धर्म /अध्यात्म

आज और कल मनाया जाएगा कान्हा का जन्मोत्सव

आज यानी 15 अगस्त को देशभर में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम से मनाया जा रहा है। वहीं, पंचांग के अनुसार कुछ साधक 16 अगस्त के दिन भी जन्माष्टमी का व्रत और पूजा-अर्चना करेंगे। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भाद्रपद मास की कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि पर ही रोहिणी नक्षत्र में भगवान श्रीकृष्ण का जन्म हुआ था। ऐसे में यह दिन कान्हा जी की कृपा प्राप्त करने के लिए सबसे उत्तम माना जाता है।

शास्त्रों में बताया गया है कि भगवान श्रीकृष्ण को तुलसी के साथ-साथ उसकी मंजरी बेहद प्रिय है। इस शुभ दिन पर तुलसी की मंजरी से जुड़े कुछ खास और चमत्कारी उपाय करने से व्यक्ति को शुभ फल की प्राप्ति हो सकती है और उसके जीवन में सुख-समृद्धि आती है।

जन्माष्टमी पर मंजरी से जुड़े उपाय:

  • कान्हा जी को अर्पित करें मंजरी: जन्माष्टमी की पूजा के दौरान भगवान कृष्ण की प्रतिमा को तुलसी की मंजरी जरूर अर्पित करें। ऐसा माना जाता है कि इससे श्रीकृष्ण प्रसन्न होते हैं और भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूरी करते हैं।
  • मंजरी का तिलक: पूजा के बाद मंजरी को तिलक के रूप में अपने माथे पर लगाएं। इससे सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और सभी कार्यों में सफलता मिलने की मान्यता है।
  • गंगाजल में मिलाएं मंजरी: पूजा के बाद मंजरी को गंगाजल में मिलाकर घर के हर कोने में छिड़कें। इससे घर की नकारात्मकता दूर होती है और सुख-शांति का वास होता है।
  • मंजरी की माला: आप तुलसी की मंजरी को धागे में पिरोकर एक माला बना सकते हैं और इसे भगवान कृष्ण को पहना सकते हैं। यह उपाय धन-धान्य और समृद्धि लाने वाला माना जाता है।

धार्मिक जानकारों का मानना है कि इन उपायों को पूरी श्रद्धा के साथ करने से व्यक्ति को भगवान कृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त होता है, जिससे उसके सभी दुख दूर हो जाते हैं और जीवन में खुशहाली आती है।