पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने BJP को बताया अंग्रेजों की औलाद, कहा…”अंग्रेज चले गए अपनी औलाद छोड़ गए”, बाबा के बयान से मचा सियासी घमासान
रायपुर। छत्तीसगढ़ में इन दिनों सियासी घमासान मचा हुआ है। एक तरफ कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट अलग-अलग जिलों में रैलिया कर बीजेपी को घेर रहे है। वहीं दूसरी तरफ पूर्व डिप्टी सीएम टी.एस.सिंहदेव ने अब बीजेपी पर तीखा हमला करते हुए उसे अंग्रेजों की औलाद करार दिया। उन्होने एक्स पर लिखा…..अंग्रेज चले गए अपनी औलाद छोड़ गए। इसके साथ ही सिंहदेव ने बहुसंख्यकों को डराने, अल्पसंख्यकों को अमानवीय दिखाने और नफरत फैलाकर वोट बटोरने का आरोप भी लगाया है।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में एक बार फिर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गयी है। कांग्रेस के केंद्रीय नेता जहां छत्तीसगढ़ में रैलिया कर बीजेपी को सीधे तौर पर टारगेट कर रही है। वहीं दूसरी तरफ इन रैलियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ कांग्रेस संगठन को एक बार फिर एकजुट कर मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में सचिन पायलट के दौरे के बाद जहां कांग्रेस नेता चार्ज नजर आ रहे है। वहीं पूर्व डिप्टी सीएम टी.एस.सिंहदेव ने एक बार फिर बीजेपी की नीतियों पर तीखा हमला करते हुए उन्हे अंग्रेजों की औलाद बताते हुए कई गंभीर आरोप लगाये।
सिंहदेव ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए एक्स पर लिखा…..”पुरानी कहावत है अंग्रेज चले गए औलाद छोड़ गए जो भाजपा पर बिल्कुल सटीक बैठती है। 1930-40 के दशक में जो उनके मालिक अंग्रेज सिखा कर गए, आज भाजपा फिर उसी विभाजनकारी मानसिकता के आग पर अपनी राजनीति की रोटियां सेंक रही है। बहुसंख्यकों को डराओ, अल्पसंख्यकों को अमानवीय बताओ, नफ़रत बढ़ाओ और वोट मांगों…यही उनका चुनावी हथकंडा है।” साथ ही उन्होंने चुनाव आयोग से सवाल किया है कि….“कानून की किताब देखकर बताए कि क्या किसी राजनीतिक दल को ऐसे नफरती और विभाजनकारी वीडियो साझा करनी चाहिए क्या ?”
बाबा के बायान पर वित्त मंत्री चौधरी ने किया पलटवार
सिंहदेव के इस तीखे हमले से सूबे की राजनीति गरमा गयी है। सिंहदेव के इस बयान पर प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने पलटवार किया है। उन्होने मीडिया से बातचीत में कहा कि अंग्रेजों के कौन करीब था, यह सब जानते हैं। देश की सांस्कृतिक जड़ों को मजबूत करते हुए भाजपा काम कर रही है। सोनिया गांधी रिमोट से सरकार चलाती थी। देश पर पहला हक माइनोरिटी का है, यह कांग्रेस ने प्रधानमंत्री से कहलवाया था। भाजपा समावेशी राष्ट्रवाद की नीति पर काम कर रही है और कांग्रेस को अब आत्ममंथन करना चाहिए।