देश
BJP के राष्ट्रीय अधिवेशन का दूसरा दिन
नई दिल्ली। दिल्ली के भारत मंडपम में भाजपा के राष्ट्रीय अधिवेशन के दूसरे दिन रविवार (18 फरवरी) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संबोधित कर रहे हैं। मोदी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता चौबीसों घंटे देशसेवा में लगा रहता है। लेकिन आने वाले 100 दिन नई ऊर्जा, नए उत्साह से काम करने का है। प्रधानमंत्री जैन संत विद्यासागर जी महाराज की बात करते हुए भावुक भी हो गए। इससे पहले गृह मंत्री अमित शाह ने अपने 56 मिनट के भाषण में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 10 साल की उपलब्धि, रामलला के प्राण प्रतिष्ठा, कांग्रेस, राहुल गांधी, परिवारवाद, भ्रष्टाचार, I.N.D.I. अलायंस और 2024 लोकसभा चुनाव पर बात की।शाह ने कांग्रेस पर कहा- इन लोगों ने अपनी सरकार रहते जमीन से आसमान और समंदर तक घोटाले किए। शाह ने I.N.D.I. अलायंस पर निशाना साधते हुए कहा- विपक्षी दलों का ये गठजोड़ सिर्फ 7 पारिवारिक पार्टियों का गठबंधन है। उसे सिर्फ अपने परिवार की चिंता है।अधिवेशन में UPA सरकार के 10 साल के कार्यकाल के दौरान भारतीय अर्थव्यवस्था पर एक श्वेत पत्र जारी किया गया। इसके अलावा राम जन्मभूमि पर रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभिनंदन करते हुए भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने श्रीराम मंदिर निर्माण पर प्रस्ताव पेश किया।
कार्यकर्ताओं के लिए अगले 100 दिन नई उमंग नए जोश के हैं
राष्ट्रीय अधिवेशन में उपस्थित और देश के कोने-कोने से जुड़े भाजपा कार्यकर्ताओं का मैं अभिनंदन करता हूं। भाजपा का कार्यकर्ता साल के हर दिन चौबीसों घंटे देश की सेवा के लिए कुछ ना कुछ करता ही रहता है। अब अगले 100 दिन नई ऊर्जा, नई उमंग, नए उत्साह, नया विश्वास, नए जोश के साथ काम करने के हैं।
देशसेवा के लिए सबसे ज्यादा सीटें भाजपा को ही मिलेंगी
आज 18 फरवरी है। देश के नए युवा जो 18 वर्ष के हुए हैं, वो 18वीं लोकसभा का चुनाव करेंगे। अगले 100 दिन हर नए वोटर, हर लाभार्थी, हर वर्ग-हर समाज, हर एक तक पहुंचना है। सबका विश्वास हासिल करना है। सबका प्रयास होगा देश की सेवा के लिए सबसे ज्यादा सीटें भी भाजपा को ही मिलेंगी।
कल पदाधिकारियों के साथ बैठने का मौका मिला। नड्डाजी, उनकी टीम और आप सबको बधाई देता हूं। सालभर के काम की रिपोर्टिंग सुन रहा था, तब इतना प्रभावित हुआ कि भाजपा के कार्यकर्ता सत्ता में रहने के बाद भी समाज के लिए इतना करते हैं। संकटों के बीच भी काम करते हैं। सिर्फ और सिर्फ भारत मां की जय के लिए करते हैं। 2 दिन की चर्चा देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए हमारे संकल्प को दृढ़ करने वाली बातें हुई हैं।
विद्यासागर जी का समाधि लेना व्यक्तिगत क्षति
आज मैं देशवासियों की तरफ से संत शिरोमणि आचार्य श्री 108 पूज्य विद्यासागरजी महाराज को आदरपूर्वक नमन करते हुए श्रद्धांजलि देता हूं। उनके समाधिस्थ होने की सूचना मिलने के बाद अनुयायी और हम सभी शोक में हैं। मेरे लिए यह व्यक्तिगत क्षति जैसा है। बरसों तक मुझे व्यक्तिगत रूप से अनेक बार उनसे मिलने का अवसर मिला। कुछ दिन पहले मैंने प्रवास कार्यक्रम को बदलकर सुबह सुबह उनके पास पहुंचा। तब पता नहीं था कि मैं दोबारा उनसे नहीं मिलूंगा। उनके दर्शन नहीं कर पाऊंगा। मेरा सौभाग्य रहा है कि पिछले 50 से भी ज्यादा वर्षों से मुझे देश की आध्यात्मिक मूर्तियों के निकट रहने और आशीर्वाद पाने का मौका मिला। वे दिगंबर परंपरा से थे। उनका जीवन कैसा होता है, हम जानते हैं। मुझसे जुड़ी शायद ही ऐसी कोई कोई महत्वपूर्ण घटना नहीं होगी, जो उन्हें पता न हो। 24 घंटे के भीतर-भीतर एनालिसिस करके मुझे उनका संदेश आता था। इसे पता चलता है कि वे कितने जागरूक थे। उनके सिद्धांत और उनका आशीर्वाद ऐसे ही भारत भूमि को प्रेरणा देता रहेगा।
देश के सपने भी विराट होंगे और संकल्प भी विराट होंगे
पिछले 10 साल में भारत ने जो गति हासिल की है। बड़े लक्ष्यों को हासिल करने का जो हौसला पाया है, वो अभूतपूर्व है। ये मैं नहीं, पूरी दुनिया गाजेबाजे के साथ बोल रही है। हर देशवासी को एक बड़े संकल्प के साथ जोड़ दिया है। ये संकल्प है विकसित भारत का। अब देश ना छोटे सपने देख सकता है और ना छोटे संकल्प ले सकता है। सपने भी विराट होंगे और संकल्प भी विराट होंगे। हमें भारत को विकसित बनाना है। अगले 5 साल में भारत को पहले से भी कई गुना तेजी से काम करना है। अगले 5 साल में हमें विकसित भारत की तरफ एक लंबी छलांग लगानी है।
विपक्ष भी कह रहा है अबकी बार 400 पार
सारे लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए पहली शर्त है- सरकार में भाजपा की जोरदार वापसी। आज विपक्ष के नेता भी एनडीए सरकार 400 पार के नारे लगा रहे हैं। एनडीए को 400 पार कराने के लिए भाजपा को 300 का माइलस्टोन पार करना होगा। कई बार लोग मुझसे कहते हैं कि अरे मोदीजी आपने इतना तो कर लिया, जो बड़े संकल्प थे वो पूरे कर लिए और अब क्यों इतनी भागदौड़? पूरा देश मानता है कि 10 साल का कार्यकाल और 25 करोड़ को बाहर निकालना सामान्य उपलब्धि नहीं है। हमने देश को महाघोटालों और आतंकी हमलों से मुक्ति दिलाई है। गरीब और मिडिल क्लास का जीवन बेहतर करने का काम किया है।
करोड़ों युवाओं, बहनों-बेटियों, करोड़ों गरीबों का सपना ही मोदी का संकल्प
प्रधानमंत्री पद के दूसरे कार्यकाल में एक व्यक्ति ने कहा कि मोदीजी प्रधानमंत्री बनना बड़ी बात है और आप बन गए। संगठन का काम किया, सीएम रहे। अब थोड़ा आराम कीजिए। बहुत कर लिया। उनकी वो भावना राजनीति के पुराने अनुभवों से थी। साथियो! हम राजनीति के लिए राष्ट्रनीति के लिए निकले हैं। हम तो छत्रपति शिवाजी महाराज को मानने वाले लोग हैं। जब उनका राज्याभिषेक हुआ, तब उन्होंने आनंद नहीं लिया। उन्होंने अपना मिशन जारी रखा। ऐसे ही उनसे प्रेरणा लेकर अपने सुख वैभव के लिए जीने वाला व्यक्ति नहीं हूं। मैं भाजपा सरकार का तीसरा टर्म सत्ता भोग के लिए नहीं मांग रहा। मैं राष्ट्र संकल्प लेकर निकला व्यक्ति हूं। अगर घर की चिंता करता तो आज करोड़ों गरीबों के घर नहीं बना पाता। मैं देश के बच्चों के भविष्य के लिए जीता हूं, जागता हूं और जूझता रहता हूं।
जिन्हें किसी ने नहीं पूछा, हमने उन्हें पूछा और पूजा
10 साल में जो हासिल किया, वो पड़ाव मात्र है। मंजिल तक पहुंचने का नया विश्वास है। अभी हमें देश के लिए, कोटि-कोटि भारतीयों का जीवन बदलने के लिए बहुत कुछ हासिल करने का संकल्प है। बहुत से निर्णय अभी बाकी हैं। आज भाजपा युवा शक्ति, नारी शक्ति, गरीब और किसान की शक्ति को विकसित भारत के निर्माण की शक्ति बना रही है। पहले लोगों को लगता था कि सरकारें बदलती हैं, व्यवस्था नहीं बदलती। हमने सच्चे अर्थों में सामाजिक न्याय की भावना है, हर व्यवस्था को पुरानी सोच-पुरानी अप्रोच से बाहर निकाला। जिन्हें किसी ने नहीं पूछा, हमने उन्हें पूछा है और पूजा है।
पहले की सरकारों ने महिलाओं की नहीं सोची
आदिवासियों के लिए पीएम जनधन योजना लाए। पीएम विश्वकर्मा योजना लाए। रेहड़ी पर काम करने वाले लाखों साथियों के लिए किसी ने नहीं सोचा, हमने उनके लिए योजना बनाई। पहले की सरकारों ने महिलाओं के जीवन में आने वाली परेशानियों की चिंता नहीं की। हमारे यहां बेटियों को गर्भ में मार डालने की विराट समस्या थी। हमने उनके लिए सामाजिक चेतना, कड़े कानून का सहारा लिया। पहली बार बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का जन आंदोलन चला। हमने पोषण अभियान चलाया, ताकि गर्भवतियों को मदद मिले। स्वस्थ महिला ही स्वस्थ संतान को जन्म दे सकती है। मातृ वंदन योजना के तहत सवा तीन करोड़ बहनों को मदद मिली। सुरक्षित मातृत्व अभियान के लिए 5 करोड़ गर्भवती महिलाओं का हेल्थ चेकअप कराया। माता और शिशु के खतरों को कम करने के लिए ये प्रयास किए। हमने रेप में फांसी की सजा सुनिश्चित की। केस जल्दी निपटे, इसके लिए विशेष व्यवस्था बनाई।
पहला प्रधानमंत्री हूं, जिसने शौचालय के बारे में सोचा
पहला प्रधानमंत्री हूं, जिसने शौचालय के बारे में सोचा। महिलाओं के खिलाफ अपशब्द बोलने वालों के लिए कानून लाए। 3 करोड़ से ज्यादा महिलाओं के नाम घर रजिस्टर्ड कराकर उन्हें घर की मालकिन बनाया। 12 करोड़ महिलाओं के लिए शौचालय बनाया। 1 रुपए में सुविधा सैनेटरी पैड दिए। बहनों को आर्थिक रूप से सशक्त करने के लिए, बेटी को नौकरी करने में आसानी हो, इसके लिए कदम उठाए। एक करोड़ लखपति बहनें बनाई। 26 हफ्ते की प्रेग्नेंसी लीव कर दी। पैरा मिलिट्री में महिलाओं की भर्ती दो गुने से ज्यादा कर दी। हमने सैन्य स्कूलों के दरवाजे बेटियों के लिए खोल दिए। 26 जनवरी को कर्तव्य पथ भारत की नारी शक्ति से देश को प्रेरणा दे रहा था। आने वाले समय में उनके लिए अवसर ही अवसर हैं। मिशन शक्ति से नारी सशक्तिकरण का इकोसिस्टम बनेगा।15 हजार महिला सेल्फ हेल्थ ग्रुप को ड्रोन मिलेंगे।
जो काम सदियों से लटके थे, उनका समाधान करने का साहस दिखाया
जो काम सदियों से लटके थे, हमने उनका समाधान करने का साहस दिखाया। अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण कर 5 सदियों का इंतजार किया। 500 साल बाद गुजरात में स्वर्ण पताका फहरी, 7 दशक बाद देश को 370 से मुक्ति मिली, 6 दशक बाद राजपथ कर्तव्य पथ बना, 4 दशक बाद वन रैंक-वन पेंशन मिली, 3 दशक बाद लोकसभा-विधानसभा में महिलाओं को आरक्षण मिला। हमने तीन तलाक का कानून बनाया, नई संसद बनाई।
तीसरे टर्म में भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक ताकत बनाएंगे
विपक्ष के हमारे दल भले ही योजनाओं को पूरा करना ना जानते हों, लेकिन झूठे वादे करने में इनका कोई जवाब नहीं। एक वादा करने से ये सारे राजनीतिक दल घबराते हैं। हमारा वादा विकसित भारत का है। इन लोगों ने स्वीकार कर लिया है, ये लोग भारत को विकसित नहीं बना सकते। सिर्फ भाजपा पार्टी है और एनडीए गठबंधन है, जिसने ये सपना देखा। 2047 तक भारत को विकसित बनाने के लिए हम काम करेंगे। हमने तीसरे टर्म में भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक ताकत बनाने का संकल्प लिया है। ये मोदी की गारंटी है।
11 से 10 नंबर पर आने में उनका दम भर गया, हम अर्थव्यवस्था 5वें पायदान पर ले आए
भारत को वन बिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने में 60 साल लगे। 2014 के बाद टू ट्रिलियन मार्क भी बहुत बड़ा रहा था। 10 साल में हमने अर्थव्यवस्था में 2 ट्रिलियन डॉलर और जोड़ दिए। एक के लिए 60 साल और 10 साल में दो और जोड़ दिए। 11 से 10 नंबर पर आने में उनका दम भर गया, हम 5 पर ले आए। आज इन्फ्रा बजट 11 लाख करोड़ को पार कर चुका है। इसी वजह से गरीबों के करोड़ों घर बन रहे, घर-घर पानी पहुंच रहा है, मेडिकल कॉलेज, अस्पताल, गांव तक सड़कें बन रही हैं। जब टॉप 3 में पहुंचेंगे, तब आप कल्पना कर सकते हैं कि विकास के लिए हमारे पास कितनी ज्यादा पूंजी होगी। भारत के टॉप 3 इकोनॉमी में आने का मतलब है कि हर परिवार की आय बढ़ेगी, जीवन सुधरेगा, पब्लिक ट्रांसपोर्ट आधुनिक बनेगा, रोजगार के और ज्यादा मौके मिलेंगे।
विकसित भारत के लिए 15 लाख से ज्यादा लोगों ने रोडमैप बताया
मुझे खुशी है कि आज विकसित भारत की बागडोर युवाओं ने संभाल ली है। डेढ़ साल में सुझावों के लिए हम चुपचाप काम कर रहे हैं और इसमें पूरी मशीनरी को लगाया है। अब तक 15 लाख से ज्यादा लोगों से रोडमैप को लेकर विचार-विमर्श किया और आइडिया दिया। 15 लाख में से आधे से ज्यादा वो लोग हैं, जिनकी उम्र 35 से कम है। हम 2029 में भारत में यूथ ओलंपिक के लिए तैयारी कर रहे हैं। 2030 तक रेलवे को कार्बन मुक्त करने की दिशा में काम कर रहे हैं।
ISRO ने की INSAT-3D सैटेलाइट की लॉन्चिंग
श्रीहरिकोटा। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने शनिवार (17 फरवरी) को मौसम की सटीक जानकारी देने वाले सैटेलाइट INSAT-3DS को लॉन्च किया। इसे श्रीहरिकोटा के सतीश धवन स्पेस सेंटर से शाम 5.35 बजे लॉन्च किया गया। सैटेलाइट की लॉन्चिंग GSLV Mk II रॉकेट से हुई। ये 19 मिनट 13 सेकंड में जियोसिंक्रोनस ट्रांसफर ऑर्बिट (GTO) यानी पृथ्वी की ऊपरी कक्षा में पहुंचा।
1 जनवरी 2024 को PSLV-C58/EXPOSAT मिशन की लॉन्चिंग के बाद 2024 में इसरो का यह दूसरा मिशन है। यह INSAT-3D सीरीज की 7वीं उड़ान होगी। इस सीरीज का आखिरी सैटेलाइट INSAT-3DR 8 सितंबर 2016 को लॉन्च किया गया था।
इसरो के अध्यक्ष एस सोमनाथ के अनुसार 10 नवंबर 2023 से INSAT-3DS के वाइब्रेशन टेस्ट शुरू हो गए थे। यह 6-चैनल इमेजर और 19-चैनल साउंडर के जरिए मौसम से जुड़ी जानकारी देगा। साथ ही सर्च और रेस्क्यू के लिए जमीनी डेटा और मैसेज रिले करेगा।
क्या करेगा INSAT-3DS
2274 किलोग्राम वजनी सैटेलाइट एक बार चालू होने के बाद अर्थ साइंस, मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ ओशन टेक्नोलॉजी (एनआईओटी), मौसम पूर्वानुमान केंद्र और भारतीय राष्ट्रीय केंद्र के तहत विभिन्न विभागों को सेवा प्रदान करेगा।
51.7 मीटर लंबा रॉकेट इमेजर पेलोड, साउंडर पेलोड, डेटा रिले ट्रांसपोंडर और सैटेलाइट एडेड सर्च एंड रेस्क्यू ट्रांसपोंडर ले जाएगा। जिनका उपयोग बादल, कोहरे, वर्षा, बर्फ और उसकी गहराई, आग, धुआं, भूमि और समंदरों पर स्टडी के लिए किया जाएगा।
इनसैट सीरीज क्या है
इनसैट या इंडियन नेशनल सैटेलाइट सिस्टम, भारत की कम्यूनिकेशन, टेलीकास्ट, मौसम विज्ञान और सर्च एंड रेस्क्यू की जरूरतों को पूरा करने के लिए इसरो ने बनाया है। यह जियो स्टेशरी सैटेलाइट्स की सीरिज है। इसकी शुरुआत 1983 में की गई। इनसैट एशिया प्रशांत क्षेत्र में सबसे बड़ा लोकल कम्यूनिकेशन सिस्टम है।
सैटेलाइट्स की निगरानी और कंट्रोल कर्नाटक के हासन और मध्य प्रदेश के भोपाल में स्थित मेन कंट्रोल सेंटर्स से किया जाता है। इस सीरिज के अब तक छह सैटेलाइट्स लॉन्च किए जा चुके हैं। आखिरी सैटेलाइट INSAT-3DR है। यह अभी भी काम कर रहा है।
अंतरिक्ष विज्ञान में उभरते युवा छात्रों को ISRO दे रहा एक मौका
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन ने युवा विज्ञानी कार्यक्रम 2024 का आरंभ कर दिया है. संगठन द्वारा जारी आधिकारिक अपडेट के अनुसार ISRO युविका 2024 के लिए पंजीकरण 20 फरवरी से किए जा सकेंगे जबकि आखिरी तारीख 20 मार्च निर्धारित की गई है. अपने बच्चे का करियर अंतरिक्ष विज्ञान में बनाने का सपना देखने वाले पैरेंट्स के लिए काम की खबर. भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन ने युवा विज्ञानी कार्यक्रम का आरंभ कर दिया है.
पहली सूची 28 मार्च को जारी होगी
ISRO युविका 2024 के लिए पंजीकरण 20 फरवरी से किए जा सकेंगे, जबकि आखिरी तारीख 20 मार्च निर्धारित की गई है. इसके बाद चयनित किए गए छात्र-छात्राओं की पहली सूची 28 मार्च तथा दूसरी 4 अप्रैल को जारी होगी.
क्या है इसरो युविका?
ISRO का युवा विज्ञानी कार्यक्रम के माध्यम से अंतरिक्ष विज्ञान और अंतरिक्ष विज्ञान में उभरते रुझानों में युवा छात्रों को स्पेस टेक्नोॉजी, स्पेस साइंस और स्पेस अप्लीकेशन आदि के बारे में बेसिक जानकारियां दी जाती हैं. ISRO द्वारा “कैच देम यंग” के अंतर्गत इस कार्यक्रम को तैयार किया गया है. यह प्रोग्राम स्टूडेंट्स को साइंस, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग और मैथ आधारित रिसर्च/कैरियर में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने के लॉन्च किया गया है.
12 दिनों की ट्रेनिंग
इसरो युविका प्रोग्राम के लिए सेलेक्ट होने पर स्टूडेंट्स को 13 से 24 मई 2024 तक यानी 12 दिनों के लिए ISRO के 7 स्पेस सेंटर्स पर ट्रेनिंग, स्टडी मैटेरियल, फूडिंग और लॉजिंग, यात्रा भत्ता, आदि की व्यवस्था की जाएगी.
कहां करें आवेदन?
इच्छुक पैरेंट्स अपने बच्चे का ISRO के YUVIKA 2024 के लिए रजिस्ट्रेशन आधिकारिक वेबसाइट, jigyasa.iirs.gov.in पर कर सकते हैं. पैरेंट्स को ध्यान देना चाहिए कि इस प्रोग्राम के आवेदन या सम्मिलित होने के लिए उन्हें किसी भी प्रकार का कोई शुल्क नहीं देना है.
किसान आंदोलन का तीसरा दिन : पंजाब में रेल रोको आंदोलन और 16 को भारत बंद का ऐलान
चंडीगढ़। किसानों के प्रदर्शन का आज तीसरा दिन है. केंद्र सरकार और किसान नेताओं के बीच आज चंडीगढ़ में शाम 5 बजे बैठक होनी है. वहीं भारतीय किसान यूनियन उग्राहां गुट ने किसान आंदोलन का समर्थन करते हुए पंजाब में रेल रोको आंदोलन का ऐलान कर दिया है. संयुक्त किसान मोर्चा और किसान मजदूर समिति को मिलाकर 26 संगठनों ने 16 फरवरी को भारत बंद कस ऐलान किया है. किसान देशभर में मुख्य सड़कों पर चक्का जाम में शामिल होंगे.
आज गुरुवार को सीबीएसई बोर्ड परीक्षाएं भी चालू हैं. इसे लेकर एक एडवाइडरी जारी की गई है. इस एडवाइजरी में कहा गया है कि परीक्षा देने वाले छात्र अपने घरों से जल्दी निकलें, जिससे कि वो समय पर परीक्षा केंद्रों पर पहुंच सकें.
इसके अलावा भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) ने गुरुवार (15 फरवरी) को 11 बजे एक आपात बैठक बुलाई है. ये बैठक केंद्रीय कार्यालय (चढ़ूनी गांव) में संगठन के पदाधिकारियों के साथ होगी, जिसकी अध्यक्षता गुरनाम चढ़ूनी करेंगे. मीटिंग में आंदोलन की आगामी रणनीति बनाई जाएगी. किसान आंदोलन को देखते हुए दिल्ली हरियाणा के सिंघु बॉर्डर को पुलिस ने सील कर दिया है. पैदल जाने वालों के लिए पुलिस ने रास्ता छोड़ा था, लेकिन अब उस रास्ते को भी पूरी तरीके से बंद कर दिया गया है. सिंघु बॉर्डर पर दिल्ली पुलिस के साथ-साथ पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों की तैनाती बढ़ा दी गई है.
बढ़ते कदम… अंतरराष्ट्रीय पटरियों पर दौड़ेंगी भारत की ‘वंदे भारत’ ट्रेनें, रेल मंत्री ने किया खुलासा
नई दिल्ली। भारत ‘वंदे भारत’ ट्रेनों के निर्यात की योजना पर काम कर रहा है. भारतीय रेलवे से ‘वंदे भारत’ के संबंध में चिली सहित अन्य कई देशों से जानकारी मांगी जा रही है. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ग्लोबल बिजनेस समिट में कहा.
रेल मंत्रालय सार्वजनिक और निजी क्षेत्र की इकाइयों के साथ स्वदेशी डिजाइन और क्षमता के साथ ट्रेन के लिए अपनी कार्यशालाओं में कई प्रकार के कलपुर्जे के निर्माण के लिए क्षमता विकसित कर रहा है. अश्विनी वैष्णव ने कहा, ”हमारे देश में वंदे भारत को विकसित करना चुनौती थी. इंजीनियरों ने चुनौती को बहुत अच्छी तरह से लिया है. मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं कि आने वाले वर्षों में हम इस ट्रेन का निर्यात शुरू कर देंगे.”
नई दिल्ली-मुंबई और नई दिल्ली-हावड़ा मार्गों पर ट्रेनों की गति 160 किलोमीटर प्रति घंटे तक बढ़ाने के प्रयासों के साथ वंदे भारत ट्रेनों की संख्या बढ़कर 82 हो गई है. वैष्णव ने कहा कि 31 जनवरी 2024 तक, देश भर में 82 वंदे भारत ट्रेन सेवाएं चालू हैं, जो राज्यों को ब्रॉड गेज (बीजी) विद्युतीकृत नेटवर्क से जोड़ती हैं.
इसके अलावा, ट्रेन सेवाओं के ठहराव का प्रावधान और वंदे भारत सहित नई ट्रेन सेवाओं की शुरुआत, परिचालन व्यवहार्यता, यातायात औचित्य, संसाधन उपलब्धता आदि के अधीन भारतीय रेलवे पर चल रही प्रक्रियाएं हैं.
राज्यपाल हरिचंदन ने की लालकृष्ण आडवाणी से मुलाकात
रायपुर। राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने आज नई दिल्ली में पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी से मुलाकात कर उन्हें भारत रत्न सम्मान मिलने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी। राज्यपाल ने उन्हें पुष्पगुच्छ और रामलला की प्रतिमा स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट की।
इस अवसर पर राज्यपाल हरिचंदन ने स्मरण करते हुए कहा कि आडवाणी के साथ उनके घनिष्ठ संबंध रहे है और उनके सार्वजनिक जीवन के सफर के दौरान आडवाणी जी से महत्वपूर्ण सलाह मिलती थी। राज्यपाल ने कहा कि आडवाणी के मार्गदर्शन में ओडिशा राज्य समृद्ध हुआ और प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ा।
चुनाव प्रचार में बच्चों और नाबालिग का इस्तेमाल नहीं हो पाएगा…चुनाव आयोग ने राजनीतिक दलों को दिया सख्त निर्देश
नई दिल्ली। 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर निर्वाचन आयोग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं. सोमवार को चुनाव आयोग ने चुनाव प्रचार में बच्चों और नाबालिग को शामिल न करने की हिदायत दी है. आयोग ने सख्य निर्देश जारी किए हैं और कहा है कि आम चुनाव में प्रचार के पर्चे बांटते हुए, पोस्टर चिपकाते हुए, नारे लगाते हुए या पार्टी के झंडे बैनर लेकर चलते हुए बच्चे या नाबालिग नहीं दिखने चाहिए.
चुनाव आयोग का कहना है कि चुनाव संबंधी कार्यों या चुनाव अभियान गतिविधियों में बच्चों को शामिल करना बर्दाश्त नहीं किया जा सकता. इस गाइडलाइन में किसी भी तरीके से बच्चों का राजनीतिक अभियान में शामिल करना, जिसमें कविता पाठ करना, गीत, नारे या बच्चों के द्वारा बोले गए शब्द या फिर उनके द्वारा किसी भी राजनीतिक पार्टी या उम्मीदवार के प्रतीक चिन्हों का प्रदर्शन करना शामिल है. चुनाव अभियान संबंधी गतिविधियों में बच्चों को शामिल करना बर्दाश्त नहीं किया जा सकता.
आयोग ने कहा कि अगर कोई भी दल अपने चुनाव प्रयास में बच्चों को शामिल करते हुए पाया गया तो बाल श्रम से संबंधित सभी अधिनियम, कानूनों के तहत कार्रवाई की जाएगी. इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी, रिटर्निंग अधिकारी को कार्रवाई करने के जिम्मेदारी दी गई है. हालांकि, किसी राजनीतिक नेता के आसपास अपने माता-पिता या अभिभावक के साथ एक बच्चे की मौजूदगी को चुनाव प्रचार गतिविधि में शामिल नहीं किया गया है और न ही इस गाइडलाइन का उल्लंघन माना जाएगा.
लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न मिलेगा
दिल्ली। बीजेपी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न मिलेगा. इसकी जानकारी खुद पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए दी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिखा, ‘मुझे यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि लालकृष्ण आडवाणी जी को भारत रत्न से सम्मानित किया जाएगा. मैंने भी उनसे बात की और इस सम्मान से सम्मानित होने पर उन्हें बधाई दी. हमारे समय के सबसे सम्मानित राजनेताओं में से एक, आडवाणी जी का भारत के विकास में अविस्मरणीय योगदान है.
उनका जीवन जमीनी स्तर पर काम करने से शुरू होकर हमारे उपप्रधानमंत्री के रूप में देश की सेवा करने तक का है. उन्होंने हमारे गृह मंत्री और सूचना एवं प्रसारण मंत्री के रूप में भी अपनी पहचान बनाई. उनके संसदीय हस्तक्षेप हमेशा अनुकरणीय और समृद्ध अंतर्दृष्टि से भरे रहे हैं.’
आडवाणी जी को भारत रत्न की घोषणा पर बृजमोहन ने कहा ,जनभावनाओं का हुआ सम्मान,धन्यवाद मोदी जी
पाकिस्तान के इस पूर्व पीएम ने भी एक बार पेश किया था भारत का बजट, जानिए क्या थी वजह
टैक्स स्लैब से लेकर महिला और किसान तक, बजट में किसके लिए क्या ऐलान
नई दिल्ली। संसद का बजट सत्र बुधवार से शुरू हो गया है। आज गुरुवार 1 फरवरी 20204 को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण संसद में अंतरिम बजट पेश कर दिया है। आगामी लोकसभा चुनाव के कारण ये अंतरिम बजट है। चुनाव के बाद पूर्ण बजट पेश होगा। ये मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का आखिरी बजट है। आइए जानते हैं इस बजट के सभी बड़े ऐलान का अपडेट हमारे इस लाइव ब्लॉग की मदद से:
जनसंख्या की चुनौतियों पर विचार होगा- वित्त मंत्री
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में कहा कि बढ़ती जनसंख्या की चुनौतियों पर विचार करने के लिए कमेटी का गठन किया जाएगा।
अन्य शहरों में होगा मेट्रो रेल का विस्तार
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि टूरिज्म के लिए राज्यों को ब्याज मुक्त लोन मिलेगा। मेट्रो रेल का विस्तार अन्य शहरों में किया जाएगा।
सालों पुराने टैक्स विवाद के मामले वापस लिए जाएंगे- वित्त मंत्री
वित्त मंत्री ने कहा कि सालों पुराने टैक्स विवाद के मामले वापस लिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि कुछ मामले तो साल 1960-70 के भी हैं। टैक्स मामले वापस लेने से 1 करोड़ टैक्सपेयर्स को फायदा मिलेगा।
2014 के मुकाबले अर्थव्यवस्था काफी बेहतर स्थिति में
वित्त मंत्री ने कहा कि2014 में हमारी सरकार आने के बाद अर्थव्यवस्था को दुरुस्त करने की जिम्मेदारी थी। सरकार ने निवेश समेत सभी लक्ष्यों को सफलतापूर्वक हासिल किया है। अर्थव्यस्था सर्वांगिन विकास के साथ आगे बढ़ रही है।
जनता को टैक्स से अभी राहत नहीं मिलेगी
वित्त मंत्री ने कहा कि डायरेक्ट टैक्स और इनडायरेक्ट टैक्स की दरों में अभी कोई बदलाव नहीं होने जा रहा है। यहा पहले की तरह ही रहेंगी।
जीएसटी की वजह से इंडस्ट्री का कंप्लांयस घटा
वित्त मंत्री ने कहा है कि जीएसटी की वजह से इंडस्ट्री का कंप्लांयस घटा है। सरकार बजार से उधारी घटाएगी।
अभी 7 लाख तक की आय के लिए कोई टैक्स नहीं
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने पहले के मुकाबले कर दरों में काफी कटौती की है। अब 7 लाख तक की आय के लिए कोई टैक्स नहीं है।
डीप टेक टेक्नोलॉजी के लिए नई स्कीम
रक्षा सेक्टर की जरूरतों को देखते हुए डीप टेक टेक्नोलॉजी के लिए नई स्कीम लाई जाएगी: वित्त मंत्री
राजकोषिय घाटा जीडीपी का 5.8 फीसदी- वित्त मंत्री
बजट भाषण में वित्त मंत्री ने कहा कि राजकोषिय घाटा जीडीपी 5.8 फीसदी, जो बजट अनुमान की तुलना में बेहतर है। 2024 -25 में राजकोषिय घाटा 5.1 रहने की उम्मीद है। आगे जाकर 2026 में हम इसे 4.5 फीसदी से नीचे ले आएगें।
वर्ष 2014 से पहले की हर चुनौती से उभर गए- वित्त मंत्री
वर्ष 2014 से पहले की हर चुनौती से उभर गए हैं। ये सभी हमारी सरकार की सही नीतियों के कारण हुआ है। जुलाई में सरकार विकसित भारत का रोडमैप तय करेगी।
सरकार पर्यटन को बढ़ावा देगी- वित्त मंत्री
वित्त मंत्री ने कहा कि आध्यात्मिक पर्यटन के प्रति आकर्षण तेजी से बढ़ा। सरकार आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देगी। इसके अलावा भारत के लक्षद्वीप समेत समूचे देश में विकास किया जाएगा। इससे पर्यटन भी बढ़ेंगा और रोजगार का भी सृजन होगा।
सतत विकास को सुविधाजनक बनाएंगे
वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार आर्थिक दृष्टिकोण अपनाएगी जो सतत विकास को सुविधाजनक बनाएगा और उत्पादकता में सुधार लाएगा।
एविएशन सेक्टर का कायापलट हुआ- वित्त मंत्री
वित्त मंत्री ने कहा कि एविएशन सेक्टर का बीते 10 साल में कायापलट किया गया है। उड़ान योजना के तहत 100 नए एयरक्राफ्ट लिए जा रहे हैं। 517 नए एयर रूट बनाए जा रहे हैं।
ई-बस को ट्रांसपोर्ट सिस्टम में जगह मिलेगी
वित्त मंत्री ने कहा कि इलेक्ट्रिक व्हीकल इकोसिस्टम को बढ़वा देगी सरकार। ई—बस को ट्रांसपोर्ट सिस्टम में जगह मिलेगी।
सरकार ने 11.1 लाख करोड़ कैपेक्स का ऐलान किया
इंफ्रा पर 11.1 फीसदी ज्यादा खर्च किया जाएगा। सरकार ने 11.1 लाख करोड़ कैपेक्स का ऐलान किया। एनर्जी, मिनरल और सीमेंट के लिए 3 नए रेलवे कॉरिडोर बनेंगे।
40 हजार रेलगाड़ी डिब्बों को वंदे भारत में बदला जाएगा
वित्त मंत्री ने कहा कि रेल यात्रियों की सुविधा के लिए 40 हजार रेलगाड़ी डिब्बों को वंदे भारत की तर्ज पर बदला जाएगा। आर्थिक गलियारा बनाने से ट्रेनों के परिचालन में सुधार भी आएगा।
बढ़ाया गया लखपति दीदी योजना का दायरा
वित्त मंत्री ने कहा कि देश की 1 करोड़ महिलाएं लखपति दीदी बनी हैं। ये अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा हैं। इन्हें सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही लखपति दीदी योजना के दायरे का लक्ष्य 2 करोड़ से बढ़ाकर 3 करोड़ किया गया है।
मछलीपालन को बढ़ावा मिलेगा- वित्त मंत्री
सी फूड का निर्यात दोगुना हुआ है। जल कृषि उत्पादकता को 3 टन से 5 टन किया जाएगा। रोजगार के 55 लाख अवसरों का सृजन किया जाएगा।
तिलहन फसलों को बढ़ावा देगी सरकार- वित्त मंत्री
नैनो यूरिया के बाद अब नैनो डीएपी का प्रयोग भी शुरू किया जाएगा। सरसों, सोयाबीन, मूंगफली आदि के फसलों में अनुसंधान को बढ़ावा दिया जाएगा। इसमें बाजार मूल्य में भी बढ़ोतरी होगी। सरकार 5 एक्वा पार्क खोलेगी।
सर्वाइकल कैंसर वैक्सीनेशन कराएगी सरकार- वित्त मंत्री
बजट भाषण में वित्त मंत्री ने कहा कि मिशन सर्वाइकल कैंसर के टीकाकरण को सरकार बढ़ावा देगी। 9 से 14 साल की लड़कियों को मुफ्त में टीका दिया जाएगा।
एक करोड़ घरों को 300 यूनिट सोलर बिजली फ्री- वित्त मंत्री
वित्त मंत्री ने कहा कि देश के एक करोड़ घरों की छत पर सोलर पैनल लगाए जाएंगे। लोगों को 300 यूनिट सोलर बिजली फ्री में मिलेगी।
3 करोड़ घर बने, अभी 2 करोड़ और बनाएंगे
वित्तन मंत्री ने कहा है कि मोदी सरकार के कार्यकाल में पीएम अवास योजना ग्रामीण के तहत 3 करोड़ बनाए गए। इस योजना के तहत अगले 5 साल में 2 करोड़ और अधिक घर बनाएंगे।
हमने महंगाई को अधिक बढ़ने नहीं दिया- वित्त मंत्री
वित्त मंत्री ने बजट भाषण में कहा कि वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भी सरकार ने महंगाई को अधिक बढ़ने नहीं दिया। टैक्स रिफॉर्म से टैक्स का दायरा बढ़ा। ग्रामीण इलाकों में 70 फीसदी मकान महिलाओं को दिए गए।
वैश्विक स्तर पर बढ़ी महंगाई हमें भी प्रभावित कर रही
वित्त मंत्री ने अपने बजट भाषण में कहा कि वैश्विक अर्थव्यवस्था चिंता बढ़ा रही है। वैश्विक स्तर पर बढ़ी महंगाई और सुस्ती हमें प्रभावित कर रही है।
लोगों की औसत आमदनी 50 फीसदी बढ़ी- वित्त मंत्री
वित्त मंत्री सीतारमण ने संसद में कहा कि भारत के लोगों की औसत आमदनी 50 फीसदी बढ़ी है। देश में 15 नए AIIMS बनाए गए हैं। 390 नए विश्वविद्यालय बनाए गए हैं। 1361 नई मंडियां जोड़ी गईं हैं।
महिला आरक्षण, तीन तलाक जैसे मुद्दों का भी जिक्र
वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार देश की महिलाओं को सशक्त बनाने का काम कर रही है। महिलाओं को मुद्रा योजना से 30 करोड़ का लोन दिया गया। तीन तलाक के खिलाफ कानून लाया गया। महिलाओं को संसद व विधानसभा में आरक्षण दिया गया।
देश में 7 नई IIT, 7 नए IIM बनाए गए
वित्त मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार द्वारा 1.40 करोड़ युवाओं को स्किल्ड बनाया गया है। देश में 7 नई IIT, 7 नए IIM बनाए गए हैं।
विकास से जनता को फायदा हो रहा है
वित्त मंत्री ने संसद में कहा कि सरकार द्वारा किए गए विकास से जनता को फायदा हो रहा है। देशभर में 3000 नए आईटीआईआई खोले गए। पीएम मुद्रा योजना से 43 करोड़ रुपये की राशि ऋण में दी गई।
34 लाख करोड़ गरीबों के खाते में ट्रांसफर किए गए- वित्त मंत्री
वित्त मंत्री सीतारमण ने कहा कि मोदी सरकार ने 34 लाख करोड़ गरीबों के खाते में ट्रांसफर किए गए हैं। पीएम स्वनिधि से 18 लाख वेंडर्स को मदद मिली है।
2047 तक भारत बनेगा विकसित राष्ट्र- वित्त मंत्री
बजट भाषण के दौरान लोकसभा में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि भारत साल 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र बनेगा।
मोदी सरकार ने किसानों को मजबूत बनाया- वित्त मंत्री
वित्त मंत्री सीतारमण ने संसद में कहा कि मोदी सरकार ने किसान सम्मान निधि और पीएम फसल योजना से अन्नदता को आर्थिक रूप से मजबूत बनाया है। सरकार की नीति किसानों के बेहतरी के लिए रही है।
25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला
वित्त मंत्री सीतारमण ने बजट पेश कते हुए कहा कि हम गरीबों का विकास करने में यकीन करते हैं। पिछले 10 साल में 25 करोड़ लोगों को मोदी सरकार ने गरीबी से बाहर निकाला।
भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद को खत्म किया- वित्त मंत्री
वित्त मंत्री सीतारमण ने राजनीति में भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार का भी जिक्र किया है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने देश में भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद को खत्म किया।
अर्थव्यवस्था में सकारात्मक बदलाव देखें जा रहे हैं- वित्त मंत्री
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा है कि इस सरकार में देश को नई दिशा और नई उम्मीदें मिलीं हैं। देश में रोजगार के मौके तेजी से बढ़े हैं। अर्थव्यवस्था में सकारात्मक बदलाव देखें जा रहे हैं।
80 करोड़ लोगों को मुफ्त में राशन दे रहे हैं- वित्त मंत्री
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में कहा कि मोदी सरकार ने देश के 80 करोड़ लोगों को मुफ्त में राशन दिया है। इससे गरीबों को मदद मिली है।
सबका साथ, सबका विकास पर काम कर रही है मोदी सरकार- वित्त मंत्री
वित्त मंत्री सीतारमण अंतरिम बजट पेश कर रही हैं उन्होंने कहा है कि मोदी सरकार सबका साथ, सबका विकास पर काम कर रही है। 10 साल में अर्थव्यवस्था ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है।
56 राज्यसभा सीट के लिए चुनाव की तारीख का ऐलान, छत्तीसगढ़ की एक सीट भी शामिल
नई दिल्ली. भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने सोमवार को राज्यसभा की 56 सीटों पर चुनाव तारीखों का ऐलान कर दिया है. इनमें छत्तीसगढ़ की एक सीट भी शामिल हैं. बता दें कि राज्यसभा सांसद सरोज पाण्डेय का कार्यकाल अप्रैल 2024 में खत्म हो रहा है. अब देखना होगा कि सरोज पांडेय फिर रिपीट होंगी या कोई नए चेहरे को मौका मिलेगा.
चुनाव आयोग ने बताया कि इन 56 राज्यसभा सांसदों का कार्यकाल अप्रैल 2024 में खत्म हो रहा है.15 राज्यों की 56 राज्यसभा सीटों पर 27 फरवरी को मतदान होगा. इसके लिए नामांकन की आखिरी तारीख 15 फरवरी है.
जिन 15 राज्यों में राज्यसभा चुनाव होने हैं उनमें उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, गुजरात, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, राजस्थान, कर्नाटक, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश शामिल हैं. मालूम हो कि राज्यसभा के सदस्यों का चुनाव राज्य विधान सभाओं के निर्वाचित सदस्यों की ओर से अप्रत्यक्ष तौर पर किया जाता है.
जनवरी में ही राज्यसभा के लिए दिल्ली में आम आदमी पार्टी की ओर से नामित संजय सिंह, एनडी गुप्ता और स्वाति मालीवाल निर्विरोध निर्वाचित हुए थे. इन चुनावों के लिए किसी भी अन्य पार्टी ने उम्मीदवार नहीं उतारे थे. नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 9 जनवरी थी जबकि नामांकन पत्रों की जांच 10 जनवरी को की गई. नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख 12 जनवरी थी. सिंह, गुप्ता और दिल्ली महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष मालीवाल ने 19 जनवरी के राज्यसभा चुनावों के लिए अपना-अपना नामांकन 8 जनवरी को दाखिल किया था. AAP ने मालीवाल को अपना राज्यसभा उम्मीदवार नामित किया था. सिंह और गुप्ता को संसद के उच्च सदन में दूसरे कार्यकाल के लिए फिर से नामित किया गया.


किस हिंदू राजा ने अकबर की बेटी खानूम से की थी शादी? कई दूसरे राजाओं की भी थीं मुस्लिम बीवियां
इतिहास में कई ऐसे राजाओं का जिक्र है, जिन्होंने मुस्लिम शहजादियों से शादी की. कुछ राजपूत राजा तो ऐसे भी रहे हैं, जिन्होंने एक या दो नहीं तीन या चार मुस्लिम राजकुमारियों से भी शादी की. आज हम आपको बता रहे हैं ऐसे ही कुछ राजाओं के बारे में जिनकी पत्नियां मुस्लिम नवाबों या सुल्तानों की बेटियां थीं.
‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नारी शक्ति के साथ अंबिकापुर के अमलेंदु मिश्र का किया जिक्र
नई दिल्ली। आज पीएम मोदी ने मन की बात कार्यक्रम के 109वें एपिसोड को संबोधित किया। इस साल मन की बात कार्यक्रम का ये पहला एपिसोड था, जिसके जरिए पीएम मोदी लोगों से रूबरू हुए। कार्यक्रम की शुरुआत में उन्होंने कहा कि अमृतकाल में नई उमंग है, नई तरंग है। इस साल संविधान के भी 75 वर्ष हुए और सुप्रीम कोर्ट के भी 75 वर्ष पूरे। उन्होंने कहा कि संविधान के मूल प्रति के तीसरे अध्याय में लोगों के मूल अधिकारों का वर्णन किया गया है। दिलचस्प बात ये है कि तीसरे अध्याय के प्रारंभ में भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण के चित्रों को स्थान दिया गया है। संविधान निर्माताओं के लिए भी ये प्रेरणा का स्रोत था।
नारी शक्ति ने गणतंत्र दिवस को बनाया खास
पीएम मोदी ने कहा कि मेरी अपील पर मकर संक्रांति से 22 जनवरी तक लोगों ने श्रद्धा भाव से धार्मिक स्थानों की सफाई की, ये भावना रुकनी नहीं चाहिए। सामूहिकता की यही शक्ति देश को सफलती की नई ऊचाई पर पहुंचाएगी। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी की परेड बहुत अद्भूत रही। इसमें सबसे ज्यादा चर्चा विमेन वापर की हुई। सभी झाकियों में महिला कलाकार शामिल थीं। डीआरडीओ की झांकी ने भी सभी का ध्यान खींचा, जिसमें दिखाया गया कि कैसे नारी शक्ति हर क्षेत्र में देश की सुरक्षा कर रही है। 21 वीं सदी का भारत ऐसे ही मंत्र के साथ आगे बढ़ रहा है।
हर क्षेत्र में परचम लहरा रहीं महिलाएं
पीएम मोदी ने आगे कहा कि अर्जुन अवार्ड में कई होनहार खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इसमें सबका ध्यान महिला खिलाड़ियों ने खींचा। इन एथलीटों ने कई बड़े टूर्नामेंटों में हिस्सा लिया और भारत का परचम लहराया। बदलते हुए भारत में हर क्षेत्र में हमारी बेटियां कमाल कर रही हैं। इनके अलावा सेल्फ हेल्प ग्रुप के क्षेत्र में भी महिलाएं परचम लहरा रही हैं। वो दिन दूर नहीं जब गांव-गांव और खेतों में नमो ड्रोन दीदियां खेती करती दिखाई देंगीं।
पद्म पुरस्कार का बदल गया सिस्टम
पद्म पुरष्कार पाने वालें लोगों के बारे में बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि तीन दिन पहले ही पद्म पुरस्कारों का ऐलान किया गया है। इसमें ऐसे लोगों का नाम था, जिन्होंने जमीन से जुड़कर काम किया है। मीडिया की हेडलाइन से दूर, ये लोग बिना किसी लाइमलाइट के समाज सेवा में जुटे थे। पहले इन लोगों के बारे में शायद ही देखने को मिला, लेकिन अब पद्म सम्मान घोषित होने के बाद लोग इन लोगों के बारे में जानने के लिए ज्यादा से ज्यादा उत्सुक है। इसमें 30 महिलाएं हैं, जो जमीनी स्तर पर अपने कार्यों से देश और समाज को आगे ले जा रही हैं। पिछले एक दशक में पद्य सम्मान देने का सिस्टम पूरी तरह से बदल गया है। लोगों के पास खुद को भी नॉमिनेट करने का ऑप्शन दिया गया है। इससे साल 2014 के बाद से अब तक 28 प्रतिशत अधिक नॉमिनेशन प्राप्त हुए हैं।
अंगदान करने से बच सकती है किसी की जिंदगी
पीएम मोदी ने अंगदान को लेकर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि हमारे बीच कुछ लोग ऐसे होते हैं, जो जीवन के बाद भी समाज के दायित्वों को निभाते हैं। ये लोग अंगदान करके अपना दायित्व निभाते हैं। ये निर्णय आसान नहीं होता है, लेकिन ये निर्णय कई जिंदगियों को बचाने के लिए लिया जाता है। आज देश में कई संगठन भी इस दिशा में प्रेरक प्रयास कर रहे हैं। ऐसे प्रयासों से सकारात्मक माहौल बन रहा है और लोगों की जिंदगियां भी बच रही हैं।
आयूष विभाग ने हासिल की बड़ी उपलब्धि
आपमें से कई लोग होंगे जिन्हें इलाज के लिए आयुर्वेद, युनानी या सिद्ध की पद्धति से मदद से मिलती है, लेकिन जब दूसरे डॉक्टर के पास जाते हैं तो हर डॉक्टर अपने हिसाब ने बीमारी का नाम और इलाज लिखता है, लेकिन आयूष विभाग ने अब इसका समाधान खोज लिया है। साथ ही आयुर्वेद, सिद्ध और यूनानी पद्धति की शब्दावली की कोडिंग कर दी गई है। इसकी मदद से अब सभी डॉक्टर एक जैसी भाषा लिखेंगे। इसका फायदा ये होगा कि अगर एक पर्ची लेकर दूसरे डॉक्टर के पास जाएंगे तो उसे समझने में आसानी होगी। उन लोगों को भी फायदा होगा जो रिसर्च के काम से जुड़े हैं। साथ ही दूसरे देशों के वैज्ञानिकों को मदद मिलेगी। इससे ये चिकित्सा पद्धति और बेहतर परिणाम देगी।
छत्तीसगढ़ के रेडियो कार्यक्रम की चर्चा
पीएम मोदी ने कहा कि मन की बात कार्यक्रम को एक दशक पुराना हो चुका है। रेडियो की ताकत कितना बदलाव ला सकती है, इसकी मिसाल छत्तीसगढ़ में देखी जा रही है। उन्होंने कहा कि छत्तीसढ़ में पिछले सात सालों से रेडियो पर ‘हमर हाथी हमर गोठ’ कार्यक्रम का प्रसारण हो रहा है। छत्तीसगढ़ के चार रेडियो स्टेशनों अंबिकापुर, रायपुर, बिलासपुर और रायगढ़ से इसका प्रसारण होता है। आपको ये जानकर हैरानी होगी कि जंगल और आस-पास के लोग बड़े ध्यान से इसे सुनते हैं। इसमें यह बताया जाता है कि हाथियों का झुंड किस इलाके से गुजर रहा है। कार्यक्रम के जरिए इसका पता चलने पर लोग सावधान हो जाते हैं। छत्तीसगढ़ के लोगों के इस अनुभव का लाभ देश के अन्य जगहों के लोग भी उठा सकते हैं।
नेशनल वोटर्स डे पर पीएम ने की अपील
नेशनल वोटर्स डे के बारे में चर्चा करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि अभी हाल ही में 25 जनवरी को हम सभी ने नेशनल वोटर्स डे मनाया है। देश में आज मतदान केंद्रों की संख्या साढ़े 10 लाख हो गई है। चुनाव आयोग ऐसे स्थानों पर भी पोलिंग बूथ बनवाता है, जहां सिर्फ एक वोटर होता है। चुनाव आयोग के इन प्रयासों के लिए मैं इनकी सराहना करता हूं। उन्होंने कहा कि उत्साह की बात ये भी है कि जहां सभी देशों में वोटिंग प्रतिशत घट रहा है, वहीं भारत में वोटिंग प्रतिशत बढ़ रहा है। ना सिर्फ वोटरों की संख्या में वृद्धि हुई है, बल्कि टर्नआउट भी बढ़ा है। उन्होंने कहा कि मतदाताओं में जागरुकता बढ़ाने के लिए सामुदायिक रूप से भी कई प्रयास हुए है। साथ ही पहले बार वोट देने वाले लोगों से पीएम मोदी ने अपील की है कि ये लोग वोटर लिस्ट में अपना नाम जरूर जुड़वाएं। उन्होंने कहा कि आपका एक वोट देश का भाग्य बदल सकता है।
लाला लाजपत राय और केएम करियप्पा को किया याद
पीएम मोदी ने आज भारत की दो महान विभूतियों की जयंती पर भी उन्हें याद किया। पहले उन्होंने पंजाब केसरी लाला लाजपत राय को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि विदेशी शासन से मुक्ति दिलाने के लिए लाला लाजपत राय ने अपने प्राणों की आहुति दे दी। वो बहुत दूरदर्शी थे। इसका अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि पंजाब नेशनल बैंक और कई अन्य संस्थाओं के निर्माण में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके विचारों ने भगत सिंह को भी बहुत प्रभावित किया था। इसके अलावा पीएम मोदी ने फील्ड मार्शल केएम करियप्पा को भी याद किया। उन्होंने कहा कि हमारी सेना को शक्तिशाली बनाने में उनका महत्वपुर्ण योगदान है।
खेलों को बढ़ावा देने की जरूरत
खेलों और खिलाड़ियों के बारे में बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज खेलों की दुनिया में आग बढ़ने के लिए जरूरी है कि खिलाड़ियों को खेलने का मौका मिले। इसी सोच को लेकर नए-नए टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। मुझे खुशी है कि आज भारत में लगातार ऐसे प्लेटफार्म तैयार हो रहे हैं, जिनमें खिलाड़ियों को मौका मिल रहा है। उन्होंने कहा कि दीव में भी इस साल बीच गेम्स का आयोजन किया गया। इसमें कई प्रकार के खेलों का आयोजन कराया गया। हर प्रतियोगी को अपनी प्रतिभा दिखाने का पूरा मौका मिला। उन्होंने कहा कि इस टूर्नामेंट में कई खिलाड़ी ऐसे भी आए जिनका समुंद्र से कोई रिश्ता नहीं, फिर भी वो सबसे ज्यादा मेडल जीतकर ले गए।
इधर राहुल गांधी ‘न्याय यात्रा’ निकाल रहे, वहीं दूसरी ओर एक के बाद एक सहयोगी दल के मुख्यमंत्री दे रहे I.N.D.I.A. को झटका
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार महागठबंधन को छोड़ एक बार फिर एनडीए के साथ मिलकर बिहार में सरकार बनाने जा रहे हैं. यह ऐसे समय में हो रहा है, जब इंडिया गठबंधन की अगुवाई कर रही कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ निकाल रहे हैं. 22 जनवरी से शुरू हुई यात्रा के दौरान अब तक तीन मुख्यमंत्री इंडिया गठबंधन को झटका दे चुके हैं.
भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि जब राहुल गांधी ने अपनी पहली यात्रा की, तो कांग्रेस को 3 राज्यों में हार का मुंह देखना पड़ा. अब, वह पूर्व से पश्चिम तक अपनी यात्रा कर रहे हैं. उनके इंडी गठबंधन सहयोगी- पश्चिम बंगाल में टीएमसी, पंजाब में ‘आप’ ने कहा कि वे अकेले चुनाव लड़ेंगे. सबसे पहले पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इंडिया गठबंधन को झटका दिया. बुधवार को मान ने कहा था कि आम आदमी पार्टी पंजाब की सभी 13 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी. पंजाब संगठन के अकेले चुनाव लड़ने के प्रपोजल को आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने भी अप्रूवल दे दिया है.
बंगाल में ममता ने चौंकाया
राहुल के भारत जोड़ो न्याय यात्रा के बंगाल आने से पहले ही टीएमसी ने कांग्रेस को बड़ा झटका दिया. बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन के बिना बंगाल में अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है. ममता ने इस साल होने वाले लोकसभा चुनावों में राज्य की सभी 42 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने की आधिकारिक घोषणा की. राहुल को नया झटका बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिया है. नीतीश महागठबंधन को छोड़ राजग के साथ जाने की पूरी तैयारी कर चुके हैं. नीतीश एक बार फिर पाला बदल रहे हैं और भाजपा के साथ सरकार बनाने की तैयारी में है.
भाजपा ने लोकसभा चुनाव के लिए की प्रभारी-सह प्रभारियों की नियुक्ति
दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 के लिए भारतीय जनता पार्टी ने विभिन्न राज्यों में चुनाव प्रभारियों और सह प्रभारियों की नियुक्ति की है. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ये नियुक्ति की है. जिसमें छत्तीसगढ़ के कोंडागांव से विधायक लता उसेंडी को ओडिशा का सह प्रभारी बनाया गया है.
