प्रदेश / छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में निवेश से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर, बाढ़ प्रबंधन पर संवेदनशील है साय सरकार

रायपुर। भाजपा के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता एवं सांसद संतोष पाण्डेय ने प्रदेश में प्रस्तावित औद्योगिक निवेश को विकास और रोजगार के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रयासों से छत्तीसगढ़ में लगातार बड़े निवेश प्रस्ताव आ रहे हैं। इससे प्रदेश में विकास की गति तेज होगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

मंगलवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए संतोष पाण्डेय ने औद्योगिक निवेश, विकास योजनाओं और बाढ़ आपदा प्रबंधन को लेकर सरकार का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए बड़े निवेश प्रस्तावों का आना प्रदेश के लिए गौरव और खुशी का विषय है। निवेश बढ़ने से प्रदेश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और इसका लाभ स्थानीय स्तर पर रोजगार तथा विकास के रूप में मिलेगा।

बाढ़ प्रबंधन को लेकर विपक्ष के सवालों पर पाण्डेय ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत को पहले अपने प्रदेश की स्थिति संभालने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सुशासन स्थापित है और सरकार आपदा प्रबंधन को लेकर पूरी तरह संवेदनशील एवं सतर्क है।

उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में शासन-प्रशासन के अधिकारी और कर्मचारी पूरी मुस्तैदी से राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वयं प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया और राहत पहुंचाने के लिए आवश्यक निर्णय लिए हैं। सरकार की ओर से किए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों को प्रदेश की जनता भी देख रही है।