खेल
12 साल लंबा इंतजार हुआ खत्म, भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी के फ़ाइनल में न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराया
दुबई। भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराकर 12 साल बाद एक बार फिर खिताब पर कब्जा जमा लिया है। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस महामुकाबले में न्यूजीलैंड के कप्तान मिशेल सेंटनर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था, जिसके बाद न्यूजीलैंड ने 50 ओवर में सात विकेट खोकर 251 रन बनाए। इसके बाद भारत ने कप्तान रोहित शर्मा और श्रेयस अय्यर की अहम पारियों की मदद से 48.5 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 254 रन बनाते हुए दूसरी बार चैंपियंस ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
रोहित ने बतौर कप्तान 9 महीने के भीतर जीता दूसरा ICC खिताब
बता दें कि पिछले 9 महीने के भीतर बतौर कप्तान रोहित शर्मा का यह दूसरा ICC खिताब है। इससे पहले उन्होंने पिछले साल 29 जून को टी-20 वर्ल्ड कप भी जिताया था। आज के मैच में रोहित शर्मा ने कप्तानी पारी खेली और 76 रन बनाए। रोहित के आउट होने के बाद श्रेयस (48 रन), केएल राहुल (नाबाद 34 रन), अक्षर पटेल (29 रन) ने अहम योगदान दिया। न्यूजीलैंड के लिए काइल जेमिशन और रचींन रविंद्र ने 1-1 विकेट, जबकि माइकल ब्रेसवेल और कप्तान मिशेल सेंटनर ने 2-2 विकेट झटके।
25 साल पुराना बदला हुआ पूरा
बता दें कि भारत और न्यूजीलैंड 25 साल पहले, सन 2000 में चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में आमने-सामने थे। उस मैच में न्यूजीलैंड ने भारत को आखिरी ओवर में 4 विकेट से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया था। वहीं अब इस जीत के साथ भारत ने कीवी टीम से अपना 25 साल पुराना बदला पूरा कर लिया है।
न्यूजीलैंड भारत को दिया था 252 रन का लक्ष्य
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कीवियों की शुरुआत अच्छी रही थी। विल यंग और रचिन रवींद्र के बीच 57 रन की साझेदारी हुई। वरुण चक्रवर्ती ने यंग को आउट कर कीवियों को पहला झटका दिया। इसके बाद कुलदीप का कमाल देखने को मिला। उन्होंने रचिन रवींद्र और केन विलियम्सन को पवेलियन भेजा। ये दोनों बल्लेबाज न्यूजीलैंड के लिए रीढ़ की हड्डी रहे हैं। इन दोनों के विकेट गिरते ही कीवी कमजोर पड़ गए।
जहां एक समय कीवी छह से ज्यादा के रन रेट से स्कोर कर रहे थे। 18 रन के अंदर शुरुआती तीन विकेट गंवाते ही रन रेट साढ़े चार के करीब आ गया। यंग 15 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, रचिन ने 29 गेंद में चार चौके और एक छक्के की मदद से 37 रन की पारी खेली। विलियम्सन 11 रन बना सके। इसके बाद डेरिल मिचेल ने टॉम लाथम और ग्लेन फिलिप्स के साथ पारी संभालने की कोशिश की। मिचेल ने लाथम के साथ 33 रन की और फिलिप्स के साथ 57 रन की साझेदारी निभाई। लाथम को जडेजा और फिलिप्स को वरुण ने पवेलियन भेजा। लाथम 14 रन और फिलिप्स 34 रन बना सके। इस बीच डेरिल मिचेल ने वनडे करियर का आठवां अर्धशतक लगाया। वह 101 गेंद में तीन चौके की मदद से 63 रन बनाकर आउट हुए। आखिर में ब्रेसवेल ने 40 गेंद पर 53 रन की आक्रामक बल्लेबाजी की। सैंटनर आठ रन बनाकर रन आउट हुए।
कुलदीप और वरुण ने झटके 2-2 विकेट
भारत की ओर से कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती ने दो-दो विकेट लिए। वहीं, जडेजा को एक विकेट मिला। एक विकेट शमी ने लिया और एक खिलाड़ी रन आउट हुआ।
भारत और न्यूजीलैंड दोनों टीमों की प्लेइंग-11
भारत
रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी और वरुण चक्रवर्ती।
न्यूजीलैंड
मिचेल सैंटनर (कप्तान), विल यंग, रचिन रवींद्र, केन विलियम्सन, डेरिल मिचेल, टॉम लैथम (विकेट कीपर), ग्लेन फिलिप्स, माइकल ब्रेसवेल, नाथन स्मिथ, काइल जैमीसन और विलियम ओरूर्क।
न्यूजीलैंड ने जीता टॉस करेगी पहले बल्लेबाजी, देखें दोनों टीमों की प्लेइंग 11
दुबई। आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के किताब के लिए आज महामुकाबला भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा. दुबई के इंटरनेशनल स्टेडियम में यह मुकाबला खेला जाएगा. न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी फैसला किया है. भारतीय टीम पहले गेंदबाजी करने के लिए उतरेगी. यहां स्लो पिच पर स्पिनर्स गेमचेंजर साबित हो सकते हैं.
रोहित शर्मा की कप्तानी के भविष्य पर आया बड़ा अपडेट
स्पोर्ट्स डेस्क। इन दिनों रोहित शर्मा को लेकर सबसे बड़ा सवाल यह है कि चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के बाद उनकी कप्तानी रहेगी या जाएगी? इस सवाल के बीच एक ऐसा अपडेट सामने आया है जो रोहित शर्मा के फैंस के चेहरे पर खुशी ला देगा. ये अपडेट रोहित के फ्यूचर को लेकर है. खबर ये है कि रोहित शर्मा का भविष्य चैंपियंस ट्रॉफी 2025 से तय होगा. अगर टीम इंडिया फाइनल में जीत गई तो रोहित का करियर और लंबा होगा, यानी उनकी कप्तानी फ्यूचर में बनी रहने की उम्मीद है, सिर्फ इतना ही नहीं बीसीसीआई उन्हें अगले 2 सालों तक कप्तान बनाए रखने पर विचार भी कर सकता है, लेकिन अगर टीम इंडिया खिताब जीतने से चूक गई तो रोहित के करियर खत्म भी हो सकता है. आइए जानते हैं पूरा अपडेट क्या है.
टाइम्स ऑफ इंडिया ने अपनी एक रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया कि अगर भारत चैंपियन बनता है तो बोर्ड एक स्टेबल कप्तान के रूप में उन्हें 2 साल और दे सकता है. इसका मतबल है कि रोहित 2027 विश्व कप तक बतौर कप्तान खेल सकते हैं, 2027 का विश्व कप साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में होगा. उस वक्त तक रोहित 40 प्लस हो जाएंगे. रोहित जिस कद के खिलाड़ी हैं वो अगले 2 साल तक आराम से खेल सकते हैं.
दरअसल, चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के बाद बीसीसीआई अपने सालाना कॉन्ट्रैक्ट का ऐलान कर सकता है. अगले 2 साल का रोडमैप तैयार है, जिसमें टी20 विश्व कप 2026 और वनडे विश्व कप 2027 को देखते हुए रणनीति तैयार होगी. बोर्ड रोहित को इस प्लान का हिस्सा बनाने पर विचार करेगा. चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के बाद रोहित शर्मा की वनडे और टेस्ट कप्तानी पर एक बार फिर चर्चा होगी. ऑस्ट्रेलिया दौरे से लौटने के बाद चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर और हेड कोच गौतम गंभीर ने रोहित शर्मा के साथ इस मुद्दे पर चर्चा की थी. उस वक्त रोहित ने इस बात पर सहमति जताई थी कि चैंपियंस ट्रॉफी के बाद टीम इंडिया के लिए नया रोडमैप तैयार करना जरूरी है.अब अगर टीम चैंपियन बन गई तो रोहित के साथ दोबारा कप्तानी पर डिस्कस होगा.
आखिर रोहित शर्मा चाहते क्या हैं?
टाइम्स ऑफ इंडिया ने अपनी रिपोर्ट में BCCI के सूत्र के हवाले से बताया कि ‘रोहित चाहते हैं कि अभी उनमें क्रिकेट बाकी है, इसलिए उन्हें भविष्य की योजनाओं पर विचार करने के लिए कहा गया है. हालांकि, रोहित के संन्यास लेने का फैसला पूरी तरह उनका निजी होगा, लेकिन कप्तानी को लेकर फिर से चर्चा जरूर होगी.’
पहले हुई आलोचना, अब हो रही तारीफ
ये वही रोहित शर्मा हैं, जिनकी कप्तानी में टीम इंडिया को पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ घर में हुई टेस्ट सीरीज में 3-0 से करारी हार मिली थी, फिर बॉर्डर गावस्कर सीरीज भी 4-1 से गंवा दी. इसके बाद कहा जाने लगा कि रोहित का करियर खत्म है, उन्हें संन्यास ले लेना चाहिए. लेकिन अब हालात बदल गए हैं. कल तक सवाल उठाने वाले आज रोहित की कप्तानी के मुरीद हो चुके हैं, क्योंकि उन्होंने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में बढ़िया कप्तानी की और भारत को फाइनल में ले गए.
रोहित ने कप्तानी में दिखाया जलवा
रोहित शर्मा साल 2021 के अंत में वनडे और टी20 टीम के कप्तान बनाए गए थे. उस वक्त रोहित की उम्र 34 साल थी. अपनी कप्तानी में रोहित ने टीम इंडिया को लगातार चौथी बार आईसीसी टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचाया है. वो ऐसा करने वाले इकलौते कप्तान हैं. ने साल 2022 टी20 विश्व कप में टीम को सेमीफाइनल तक पहुंचाया था. फिर 2023 में वनडे विश्व कप फाइनल खेला 2024 टी20 विश्व कप का खिताब दिलाया.अब चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का फाइनल भी जीतने से एक कदम दूर हैं. लगातार कप्तानी में प्रभाव छोड़ने वाले रोहित को और मौका मिल सकता है.
बारिश से धुला फाइनल तो कौन बनेगा चैंपियन? जानें क्या कहता है नियम
दुबई। इन दिनों चैंपियंस ट्रॉफी 2025 की धूम है. 19 फरवरी से शुरू हुए इस टूर्नामेंट में 8 टीमों ने हिस्सा लिया था. ग्रुप स्टेज में 4 टीमें बाहर हो गई थीं, फिर सेमीफाइनल में 4 टीमों की जंग हुई, जिसमें से 2 बाहर हुईं और 2 ने फाइनल में जगह बनाई. फाइनल मुकाबला 9 मार्च को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. इस रोमांचक मैच में भारत और न्यूजीलैंड की टीमें आमने-सामने होंगी. ग्रुप स्टेज में इन दोनों टीमों का सामना हो चुका है, जिसमें भारत ने जीत दर्ज की थी. अब ट्रॉफी दांव पर है।
अब माना जा रहा है कि खिताबी जंग रोचक हो सकती है. चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के कई मैच बारिश के चलते नहीं हो पाए, ऐसे में सवाल है कि अगर बारिश की वजह से फाइनल रद्द हो गया तो क्या होगा, कौन सी टीम चैंपियन बनेगी? हम आपके इन्हीं सवालों का जवाब लेकर आए हैं. तो चलिए नीचे जानते हैं.
अगर फाइनल रद्द हुआ तो क्या होगा ?
आईसीसी (ICC) ने फाइनल मैच के लिए रिजर्व डे की व्यवस्था की है. अगर 9 मार्च को बारिश या अन्य किसी कारण से मैच पूरा नहीं होता, तो 10 मार्च को मुकाबला वहीं से शुरू होगा, जहां रोका गया था, लेकिन अगर रिजर्व डे पर भी मैच नहीं हो पाता, तो दोनों टीमों को संयुक्त चैंपियन घोषित किया जाएगा.
नतीजा निकलने के लिए 25-25 ओवर होना जरूरी
फाइनल के दिन कैसा रहेगा दुबई का मौसम?
9 मार्च को फाइनल होना है. इस दिन दुबई का मौसम साफ रहेगा. इसलिए टेंशन की कोई बात नहीं है. AccuWeather की रिपोर्ट की मानें तो दुबई में फाइनल मैच के दौरान बारिश की कोई संभावना नहीं है. मैच के दिन आसमान साफ रहेगा. तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है.
क्या पहले भी रद्द हुआ है चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल?
चैंपियंस ट्रॉफी की शुरुआत 1998 में हुई थी. तब से लेकर अब तक सिर्फ एक बार ऐसा हुआ है, जब फाइनल रद्द हुआ हो. साल 2002 में भारत और श्रीलंका के बीच फाइनल बारिश के कारण नहीं खेला जा सका था. उस समय भी रिजर्व डे रखा गया था, लेकिन मैच को शुरू से खेला गया था, आखिरकार ट्रॉफी दोनों टीमों के बीच साझा की गई थी.
न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका को 50 रन से हराया, रविवार को फाइनल में भारत के साथ होगा मुकाबला
लाहौर। आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को रन से हरा दिया है. सेमीफाइनल मुकाबले में बड़ी जीत के साथ न्यूजीलैंड फाइनल्स में एंट्री कर चुकी है. चैंपियंस ट्रॉफी के किताब के लिए न्यूजीलैंड और भारत के बीच मुकाबला 9 मार्च को होगा.
लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए मैच में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. रचिन रवीन्द्र और केन विलियम्स ने शतकीय पारी खेली. डेरिल मिशेल और ग्लेन फ्लिप्स, दोनों के बल्ले से 49 रन आए. इस तरह न्यूजीलैंड ने 363 रन का टारगेट दिया. यह टूर्नामेंट इतिहास का सबसे बड़ा टोटल है. पहली पारी में साउथ अफ्रीका के लुंगी एनगिडी ने तीन विकेट लिया, रबाडा ने 2 विकेट झटके और वायन मुल्डर को एक विकेट मिला.
लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफ्रीकी टीम 9 विकेट पर 312 रन ही बना सकी. डेविड मिलर ने 100 रन बनाए. न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने 3 विकेट झटके. मैट हेनरी और ग्लेन फिलिप्स को 2-2 विकेट मिले. एक-एक विकेट माइकल ब्रेसवेल और मिचेल सैंटनर को मिले. साउथ अफ्रीका से डेविड मिलर ने शतक बनाया. उन्होंने 67 बॉल पर सेंचुरी जड़ी. कप्तान टेम्बा बावुमा (56 रन) और रासी वान डर डसन (69 रन) ने अर्धशतक बनाए.
दोनों टीमों की प्लेइंग 11
दक्षिण अफ्रीका
रयान रिकेल्टन, टेम्बा बावुमा (कप्तान), रासी वान डेर डुसेन, एडेन मार्कराम, हेनरिक क्लासेन (विकेटकीपर), डेविड मिलर, वियान मुल्डर, मार्को जानसन, केशव महाराज, कैगिसो रबाडा, लुंगी एनगिडी.
न्यूजीलैंड
विल यंग, रचिन रविंद्र, केन विलियमसन, डेरिल मिशेल, टॉम लैथम (विकेट कीपर), ग्लेन फिलिप्स, माइकल ब्रेसवेल, मिशेल सेंटनर (कप्तान), मैट हेनरी, काइल जैमीसन, विलियम ओरोर्के.
इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटरों पर भड़के गावस्कर...
सुनील गावस्कर ने इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटरों की बिना नाम लिए जमकर आलोचना की और कहा कि आपकी सैलरी भी इंडिया से ही आती है, क्योंकि मीडिया राइट्स में सबसे ज्यादा योगदान भारत का ही है।टीम इंडिया के पूर्व महान क्रिकेटर और मौजूदा क्रिकेट कमेंटेटर सुनील गावस्कर ने उन सभी पूर्व क्रिकेटरों और क्रिकेट एक्सपर्ट्स की आलोचना की है, जिन्होंने ये दलील दी थी कि चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में टीम इंडिया को दुबई में खेलने का फायदा मिल रहा है। सुनील गावस्कर ने एक तरह से नासिर हुसैन, माइकल एथरटन और अन्य मौजूदा और पूर्व क्रिकेटरों पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जो एक्सपर्ट भारत के बारे में 'शिकायत' करते रहते हैं, उन्हें टूर्नामेंट में अपने देशों की प्रगति पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने ये भी कहा है कि भारतीय क्रिकेट से ही उन्हें सैलरी भी मिल रही है।
स्काई स्पोर्ट्स पॉडकास्ट पर बात करते हुए नासिर हुसैन और एथरटन ने कहा था कि इस परिदृश्य में भारत के पास 'अविश्वसनीय रूप से होम एडवांटेज' है। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में खेल रहे दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज रासी वैन डेर डुसेन ने भी कुछ ऐसा ही बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि भारत को अन्य सात टीमों की तरह ट्रेवल करने या होटल बदलने की जरूरत नहीं पड़ी। इस तरह उन्होंने माना था कि रोहित शर्मा एंड कंपनी को इसका फायदा मिला। इस पर अब सुनील गावस्कर ने कमेंट किया है और कहा है कि इस पर टिप्पणी करना भी उचित नहीं है।
सुनील गावस्कर ने इंडिया टुडे से बात करते हुए कहा, "इस पर टिप्पणी करना भी उचित नहीं है।" उन्होंने यह भी कहा है कि यह कोई फायदा नहीं हो सकता, क्योंकि पिचें भारत के कंट्रोल में नहीं हैं और मैचों के दौरान यात्रा आम बात है। उन्होंने कहा, "ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। वे हमेशा रोते रहते हैं। वे समझ ही नहीं पाते कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत कहां खड़ा है क्वॉलिटी, इनकम, टैलेंट और सबसे महत्वपूर्ण बात रेवेन्यू पैदा करने के मामले में। वैश्विक क्रिकेट में भारत का योगदान टेलीविजन राइट्स और मीडिया राइट्स के माध्यम से एक बड़ी भूमिका निभाता है। उन्हें यह समझने की जरूरत है कि उनका वेतन भी उसी से आता है, जो भारत क्रिकेट की दुनिया में लाता है।"
टीम इंडिया ने बांग्लादेश और पाकिस्तान को हराकर चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के सेमीफाइनल के लिए क्वॉलिफाई कर लिया है। हालांकि, एक मैच अभी लीग फेज का बाकी है। इंग्लैंड की टीम दो मैच हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई है। ऐसे में गावस्कर ने इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटरों को घेरा है। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि ये सभी बुद्धिमान और अनुभवी लोग हैं। आप वास्तव में यह क्यों नहीं देखते कि आपकी टीम ने क्वॉलिफाई क्यों नहीं किया? लगातार भारत पर ध्यान केंद्रित करने के बजाय, क्या आप अपने आप पर भी ध्यान दे रहे हैं?"
उन्होंने आगे कहा, "आपके खिलाड़ी इतनी नाजुक मानसिक स्थिति में हैं- उनको परिणामों की परवाह नहीं है। आपको नतीजों की परवाह करनी चाहिए। आपको अपने देश की परवाह करनी चाहिए, चाहे आप जिस भी टीम के लिए खेलें। अगर आप अपने देश के लिए खेल रहे हैं, तो जिम्मेदारी और भी बड़ी है। हर समय, वे विलाप करते रहते हैं 'भारत ने यह हासिल किया है, भारत ने वह हासिल किया है।' यह लगातार होता रहता है। हमें बस इसे अनदेखा करना चाहिए। उन्हें विलाप करते रहने दें। हमारे पास ध्यान केंद्रित करने के लिए बेहतर चीजें हैं। आपको इस तरह का रवैया अपनाना चाहिए।"
सिक्सर किंग ने चुनी अपनी ऑल टाइम बेस्ट प्लेइंग इलेवन, खुद को इस नंबर पर रखा…
स्पोर्ट्स डेस्क। पूर्व भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह ने अपनी ऑल टाइम बेस्ट प्लेइंग इलेवन का ऐलान किया है. इस टीम में युवराज ने कई दिग्गज खिलाड़ियों को शामिल किया, लेकिन महेंद्र सिंह धोनी को जगह न देकर सभी को चौंका दिया. युवराज ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर शेफाली बग्गा के साथ एक इंटरव्यू में अपनी इस टीम की घोषणा की. उन्होंने अपने जमाने और मौजूदा दौर के बेहतरीन खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया है.
ओपनिंग जोड़ी
युवराज ने सचिन तेंदुलकर को बतौर ओपनर चुना और उनके जोड़ीदार के रूप में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग का चयन किया।
मिडल ऑर्डर में किन्हें दी जगह?
युवराज सिंह ने अपनी बेस्ट 11 में नंबर 3 पर रोहित शर्मा को जगह दी है. चौथे पर विराट कोहली और 5वें नंबर पर एबी डिविलियर्स को रखा है, जो विकेटकीपर-बल्लेबाज के तौर पर शामिल हैं. नंबर 6 पर युवराज ने ऑस्ट्रेलिया के एडम गिलक्रिस्ट को जगह दी है.
युवराज की प्लेइंग 11 में कौन ऑलराउंडर?
युवराज ने अपनी ऑल टाइम बेस्ट प्लेइंग इलेवन में ऑलराउंडर के तौर पर इंग्लैंड के पूर्व खिलाड़ी एंड्रयू फ्लिंटॉफ को चुना है.
स्पिन गेंदबाज- शेन वॉर्न और मुथैया मुरलीधरन को रखा है.
तेज गेंदबाज- वसीम अकरम और ग्लेन मैक्ग्रा को जगह दी है.
12वें खिलाड़ी के तौर पर खुद को शामिल किया है.
युवराज सिंह की ऑल टाइम बेस्ट प्लेइंग इलेवन
सचिन तेंदुलकर
रिकी पोंटिंग
रोहित शर्मा
विराट कोहली
एबी डिविलियर्स
एडम गिलक्रिस्ट (विकेटकीपर)
एंड्रयू फ्लिंटॉफ
शेन वॉर्न
मुथैया मुरलीधरन
ग्लेन मैक्ग्रा
वसीम अकरम
युवराज सिंह
कटक में ‘हिटमैन’ ने मचाई तबाही, बना डाले 2 महारिकॉर्ड, क्रिस गेल का रिकॉर्ड टूटा…
स्पोर्ट्स डेस्क। टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा पुराने रंग में लौट आए हैं. इंग्लैंड के खिलाफ कटक में जारी दूसरे वनडे में उन्होंने टीम इंडिया को तूफानी शुरुआत दिलाई और छक्कों की बारिश कर 2 बड़े रिकॉर्ड बना दिए. 305 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरे रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने इंग्लैंड के गेंदबाजों की पहले ओवर से कुटाई शुरू की. पारी में 21 रन बनाते ही रोहित वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में राहुल द्रविड़ से आगे निकल चुके हैं, जबकि वनडे फॉर्मेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं. उन्होंने इस मामले में वेस्टइंडीज के तूफानी ओपनर रहे क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ा है.
द्रविड़ से आगे निकले रोहित
इस मैच से पहले रोहित के वनडे में 10,868 रन थे, जबकि राहुल द्रविड़ के नाम 10,889 रन थे. कटक वनडे में 22 रन बनाते ही रोहित ने द्रविड़ को पीछे छोड़ते हुए चौथा स्थान हासिल कर लिया. अब रोहित के नाम 10894 रन हो चुके हैं.
भारत के लिए वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी
सचिन तेंदुलकर – 18,426 रन
विराट कोहली – 13,906 रन
सौरव गांगुली – 11,363 रन
रोहित शर्मा – 10,894 रन
राहुल द्रविड़ – 10,889 रन
वनडे में सबसे ज्यादा छक्के, क्रिस गेल को छोड़ा पीछे
रोहित शर्मा ने कटक में सिर्फ रन ही नहीं बनाए, बल्कि छक्कों के मामले में भी क्रिस गेल को पीछे छोड़ दिया. रोहित अब वनडे क्रिकेट में 335 छक्के लगा चुके हैं, जबकि गेल के नाम 331 छक्के थे. रोहित शर्मा की नजरें अब शाहिद अफरीदी के रिकॉर्ड को तोड़कर वनडे में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी बनने पर हैं.
वनडे में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी
शाहिद अफरीदी – 351 छक्के
रोहित शर्मा – 335 छक्के
क्रिस गेल – 331 छक्के
रोहित ब्रिगेड ने इंग्लैंड की लगाई लंका, दूसरे वनडे में 4 विकेट से दी मात, 2-0 की बनाई अजेय बढ़त
कटक। टीम इंडिया के धुरंधरों ने दूसरे वनडे मैच में इंग्लैंड को 4 विकेट से हराया दिया है. इसके साथ ही भारत ने तीन मैचों की वनडे सीरीज पर 2-0 से कब्जा कर लिया है. यह मुकाबला कटक के बारामती स्टेडियम में खेला गया. कप्तान रोहित ने 90 गेंदों पर 119 रन की शतकीय पारी खेली. शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर और अक्षर पटेल ने शानदार बल्लेबाजी की और टीम को जीत दिलाई. वहीं रविंद्र जडेजा ने आज के मैच में सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके.
इंग्लैंड टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया था. जो रूट और बेन डकेट की अच्छी पारी के बदलौत इंग्लैंड ने 305 रनों का लक्ष्य दिया. लक्ष्य का पीछा करने उतरे टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने शानदार शुरुआत की. हिटमैन रोहित शर्मा का महत्वपूर्ण समय पर बल्ला गरजा. रोहित शर्मा के शतक और शुभमन गिल के अर्धशतक के साथ पूरी मैच में टीम इंडिया मजबूत स्थित में रही. श्रेयस अय्यर और अक्षर पटेल की दमदार पारी भारत को जीत की ओर ले गई. 44.3 ओवर में ही टीम इंडिया ने इंग्लैंड को 4 विकेट से मात दे दी.
लंबे समय बाद गरजा हिटमैन का बल्ला, रोहित शर्मा ने कटक में जड़ा विस्फोटक शतक
कटक। लंबे समय से फ्लॉप चल रहे टीम इंडिया के हिटमैन रोहित शर्मा ने कटक के बाराबती स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ तूफानी अंदाज में वापसी की है. रोहित शर्मा ने धमाकेदार पारी खेलते हुए 10 पारियों के सूखे को खत्म किया और 80 गेंदों में 110 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 11 चौके और 7 छक्के शामिल हैं. रोहित ने अपनी खास शैली में छक्का जड़कर शतक पूरा किया, जिससे स्टेडियम में मौजूद फैंस झूम उठे.रोहित शर्मा ने भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे दूसरे वनडे मैच में कई रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं.
इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.5 ओवर में 305 रन बनाए. इंग्लैंड के लिए डकेट, रूट और जोस बटलर (34 रन) ने अच्छी बल्लेबाजी की, लेकिन रविंद्र जडेजा की गेंदबाजी ने उनकी रन गति पर लगाम लगा दी. लियाम लिविंगस्टोन (41 रन) और आदिल राशिद (14 रन) के तेजतर्रार शॉट्स की बदौलत इंग्लैंड 300 का आंकड़ा पार कर सका.
टीम इंडिया के लिए ओपनिंग करने आए रोहित शर्मा की आक्रामक बल्लेबाजी के दम पर जोरदार शुरुआत की. उन्होंने ओपनिंग करते हुए छक्कों की बारिश कर दी और अपना शतक भी छक्के के जरिए पूरा किया. उनकी इस पारी की बदौलत टीम इंडिया ने 29. 5 ओवर में 220 रन पूरी कर ली. रोहित शर्मा 90 गेंद में 119 रन बनाकर वापस पवेलियन लौट गए. रोहित शर्मा का यह वनडे करियर का 32वां शतक था. अब भारत इंग्लैंड के दिए गए इस लक्ष्य को आसानी से हासिल करने की ओर बढ़ रहा है.
रोहित शर्मा ने कब लगाया था आखिरी शतक
हिटमैन रोहित शर्मा ने वनडे करियर का आखिरी शतक अफगानिस्तान के खिलाफ दिल्ली में जड़ा था. भारत और इंग्लैंड के बीच यह मैच अक्टूबर 2023 में खेला गया था. रोहित ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 84 गेंदों में 131 रन बनाए थे.
IND vs ENG 1st ODI : कैसी है नागपुर वनडे की पिच? टॉस जीतने वाली टीम की होगी बल्ले-बल्ले
नागपुर। भारत और इंग्लैंड के बीच कल यानी 6 फरवरी से 3 मैचों की वनडे सीरीज का आगाज होने जा रहा है. हाल में टीम इंडिया ने टी20 सीरीज के 4-1 से अपने नाम किया था, अब उसकी नजर वनडे सीरीज भी जीतने पर होगी. पहला मुकबलला नागपुर में खेला जाना है, जिसकी तैयारी पूरी हो गई है. इस मुकाबले की पिच से किसे मदद मिलेगी? ये बड़ा सवाल है. आइए हम ग्राउंड और पिच से जुड़ी तमाम डिटेल जान लेते हैं.
नागपुर के मैदान पर टीम इंडिया 6 साल बाद मैच खेलेगी. यहां भारतीय टीम ने 2019 में आखिरी वनडे खेला था. भले ही नागपुर की पिच ने लाल गेंद वाले क्रिकेट में स्पिन गेंदबाजी को बहुत मदद की हो, लेकिन सफेद गेंद से होने वाली वनडे सीरीज में यहां स्थिति काफी हद तक संतुलित रहेगी.कहा जा रहा है कि जो भी टीम मिडिल ओवरों में अच्छे रन बनाती है, उसे फायदा मिलेगा. टॉस जीतने वाली टीम इस विकेट पर लक्ष्य का पीछा करना पसंद करेगी.
किसने चटकाए हैं यहां सबसे ज्यादा विकेट?
नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन मैदान पर सीमर्स ने 39.10 की औसत और 5.86 की इकॉनमी रेट से 69 विकेट लिए हैं, वहीं स्पिनर्स ने 39.41 की औसत और 5.33 के इकॉनमी रेट से 53 विकेट निकाले हैं. बताया जा रहा है कि नागपुर की पिच से स्पिनर्स को मदद मिलेगी.
विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन का रिकॉर्ड
नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन में कुल अब तक 09 वनडे मैच खेले जा चुके हैं. पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 3 मैच जीते, फिर दूसरी पारी में बैटिंग करने वाली टीम ने 6 मैच अपने नाम किए. पहली पारी का औसत 288 रन है. हाई स्कोर 354 रन है, जो 2009 में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच हुए मैच में बना था. वहीं सबसे कम स्कोर 123 रन है, जो 2011 में कनाडा और जिम्बाब्वे के बीच हुए मैच में बना था. 2019 में इस पिच पर हुए आखिरी मैच में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को आठ रन से हराया था.
भारत बनाम इंग्लैंड वनडे सीरीज का दोनों देशों का स्क्वाड
भारत
रोहित शर्मा, शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, अर्शदीप सिंह, यशस्वी जयसवाल, ऋषभ पंत, रविंद्र जडेजा, वरुण चक्रवर्ती।
इंग्लैंड
हैरी ब्रूक, बेन डकेट, जो रूट, जैकब बेथेल, लियाम लिविंगस्टोन, ब्रायडन कार्स, जेमी ओवरटन, जोस बटलर, जेमी स्मिथ, फिलिप साल्ट, जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, आदिल राशिद, साकिब महमूद, मार्क वुड.
IND vs ENG ODI: इतिहास रचने की दहलीज पर विराट कोहली, इतने रन बनाते ही तोड़ देंगे सचिन का वर्ल्ड रिकॉर्ड
नागपुर। क्रिकेट फैंस के लिए गुड न्यूज है. इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में सबके चहेते विराट कोहली एक बार फिर एक्शन में दिखने वाले हैं. हाल में भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज में भारत ने 4-1 से धमाकेदार जीत दर्ज की. इसके बाद अब दोनों टीमें 3 मैचों की वनडे सीरीज में आमने-सामने होंगी. यह सीरीज भारतीय स्टार बल्लेबाज विराट कोहली के लिए बेहद खास होगी, क्योंकि वह ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद पहली बार इंटरनेशनल क्रिकेट खेलते नजर आएंगे. इस सीरीज में विराट के निशाने पर एक महारिकॉर्ड रहने वाला है.
दरअसल, विराट कोहली ने हाल ही में 13 साल बाद रणजी ट्रॉफी में दिल्ली के लिए मैच खेला था, लेकिन सिर्फ 6 रन बना सके. ऐसे में वनडे सीरीज में उनके प्रदर्शन पर फैंस और टीम की उम्मीदें होंगी. अगर कोहली का बल्ला चला तो समझिए कुछ बड़ा होगा. उनके पास 14000 वनडे रन पूरे करने का बढ़िया मौका है.वह इस मुकाम से सिर्फ 94 रन दूर हैं.
अगर विराट कोहली यह उपलब्धि हासिल कर लेते हैं, तो सबसे तेज 14000 रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी उनके नाम हो सकता है. अभी सबसे तेज 14 हजार रनों का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है, जिन्होंने 350 पारियों में यह कमाल किया है. दूसरे नंबर पर कुमार संगकारा हैं, जिन्हें 378 पारियां लगी थीं. वहीं विराट कोहली 283 पारियों में 94 रन बनाकर सबसे तेज 14 हजार रन पूरे कर सकते हैं.
वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज
- सचिन तेंदुलकर- 18426 रन
- कुमार संगकारा- 14234 रन
- विराट कोहली- 13906 रन
- रिकी पोंटिंग- 13704 रन
- सनथ जयसूर्या- 13430 रन
भारत बनाम इ्ंग्लैंड वनडे सीरीज शेड्यूल
पहला वनडे- 6 फरवरी, नागपुर
दूसरा वनडे- 9 फरवरी, कटक
तीसरा वनडे- 12 फरवरी, अहमदाबाद (नरेंद्र मोदी स्टेडियम)
ICC Champions Trophy 2025: एक घंटे में बिक गए भारत बनाम पाकिस्तान के 25,000 टिकट, डेढ़ लाख से ज्यादा लोग…
स्पोर्ट्स डेस्क। ICC Champions Trophy 2025 में दुबई में होने वाले भारत और पाकिस्तान के बीच बहुप्रतीक्षित मुक़ाबले के टिकट सोमवार को बिक्री शुरू होते ही कुछ ही मिनटों में बिक गए. लोगों की दीवानगी का आलम इस बात से आंक सकते हैं कि ऑनलाइन टिकट के लिए 1,50,000 से ज्यादा लोग घंटे भर से इंतजार कर रहे थे.
हाइब्रिड मॉडल के तहत पाकिस्तान और UAE में आयोजित चैंपियंस ट्रॉफी के ग्रुप मैच में दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान के बीच 23 फरवरी को यह बहुप्रतीक्षित मुकाबला खेला जाएगा. क्रिकेट के दीवाने और स्थानीय लोग इस बड़े मुक़ाबले के लिए टिकटों की भारी भीड़ देखकर दंग रह गए.
दुबई निवासी अधिरंजन ने समाचार एजेंसी को बताया कि मुझे लंबे इंतज़ार की उम्मीद थी, लेकिन जिस तेज़ी से टिकटें गायब हुईं, वह चौंकाने वाला था. जब तक मैंने कतार में अपना स्थान सुरक्षित किया, तब तक केवल दो श्रेणियां बची थीं, जो मेरे बजट से बाहर थीं.
कई प्रशंसकों ने लगभग एक घंटे तक प्रतीक्षा की, लेकिन उन्हें पता चला कि प्लेटिनम के लिए 2,000 दिरहम और ग्रैंड लाउंज सेक्शन के लिए 5,000 दिरहम सहित अधिकांश टिकट श्रेणियां पहले ही बिक चुकी थीं. दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 25,000 की क्षमता के साथ, तेजी से बिकी टिकटों की संख्या ने मैच के आकर्षण को बता दिया है.
भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबला सिर्फ एक क्रिकेट मैच नहीं है, यह एक ऐसा तमाशा है जो दुनिया भर में जुनून जगाता है और आर्थिक गतिविधि को बढ़ाता है. उद्योग विशेषज्ञों का अनुमान है कि पर्यटन, आतिथ्य और यात्रा में उछाल आएगा, होटल बुकिंग में वृद्धि होगी और दोनों देशों के प्रशंसकों के दुबई आने से हवाई किराए में वृद्धि होगी.
दो सप्ताह तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में दुनिया की शीर्ष आठ टीमें पाकिस्तान और यूएई में 19 दिनों में 15 मैचों में प्रतिस्पर्धा करेंगी. ग्रुप ए में बांग्लादेश, भारत, पाकिस्तान और न्यूजीलैंड शामिल हैं, जबकि ग्रुप बी में अफगानिस्तान, इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका शामिल हैं.
2017 में इंग्लैंड में यह खिताब जीतने वाला मेजबान पाकिस्तान 19 फरवरी को कराची में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा. यह टूर्नामेंट 1996 के वनडे विश्व कप के बाद से पाकिस्तान का पहला वैश्विक क्रिकेट आयोजन है. ऐतिहासिक रूप से भारत और ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस ट्रॉफी में सबसे सफल टीमें रही हैं, जिनके पास दो-दो खिताब हैं.
भारत ने सीरीज के अंतिम मैच में इंग्लैंड को 150 रनों से हराया, 4-1 से सीरीज पर किया कब्ज़ा
मुंबई। भारत ने इंग्लैंड को पांचवें टी20 मैच में 150 रनों के अंतर से हराकर टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी दूसरी सबसे बड़ी जीत दर्ज की। रविवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम ने अभिषेक शर्मा की आक्रामक शतकीय पारी की बदौलत 20 ओवर में नौ विकेट पर 247 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड की टीम 10.3 ओवर में सिर्फ 97 रन बना पाई और ऑलआउट हो गई। इस तरह सूर्यकुमार यादव की टीम ने इंग्लैंड को हराकर 4-1 से सीरीज अपने नाम कर ली।
बता दें कि टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी हुई थी। संजू सैमसन ने पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर अपनी टीम के इरादे साफ कर दिए थे। लेकिन वह विकेट पर ज्यादा समय नहीं बिता सके और 16 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद मोर्चा अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा ने संभाला। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 43 गेंदों में 115 रनों की साझेदारी हुई, जिसे ब्रायडन कार्स ने तोड़ा। उन्होंने तिलक को अपना शिकार बनाया। वह 24 रन बनाकर लौटे। इस मैच में बाएं हाथ के बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने वन मैन शो दिखाते हुए 54 गेंदों में 135 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से सात चौके और 13 छक्के निकले। उनके अलावा सूर्यकुमार यादव ने दो, शिवम दुबे ने 30, हार्दिक पांड्या ने नौ, रिंकू सिंह ने नौ, अक्षर पटेल ने 15 रन बनाए। वहीं, रवि बिश्नोई और मोहम्मद शमी खाता भी नहीं खोल सके।
इंग्लैंड के लिए ब्रायडन कार्स ने तीन और मार्क वुड ने दो विकेट चटकाए। इसके अलावा आर्चर, ओवरटन और आदिल रशीद को एक-एक सफलता मिली।
काफी खराब रही इंग्लैंड की शुरुआत
आज के मैच में इंग्लैंड की शुरुआत काफी खराब रही। तीसरे ओवर की पहली गेंद पर मोहम्मद शमी ने बेन डकेट (0) को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई। हालांकि, दूसरे छोर से फिल सॉल्ट तेजी से रन बना रहे थे, लेकिन पांचवें ओवर की पहली गेंद पर वरुण चक्रवर्ती ने इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर को आउट किया वैसे ही इंग्लैंड की पारी गिरती चली गई। यहां से इंग्लैंड की टीम ने 10वें ओवर तक हर ओवर में विकेट खोया। यहां तक आते-आते इंग्लैंड ने अपने आठ विकेट 90 रनों पर ही खो दिए थे। हैरी ब्रूक (2), लियम लिविंगस्टन (9), जैकब बेथल (10), बार्यडन कार्स (3), जेमी ओवरटन (1) पवेलियन लौट गए थे। सॉल्ट 23 गेंदों पर सात चौक और तीन छक्कों की मदद से 55 रन बना शिवम दुबे का शिकार बने। शमी ने 11वें ओवर में दो विकेट लेकर इंग्लैंड की पारी का अंत कर दिया।
भारत की तरफ से शमी ने तीन, वरुण, दुबे और अभिषेक ने दो-दो विकेट लिए रवि बिश्नोई को एक सफलता मिली।
IND vs ENG 5th T20: अभिषेक शर्मा का बड़ा धमाका, टी20 में भारत के लिए शतक ठोक रचा इतिहास
मुंबई। भारत और इंग्लैंड के बीच जारी 5 टी20 मैचों की सीरीज का अंतिम मुकाबला वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए अपने टी20 करियर का दूसरा शतक जड़ दिया है। इससे पहले उन्होंने 17 गेंदों में फिफ्टी लगाई, जिससे कई रिकॉर्ड्स कायम हो गए। कौनसे हैं वो रिकॉर्ड्स ? आइए विस्तार से जानते हैं।
भारत के लिए टी20 में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर
अभिषेक इस मैच में 54 गेंदों पर 135 रन बनाकर आउट हुए। इसी के साथ वह टी20 अंतरराष्ट्रीय में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले भारतीय क्रिकेटर भी बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड शुभमन गिल के नाम दर्ज था, जिन्होंने अहमदाबाद में साल 2023 में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए मैच में नाबाद 126 रन की पारी खेली थी। वहीं, इस मामले में तीसरे स्थान पर रुतुराज गायकवाड़ हैं, जिन्होंने गुवाहाटी में साल 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए मैच में 57 गेंदों पर नाबाद 123 रन की पारी खेली थी।
भारत के लिए दूसरा सबसे तेज शतक
बता दें कि युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने 37 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। इसी के साथ वह टी20 इंटरनेशनल प्रारूप में भारत के लिए सबसे तेज शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए। इस मामले में शीर्ष पर रोहित शर्मा हैं जिन्होंने 35 गेंदों में यह कारनामा किया था। तीसरे स्थान पर संजू सैमसन हैं जिन्होंने 40 गेंदों में अपना शतक पूरा किया था। यह अभिषेक के करियर का दूसरा शतक है।
भारत के लिए दूसरी सबसे तेज फिफ्टी
इंग्लैंड के खिलाफ शतक जड़ने से पहले अभिषेक ने अपना अर्धशतक महज 17 गेंदों में पूरा किया। इसी के साथ अभिषेक भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए। टीम इंडिया के लिए सबसे तेज अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड युवराज सिंह के नाम पर दर्ज है। युवराज ने 12 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया था।
