छत्तीसगढ़ में RPI का संगठन विस्तार प्लान, केंद्रीय मंत्री अठावले बोले- मजबूत हुए तो BJP से सीटों पर करेंगे बात
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (RPI) अपनी जमीन मजबूत करने की तैयारी में है। केंद्रीय मंत्री और RPI प्रमुख रामदास अठावले ने कहा कि छत्तीसगढ़ में सभी समाजों को साथ लेकर संगठन को मजबूत किया जाएगा। इसके साथ उन्होंने संकेत दिया कि यदि पार्टी प्रदेश में मजबूत होगी तो भाजपा के साथ 4 से 5 सीटों पर गठबंधन को लेकर विचार किया जा सकता है।
रामदास अठावले ने मीडिया से चर्चा में कहा कि RPI छत्तीसगढ़ में अपना संगठन खड़ा करने और उसे मजबूत करने पर काम करेगी। पार्टी का फोकस सभी समाजों को साथ लेकर चलने पर रहेगा। उन्होंने कहा कि संगठन के विस्तार के बाद चुनावी समीकरणों को देखते हुए भाजपा के साथ सीटों को लेकर बातचीत की संभावना बन सकती है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पिछले चुनाव में वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ छत्तीसगढ़ में कैंपेन कर चुके हैं। उन्होंने भाजपा के साथ अपने राजनीतिक संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी मजबूत होने के बाद गठबंधन को लेकर आगे विचार किया जाएगा।
वहीं राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनने की संभावनाओं को लेकर पूछे गए सवाल पर अठावले ने कहा कि राहुल गांधी विपक्ष का काम अच्छा कर रहे हैं। उन्हें विपक्ष का नेता ही रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर टिप्पणी करने में कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन राहुल गांधी को झूठ नहीं बोलना चाहिए।
अठावले ने राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनने की संभावना को मुश्किल बताते हुए कहा कि 2029 के लोकसभा चुनाव में भी नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जीत का भरोसा है।
छत्तीसगढ़ में RPI का विस्तार होने और भाजपा के साथ संभावित सीट गठबंधन का संकेत प्रदेश की राजनीति में नए समीकरण की ओर इशारा है। हालांकि, अठावले ने फिलहाल गठबंधन को अंतिम रूप देने की बात नहीं कही है। उनका कहना है कि पहले पार्टी को प्रदेश में मजबूत किया जाएगा और इसके बाद चुनावी परिस्थितियों के अनुसार सीटों पर विचार होगा।