अब कॉर्पोरेट कल्चर में काम करे PWD, सड़क सुरक्षा के हर मानक पर सख्त हुए डिप्टी सीएम अरुण साव
रायपुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को तेज गति, जवाबदेही और गुणवत्ता के साथ काम करने के निर्देश दिए। नवा रायपुर स्थित विश्राम भवन में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि किसी भी कार्य की प्रशासकीय स्वीकृति मिलते ही तकनीकी स्वीकृति, टेंडर और कार्यारंभ की प्रक्रिया तत्काल पूरी की जाए, ताकि परियोजनाओं में अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने मुख्य अभियंता कार्यालयों की कार्यप्रणाली पर भी सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि सभी कार्यालय कॉर्पोरेट दफ्तरों की तरह पूरी क्षमता, दक्षता और प्रोफेशनल कार्यसंस्कृति के साथ काम करें। फील्ड से लेकर कार्यालय स्तर तक तेज निर्णय, नियमित मॉनिटरिंग और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।

उप मुख्यमंत्री ने परफॉर्मेंस गारंटी वाली सड़कों की खराब स्थिति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि ऐसी सड़कों की नियमित निगरानी की जाए और जहां भी खराबी मिले वहां संबंधित ठेकेदारों से तत्काल मरम्मत कराई जाए। उन्होंने साफ कहा कि परफॉर्मेंस गारंटी अवधि में सड़क खराब पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी और कार्रवाई भी की जाएगी। श्री साव ने सभी मुख्य अभियंताओं को प्राथमिकता वाले कार्यों की स्वयं मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी हर सप्ताह फील्ड में जाकर सड़कों और पुल-पुलियों के निर्माण कार्यों का निरीक्षण करें। नई सड़कों के निर्माण और चौड़ीकरण के लिए भू-अर्जन की प्रक्रिया में तेजी लाने हेतु कलेक्टरों के साथ समन्वय बढ़ाने को भी कहा गया।
बैठक में सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि दिशा सूचक साइन बोर्ड, रोड मार्किंग, ट्रैफिक सिग्नल, क्रैश बैरियर, रिफ्लेक्टर और अन्य रोड फर्नीचर से जुड़े सभी कार्य तत्परता के साथ अनिवार्य रूप से पूरे किए जाएं, ताकि आम जनता दुर्घटनाओं और असुविधा से सुरक्षित रह सके। उन्होंने ब्लैक स्पॉट्स को चिन्हित कर वहां त्वरित सुधारात्मक कार्य करने पर भी जोर दिया।उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा के पालन को बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि वर्षों तक लंबित रहने वाले कार्य विभाग की छवि खराब करते हैं। इसलिए हर हाल में तय समय के भीतर गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण किए जाएं। बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता श्री वी.के. भतपहरी, अपर सचिव श्री एस.एन. श्रीवास्तव, सभी परिक्षेत्रों के मुख्य अभियंता, सेतु संभाग तथा राष्ट्रीय राजमार्ग संभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

