प्रदेश / छत्तीसगढ़

बीरगांव में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने सुनी जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के सख्त निर्देश

रायपुर। रायपुर जिले के बीरगांव नगर पालिका निगम में बुधवार को आयोजित ‘सुशासन तिहार’ समाधान शिविर समापन समारोह में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने क्षेत्रवासियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को आवेदनों के त्वरित निराकरण के लिए कड़े निर्देश दिए। शिविर में कुल 615 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 130 का मौके पर ही निराकरण किया गया।

अधिकारियों की जवाबदेही तय, समस्याओं का समाधान सात दिन में

शिविर को संबोधित करते हुए सांसद अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि सुशासन तिहार का उद्देश्य ही आम जनता को दफ्तरों के चक्कर काटने से मुक्ति दिलाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त शिकायतों पर केवल खानापूर्ति न हो, बल्कि वास्तविक समाधान हो। विशेषकर पेयजल की समस्या पर नगर निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में पानी की किल्लत नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अवैध शराब की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के लिए पुलिस और आबकारी विभाग को सख्त कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया।

सरकारी स्कूलों व कार्यालयों पर अतिक्रमण पर कार्रवाई

सरकारी भूमि पर अतिक्रमण को लेकर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि सरकारी स्कूलों और कार्यालयों की जमीन पर अतिक्रमण के मामलों में लंबी कानूनी प्रक्रिया की आवश्यकता नहीं है, इसे प्राथमिकता के साथ हटाया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को 7 दिन के भीतर अतिक्रमण हटाने और रिपोर्ट प्रस्तुत करने का आदेश दिया।

पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन पर जोर

सांसद ने औद्योगिक क्षेत्र बीरगांव में पर्यावरण को लेकर बड़ा संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने वन विभाग और फैक्ट्री प्रबंधनों को निर्देश दिए कि इस मानसून सत्र में औद्योगिक क्षेत्र में कम से कम 10,000 पौधारोपण किया जाए। साथ ही, जल स्तर को गिरने से बचाने के लिए सभी बड़ी इमारतों और कारखानों में ‘वाटर हार्वेस्टिंग’ और ‘वाटर रिचार्जिंग’ की व्यवस्था अनिवार्य रूप से करने के निर्देश दिए।

प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल पर बधाई

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि देश में सुशासन का जो दौर चल रहा है, वह अभूतपूर्व है। उन्होंने गरीब कल्याण की योजनाओं, जैसे आवास, नल-जल, उज्जवला गैस, शौचालय और आयुष्मान भारत के माध्यम से करोड़ों लोगों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव का उल्लेख किया। उन्होंने धारा 370 को समाप्त करने और राम मंदिर निर्माण जैसे ऐतिहासिक निर्णयों को देश के मान-सम्मान को बढ़ाने वाला बताया।

उन्होंने उपस्थित जनसमूह को सुशासन तिहार की बधाई देते हुए अधिकारियों को पुनः सचेत किया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचना ही प्रशासन की असली सफलता है।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने हितग्राहियों को श्रम कार्ड , मुख्यमंत्री गृह प्रवेश सम्मान, राशन कार्ड, भवन अनुज्ञा प्रमाण पत्र, आयुष्मान कार्ड, आय प्रमाण पत्र, TB मरीज को फूड बास्केट किट वितरित की।

कार्यक्रम में नगर निगम कमिश्नर, पूर्व महापौर अंबिका यदु, नेता प्रतिपक्ष ओमप्रकाश साहू, मैकमिलन साहू, योगेश साहू, पूनाराम साहू, कृष्णा देवी वर्मा समेत विभागीय अधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।