सिंगापुर से ₹43,600 करोड़ के निवेश प्रस्ताव, छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा को मिलेगी नई रफ्तार: विकास मरकाम
रायपुर। छत्तीसगढ़ आदिवासी स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधि पादप बोर्ड के अध्यक्ष विकास मरकाम ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सफल सिंगापुर यात्रा पर उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ विकास के नए आयाम गढ़ रहा है। सिंगापुर यात्रा के दौरान मिले करीब ₹43,600 करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्रदेश की आर्थिक प्रगति और औद्योगिक विकास को नई गति देंगे।
मरकाम ने बताया कि मुख्यमंत्री साय की 3 से 6 अक्टूबर तक की सिंगापुर यात्रा के दौरान विभिन्न कंपनियों से बड़े निवेश प्रस्ताव मिले। इनमें एनर्जी कैपिटल ग्लोबल की ओर से करीब ₹41,750 करोड़, एग्री बिजनेस वैल्यू इंटरनेशनल की ओर से करीब ₹350 करोड़ और सन स्ट्रीम ग्रीन एनर्जी की ओर से सोलर सेक्टर में करीब ₹1,500 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव शामिल है। सन स्ट्रीम ग्रीन एनर्जी बैटरी स्टोरेज और उससे जुड़े कंपोनेंट के क्षेत्र में काम करेगी।
उन्होंने कहा कि इन निवेश प्रस्तावों से प्रदेश में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही कौशल विकास और आधुनिक तकनीक के हस्तांतरण को भी गति मिलेगी।
विकास मरकाम ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश को प्रमुख औद्योगिक और निवेश केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी दिशा में 1 नवंबर 2024 को नई औद्योगिक नीति लागू की गई, जिससे उद्योगों और निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार हुआ है।
उन्होंने कहा कि सिंगापुर के निवेशकों से मिले प्रस्ताव छत्तीसगढ़ को मध्यभारत के टेक्नोलॉजी हब, सेमीकंडक्टर और डेटा स्टोरेज हब के रूप में विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।