छत्तीसगढ़ में फिर गरमाई राजनीति, PCC चीफ ने कहा- भाजपा का अनोखा राज, अपने ही पूर्व गृहमंत्री को कराया हाउस अरेस्ट !
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सियासी पारा गरमाया हुआ है। सीएम हाउस के सामने धरना देने जा रहे पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर को रोके जाने के बाद अब कांग्रेस ने इस पूरे मामले पर सरकार पर तंज कसा है। पीसीसी चीफ दीपक बैज ने एक्स पर लिखा….भाजपा का अनोखा राज, अपने ही पूर्व गृहमंत्री को हाउस अरेस्ट! आपको बता दे आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी छत्तीसगढ़ के बस्तर प्रवास पर है। ऐसे में ननकीराम कंवर को लेकर गरमायी इस राजनीति ने बीजेपी की चिंता बढ़ा दी है।
गौरतलब है कि कोरबा कलेक्टर अजीत वसंत को हटाने की मांग को लेकर पूर्व गृहमंत्री लामबंद हो गये है। अपने तय अल्टीमेटम के अनुसार कलेक्टर का तबादला नही होने पर ननकीराम कंवर शुक्रवार को ही रायपुर पहुंच गये थे। यहां से आज सुबह 10 बजें जब वह सीएम हाउस पर धरना देने के लिए रवाना होने ही वाले थे, तभी पुलिस के अधिकारियों ने उन्हे रोक लिया। ननकीराम कंवर को सीएम हाउस जाने से रोकने के दौरान मौके पर मीडिया भी पहुंच गयी। इस दौरान ननकीराम कंवर का पुलिस अधिकारी और मौके पर मौजूद एसडीएक के साथ गेट खोलने को लेकर नोकझोंक भी हुई।
लेकिन अधिकारियों ने दरवाजा नही खोला, इस दौरान ननकीराम कंवर ने प्रदेश सरकार पर अफसरशाही हावी होने के साथ ही कई गंभीर आरोप लगाये। उन्होने मीडिया से ये भी कह दिया कि उन्हे रोकने वाला कोई पैदा नही हुआ है। यदि उन्हे इसी तरह रोका गया तो फिर वे उसी जगह पर धरने पर बैठ जायेंगे। दूसरी तरफ पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर को बंधक बनाये जाने की खबर जैसे ही सोशल मीडिया में वायरल हुई, कांग्रेस भी एक्टिव हो गयी। कांग्रेस ने अपने आफिसियल हैंडल और पीसीसी चीफ दीपक बैज ने एक्स पर इस पूरे घटनाक्रम को लेकर सरकार पर तंज कसा।
दीपक बैज ने एक्स पर लिखा कि….“भाजपा का अनोखा राज, अपने ही पूर्व गृहमंत्री को हाउस अरेस्ट ! कोरबा कलेक्टर को हटाने की मांग को लेकर धरने पर अड़े भाजपा के ही पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर को रायपुर पहुंचते ही प्रशासन ने एम्स के पास हाउस अरेस्ट कर दिया। जो कभी राज्य के गृहमंत्री रहे, वे आज अपनी ही सरकार में अपने मांगों को लेकर सड़क पर उतरने को मजबूर हैं और सरकार उन्हें रोकने के लिए हाउस अरेस्ट कर रही है। यही है भाजपा का राज, जहाँ जनता तो दूर, अब अपने ही वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री न्याय की गुहार लगाते.लगाते हाउस अरेस्ट कर दिए जाते हैं।”