मीडिया के मुद्दों पर मंथन: विजयवाड़ा में होगा आईजेयू का राष्ट्रीय अधिवेशन
हैदराबाद/चंडीगढ़। इंडियन जर्नलिस्ट्स यूनियन (आईजेयू) का 11वां राष्ट्रीय सम्मेलन 28-29 मार्च को आंध्र प्रदेश की राजधानी विजयवाड़ा (अमरावती) में आयोजित किया जाएगा। आज जारी एक वक्तव्य में, आईजेयू अध्यक्ष के. श्रीनिवास रेड्डी, महासचिव बलविंदर सिंह जम्मू और सचिव डी. सोमसुंदर ने यह घोषणा की। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू मुख्य अतिथि के रूप में सत्र का उद्घाटन करेंगे। कई केंद्रीय मंत्री और आंध्र प्रदेश के केबिनेट मंत्री भी अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। आंध्र प्रदेश वर्किंग जर्नलिस्ट्स यूनियन (एपीयूडब्ल्यूजे) 34 वर्षों के अंतराल के बाद आईजेयू के राष्ट्रीय सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है. स्थापना के बाद दूसरा आईजेयू सम्मेलन 1992 में विजयवाड़ा में आयोजित किया गया था। इसमें देश के 25 राज्यों से आईजेयू से संबद्ध पत्रकार संघों के निर्वाचित प्रतिनिधि, अध्यक्ष और महासचिव भाग लेंगे। इस पूर्ण सत्र में भारत में मीडिया से जुड़े पेशेवर मुद्दों और वर्तमान स्थिति, मीडिया की स्वतंत्रता पर हालिया खतरों और संगठनात्मक मामलों पर चर्चा होगी। सत्र में लगभग 10 प्रस्ताव पारित किए जाएंगे और पेशेवर एवं कल्याणकारी उपायों सहित कार्यरत पत्रकारों की मांगों को आगे बढ़ाने के लिए एक कार्य योजना की रूपरेखा तैयार की जाएगी। अगले दो वर्षों के लिए एक नई राष्ट्रीय कार्यकारी समिति का चुनाव भी इसी सत्र में किया जाएगा।

राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजन के लिए स्वागत समिति का गठन सांसद केसिनैनी शिवनाध (चिन्नी) को मुख्य संरक्षक, आंध्र प्रदेश प्रेस अकादमी के अध्यक्ष सी. राघवा चारी को अध्यक्ष और आई.वी. सुब्बाराव को महासचिव बनाकर किया गया है जो सम्मेलन की व्यवस्थाओं की पूरी देखरेख कर रही है। 
छत्तीसगढ़ से राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य दिलीप साहू, राज्य सचिव सुधीर आज़ाद तंबोली तथा प्रदेश अध्यक्ष पी. सी. रथ ने बताया कि प्रदेश से राष्ट्रीय सम्मेलन में पत्रकारों की भागीदारी की तैयारियां चल रही है। प्रदेश के पत्रकारों के ताजातरीन मुद्दों को राष्ट्रीय सम्मेलन में देश भर से आए वरिष्ठ पत्रकारों के समक्ष रखा जाएगा।