विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने 13.81 करोड़ रुपए के 96 विकास कार्यों का किया भूमिपूजन
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राजनांदगांव की जागरूकता पूरे छत्तीसगढ़ में प्रसिद्ध है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में पूरे छत्तीसगढ़ में सात माह के भीतर विकास का एक अद्भूत वातावरण निर्मित हुआ है। सरकार ने 21 क्विंटल धान खरीदी, दो साल का लंबित बोनस, 70 लाख महिलाओं को महतारी वंदन योजना की राशि और 5500 रुपए में तेन्दूपत्ता खरीदी सहित कई घोषणाओं को पूरा किया है। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव के लोगों ने शहर के विकास का जो सपना देखा है, उस सपने के अनुरूप शहर को बनाने का काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य के साथ-साथ राजनांदगांव के भीतर भी बेहतर विकास दिखेगा। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भूमिपूजन कार्यक्रम में कहा कि राजनांदगांव प्रदेश की संस्कारधानी है और इसका विकास नाम के अनुरूप होना चाहिए। यहां का विकास ऐसा हो जिसका अनुसरण पूरा प्रदेश करे। केवल भवन बनाने से शहर का विकास संभव नहीं है। शहर के विकास के लिए भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर योजनाबद्ध एवं सुव्यवस्थित तरीके से कार्य करने की आवश्यकता है। श्री साव ने राजनांदगांव नगर निगम से कहा कि संस्कारधानी के समग्र विकास के लिए योजना बनाकर कार्य करें। इसके लिए शासन द्वारा हरसंभव सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नई सरकार बनने के बाद शहरों के विकास के लिए 1500 करोड़ रुपए दिए जा चुके हैं। राजनांदगांव के विकास के लिए जिन भी कार्यों के प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजे जाएंगे, उन्हें स्वीकृत किए जाएंगे। भूमिपूजन कार्यक्रम को सांसद संतोष पाण्डेय और महापौर हेमा देशमुख ने भी संबोधित किया। राजनांदगांव जिला पंचायत की अध्यक्ष गीता साहू, पूर्व सांसद मधुसूदन यादव, कलेक्टर संजय अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग और नगर निगम के आयुक्त अभिषेक गुप्ता सहित अनेक पार्षद और जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में मौजूद थे।
