प्रदेश / छत्तीसगढ़

30 अप्रैल को विधानसभा का विशेष सत्र! नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर विपक्ष के खिलाफ लाया जाएगा निंदा प्रस्ताव

रायपुर। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के लोकसभा से पारित नहीं हो पाने पर 30 अप्रैल को छत्तीसगढ़ विधानसभा का विशेष सत्र आहुत किया जा रहा है. सत्र के दौरान अधिनियम के पारित नहीं होने पर विपक्ष के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाया जाएगा.

विधानसभा के विशेष सत्र की जानकारी देते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि सरकार की ओर से 30 अप्रैल को विशेष सत्र आयोजित करने का आग्रह हुआ. विधानसभा अध्यक्ष तय करेंगे कि कितने दिन का सत्र होगा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस और विपक्षी दलों ने आधी आबादी को उनके संवैधानिक अधिकार से वंचित करने का काम किया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट किया है कि उनके अधिकार दिलाने तक संघर्ष जारी रहेगा.

वहीं उप मुख्यमंत्री साव ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आतंकवादी कहे जाने पर कहा कि कांग्रेस घटिया और निम्न स्तर की राजनीति कर रही है. कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष का इस तरह की भाषा का उपयोग करना दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ प्रधानमंत्री का नहीं, बल्कि देश के 140 करोड़ लोगों का अपमान है. कांग्रेस अपनी गिरती हुई राजनीति का परिचय दे रही है.

अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश में आतंकवाद, अलगाववाद और नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी और आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब दिया. ऐसे प्रधानमंत्री के लिए इस तरह की भाषा का इस्तेमाल कांग्रेस के राजनीतिक पतन और घटियापन को दर्शाता है.

सचिन तेंदुलकर के बस्तर दौरे को लेकर कांग्रेस द्वारा उठाए गए सुरक्षा सवालों पर अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस नहीं चाहती थी कि नक्सलवाद खत्म हो. नक्सली कांग्रेस के पाले-पोसे लोग रहे, इसलिए वे नहीं चाहते थे कि बस्तर में शांति स्थापित हो. क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर बस्तर के युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए जा रहे हैं, लेकिन कांग्रेस इस पर भी राजनीति कर रही है.

आदिवासी समाज के धर्मांतरण करने वालों की डी-लिस्टिंग की मांग पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि धर्मांतरण प्रदेश के सामने एक बड़ी चुनौती बनकर उभरा है. सरकार बनने के बाद इस पर सख्त रुख अपनाया गया और मौजूदा कानूनों को और कठोर बनाया गया है. विधानसभा से भी सख्त कानून पारित कर कार्रवाई तेज की गई. समाज को भी आगे आकर धर्मांतरण रोकने में सहयोग करना होगा.

शिव डहरिया ने संभाला कांग्रेस का मोर्चा

वहीं विधानसभा के विशेष सत्र पर पूर्व मंत्री शिव डहरिया ने कहा कि इस तरह का कोई प्रावधान प्रजातंत्र में नहीं है. अगर है तो विपक्ष को भी एक दिन का मौक़ा दें. उनकी पोल खोलकर रखेंगे. किस तरह से प्रजातंत्र का मखौल उड़ाया है, महिलाओं के अधिकारों को खत्म करने का काम मोदी सरकार कर रही है. उन सबके बारे में बताया जाएगा. जो बिल लोकसभा और राज्यसभा में पास हो गया है, उसे लागू करना चाहिए. 2028 और 2029 के चुनाव में उसे लागू करना चाहिए.

वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अपमान के सवाल पर शिव डहरिया ने कहा कि लोकतंत्र का अपमान तो नरेंद्र मोदी कर रहे हैं. कांग्रेस पार्टी हमेशा लोगों का सम्मान करती है. अरुण साव नरेंद्र मोदी के लिए टिप्पणी कर रहे होंगे. प्रजातंत्र को नुकसान पहुंचाने का सबसे बड़ा काम हमारे प्रधानमंत्री कर रहे हैं.

सचिन तेंदुलकर के दौरे को लेकर पूर्व मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री को भी जाना था. सभी कार्यक्रम में उनके साथ रहना था. ऐसा लग रहा है कि सुरक्षागत कारणों से उन्होंने अपना दौरा स्थगित किया है. यह बोलते है नक्सल मूवमेंट हमने खत्म कर दिया. हकीकत यह है कि नक्सली मूवमेंट खत्म नहीं हुआ है, इसलिए डर में मुख्यमंत्री नहीं जा रहे है. सुरक्षा कारणों से सचिन के दौरे में कटौती की गई है. ऐसी जानकारी मिली है कि यह नक्सल मूवमेंट को देखते हुए किया गया है. इससे सरकार के कार्यों पर प्रश्नचिह्न लगाता है.

वहीं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर को लेकर पूर्व मंत्री ने कहा कि बीजेपी की सरकार झूठी सरकार है. लगता है मुख्यमंत्री दिल्ली के कंट्रोल में चल रहे हैं. जनदर्शन लगाया करते थे उसके लाखों आवेदन पेंडिंग हैं. उसका निराकरण आज तक नहीं हो पाया है. हेल्पलाइन से कोई फ़र्क़ पड़ने वाला नहीं है. दिखावे की राजनीति बीजेपी करती है. जनता की समस्याओं का निराकरण नहीं हो रहा है, इसलिए बरगलाने का काम सरकार कर रही है.