पश्चिम बंगाल चुनाव 2026: बंगाल में कल 142 सीटों पर मतदान, कोलकाता में सुरक्षा व्यवस्था के सख्त और पुख्ता इंतजाम
कोलकाता। निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मद्देनजर कड़े सुरक्षा प्रबंधों की घोषणा की है। आयोग ने कहा कि मतदान प्रक्रिया में बाधा डालने या मतदाताओं को डराने-धमकाने के किसी भी प्रयास से सख्ती से निपटा जाएगा। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे और अंतिम चरण के मतदान के लिए कोलकाता समेत पूरे राज्य में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किये गये हैं. 29 अप्रैल को होने वाली 142 सीटों की वोटिंग को लेकर प्रशासन किसी भी तरह की ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है.
राजधानी की सड़कों पर पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) के जवानों ने मोर्चा संभाल लिया है. शहर के संवेदनशील इलाकों और प्रवेश द्वारों पर पैनी नजर रखी जा रही है, ताकि मतदान शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके.
पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण में 142 सीटों पर अपनी किस्मत आजमा रहे उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा। सुरक्षा बलों का मुख्य फोकस बाहरी तत्वों की घुसपैठ रोकने, अवैध नगदी, शराब या चुनाव को प्रभावित करने वाली किसी भी सामग्री की आवाजाही को विफल करना है.
बंगाल में पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को हुआ था। चुनाव आयोग ने वोटिंग प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए दूसरे चरण की वोटिंग से पहले कुछ प्रोटोकॉल्स में बदलाव किया है।
अंतिम चरण के मतदान को देखते हुए शहर के उन सभी प्वाइंट्स को सील कर दिया गया है, जो अन्य जिलों या पड़ोसी क्षेत्रों से जुड़ते हैं. चेकिंग के दौरान ड्राइवरों के दस्तावेजों और गाड़ी में रखे सामान की बारीकी से पड़ताल की जा रही है. चुनाव आयोग और पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा ड्यूटी में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. अधिकारियों ने नागरिकों से सहयोग की अपील की है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय थाने या कंट्रोल रूम को देने को कहा है.