के लिये योजनाबद्ध रुप से उसका सौंदर्यीकरण होना चाहिए. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन में बस्तर का विकास सदैव प्राथमिकता में रहा है. दलपत सागर के सौंदर्यीकरण कार्य के लिये मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत 9 करोड़ 88 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गयी है.
उन्होंने आगे कहा कि हमारे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव और वित्त मंत्री ओपी चौधरी के महती प्रयास से हमारे दलपत सागर के योजनाबद्ध सौंदर्यीकरण कार्य को साकार रूप देने की सार्थकता यथाशीघ्र सिद्ध होगी. देव ने कहा कि बस्तरवासियों के मांग के अनुरूप दलपत सागर का सौंदर्यीकरण किया जायेगा. आने वाले अनेक वर्षों तक दलपत सागर सुरक्षित व प्राकृतिक सुंदरता का प्रतिरूप बना रहे, इस उद्देश्य के साथ दलपत सागर को संवारने योजनाबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण होंगे.
पटवारी से वसूली का मामला : 3 दिन की पुलिस रिमांड पर हसन आबिदी, SSP ने कहा – आरोपी से पूछताछ में खुलेगा राज
रायपुर। पटवारी से जबरिया वसूली मामले में पुलिस ने आरोपी हसन आबिदी को 3 दिन की रिमांड पर लिया है. पुलिस हसन आबिदी से पूछताछ करेगी, जिसमें कई खुलासे होने की उम्मीद है.
इस मामले में रायपुर SSP लाल उमेद सिंह ने कहा, थाना टिकरापारा क्षेत्र से आरोपी हसन आबिदी को गिरफ्तार किया गया है. उसे जूडिशल डिमांड पर भेजा गया है. विवेचना के दौरान कई तथ्य सामने आए हैं. इस मामले में पुलिस को हसन आबिदी से पूछताछ करना आवश्यक था इसलिए उसे 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है.
एसएसपी ने कहा, आरोपी ने पीएम आवास दिलाने के नाम पर भी ठगी की थी. इस घटना के अतिरिक्त और कौन-कौन से घटनाक्रम में आरोपी इंवॉल्व था, किससे उसकी मिलीभगत थी, कौन आरोपी को श्रेय देता था. पूरे मामले में आरोपी हसन आबिदी से पूछताछ की जाएगी.
कांग्रेस अध्यक्ष खरगे कल आएंगे छत्तीसगढ़ : किसान-जवान-संविधान सभा में करेंगे शिरकत, कार्यकर्ताओं में भरेंगे जोश
रायपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे 7 जुलाई सोमवार को छत्तीसगढ़ दौरे पर आएंगे. वे रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित ‘किसान-जवान-संविधान सभा’ में शिरकत करेंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह भरेंगे. साथ ही शाम को नेताओं के साथ बैठक भी करेंगे.
जारी शेड्यूल के मुताबिक, कांग्रेस अध्यक्ष खरगे सोमवार दोपहर 12 बजे रायपुर पहुंचेंगे. वे एयरपोर्ट से सीधे साइंस कॉलेज मैदान सभा स्थल के लिए रवाना होंगे. खरगे दोपहर 2 बजे तक जनसभा में मौजूद रहेंगे. इसके बाद सभा स्थल से निजी होटल के लिए रवाना होंगे. शाम करीब 4 बजे कांग्रेस प्रदेश कार्यालय पहुंचेंगे, जहां वरिष्ठ नेताओं की बैठक में शामिल होंगे. इसके बाद देर शाम 6 बजे मल्लिकार्जुन खरगे रायपुर से दिल्ली के लिए रवाना होंगे.
इस जनसभा में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ ही संगठन के महासचिव किसी वेणुगोपाल भी शामिल होंगे. सभा को लेकर कांग्रेसियों में खासा उत्साह है. कार्यक्रम की तैयारी पूरी कर ली गई है. प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज सभा में हजारों लोगों के पहुंचने की बात कह रहे हैं.
मरीन ड्राइव में व्यवसायीकरण के खिलाफ स्थानीय निवासी आक्रोशित, चम्मच-थाली बजाकर किया विरोध प्रदर्शन…
रायपुर। राजधानी रायपुर का तेलीबांधा तालाब जिसे स्थानीय निवासी मरीन ड्राइव कहते हैं, उसके चारों तरफ पूर्ण व्यवसायी करण हो चुका है. स्प्री फूड लैब्स, स्प्री वॉक और प्राइम जिम, यूएनए रेस्टोरेंट और पार्किंग समेत कई चीजें यहां खुल चुकी है, लगातार बढ़ रहे व्यवसायीकरण को लेकर स्थानीय निवासी अब विरोध पर उतर आए हैं. जलविहार कॉलोनी के स्थानीय निवासियों ने आज रविवार को बढ़ते व्यवसायीकरण और अवैध पार्किंग के खिलाफ चम्मच-थाली बजाकर अपनी नाराजगी जताई और अवैध गतिविधियों पर तुरंत रोक लगाने की मांग की.
प्रदर्शनकारियों ने Spree Food Lab के संचालन का कड़ा विरोध करते हुए गार्डन को व्यवसायिक कब्जे से मुक्त कराने की अपील की. रहवासियों का कहना है कि UNA Restaurant, Pateto Restaurant और Prime Gym जैसी दुकानों की वजह से अवैध पार्किंग की समस्या लगातार बढ़ रही है, जिससे कॉलोनी का वातावरण और सुरक्षा दोनों प्रभावित हो रहे हैं.
प्रदर्शन के दौरान नागरिकों ने स्पष्ट रूप से मांग रखी कि कॉलोनी में किसी भी तरह के कॉमर्शियल संचालन पर तुरंत प्रतिबंध लगाया जाए. साथ ही तेलीबांधा तालाब के मरीन ड्राइव क्षेत्र में हो रहे अतिक्रमण को भी तुरंत हटाने की मांग की गई.
रहवासियों ने आरोप लगाया कि उन्होंने कई बार नगर निगम, पुलिस और प्रशासन से शिकायत की, लेकिन अब तक किसी भी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई. इस लापरवाही के चलते कॉलोनीवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है. प्रदर्शन में महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और युवाओं सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा.
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा – समावेशी विकास और सुशासन से बनेगा सशक्त छत्तीसगढ़: पंडरिया के समग्र विकास के लिए की कई महत्वपूर्ण घोषणाएँ
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार राज्य के हर कोने को विकास की मुख्यधारा में लाने के लिए संकल्पित है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और संकल्पों को जमीन पर उतारने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। भ्रष्टाचार के सभी रास्ते बंद कर सुशासन की स्थापना की दिशा में निरंतर प्रयास हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों को मजबूत आधारभूत ढाँचे और बुनियादी सुविधाओं से जोड़ने के लिए अनेक योजनाओं को तेज़ी से क्रियान्वित किया जा रहा है।


मुख्यमंत्री श्री साय आज पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के महतारी अलंकरण सम्मान समारोह में वर्चुअल माध्यम से संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पंडरिया क्षेत्र को समृद्ध, सशक्त और विकसित बनाने की पहल प्रारंभ हो चुकी है। इस दिशा में अनेक योजनाओं और विकास कार्यों की स्वीकृति एवं क्रियान्वयन किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कई महत्वपूर्ण घोषणाएँ कीं। उन्होंने रणवीरपुर में नवीन उप तहसील की स्थापना, आगामी शिक्षा सत्र से बिरेंद्र नगर में महाविद्यालय प्रारंभ करने, पंडरिया में 250 सीटर नवीन नालंदा परिसर, कुण्डा में महाविद्यालय के लिए नवीन भवन और पंडरिया में नवीन नगर पालिका भवन के निर्माण की घोषणा की। इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग-130 ए के 2.1 किलोमीटर मार्ग का चौड़ीकरण कर इसे 4 लेन में उन्नत किया जाएगा।
कार्यक्रम में 72 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अधोसंरचना विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी मुख्यमंत्री के करकमलों से सम्पन्न हुआ। उन्होंने बताया कि ग्रामीण अंचलों में बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार के लिए अटल डिजिटल सुविधा केंद्र अब तक 1,460 ग्राम पंचायतों में स्थापित किए जा चुके हैं और आगामी एक वर्ष में यह सुविधा सभी पंचायतों तक पहुँचाई जाएगी। रजिस्ट्री प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और कम खर्चीला बनाया गया है ताकि आम नागरिकों को किसी कठिनाई का सामना न करना पड़े।
मुख्यमंत्री श्री साय ने क्षेत्रीय विधायक भावना बोहरा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि छात्राओं के लिए 5 निःशुल्क बस सेवाओं की शुरुआत केवल एक सुविधा नहीं, बल्कि बेटियों के आत्मविश्वास और सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। इससे अब छात्राओं को महाविद्यालय आने-जाने में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि पंडरिया के लिए आज का दिन ऐतिहासिक है, जब 72 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण तथा बेटियों के लिए 5 निःशुल्क बसों की शुरुआत हो रही है। यह छत्तीसगढ़ में अपनी तरह की अनूठी पहल है।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रदेश में विकास अब केवल शहरी क्षेत्रों तक सीमित नहीं है, बल्कि हर गाँव और क्षेत्र में समान रूप से पहुँच रहा है। आने वाला समय छत्तीसगढ़ की प्रगति का नया अध्याय होगा।
लोकसभा सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि यह पहल बेटियों की शिक्षा और सशक्तिकरण के लिए महत्त्वपूर्ण साबित होगी। निःशुल्क बस सुविधा से छात्राओं को अपने सपनों को साकार करने में और अधिक संबल मिलेगा।
क्षेत्रीय विधायक भावना बोहरा ने बताया कि पहले 3 निःशुल्क बसों का संचालन किया जा रहा था, जिन्हें अब बढ़ाकर 8 कर दिया गया है। यह सेवा पंडरिया, पांडातराई, पिपरिया, सहसपुर लोहारा एवं कवर्धा के महाविद्यालयों में पढ़ने वाली छात्राओं के लिए संबल बनेगी। उन्होंने कहा कि पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में पिछले डेढ़ वर्षों में लगभग 600 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं की स्वीकृति प्राप्त हुई है। हरिनाला पुल, बाईपास और अनेक बहुप्रतीक्षित कार्य अब गति पकड़ चुके हैं।
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और गृह मंत्री विजय शर्मा वर्चुअल रूप से जुड़े। पंडरिया के पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में सांसद संतोष पाण्डेय, विधायक भावना बोहरा तथा अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।
सचिन पायलट ने रायपुर साइंस कॉलेज मैदान में खरगे की सभा की तैयारी का लिया जायजा
रायपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की किसान, जवान, संविधान जनसभा के लिए कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट आज रायपुर पहुँचे। आज दोपहर वे प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के साथ साइंस कॉलेज मैदान पहुँचे और सभा की तैयारी का जायज़ा लिया। उनके साथ नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव सहित कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे।
जनसभा स्थल का निरीक्षण करने के बाद सचिन पायलट ने कहा कि बादल हैं, बारिश है, पर कार्यकर्ताओं में जोश है। सभी लोग खड़गे जी और राहुल जी का संदेश लेकर घर लौटेंगे। जनसभा के बाद कांग्रेस पार्टी की बैठकें होंगी। इनमें कांग्रेस को आगे कैसे काम करना है इसके दिशा-निर्देश तय होंगे।
बैठक में संगठन की मजबूती को लेकर भी चर्चा होगी। जनता को कांग्रेस से जोड़ने के मामले में सचिन पायलट ने कहा कि निचले कस्बों के लोगों को बूथ, ब्लॉक और ज़िला स्तर पर जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए कांग्रेस पार्टी आउटरीच प्रोग्राम चलाएगी। कल होने वाली बैठकों में इसकी रणनीति तैयार की जाएगी।
भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप नवा रायपुर का होगा सुनियोजित विकास: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नवा रायपुर स्थित मंत्रालय महानदी भवन में आवास एवं पर्यावरण विभाग के विभागीय काम-काज की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान मुख्यमंत्री ने नवा रायपुर विकास प्राधिकरण के अतंर्गत संचालित कार्यो की जानकारी लेते हुए अधिकरियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में वित्त एवं आवास पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, सचिव आवास एवं पर्यावरण अंकित आंनद, एन आर डी ए के सी.ई.ओ चंदन कुमार, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के आयुक्त अवनीश शरण, रायपुर विकास प्राधिकरण के सी.ई.ओ. आकाश छिकारा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नवा रायपुर का सुव्यवस्थित विकास सरकार की पहली प्राथमिकता है। नवा रायपुर क्षेत्र में भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सुनियोजित विकास किया जायेगा। नवा रायपुर देश की सबसे आधुनिक व खुबसूरत राजधानी है। देश के आई.आई.एम., ट्रिपल आई.टी., नेशनल लॉ विश्वविद्यालय जैसे शीर्ष शिक्षण संस्थान यहां स्थापित किए गए हैं। भविष्य में नवा रायपुर में बसाहट और बढ़ेगी इसलिए यह आवश्यक है कि आगमाी जरूरतों के हिसाब से यहां नागरिक सुविधाओं का भी विस्तार किया जाए। मुख्यमंत्री ने नवा रायपुर क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी के विस्तार के संबंध में चर्चा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। भारत सरकार द्वारा परमालकसा - खरसिया नई रेलवे लाईन का निर्माण बलौदाबाजार जिले से होकर किया जायेगा। मुख्यमंत्री ने इस रेल लाईन को नवा रायपुर से जोड़ने की मंशा जाहिर करते हुए कहा कि इससे नवा रायपुर में रेल सुविधाओं का विस्तार होगा और आम नागरिको को इसका लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने भारत माला परियोजना के अंतर्गत विशाखापट्टनम को जोड़ने वाले एक्सप्रेस-वे का निर्माण विकास के साथ आयात और निर्यात को प्रोत्साहित करने हेतु नवा रायपुर अटल नगर में एक लॉजिस्टीक हब की निर्माण आवश्यकता पर बल दिया। अधिकाारियों ने बाताया कि छत्तीसगढ़ से गुजरने वाले एक्सप्रेस-वे का निर्माण लगभग 95 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। इसके बनने से रायपुर से विशाखापट्टनम की दूरी 100 कि.मी. कम हो जायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश कि नई औद्योगिक नीति से बड़ी संख्या में निवेशक आकर्षित हो रहे है। इससे यहां के युवाओं को रोजगार मिलेगा। मुख्यमंत्री ने नवा रायपुर क्षेत्र में ऑक्सीजोन निर्माण के अंतर्गत पीपल, बरगद, करंज, नीम, अशोक, अमलतास, गुलमोहर आदि पौधों के रोपण एवं ग्रोथ कि जानकारी ली। बैठक मे अधिकरियों ने बताया कि नवा रायपुर क्षेत्र में भविष्य में राज्य सरकार के विभिन्न आयोग-बोर्ड-निगम आदि के लिए आयोग बिडिंग कॉम्पलेक्स तैयार करने की योजना है। इसके अलावा काम-काजी महिलाओं के लिए वर्किंग वुमन हॉस्टल, 100 बिस्तर अस्पताल, नवा रायपुर में एक और नवीन थाना की स्थापना का प्रस्ताव है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नवा रायपुर क्षेत्र में नवीन भवनों के निर्माण के लिए आबंटित भू-खण्डों का समूचित उपयोग किया जाए।
मुख्यमंत्री ने आवास एवं पर्यावरण विभाग के अंतर्गत शामिल - छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण बोर्ड, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल, नगर तथा ग्राम निवेश, छत्तीसगढ़ भू-सम्पदा नियामक प्राधिकरण (रेरा), रायपुर विकास प्राधिकरण के काम-काज की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
खराब मौसम के कारण CM साय का पंडरिया दौरा रद्द, कार्यक्रम में वर्चुअली होंगे शामिल
कवर्धा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का बहुप्रतीक्षित पंडरिया दौरा आज मौसम की खराबी के चलते रद्द कर दिया गया है. खराब मौसम के कारण हेलिकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका. अब वे वर्चुअली कार्यक्रम में शामिल होंगे.
बता दें कि सीएम साय को यहां महतारी अलंकरण सम्मान कार्यक्रम में शामिल होना था, साथ ही क्षेत्रवासियों को 72 करोड़ 70 लाख रुपये से अधिक की विकास सौगात देनी थी. दौरे के दौरान 61 विकास कार्यों के भूमिपूजन, लोकार्पण और कॉलेज छात्राओं के लिए 5 नि:शुल्क बसों के संचालन की शुरुआत प्रस्तावित थी.
इस कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सांसद संतोष पांडेय, विधायक भावना बोहरा और बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति भी तय थी. कार्यक्रम स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल मैदान, पंडरिया में होना था, जिसकी तैयारी पूरी कर ली गई थी. हालांकि मौसम के कारण मुख्यमंत्री का दौरा रद्द करना पड़ा, अब वे इन कार्यक्रमों में वर्चुअली शामिल होंगे.
फरार तोमर बंदुओं के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी, कुर्क की जा सकती है संपत्ति
रायपुर। ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली के मामलों में फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर वीरेन्द्र सिंह तोमर और रोहित सिंह तोमर के खिलाफ पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है. न्यायलय ने दोनों आरोपियों की गिरफ़्तारी का वारंट जारी किया गया है. न्यायालय ने दोनों आरोपियों को पुलिस जांच और पूछताछ के लिए उपस्थित होने के निर्देश भी दिए हैं. इस आदेश के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों की तलाश तेज कर दी है और अब उनकी संपत्तियों को कुर्क करने की तैयारी भी शुरू हो चुकी है.
जानकारी के अनुसार, वीरेन्द्र और रोहित तोमर, उनके रिश्तेदारों और सहयोगियों के खिलाफ ब्लैकमेलिंग, धमकी और अवैध वसूली से जुड़े पांच अलग-अलग मामले दर्ज हैं. साथ ही आरोपी रोहित तोमर पर मारपीट का भी केस चल रहा है.
संपत्ति कुर्क करने की तैयारी
जांच में बरामद किए गए ज्वेलरी और नकदी को आयकर विभाग को सौंपा गया है. वहीं प्रॉपर्टी के दस्तावेजों की भी जांच जारी है. भाठागांव स्थित करीब 5000 वर्गफीट में बना ‘साई विला’ आरोपी वीरेन्द्र सिंह तोमर की पत्नी के नाम पर दर्ज है. वहीं, अभनपुर, भनपुरी समेत अन्य स्थानों पर वीरेन्द्र और रोहित के नाम पर जमीनों के दस्तावेज भी सामने आए हैं. दावा किया जा रहा है कि अगर दोनों आरोपी जल्द गिरफ्त में नहीं आते हैं, तो इनकी संपत्ति को कुर्क करने की कार्रवाई की जा सकती है. वहीं फरार आरोपियों के मददगारों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा सकेगी.
तकनीकी जांच से तलाश तेज, नए पीड़ित सामने आए
पुलिस की कई टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगी हैं और उनकी लोकेशन ट्रैक करने के लिए तकनीकी जांच जारी है. जांच के दौरान आरोपियों की संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड पुलिस को हाथ लगे हैं. इस मामले में पुलिस के बाद कई नए शिकायतकर्ता भी पहुंचे हैं. इनका आरोप है कि आरोपियों ने उनसे कई गुना ब्याज वसूलने के बाद भी गिरवी रखी जमीनों के दस्तावेज, चेक और अन्य कागजात वापस नहीं किए. इतना ही नहीं, उन्हें गाली-गलौज और जान से मारने की धमकियां भी दी गई.
स्वामी आत्मानंद स्कूल में अवैध वसूली का मामला: जांच में दोषी पाए जाने के बाद प्राचार्या को किया गया सस्पेंड
जांजगीर-चांपा। पामगढ़ स्थित स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय की प्राचार्या एन.जे. एक्का को शासन ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही उनकी प्रतिनियुक्ति समाप्त करते हुए उन्हें जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कार्यालय में अटैच किया गया है। यह कार्रवाई शिक्षा विभाग के अवर सचिव द्वारा जारी आदेश के तहत की गई है।
जानकारी के अनुसार, प्राचार्या एन.जे. एक्का पर अभिभावकों ने गंभीर आरोप लगाए थे। शिकायत में कहा गया था कि स्कूल में बच्चों के प्रवेश के नाम पर 15,000 से 20,000 रुपये वसूले गए और टाई-बेल्ट के नाम पर प्रत्येक छात्र से 300 रुपये लिए गए। इस पर शिक्षा विभाग ने एक सदस्यीय जांच समिति गठित कर मामले की जांच करवाई।
जांच रिपोर्ट में आरोप सत्य पाए गए। रिपोर्ट में स्पष्ट उल्लेख है कि स्वामी आत्मानंद स्कूल एक सरकारी योजना के तहत संचालित होता है, जहां प्रवेश पूरी तरह निशुल्क होता है। इसके बावजूद प्राचार्य ने शासन के निर्देशों की अवहेलना करते हुए छात्रों व उनके अभिभावकों से पैसे वसूले, जो कि एक गंभीर अनियमितता है।
प्रकरण को गंभीर मानते हुए शिक्षा विभाग ने प्राचार्या एक्का के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया और तत्काल प्रभाव से DEO कार्यालय में अटैच कर दिया है।
देखें आदेश

कांग्रेस की बैठक में फूटा कार्यकर्ताओं का गुस्सा, पूर्व मंत्री के सामने जमकर निकाली भड़ास…
वरिष्ठ नेताओं के सामने खुलकर रखी बात
देवी सिंह ठाकुर ने अपनी बात केवल नाराजगी तक सीमित नहीं रखी, बल्कि उन्होंने सीधे प्रदेश नेतृत्व को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा – हम सिर्फ भीड़ जुटाने के लिए नहीं हैं। हमसे कार्यक्रम में जिम्मेदारी लेने को कहा जाता है, लेकिन सम्मान नहीं दिया जाता। ऐसे में हम कब तक खड़े रहेंगे? उनकी यह बात सुनकर कुछ कार्यकर्ताओं ने भी समर्थन में सिर हिलाया और ‘सही कहा’ की आवाजें सुनाई दीं। इससे यह स्पष्ट हुआ कि संगठन के अंदर नाराजगी एक व्यक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि नीचे तक फैल चुकी है।
नेताओं ने किया शांत करने का प्रयास

बैठक में मौजूद वरिष्ठ नेताओं ने देवी सिंह ठाकुर को समझाने की कोशिश की और आश्वासन दिया कि कार्यकर्ताओं की उपेक्षा पर ध्यान दिया जाएगा। पूर्व मंत्री उमेश पटेल ने भी कहा कि हर कार्यकर्ता पार्टी के लिए महत्वपूर्ण है। आपकी बातों को गंभीरता से लिया जाएगा और संगठन में समावेशिता को प्राथमिकता दी जाएगी।
भीतरखाने गुटबाजी की चर्चा तेज
इस पूरे घटनाक्रम के बाद बैठक समाप्त होते ही जिला कांग्रेस में भीतरखाने गुटबाजी की चर्चा तेज हो गई। पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि कई बार संगठन में मेहनतकश कार्यकर्ताओं की उपेक्षा होती है और फैसले केवल ऊपर से थोपे जाते हैं। यह असंतोष आने वाले समय में संगठन के लिए चुनौती बन सकता है।