कंगना रनौत ने सांसद बनने के अनुभव पर फिर खोले राज, कहा- राजनीति ने बिल्कुल भी खुशी नहीं दी
12-Jul-2025
मुंबई। बॉलीवुड की दमदार अदाकारा और हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से भाजपा सांसद बनीं कंगना रनौत लगातार अपने राजनीतिक अनुभवों को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू में कंगना ने खुलकर बताया कि उन्हें राजनीति की जिम्मेदारियां कितनी चुनौतीपूर्ण लग रही हैं।
कंगना ने कहा, “जब मुझे यह ऑफर दिया गया था, तो बताया गया था कि सालभर में सिर्फ 60-70 दिन संसद में मौजूद रहना होगा और बाकी समय मैं अपने काम कर सकती हूं। यह मुझे काफी ठीक लगा था, लेकिन अब यह काम बहुत ज्यादा डिमांडिंग है।”
इससे पहले भी कंगना ने एक पॉडकास्ट में स्वीकार किया था कि राजनीति उन्हें रास नहीं आ रही है। उन्होंने कहा था, “मुझे यह बिल्कुल भी खुशी नहीं दे पाई है। यह समाज सेवा जैसा काम है, जो मेरा बैकग्राउंड कभी नहीं रहा। मैंने कभी लोगों की सेवा करने के बारे में नहीं सोचा था। अब इसकी जिम्मेदारियां समझ में आ रही हैं।”
गौरतलब है कि कंगना रनौत को इस साल ही हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट से भाजपा ने उम्मीदवार बनाया था, जहां उन्होंने शानदार जीत दर्ज की थी।