यूनियन क्लब के मेगा समर कैम्प की सिल्वर जुबली में शामिल हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल, प्रतिभागियों को किया सम्मानित
रायपुर। रायपुर सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल रविवार को यूनियन क्लब द्वारा आयोजित ‘मेगा समर कैम्प’ के समापन समारोह एवं समर कैम्प के 25 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित सिल्वर जुबली समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
समारोह को संबोधित करते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि यूनियन क्लब के समर कैम्प से उनका जुड़ाव प्रारंभ से ही रहा है। उन्होंने कहा कि 25 वर्ष पूर्व जब इस समर कैम्प की शुरुआत हुई थी, तब भी उन्हें इसमें शामिल होने का अवसर मिला था और आज इसके 25 वर्ष पूरे होने पर आयोजित समारोह में उपस्थित होकर उन्हें विशेष प्रसन्नता हो रही है।



उन्होंने कहा कि इस प्रकार के समर कैम्प नई पीढ़ी के बच्चों और युवाओं में छिपी प्रतिभाओं को पहचानने, निखारने और उन्हें उचित दिशा देने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों और रचनात्मक कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों को सीखने, आत्मविश्वास बढ़ाने और अपनी क्षमता को प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। ऐसे आयोजनों से नई प्रतिभाएं उभरकर सामने आती हैं और भविष्य के लिए तैयार होती हैं।
श्री अग्रवाल ने कहा कि हाल ही में आयोजित ‘आकार’ कार्यक्रम की तरह यह समर कैम्प भी बच्चों के सर्वांगीण विकास का उत्कृष्ट मंच बना है। उन्होंने यूनियन क्लब, गुरुचरण सिंह होरा एवं पूरी आयोजन समिति को इस सफल आयोजन तथा 25 वर्षों की गौरवशाली यात्रा के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।



इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम प्रकाश पाण्डेय, डॉ. सलीम राज, अमरजीत सिंह चावला, गुरुचरण सिंह होरा, विजय अग्रवाल, नरेश गुप्ता सहित क्लब के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।