सहयोग केंद्र में स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने सुनीं कार्यकर्ताओं की समस्याएं
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर के सहयोग केंद्र में मंगलवार को स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने कार्यकर्ताओं से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशभर से पहुंचे कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनीं और उनके आवेदनों के निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सहयोग केंद्र में मंगलवार को 150 से अधिक कार्यकर्ता विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर पहुंचे। स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने सभी से आत्मीयता से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान कई आवेदनों का मौके पर ही त्वरित निराकरण किया गया, जबकि अन्य मामलों में संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने कहा कि सहयोग केंद्र के माध्यम से जनता और सरकार के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश की भाजपा सरकार विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है और आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार लगातार संवेदनशीलता के साथ काम कर रही है।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश लाटिया, प्रदेश कार्यालय मंत्री अशोक बजाज और सहयोग केंद्र प्रभारी सच्चिदानंद उपासने सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।