टेक्नोलॉजी

अब मेडिकल रिपोर्ट पढ़ने और समझाने में भी मदद करेगा AI, OpenAI ने लॉन्च किया ‘ChatGPT Health’

OpenAI ChatGPT Health Launch: सैम ऑल्टमैन की कंपनी ओपनएआई ने हेल्थ से जुड़ी जानकारी के लिए एक नया फीचर ‘चैटजीपीटी हेल्थ’ लॉन्च किया है. यह फीचर यूजर्स को अपने मेडिकल रिकॉर्ड और फिटनेस ऐप्स जैसे एपल हेल्थ और मायफिटनेसपाल को चैटजीपीटी से जोड़ने की सुविधा देगा.

कंपनी का दावा है कि इसकी मदद से लोग अपनी बीमारियों, लैब टेस्ट रिपोर्ट और फिटनेस रूटीन को बेहतर तरीके से समझ सकेंगे. फिलहाल इस फीचर के लिए वेटलिस्ट शुरू की गई है.

हर हफ्ते 23 करोड़ लोग पूछते हैं सेहत से जुड़े सवाल

ओपनएआई ने एक ब्लॉग पोस्ट में बताया कि हर हफ्ते दुनियाभर में करीब 23 करोड़ लोग चैटजीपीटी से स्वास्थ्य और वेलनेस से जुड़े सवाल पूछते हैं. इसी बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए कंपनी ने डॉक्टरों के साथ मिलकर ‘चैटजीपीटी हेल्थ’ को डिजाइन किया है.

इसका मकसद लोगों को उनकी सेहत के प्रति ज्यादा जागरूक बनाना और डॉक्टर से मिलने से पहले उन्हें बेहतर तरीके से तैयार करना है.

मेडिकल रिकॉर्ड और फिटनेस ऐप्स से मिलेंगे ज्यादा सटीक जवाब

चैटजीपीटी हेल्थ की सबसे बड़ी खासियत इसका इंटीग्रेशन है. यूजर्स अपने मेडिकल डेटा और वेलनेस ऐप्स को इससे सुरक्षित तरीके से कनेक्ट कर सकेंगे.

• टेस्ट रिपोर्ट समझना: यह हालिया लैब टेस्ट रिपोर्ट को आसान भाषा में समझाने में मदद करेगा.
• वर्कआउट और डाइट: आपकी लाइफस्टाइल के हिसाब से डाइट और एक्सरसाइज की सलाह देगा.
• इंश्योरेंस सलाह: आपके हेल्थ पैटर्न के आधार पर अलग-अलग इंश्योरेंस विकल्पों के फायदे और नुकसान बताएगा.

डेटा सुरक्षा पर खास जोर, AI ट्रेनिंग में इस्तेमाल नहीं होगा डेटा

मेडिकल डेटा की संवेदनशीलता को देखते हुए ओपनएआई ने सख्त सुरक्षा इंतजाम किए हैं. कंपनी के अनुसार:

• हेल्थ सेक्शन में होने वाली बातचीत पूरी तरह एन्क्रिप्टेड और अलग रखी जाएगी.
• इस डेटा का इस्तेमाल एआई मॉडल को ट्रेन करने के लिए नहीं किया जाएगा.
• हेल्थ चैट की मेमोरी सामान्य चैट से अलग होगी और यूजर्स जब चाहें इसे डिलीट कर सकेंगे.

कैसे मिलेगा यह फीचर और कहां है उपलब्ध

चैटजीपीटी हेल्थ का इस्तेमाल करने के लिए फिलहाल यूजर्स को वेटलिस्ट में साइन-अप करना होगा. एक्सेस मिलने के बाद यह चैटजीपीटी के साइडबार में ‘Health’ नाम से दिखाई देगा. मेडिकल रिकॉर्ड जोड़ने की सुविधा अभी सिर्फ अमेरिका के यूजर्स के लिए उपलब्ध है.

कंपनी ने यह भी साफ किया है कि इसमें ‘कस्टम निर्देश’ देने की सुविधा होगी, ताकि चैटजीपीटी यह समझ सके कि किन बातों पर ध्यान देना है और क्या नहीं कहना है.