2026 विधानसभा चुनाव का ऐलान: बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में वोटिंग, 4 मई को नतीजे
नई दिल्ली। देश में अगले बड़े चुनावी मुकाबले की शुरुआत हो गई है। Election Commission of India ने वर्ष 2026 में होने वाले पांच महत्वपूर्ण विधानसभा चुनावों की तारीखों की घोषणा कर दी है। इस बार चार राज्यों —पश्चिम बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव कराए जाएंगे। चुनाव आयोग ने मतदान की तारीखों, नामांकन प्रक्रिया और परिणाम की घोषणा की पूरी रूपरेखा जारी कर दी है।मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि सभी राज्यों में चुनाव प्रक्रिया अप्रैल महीने में पूरी होगी और 4 मई 2026 को मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।
पश्चिम बंगाल में दो चरणों में होगा मतदान
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव दो चरणों में संपन्न होंगे।पहले चरण के लिए गजट नोटिफिकेशन 30 मार्च 2026 को जारी होगा, जबकि नामांकन की अंतिम तारीख 6 अप्रैल 2026 तय की गई है। पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल 2026 को होगा।दूसरे चरण के लिए नोटिफिकेशन 2 अप्रैल 2026 को जारी किया जाएगा और नामांकन की आखिरी तारीख 9 अप्रैल 2026 होगी। दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल 2026 को कराया जाएगा। पश्चिम बंगाल की कुल 294 विधानसभा सीटों पर चुनाव होंगे।
असम में एक चरण में मतदान
असम में विधानसभा चुनाव एक ही चरण में आयोजित होंगे। इसके लिए 16 मार्च 2026 को गजट नोटिफिकेशन जारी होगा और 23 मार्च 2026 तक उम्मीदवार नामांकन दाखिल कर सकेंगे। राज्य में 9 अप्रैल 2026 को मतदान होगा और यहां कुल 126 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव कराया जाएगा।
केरल में भी एक चरण में चुनाव
केरल में भी चुनाव एक चरण में ही संपन्न होंगे। यहां भी 16 मार्च 2026 को अधिसूचना जारी होगी और 23 मार्च तक नामांकन की प्रक्रिया चलेगी।मतदान 9 अप्रैल 2026 को कराया जाएगा। केरल की 140 विधानसभा सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे।
तमिलनाडु में 23 अप्रैल को मतदान
तमिलनाडु में चुनाव के लिए अधिसूचना 30 मार्च 2026 को जारी होगी और नामांकन की अंतिम तिथि 6 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है। राज्य में 23 अप्रैल 2026 को मतदान होगा। तमिलनाडु की कुल 234 विधानसभा सीटों पर चुनाव होगा।
पुडुचेरी में भी 9 अप्रैल को वोटिंग
केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में भी विधानसभा चुनाव एक ही चरण में आयोजित होंगे। यहां 16 मार्च 2026 को अधिसूचना जारी होगी और 23 मार्च तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। मतदान 9 अप्रैल 2026 को होगा। पुडुचेरी में कुल 30 विधानसभा सीटों पर चुनाव होंगे।
कब खत्म हो रहा मौजूदा सरकारों का कार्यकाल
मुख्य चुनाव आयुक्त के अनुसार मौजूदा सरकारों का कार्यकाल भी जल्द समाप्त होने वाला है। असम में वर्तमान सरकार का कार्यकाल 20 मई 2026, केरल में 23 मई 2026, तमिलनाडु में 10 मई 2026, पश्चिम बंगाल में 7 मई 2026 और पुडुचेरी में 15 जून 2026 को पूरा होगा। इसी को ध्यान में रखते हुए चुनाव कार्यक्रम तय किया गया है।
चुनाव के लिए व्यापक तैयारियां
चुनाव आयोग ने इन पांच क्षेत्रों में चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। आयोग के मुताबिक चुनाव प्रक्रिया में करीब 15 लाख पोलिंग पर्सनल तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा साढ़े 8 लाख सुरक्षाकर्मी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे।इसके साथ ही मतदान प्रक्रिया की निगरानी के लिए लगभग 49 हजार माइक्रो ऑब्जर्वर, 1,444 ऑब्जर्वर, करीब 40 हजार काउंटिंग अफसर और 21 हजार सेक्टर ऑफिसर नियुक्त किए जाएंगे। मतगणना के दौरान भी लगभग 15 हजार माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात रहेंगे।