प्रदेश / छत्तीसगढ़

खेत में काम कर रहे पति-पत्नी की आकाशीय बिजली गिरने से मौत

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पिथौरा थाना क्षेत्र के मुढ़ीपार गांव में सोमवार को आकाशीय बिजली गिरने से पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक दंपत्ति राधेश्याम दीवान (38) और रत्ना बाई दीवान (36) खेत में निंदाई (निराई) का कार्य कर रहे थे, तभी अचानक तेज गरज के साथ बिजली गिरी और दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में एक अन्य व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिथौरा में भर्ती कराया गया है।

गांव में पसरा मातम, प्रशासन से मदद की मांग

घटना के बाद गांव में शोक की लहर है। परिजनों और ग्रामीणों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और मुआवजे की मांग की है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, और आगे की जांच जारी है।