छत्तीसगढ़ में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, कई इलाकों में बारिश के साथ अंधड़ और बिजली गिरने का अलर्ट
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने के संकेत दे रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। प्रदेश में अब तक हुई मौसमी वर्षा सामान्य से 6 प्रतिशत कम है। मौसम विभाग ने 10 सितंबर से बारिश की गतिविधियों में वृद्धि की संभावना जताई है। इस दौरान कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा और गरज-चमक के साथ वज्रपात हो सकता है।
आज कई इलाकों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। वहीं, एक-दो स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। कुछ इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
रायपुर में 34.2 डिग्री तापमान
पिछले 24 घंटों में रायपुर में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस पेण्ड्रा रोड में रिकॉर्ड हुआ।
इन इलाकों में हुई बारिश
पिछले 24 घंटों में पाली (कोरबा) में 4 सेमी, बेलगहना (बिलासपुर) में 3 सेमी तथा हरदीबाजार (कोरबा) और नेरहरपुर (कांकेर) में 2-2 सेमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा सकरी और कोटा (बिलासपुर), घुमका (राजनांदगांव), जशपुरनगर (जशपुर) और छिंदगढ़ (सुकमा) में 1-1 सेमी वर्षा हुई।
बंगाल की खाड़ी में बन रहा कम दबाव का क्षेत्र
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरी बंगाल की खाड़ी और उससे लगे बांग्लादेश तट के ऊपर समुद्र तल से करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से 10 सितंबर को उत्तरी बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्रों में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।
इसके अलावा समुद्र तल पर मानसून द्रोणिका जम्मू, देहरादून, पंतनगर, बस्ती, छपरा, पुरुलिया और दीघा होते हुए दक्षिण-पूर्व दिशा में पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी तक विस्तृत है।
रायपुर में बारिश और अंधड़ के आसार
राजधानी रायपुर में गुरुवार को आकाश आंशिक रूप से मेघमय रहने की संभावना है। शहर में बारिश के साथ गरज-चमक और अंधड़ चल सकता है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
दो दिन बाद भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों के बाद भी प्रदेश में बारिश का दौर जारी रह सकता है। अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ वज्रपात की भी आशंका है।
27 जिलों के लिए येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने 10 सितंबर 2026 को सुबह 7:15 बजे जिला स्तरीय नाउकास्ट जारी किया है, जो सुबह 10:15 बजे तक प्रभावी रहेगा। इसके तहत प्रदेश के कई जिलों में हल्की आंधी के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। इस दौरान हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है।
इन जिलों में अलर्ट
सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर के कुछ हिस्सों में बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का भी अनुमान है।