प्रदेश
बीजेपी उपाध्यक्ष शिवरतन शर्मा का भूपेश बघेल पर बड़ा हमला, कहा- लगातार हार की चिंता में भाषा का संयम भी खो चुके हैं पूर्व मुख्यमंत्री
रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष शिवरतन शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अशालीन बयानबाजी पर कड़ा एतराज जताया है. उन्होंने कहा कि लगातार हार और नगरीय निकाय चुनाव में भी पराजय की आशंका से कांग्रेस नेता भूपेश बघेल का मानसिक संतुलन बिगड़ चुका है. शिवरतन शर्मा ने कहा कि भाजपा के प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन के बारे में व्यक्त बघेल के विचार कतई स्वीकार नहीं किए जा सकते. राजनीतिक विमर्श में ऐसी भाषा की कोई जगह नहीं होना चाहिए.
उपाध्यक्ष शर्मा ने कहा कि भाजपा के प्रदेश प्रभारी नबीन का पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता से संपर्क है. प्रदेश के हर कोने तक पहुंच कर उन्होंने संगठन को मज़बूत किया और कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा. उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल लगातार हो रहे पराजय को पचा नहीं पा रहे हैं, इसलिए ऊल-जुलूल बयानबाजी कर रहे हैं. पूर्व मुख्यमंत्री को उनके किए की सजा जनता ने दी है. उन्हें आत्मचिंतन करना चाहिए और बजाय बौखलाहट में आपा खोने के, अपनी भूलों को स्वीकार करते हुए सुधार करना चाहिये.
शिवरतन शर्मा ने कहा कि भूपेश बघेल न केवल जनता में अलोकप्रिय और अप्रासंगिक हो गये हैं बल्कि अब कांग्रेस के भीतर भी उन्हें कोई सहन करने के लिए तैयार नहीं है. हाल ही में नेता प्रतिपक्ष महंत ने उनके नेतृत्व को खुली चुनौती दी है. अब अपनी राजनीतिक जमीन बुरी तरह खो चुके बघेल को अब राजनीति छोड़ देनी चाहिये.
उन्होंने कहा कि अपार बहुमत से सत्ता में आने के बावजूद अपनी करनी, अपने भ्रष्टाचार, वादाखिलाफ़ी और अक्षमता के कारण पूर्व मुख्यमंत्री ने जनता का विश्वास खो दिया, उनकी बेजा बयानबाजी ने भी कांग्रेस की लुटिया डुबो दी. ऐसे बयानों से कांग्रेस का रहा-सहा आधार भी समाप्त हो जायेगा. शिवरतन शर्मा ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता अपने प्रभारी के बारे में अनर्गल और बेजा बयानबाज़ी सहन नहीं करेंगे. उन्होंने कांग्रेस में नेताओं से यह उम्मीद की है कि वे सभी पूर्व मुख्यमंत्री को समझाइश देंगे.
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में 11 फरवरी को रहेगा अवकाश
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने वर्ष 2025 के कैलेंडर में आंशिक संशोधन करते हुए 11 फरवरी, 2025 को नगर निगम के महापौर/अध्यक्ष और वार्ड सदस्य चुनाव के कारण उच्च न्यायालय और रजिस्ट्री के लिए अवकाश घोषित किया है। इसके बदले में 22 मार्च 2025 को उच्च न्यायालय के लिए कार्य दिवस घोषित किया गया है। यह विषेश सूचना उच्च न्यायालय के आदेशानुसार रजिस्ट्रार जनरल के. विनोद कुजूर ने जारी की है।
देखें आदेश –

CGMSC घोटाला मामले में साय सरकार का बड़ा एक्शन, मोक्षित कॉर्पोरेशन को किया ब्लैकलिस्ट
रायपुर। छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन (सीजीएमएससी) में 400 करोड़ के रिएजेंट और उपकरण खरीदी घोटाले के मामले में मोक्षित कार्पोरेशन को आखिरकार साय सरकार ने ब्लैकलिस्ट कर दिया है। ईओडब्ल्यू (आर्थिक अपराध शाखा) की जांच के बाद सीजीएमएससी (छत्तीसगढ़ राज्य चिकित्सा आपूर्ति निगम) ने कंपनी को अगले तीन साल के लिए अपात्र घोषित कर दिया है। अब मोक्षित कार्पोरेशन से किसी भी दवा या मेडिकल उपकरण की खरीद नहीं की जा सकेगी।
बता दें कि यह घोटाला प्रदेश में हुए लगभग चार सौ करोड़ रुपये के दवा खरीद घोटाले से जुड़ा हुआ है, जिसमें दुर्ग स्थित मोक्षित कार्पोरेशन की संलिप्तता सामने आई है। इस मामले में कंपनी के निदेशक शशांक चोपड़ा को गिरफ्तार कर लिया गया है, और फिलहाल ईओडब्ल्यू जांच एजेंसी उन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है।
सीजीएमएससी ने मोक्षित कार्पोरेशन को ब्लैकलिस्ट करने के अलावा, इस घोटाले में शामिल अधिकारियों पर भी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, सीजीएमएससी की एमडी पदमिनी भोई, और दो आईएएस अधिकारी – भीम सिंह और चंद्रकांत वर्मा – भी जांच के घेरे में हैं। इन तीनों अधिकारियों को ईओडब्ल्यू-एसीबी ने पूछताछ के लिए बुलाया है। इसके साथ ही, स्वास्थ्य विभाग के कुछ और अधिकारियों से भी जल्द पूछताछ की जा सकती है।
मतदान से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका: जिला उपाध्यक्ष समेत 86 समर्थकों ने BJP का थामा दामन, उपमुख्यमंत्री अरूण साव ने किया स्वागत
लोरमी। छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम अरूण साव बुधवार को लोरमी में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करते नजर आए। इस दौरान उनकी मौजूदगी में भाजपा सरकार के विकास कार्यों से प्रभावित होकर विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व जिला उपाध्यक्ष नंदकिशोर त्रिपाठी ने अपने 86 समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। वहीं, सारधा जनपद क्षेत्र में दो प्रत्याशियों ने भाजपा प्रत्याशियों का समर्थन किया और भाजपा परिवार में शामिल हुए।
“भाजपा की डबल इंजन सरकार का मिल रहा डबल फायदा” – डिप्टी सीएम
डिप्टी सीएम अरूण साव ने इस अवसर पर कहा कि केंद्र और राज्य सरकार गरीब कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही हैं। मोदी सरकार निःशुल्क चावल उपलब्ध करा रही है, वहीं साय सरकार ‘महतारी वंदन योजना’ के माध्यम से महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा दे रही है। भाजपा सरकार ने गरीबों की असली चिंता की है। मोदी सरकार ने शौचालय निर्माण, आयुष्मान कार्ड जैसी योजनाओं से जनता को राहत दी है।

डिप्टी सीएम साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में डबल इंजन की सरकार से जनता को डबल फायदा मिल रहा है। जब से राज्य में भाजपा सरकार बनी है, गांव और शहरों में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। इन जनकल्याणकारी कार्यों से प्रभावित होकर ग्राम गुनापुर, परसवारा, बाबूटोला, घमेंरी, महामाई और नारायणपुर के ग्रामीणों ने भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया।
कांग्रेस उपाध्यक्ष समेत कई नेताओं ने छोड़ी पार्टी

बता दें कि नंदकिशोर त्रिपाठी पूर्व जनपद सदस्य एवं वर्तमान में मुंगेली जिले के कांग्रेस पार्टी के उपाध्यक्ष के पद पर कार्यरत थे। उनके साथ दो पूर्व सरपंच और दो वर्तमान प्रत्याशियों ने भी भाजपा का दामन थाम लिया है। डिप्टी सीएम अरुण साव ने सभी नए कार्यकर्ताओं का भाजपा परिवार में स्वागत और अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के भाजपा में शामिल होने से पार्टी को मजबूती मिलेगी और सभी मिलकर जनता की सेवा के लिए काम करेंगे।

लोरमी में किया जनसंपर्क अभियान
डिप्टी सीएम अरूण साव ने लोरमी नगर पालिका अध्यक्ष पद के प्रत्याशी सुजीत वर्मा एवं वार्ड प्रत्याशियों वार्ड 14 से सोहन डड़सेना, वार्ड 15 से सुनील अहिरवार, वार्ड 16 से रंजिता भास्कर और वार्ड 18 से पूर्णिमा यादव के पक्ष में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने जनता से भाजपा के सभी उम्मीदवारों को जिताने की अपील की।
भाजपा प्रत्याशी मीनल चौबे का बयान- कांग्रेस के लिए मुस्लिम सिर्फ दूध में मक्खी की तरह, प्रचार से एजाज ढेबर को किया गायब !
रायपुर। राजधानी रायपुर से भाजपा प्रत्याशी मीनल चौबे ने एक ऐसा बयान दिया जिससे सियासी बवाल मचना लाजमी है. मीनल चौबे ने कहा कि कांग्रेस मुसलमानों को जरूरत के समय इस्तेमाल करती है और फिर फेंक देती है जैसे दूध से मक्खी को बाहर निकाल फेंक दिया जाता है.
दरअसल, प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव का प्रचार जोरों पर चल रहा है. राजनीतिक दल पूरे प्रदेश में धुआंधार प्रचार में जुटे हुए हैं. रायपुर में भी बीजेपी से महापौर प्रत्याशी मीनल चौबे रोड शो के जरिये जनता तक पहुंच रही हैं. इसी बीच आज रोड शो के दौरान बातचीत में उन्होंने कांग्रेस पर मुस्लिम समुदाय पर वोट की राजनीति करने का आरोप लगाया है. उन्होंने कांग्रेस पर वार करते हुए है की कांग्रेस हमेशा से मुस्लिम समाज को वोट बैंक की तरह उपयोग करती है. जब उनका काम खत्म हो जाता है तो दूध से मक्खी की तरह निकाल फेंकते हैं. कांग्रेस ने दूसरे समाज के लोगों को उपयोग किया है. शायद इसीलिए किसी डर से पूर्व महापौर को गायब कर दिया है.
मीनल चौबे ने यह बात पूर्व महापौर एजाज ढेबर के कांग्रेस के प्रचार अभियान से गायब होने पर कही है. भाजपा प्रत्याशी का कहना है कि कांग्रेस को एजाज ढेबर से डर लगने लगा है. इसीलिए कांग्रेस प्रत्याशी दीप्ति दुबे के पोस्टर और पार्षदों के प्रचार अभियान से एजाज ढेबर की तस्वीर पूरी तरह से गायब है.
मामले में पूर्व पीसीसी चीफ धनेन्द्र साहू का भी बयान सामने आया है. उन्होंने मीनल चौबे के इस बयान को बीजेपी की ओछी मानसिकता बताई है जो बीजेपी के डीएनए में है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस सर्व धर्म संभव के सिद्धांत पर चलते हैं, जहां हर समुदाय के लिए स्थान है और हर धर्म के लोग जुड़े हुए हैं. उन्होंने कहा कि एजाज ढेबर खुद और उनकी पत्नी भी चुनाव लड़ रहे है जिसकी व्यस्तता है जिसके चलते अभी वो शामिल नहीं हो सके हैं. लेकिन आगे प्रचार में वो बेशक शामिल होंगे.
लेजेन्ड 90 की आयोजक समिति ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर जर्सी भेंट की, टूर्नामेंट में किया आमंत्रित
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज यहां उनके निवास कार्यालय में लीजेन्ड 90 क्रिकेट लीग को लेकर आयोजन समिति के सदस्यों ने सौजन्य भेंट की और उन्हें प्रतियोगिता में आमंत्रित किया। नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 6 फरवरी से 18 फरवरी तक लीजेन्ड 90 क्रिकेट लीग का आयोजन होगा। इस अवसर पर लीजेन्ड 90 के मुख्य कार्यकारी अधिकारी तरुणेश सिंह परिहार ने मुख्यमंत्री श्री साय को छत्तीसगढ़ वॉरियर्स टीम की 21 नंबर की विशेष जर्सी भेंट की। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री श्री साय की जन्म तिथि 21 फरवरी है, इसको ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ वॉरियर्स टीम 21 नंबर की यह विशेष जर्सी भेंट की गई है।
लीजेन्ड 90 क्रिकेट लीग का आयोजन इस वर्ष भारत में पहली बार किया जा रहा है। 06 फरवरी से 18 फरवरी 2025 तक शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, रायपुर में यह टूर्नामेंट खेला जाएगा। यह लीग अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता है, जिसका आयोजन पूर्व में श्रीलंका सहित विभिन्न देशों में हो चुका है।
इस भव्य प्रतियोगिता में क्रिस गेल, डेविड वॉर्नर, हरभजन सिंह, शिखर धवन, युवराज सिंह, सुरेश रैना, मैथ्यू वेड, मोइन अली, आरोन फिंच, तिसारा परेरा, रॉबिन उथप्पा, दिनेश कार्तिक, शॉन मार्श, मार्टिन गप्टिल, केदार जाधव, बेन डंक, शाकिब अल हसन और डेनियल क्रिश्चियन जैसे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के दिग्गज खिलाड़ी शामिल हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान लीजेन्ड 90 के सीईओ तरुणेश सिंह परिहार ने प्रतियोगिता की विस्तृत जानकारी दी और छत्तीसगढ़ में इस ऐतिहासिक आयोजन के महत्व को रेखांकित किया। इस अवसर पर बलविंदर सिंह, राहुल भदौरिया (संचालक स्पोर्ट्स मिंट), सदन घोष (संचालक यारों), गौरव बत्रा और राजीव सोनी भी उपस्थित रहे।
इस अंतरराष्ट्रीय लीग के आयोजन से छत्तीसगढ़ के क्रिकेट प्रेमियों को दुनिया के शीर्ष क्रिकेटरों को अपने प्रदेश में खेलते देखने का शानदार अवसर मिलेगा। साथ ही, यह आयोजन राज्य में क्रिकेट के विकास को भी नई दिशा प्रदान करेगा।
मुख्यमंत्री की क्रिकेट प्रेमियों से अपील
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने क्रिकेट प्रेमियों से लीजेंड 90 क्रिकेट लीग के आयोजन में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है। रायपुर में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट लीग में देश-विदेश के नामचीन क्रिकेट खिलाड़ी हिस्सा लेने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य में खेल अधोसंरचना को बेहतर करने के लिए अनेक निर्णय लिए हैं। ओलंपिक पदक विजेताओं को पुरस्कृत करने का निर्णय लिया है। बस्तर में हमने बस्तर ओलंपिक का आयोजन किया, जिसमें एक लाख 65 हजार लोगों ने हिस्सा लिया। छत्तीसगढ़ में क्रिकेट संबंधी अधोसंरचना को बढ़ाने के लिए भी हम प्रतिबद्ध हैं। शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भविष्य में भी क्रिकेट के रोमांचक मैच लगातार देखने मिलेंगे।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने किया रोड शो, भाजपा के पक्ष में जनसैलाब
भाजपा को दिया गया हर एक वोट, रायपुर को वर्ल्ड क्लास सिटी बनाने की नींव रखेगा: बृजमोहन अग्रवाल
रायपुर। रायपुर लोकसभा सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता बृजमोहन अग्रवाल ने आज रायपुर नगर निगम चुनावों में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में भव्य रोड शो किया। हजारों की संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं और आम जनता के उत्साह ने यह स्पष्ट कर दिया कि रायपुर में भाजपा की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित है।
बृजमोहन अग्रवाल ने कहा, "भारतीय जनता पार्टी की सरकार विकास, सुशासन और पारदर्शिता के प्रति प्रतिबद्ध है। रायपुर की जनता ने प्रदेश में भाजपा सरकार बनाने के बाद अब नगर निगम में भी भाजपा को भारी समर्थन देने का मन बना लिया है। हर मतदाता का एक-एक वोट रायपुर के सुनहरे भविष्य की नींव रखेगा।"
रोड शो का भव्य आयोजन और जनसंपर्क अभियान
इस रोड शो की शुरुवात मदर टेरेसा वार्ड से हुई जहां पार्षद प्रत्याशी संतोष साहू मैदान में हैं, रोड शो तेलीबांधा चौक, गुरुद्वारा रोड, इंदिरा चौक, कपूर होटल, केनाल रोड पहुंचा उसके बाद भगवती चरण शुक्ल वार्ड में कक्कड़ चौक, श्री कचरू साहू निवास, रावणपुतला पहुंचा यहां श्री अग्रवाल ने पार्षद प्रत्याशी अमर गिदवानी के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन भी किया। इसके बाद पंकज विक्रम वार्ड: में गोवर्धन चौक, डॉ. गजवानी के सामने, त्रिलोकी माता मंदिर, रिंग रोड में रोड शो कर भाजपा प्रत्याशी स्वपनिल मिश्रा को जिताने की अपील की।
इसके बाद अरविंद दीक्षित वार्ड में राजेंद्र नगर अंडर ब्रिज, महाराणा प्रताप चौक, विजेता कॉम्प्लेक्स, आदर्श नगर शासकीय स्कूल, दुर्गा नगर में पार्टी पार्षद उम्मीदवार सचिन मेघानी के लिए जनता से समर्थन मांगा। इसके बाद बृजमोहन अग्रवाल का काफिला राजीव पांडेय वार्ड पहुंचा यहां पचपेड़ी नाका अंडरब्रिज, भगत सिंह चौक, संजय नगर, गौरा गौरा चौक, मिलन चौक पर भाजपा पार्षद प्रत्याशी बद्री गुप्ता के लिए वोट मांगे। इसके बाद ब्रिगेडियर उस्मान वार्ड में प्रत्याशी प्रमोद साहू के लिए संजय नगर चौक, हरदेव लाला मंदिर, नंदी चौक, अमृत चौक, जलगृह मार्ग में रोड शो किया
इसके बाद विपिन बिहारी सूर वार्ड में प्रत्याशी - मनोज वर्मा के लिए जलगृह मार्ग, वीरभद्र नगर, बूढ़ातालाब, महामाया मंदिर वार्ड में प्रत्याशी मंज राजेन्द्र यादव के लिए बूढ़ेश्वर मंदिर चौक, शीतला मंदिर चौक, महामाया मंदिर और महंत लक्ष्मीनारायण दास वार्ड में गांधी घर, सिंधी स्कूल चौक, कायस्थपारा, लाखेनगर चौक में अम्बर अग्रवाल के पक्ष में रोड शो कर जनता का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस रोड शो का समापन ब्राह्मणपारा वार्ड में अवधियापारा चौक, पंचपथ पारा चौक, आमापारा चौक, कंकाली अस्पताल चौक पर हुआ जहां से अजय साहू मैदान में हैं।
रायपुर की जनता का भाजपा को पूर्ण समर्थन: बृजमोहन अग्रवाल
रोड शो के दौरान पूरा शहर "फिर एक बार, भाजपा सरकार" के नारों से गूंज उठा। बृजमोहन अग्रवाल ने कहा, "रायपुर की जनता भाजपा सरकार की विकासपरक नीतियों और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन को समर्थन दे रही है। जनता का यह अपार स्नेह और समर्थन यह दर्शाता है कि रायपुर में भाजपा की प्रचंड जीत तय है।"
उन्होंने अपील की कि आगामी नगर निगम चुनाव में कमल के निशान पर बटन दबाकर भाजपा प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाएं और रायपुर को देश का सर्वश्रेष्ठ नगर बनाने में सहयोग करें।






मुख्यमंत्री साय ने भाजपा महापौर प्रत्याशी की दुकान पर बनाई चाय, उम्मीदवार जीवर्धन चौहान ने अपने हाथों से परोसा, देखें वीडियो...
रायगढ़। रायगढ़ नगर निगम के महापौर पद के भाजपा प्रत्याशी जीवर्धन चौहान की चाय दुकान इन दिनों देशभर में चर्चा का विषय बन गई है. महापौर प्रत्याशी के दुकान में वित्त मंत्री ओपी चौधरी अचानक पहुंचकर चाय बनाए थे और आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी उनके दुकान पहुंचे. जहां उन्होंने चाय बनाई और चाय का आनंद लिया. मुख्यमंत्री ने महापौर प्रत्याशी जीवर्धन चौहान और वित्त मंत्री ओपी चौधरी को भी अपने हाथों से चाय पिलाई.
बता दें कि रायगढ़ के मिनी माता चौक स्थित इस चाय दुकान में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रोड शो के दौरान पहुंचे थे, जहां वे गाड़ी से उतरकर अपने आपको भाजपा प्रत्याशी जीवर्धन महापौर की चाय दुकान में जाने से नहीं रोक पाए.
बड़ी संख्या में उपस्थित रहा लोगों का हुजूम
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी एक चाय वाला होने के बाद से सबसे ज्यादा चर्चा में आए थे और रायगढ़ नगर निगम में भाजपा ने एक चाय वाले को महापौर प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतारा जिसके बाद रातों रात यह प्रत्याशी सोशल मीडिया में जमकर वायरल होते हुए देखते ही देखते पूरे भारत में चर्चा का विषय बन गया है. इतना ही नहीं प्रदेश के वित्त मंत्री ने भी गरीब परिवार से जुड़े अपने प्रत्याशी को भाजपा की तरफ से यह बताया कि पार्टी हमेशा नीचले तबके के लोगों को आगे लाने का प्रयास करती है और जीवर्धन चौहान जैसे कार्यकर्ता को महापौर के रूप में मैदान में उतारकर यह बता दिया है कि पार्टी के निर्णय हमेशा सेवा भावना से जुड़े कार्यकर्ताओं के लिए समर्पित रहती है.
प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी चुनाव प्रचार व रोड शो के दौरान इस दुकान में जाने से नहीं रोक पाए और यहां जब मुख्यमंत्री ने चाय बनाई तो हजारों की संख्या में इस चाय दुकान के सामने मौजूद भीड़ ने यह नजारा देखा और यह चाय बनाने वाला वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है.
ईसाई धर्म नहीं अपनाने पर झेलना पड़ेगा Jesus का प्रकोप, ग्रामीणों पर धर्म परिवर्तन का बनाया दबाव, पास्टर दंपती के खिलाफ मामला दर्ज
बिलासपुर। ग्रामीणों को डरा-धमकाकर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने के लिए पास्टर और उसकी पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. ग्रामीणों ने शिकायत की थी कि पास्टर दंपती ने धर्म परिवर्तन के लिए उन्हें मजबूर किया, मना करने पर प्रभु के प्रकोप झेलना पड़ेगा कहकर डराया गया. इस मामले में आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया है. पूरा मामला सकरी थाना क्षेत्र का है.
जानकारी के अनुसार, संबलपुरी निवासी उतरा कुमार साहू और रामेश्वर साहू ने ईसाई समाज के पास्टर संतोष मोसेस और उनकी पत्नी अनु मोसेस के खिलाफ शिकायत की थी. जिसमें बताया गया कि पास्टर संतोष और उसकी पत्नी अनु मोसेस 2 फरवरी रविवार को सुबह 10 से 12 बजे के बीच उनके गांव आए थे. उसने उतरा साहू पर जबरदस्ती धर्म परिवर्तन कर ईसाई धर्म अपनाने के लिए दबाव बनाया.
उन्होंने उतरा से कहा कि धर्म परिवर्तन करने पर उसके साथ सब ठीक रहेगा, नहीं तो प्रभु का प्रकोप पड़ने की बात कहकर डराने लगे. उतरा कुमार साहू नगर निगम में सफाईकर्मी है. धर्म परिवर्तन के दबाव से उतरा और उसका परिवार परेशान हैं.
महतारी वंदन योजना की 12वीं किश्त की राशि हुई जारी
रायपुर। राज्य शासन द्वारा महतारी वंदन योजना की 12वीं किश्त की राशि जारी कर दी गई है, जिसके अंतर्गत 69 लाख 53 हजार 994 महिला हितग्राहियों के बैंक खातों में 650.32 करोड़ रुपए की राशि का अंतरण किया गया है।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार महतारी वंदना योजना के तहत फरवरी माह में बालोद जिले में 2,50,768 हितग्राहियों को 23.10 करोड़ रुपए, बलौदा बाजार जिले में 3,27,476 हितग्राहियों को 30.97 करोड़ रुपए और बलरामपुर जिले में 2,13,300 हितग्राहियों को 19.79 करोड़ रुपए की राशि प्रदान की गई। इसी प्रकार बस्तर जिले में 1,91,609 हितग्राहियों को 18 करोड़ 87 हजार रुपए, बेमेतरा जिले में 2,52,906 हितग्राहियों को 23.96 करोड़ रुपए और बीजापुर जिले में 38,273 हितग्राहियों को 3.67 करोड़ रुपए की राशि का वितरण किया गया। बिलासपुर जिले में 4,22,741 हितग्राहियों को 39.54 करोड़ रुपए, दंतेवाड़ा जिले में 54,579 हितग्राहियों को 5.16 करोड़ रुपए और धमतरी जिले में 2,34,046 हितग्राहियों को 21.76 करोड़ रुपए की सहायता दी गई। दुर्ग जिले में 4,02,211 हितग्राहियों को 38.33 करोड़ रुपए और गरियाबंद जिले में 1,81,791 हितग्राहियों को 16.75 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में 95,401 हितग्राहियों को 8.72 करोड़ रुपए की सहायता राशि मिली।
जांजगीर-चांपा जिले में 2,88,420 हितग्राहियों को 26.91 करोड़ रुपए, जशपुर जिले में 2,30,609 हितग्राहियों को 21.50 करोड़ रुपए और कबीरधाम जिले में 2,53,149 हितग्राहियों को 23.53 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया। कांकेर जिले में 1,83,279 हितग्राहियों को 17.46 करोड़ रुपए, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में 1,16,472 हितग्राहियों को 10.99 करोड़ रुपए, और कोंडागांव जिले में 1,39,784 हितग्राहियों को 13.08 करोड़ रुपए की राशि प्रदान की गई।
कोरबा जिले में 2,93,353 हितग्राहियों को 27.34 करोड़ रुपए, कोरिया जिले में 59,625 हितग्राहियों को 5.62 करोड़ रुपए और महासमुंद जिले में 3,22,519 हितग्राहियों को 30.11 करोड़ रुपए की राशि का वितरण हुआ।मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में 1,00,895 हितग्राहियों को 9.70 करोड़ रुपए, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में 81,831 हितग्राहियों को 7.59 करोड़ रुपए और मुंगेली जिले में 2,12,511 हितग्राहियों को 19.44 करोड़ रुपए की राशि अंतरित की गई। नारायणपुर जिले में 27,258 हितग्राहियों को 2.54 करोड़ रुपए, रायगढ़ जिले में 3,03,934 हितग्राहियों को 27.72 करोड़ रुपए और रायपुर जिले में 5,31,558 हितग्राहियों को 51.19 करोड़ रुपए की राशि अंतरित की गई। राजनांदगांव जिले में 2,56,724 हितग्राहियों को 24.22 करोड़ रुपए, सक्ती जिले में 1,98,777 हितग्राहियों को 18.22 करोड़ रुपए और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में 1,89,156 हितग्राहियों को 16.67 करोड़ रुपए की राशि हस्तांतरित की गई। सुकमा जिले में 52,065 हितग्राहियों को 4.91 करोड़ रुपए, सुरजपुर जिले में 2,15,518 हितग्राहियों को 20.29 करोड़ रुपए और सरगुजा जिले में 2,31,456 हितग्राहियों को 21.38 करोड़ रुपए की राशि का अंतरण किया गया।
CM साय ने किया रोड शो : चाय बेचने वाले महापौर प्रत्याशी जीवर्धन चौहान के पक्ष में जनता से मांगा वोट, कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा- हमेशा करते आई है छल
रायगढ़। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज रायगढ़ नगर निगम में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए महापौर प्रत्याशी चाय वाले जीवर्धन चौहानसहित अन्य वार्ड प्रत्याशियों के लिए रोड शो किया. इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने जनता से भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की.

मुख्यमंत्री साय दोपहर करीब दो बजे रायगढ़ पहुंचे, जहां सत्तीगुड़ी चैक से उनका रोड शो शुरू हुआ. रोड शो में भाजपा के महापौर प्रत्याशी जीवर्धन चौहान, प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चैधरी, और जिला भाजपा अध्यक्ष अरूणधर दीवान भी गाड़ी में उनके साथ मौजूद थे. यह रोड शो गद्दी चैक, सुभाष चैक होते हुए रामनिवास टाकीज चैक तक पहुंचा, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका गाजे-बाजे के साथ स्वागत किया.
इसके बाद मुख्यमंत्री साय का रोड शो शहीद चैक होते हुए मिनी माता चैक पहुंचा, जहां उन्हें केले से तौला गया. वहीं महापौर प्रत्याशी जीवर्धन चौहान की चाय दुकान में रुककर उन्होंने चाय भी बनाई. इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि प्रदेशभर में भाजपा की जीत निश्चित है. मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उनकी सरकार के कार्यकाल का फायदा नगरीय निकाय चुनाव में मिलेगा और नगरीय निकाव चुनाव में तीसरे इंजन की सरकार बन रही है.
रोड शो के बाद मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आज से प्रदेश में हमारा नगरीय निकाय चुनाव का प्रचार कार्यक्रम प्रारंभ हुआ है और कोरबा से इसकी शुरूआत हुई है. वहां सभा हुई और उसके बाद यहां दूसरा कार्यक्रम था. रायगढ़ हमारा पुराना क्षेत्र है, यहां की जनता ने आशीर्वाद देकर मुझे 20 सालों तक सांसद बनाया. जब भी मै यहां आता हूं भावुक हो जाता हूं. भारतीय जनता पार्टी यहां से जीवर्धन चौहान को प्रत्याशी बनाया है. जीवर्धन आज भी अपनी आजीविका चाय बेचकर चलाते हैं. आज हमने इनकी चाय पी जो बहुत ही मीठी थी. उससे भी मीठी जीवर्धन चौहान की जुबान है. रायगढ़ में महापौर चुनाव के अलावा वार्डो में भाजपा की जीत होगी क्योंकि कांग्रेस जनता का विश्वास खो चुकी है.
प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि कांग्रेस हमेशा छल करते आई है. 2018 विधानसभा चुनाव में 36 वादा लेकर ये लोग सरकार में आये, यहां की जनता से उन्हें बहुत बड़ा जनादेश दी थी. लेकिन इन्होंने पांच साल में जनता को छलने का ही काम किया. इसलिए 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा. लोकसभा चुनाव में भी छत्तीसगढ़ की जनता ने 11 में से 10 सीट जीताई और अब यही हाल नगरीय निकाय चुनाव में कांग्रेस का होना है. 13 महीने में भाजपा सरकार ने प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी को पूरा किया है और पूरे प्रदेश की जनता का विश्वास जीतने का काम किया है.
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि विकास के मुद्दों पर भी भाजपा चुनाव लड़ती है. जनता के दुख दर्द में साल भर खड़ी रहती है. हमारे प्रधानमंत्री का नारा भी है सबका साथ, सबका विकास, सबका विकास और सबका प्रयास, 13 महीनों में ही चहुंमुखी विकास हुआ है.
राजस्व निरीक्षक के खिलाफ FIR दर्ज, करोड़ों की गड़बड़ी का आरोप
बिलासपुर। सकरी के तत्कालीन पटवारी और वर्तमान राजस्व निरीक्षक के खिलाफ करोड़ो की गड़बड़ी के मामले में एफआईआर दर्ज की गई है. आरआई पर विभागीय जांच में 3 करोड़ 42 लाख 17 हजार 920 रुपए की गड़बड़ी करने का खुलासा हुआ है.
विभागीय जांच में पता चला कि आरआई के खिलाफ भूमि अधिग्रहण मामले में चार बार विरोधाभासी प्रतिवेदन प्रस्तुत किया था. सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना ही खसरा नंबरों में आरआई ने हेरफेर कर प्रशासन को 3.42 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाया.
जानकारी के मुताबिक,तत्कालीन पटवारी मुकेश साहू ने भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया में हेरफेर करते हुए खसरा नंबर 1/4 रकबा, 0.03 एकड़ को सिंचित और दो फसली बताकर 37.37 लाख रुपए का भुगतान किया और खसरा नंबर 1/6 रकबा 0.62 एकड़ में अवैध तरीके से एक करोड़ रुपया के मुआवजे का भुगतान मनोज अग्रवाल को किया गया.
ग्राम सकरी में खसरा नंबर 1,9,10 में हुए बटांकन को बिना सक्षम अधिकारी के आदेश के बगैर मर्ज कर भू– नक्शा पोर्टल में मूल नंबर दर्ज किया गया. जिससे जमीन मालिक को नुकसान हुआ.
कलेक्टर के निर्देश पर FIR
करोड़ों रूपये की गड़बड़ी मामले की जानकारी मिलते ही कलेक्टर अविनाश शरण ने जांच समिति का गठन कर दिया. इसमें आरआई मुकेश साहू द्वारा 3 करोड़ 42 लाख 17 हजार 920 रुपए की गड़बड़ी करने की पुष्टि हुई. जिसके बाद कलेक्टर ने एसडीएम तखतपुर को FIR दर्ज कराने के निर्देश दिए.
आरआई मुकेश साहू के खिलाफ सकरी थाना में धारा 420 (धोखाधड़ी), 467 (कूटरचना), 468 (धोखाधड़ी हेतु कूटरचना), 471 (जालसाजी दस्तावेज का इस्तेमाल), 409 (सरकारी धन का गबन) और 120बी (षड्यंत्र) के तहत मामला दर्ज किया गया है. मामले में फरार मुकेश साहू की तलाश में पुलिस जुट गई है.
निकाय चुनाव 2025 : भाजपा ने छत्तीसगढ़ी और हिन्दी में लॉंच किया थीम सॉंग ‘घर-घर में कमल खिलाएंगे’…
रायपुर। नगरीय निकाय चुनाव के लिए भाजपा ने अपना थीम सॉन्ग “घर-घर में कमल खिलाएंगे” लॉन्च किया. विधायक अनुज शर्मा ने हिंदी और छत्तीसगढ़ी में गीत को अपना स्वर दिया है.
भाजपा का थीम सॉन्ग लॉन्च करते समय विधायक अनुज शर्मा, प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, भाजपा मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी और सह मीडिया प्रभारी अनुराग अग्रवाल मौजूद थे. इस दौरान प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने कहा कि निकाय चुनाव में भी भाजपा की जीत होगी. जनता का विश्वास हमारे साथ हैं।
उन्होंने कहा कि नगरीय निकाय को भ्रष्टाचार का अड्डा मानकर कांग्रेस ने काम किया है. जब कांग्रेस आरोप पत्र लगा रही थी तो हमने घोषणा पत्र जारी कर दिया. हमारे प्रचार का तरीका अलग है. कभी संगीत, डिजिटल, कला के माध्यम से प्रचार करने का हमारा तरीका है.
गीत के जरिए बताएंगे विजन
भाजपा प्रदेश महामंत्री ने कहा कि गीत के माध्यम से हम अपने विज़न को बतायेंगे. कांग्रेस के भ्रष्टाचार को भी गीत के माध्यम से बतायेंगे. उन्होंने भाजपा को संगठन आधारित पार्टी तो कांग्रेस को नेताधारी पार्टी बताया. प्रेस वार्ता के दौरान अनुज शर्मा ने थीम सॉंग को सुनाया.
इन गानों से काम नहीं चलने वाला
बीजेपी के थीम सॉंग पर पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि बीजेपी के पास कहने के लिए कुछ नहीं रह गया है. जनता समझ चुकी है कि बीजेपी मूर्ख बना रही है. एक साल में बीजेपी ने कोई काम नहीं किया, अब भगवान का नाम लेकर गाना बजाकर जनता को भटकाने का काम कर रहे हैं. इन गानों से काम नहीं चलने वाला है, जनता सब समझती है.
देखिए वीडियो –
EOW कोर्ट ने अग्रिम जमानत याचिका खारिज की, 18 फरवरी तक जेल में रहेंगे लखमा
रायपुर। छत्तीसगढ़ शराब घोटाला केस में पूर्व आबकारी मंत्री और कोंटा से कांग्रेस विधायक कवासी लखमा को राहत नहीं मिल रही है। EOW की कोर्ट ने लखमा की अग्रिम जमानत याचिका को खारिज कर दिया है। बता दे की EOW की कार्रवाई से बचने के लिए लखमा के वकील ने कोर्ट ने अग्रिम जमानत पर मंगलवार को सुनवाई हुई थी। कोर्ट ने आज फैसला सुनाया है।
गौरतलब है कि ईडी कोर्ट ने मंगलवार को सुनवाई के दौरान 14 दिन के लिए न्यायिक रिमांड बढ़ा दी है। इस मामले में अगली सुनवाई 18 फरवरी को होगी। लखमा के वकील ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि, EOW ने FIR के आधार गिरफ्तारी की है। कवासी लखमा विधायक है। उनकी गिरफ्तारी से पहले सरकार की मंजूरी लेनी थी। लेकिन 17 ए के तहत बिना सरकारी अनुमति के पुलिस कार्रवाई कर रही है।
EOW ने कहा हर महीने मिलते थे 50 लाख
EOW ने कोर्ट में अपना पक्ष रखते हुए बताया कि तत्कालीन आबकारी मंत्री कवासी लखमा को हर महीने 50 लाख रुपए शराब कार्टल से कमिशन दिया जाता था। साथ ही उनके पद में रहते हुए उन्होंने विभाग में हो रही गड़बड़ियों को रोकने के लिए कुछ नहीं किया। इसलिए उनकी अग्रिम जमानत याचिका स्वीकार नहीं की जानी चाहिए। जिसके बाद दोनों पक्षों की तर्क सुनने के बाद जमानत आवेदन खारिज कर दिया है।
21 जनवरी को न्यायिक रिमांड पर भेजा था जेल
इस मामले में आखिरी सुनवाई 21 जनवरी को हुई थी। लखमा को 7 दिन के ED रिमांड के बाद कोर्ट में पेश किया गया था। जहां ED की ओर से कवासी लखमा न्यायिक रिमांड पर भेजने की मांग की गई थी। कोर्ट ने 4 फरवरी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा था।
ED का आरोप- लखमा सिंडिकेट का अहम हिस्सा थे
ED का आरोप है कि, पूर्व मंत्री और मौजूदा विधायक कवासी लखमा सिंडिकेट का अहम हिस्सा थे। लखमा के निर्देश पर ही सिंडिकेट काम करता था। इनसे शराब सिंडिकेट को मदद मिलती थी। वही शराब नीति बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जिससे छत्तीसगढ़ में FL-10 लाइसेंस की शुरुआत हुई। ED का दावा है कि लखमा को आबकारी विभाग में हो रही गड़बड़ियों की जानकारी थी, लेकिन उन्होंने उसे रोकने के लिए कुछ नहीं किया।
कल आचार्य विद्यासागर के प्रथम समाधि स्मृति महोत्सव में शामिल होंगे केंद्रीय गृहमंत्री, जैन समाज के लोगों से करेंगे मुलाकात, 18 को प्रधानमंत्री के आने की संभावना
डोंगरगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह छत्तीसगढ़ दौरे पर आने वाले हैं. शाह 6 फरवरी को राजनांदगांव जिले के धार्मिक नगरी डोंगरगढ़ में प्रसिद्ध जैन संत आचार्य विद्यासागर महाराज के प्रथम समाधि स्मृति महा महोत्सव में भाग लेंगे. बताया जा रहा कि 18 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी डोंगरगढ़ आएंगे. इसकी तैयारी जोर-शोर से चल रही है.
कार्यक्रम के आयोजकों और प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, अमित शाह का आगमन 6 फरवरी को दोपहर 12:55 बजे डोंगरगढ़ में प्रस्तावित है. वे सीधे चंद्रगिरी तीर्थ पहुंचेंगे, जहां आयोजित समारोह में शामिल होकर आचार्य विद्यासागर महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे. आचार्य विद्यासागर महाराज जैन धर्म के एक प्रतिष्ठित संत थे, जिनके जीवन और शिक्षाओं ने लाखों लोगों को प्रभावित किया. उनके समाधी स्मृति महोत्सव में देशभर से श्रद्धालु और अनुयायी एकत्र हो रहे हैं. अमित शाह की उपस्थिति से इस आयोजन का महत्व और भी बढ़ जाएगा.

कार्यक्रम के दौरान अमित शाह संत समाज और स्थानीय गणमान्य नागरिकों से भी मुलाकात करेंगे और आचार्य विद्यासागर महाराज के आदर्शों पर आधारित अपने विचार साझा कर सकते हैं. इसके अतिरिक्त जैन समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ विभिन्न सामाजिक और धार्मिक मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है.
मां बम्लेश्वरी मंदिर में करेंगे दर्शन
चंद्रगिरी तीर्थ में आयोजित कार्यक्रम के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दोपहर 2:50 बजे डोंगरगढ़ के प्रसिद्ध मां बम्लेश्वरी मंदिर में माता के दर्शन करेंगे. यह मंदिर छत्तीसगढ़ का एक प्रमुख धार्मिक स्थल है, जहां हर साल लाखों श्रद्धालु आते हैं. अमित शाह यहां पूजा-अर्चना कर देश की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे.
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, प्रशासनिक तैयारियां पूरी
केंद्रीय मंत्री के दौरे को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं. डोंगरगढ़ पुलिस, जिला प्रशासन और अन्य सुरक्षा एजेंसियां पूरे इलाके में चौकसी बरत रही है. एसपी और कलेक्टर स्वयं तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं. चंद्रगिरी तीर्थ और मां बम्लेश्वरी मंदिर के आसपास सुरक्षा के लिए विशेष बल तैनात किए गए हैं. जिला प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल और मंदिर परिसर की साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विशेष तैयारी की है. साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं.
18 फरवरी को आ सकते हैं प्रधानमंत्री मोदी
अमित शाह के दौरे को लेकर डोंगरगढ़ के स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है. धार्मिक आयोजन के साथ-साथ केंद्रीय मंत्री के आगमन को लेकर शहर में विशेष सजावट की जा रही है. कई लोग उम्मीद कर रहे हैं कि इस दौरे के दौरान क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हो सकती है. वहीं विद्यासागर महराज के समाधि स्थल पर 18 फरवरी को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी पहुंचने की जानकारी मिली है. इसकी तैयारी में पुलिस प्रशासन जुटा हुआ है.
बागियों पर भाजपा का चला हंटर : 22 नेताओं को दिखाया पार्टी से बाहर का रास्ता, 6 साल के लिए किया निष्कासित
जांजगीर-चांपा। नगरीय निकाय चुनाव के लिए प्रचार में राजनीतिक दलों के प्रत्याशी प्रचार में पूरा जोर लगा रहे हैं. इस बीच समीकरण बिगाड़ने वाले बागियों पर कार्रवाई शुरू हो चुकी है. जांजगीर चांपा जिले में भारतीय जनता पार्टी का बागियों पर हंटर चला रहा है. पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ने के आरोप और अनुशासन भंग करने के मामले में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने 22 कार्यकर्ताओं को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छह साल के लिए निष्कासित किया है.
इन बागियों पर हुई कार्रवाई
जांजगीर जिला में नगर पालिका, नगर पंचायत में बीजेपी से बागी होकर चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों पर निष्काशन की गाज गिरी है. इनमें पार्षद के लिए 19 और अध्यक्ष के लिए 3 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं. नगर पालिका अकलतरा के आलावा नगर पंचायत नवागढ़ और पामगढ़ में 1-1 बागी प्रत्याशी अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ रहे हैं.



चुनाव से पहले भाजपा एक्शन मोड में नजर आ रही है. बता दें कि इससे पहले कांकेर जिले में भाजपा ने 14 भाजपाइयों पर निष्कासन की कार्रवाई की थी. इस कार्रवाई में कांकेर नगर पालिका से जागेश्वरी साहू, चारामा नगर पंचायत से 4 और पखांजूर नगर पंचायत 9 प्रत्याशीयो को 6 साल के लिए पार्टी से निष्काषित किया गया. इनमें 5 नेता ऐसे भी हैं जो पूर्व में पार्षद भी रहे हैं.