टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम का ऐलान, सूर्यकुमार यादव कप्तान और अक्षर पटेल होंगे उपकप्तान
मुंबई। भारत सहित दुनियाभर के करोड़ों क्रिकेट प्रशंसकों का इंतजार खत्म हो गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में 7 फरवरी से शुरू होने वाले ICC मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। टीम में कई नए चेहरों को मौका दिया गया है।
टीम इंडिया की कमान सूर्यकुमार यादव को सौंपी गई है, जबकि अक्षर पटेल उपकप्तान की भूमिका निभाएंगे। तेज गेंदबाजी विभाग की अगुवाई जसप्रीत बुमराह करेंगे, जिनका साथ हर्षित राणा और अर्शदीप सिंह देंगे। स्पिन आक्रमण में कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती और वॉशिंगटन सुंदर को शामिल किया गया है।
ऑलराउंडरों के रूप में हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे और अक्षर पटेल टीम को संतुलन प्रदान करेंगे। बल्लेबाजी क्रम में अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा और रिंकू सिंह को मौका मिला है। विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संजू सैमसन और ईशान किशन संभालेंगे।
7 फरवरी से शुरू होगा टी20 वर्ल्ड कप 2026
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 7 फरवरी से होगा, जबकि फाइनल मुकाबला 8 मार्च को खेला जाएगा। भारत अपने अभियान की शुरुआत 7 फरवरी को मुंबई में USA के खिलाफ करेगा। इसके बाद 12 फरवरी को दिल्ली में नामीबिया से सामना होगा। 15 फरवरी को कोलंबो में भारत और पाकिस्तान के बीच बहुप्रतीक्षित मुकाबला खेला जाएगा, जबकि 18 फरवरी को अहमदाबाद में भारत का सामना नीदरलैंड्स से होगा। इसके बाद टूर्नामेंट सुपर-8 चरण में प्रवेश करेगा।