रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 1 नवंबर छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के 24 वर्ष पूरे हो रहे हैं । देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी ने जिस परिकल्पना के साथ छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण किया था, उन्हें साकार करने की दिशा में प्रदेश निरंतर अग्रसर है। राज्य निर्माण के बाद छत्तीसगढ़ ने हर क्षेत्र में प्रगति की है। राज्य सरकार आदिवासियों, किसानों, मजदूरों, वंचित वर्ग के लोगों तक उनके अधिकार पहुचाने के लिए लगातार काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार विकास के लक्ष्य को तेजी से हासिल करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सभी की भागीदारी महत्वपूर्ण है। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर हम सब प्रदेश को आगे ले जाने और विकास का नया अध्याय लिखने का संकल्प लें । साथ ही मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि राज्योत्सव के अवसर पर अपने घरों में दीप प्रज्ज्वलित करें और दीपोत्सव के साथ राज्योत्सव मनाएं।
रायपुर। रायपुर दक्षिण विधानसभा उपचुनाव 2024 में आज नामांकन वापसी की प्रक्रिया समाप्त हो गई है. अंतिम दिन एक अभ्यर्थी ने अपना नामांकन वापस लिया, जिसके बाद अब कुल 30 प्रत्याशी चुनावी मैदान में रह गए हैं.
बता दें कि इस उपचुनाव में कुल 46 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया था. संवीक्षा के बाद इनमें से 34 अभ्यर्थियों के नामांकन वैध पाए गए थे. मंगलवार को तीन अभ्यर्थियों ने अपना नामांकन वापस लिया था, जबकि आज एक और अभ्यर्थियों ने अपने नामांकन वापस लिया. अब नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है और चुनावी रण में 30 प्रत्याशी ही बने रहेंगे.
13 नवंबर को होगा मतदान
रायपुर दक्षिण उपचुनाव के लिए उम्मीदवार 25 अक्टूबर 2024 तक अपना नामांकन दाखिल करने का समय निर्धारित था. वहीं उम्मीदवार 30 अक्टूबर तक अपना नामाकंन वापस ले सकेंगे. उपचुनाव के लिए 13 नवंबर को मतदान होना है और इसके नतीजे 23 नवंबर को आएंगे.
रायपुर। दीपावली के अवसर पर आज राजधानी रायपुर में मांस-मटन की बिक्री पर प्रतिबंध लगाया गया है. आज हिंदू धर्म का सबसे बड़ा त्यौहार है. आज के दिन भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण के साथ वनवास से वापिस अयोध्या लौटे थे. इसी की खुशी में दीपावली मनाई जाती है और माता लक्ष्मी की पूजा की जाती है. वहीं कल यानी 1 नवंबर को महावीर निर्वाण दिवस है. ऐसे पावन अवसर पर मांस-मटन का सेवन न किया जाए. इसलिए धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए ये निर्णय लिया गया है.
सुधर्म जैन नवयुवक मंडल और मटन व्यापारी संघ की आपसी सहमति के बाद, 1 नवंबर को प्रतिबंधित मांस और मटन की बिक्री को निरस्त कर दिया गया है. इसके स्थान पर, 31 अक्टूबर को पूरे नगर निगम क्षेत्र में मांसाहार की बिक्री पर रोक लगा दी गई है. यह निर्णय राज्य शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के आदेश के पालन में लिया गया है.
नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग ने स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणीग्रही के माध्यम से एक संशोधित आदेश जारी किया है. इस आदेश के अनुसार, महावीर निर्वाण दिवस 1 नवंबर के बजाय, 31 अक्टूबर को किसी भी दुकान में मांस या मटन की बिक्री करते पाए जाने पर सामग्रियों की जब्ती की जाएगी, और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी.
रायपुर। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले के ग्राम बारदी में 2 करोड़ 91 लाख 55 हजार रुपये की लागत से 1.3 किमी लंबी भेलवाभांवर मार्ग का भूमिपूजन किया। सड़क मार्ग निर्माण की यह पहल जिले के विकास को गति देने के लिए महत्वपूर्ण है, जिससे स्थानीय बुनियादी ढांचे में सुधार होगा और क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा को ग्रामीणों ने सड़क निर्माण के लिए आग्रह किया था, जिसे उन्होंने तत्परता से स्वीकार कर स्वीकृति दी। जिसके बाद आज इसका भूमि पूजन किया गया।
उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने भूमिपूजन कार्यक्रम में कहा कि विकास के लिए मजबूत बुनियादी ढांचा आवश्यक है और यह परियोजना स्थानीय समुदाय की जरूरतों को पूरा करेगी। उन्होंने बताया कि सरकार गांवों में बेहतर सड़कें और सुविधाएं प्रदान करने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने ग्रामीणों से सहयोग की अपील की और विश्वास दिलाया कि सभी कार्य समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरे होंगे। उन्होंने कहा की मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार ग्रामीण विकास के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा की सभी विकास कार्य समय पर पूर्ण किए जाएंगे, जिससे क्षेत्र में समग्र प्रगति संभव हो सके। ग्रामीणों ने कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री के प्रति आभार प्रकट किया। उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि इस सड़क के निर्माण से न केवल आवागमन में सुविधा होगी, बल्कि क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। गांवों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करना हमारी प्राथमिकता है, ताकि हर व्यक्ति को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि विकास कार्यों को समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने आगे कहा कि हम चाहते हैं कि हर क्षेत्र, चाहे वह शहरी हो या ग्रामीण, विकास की मुख्यधारा से जुड़े। आपके सहयोग से ही यह संभव हो सकेगा, इसलिए सभी ग्रामीणों से अपील है कि वे इन कार्यों में अपना सहयोग दें। इस अवसर पर पूर्व विधायक अशोक साहू, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष संतोष पटेल, कमलकांत नाविक सहित सरपंच, पंच, जनप्रतिनिधि ग्रामीण उपस्थित थे।
’ग्रामीणों की वर्षाे पुरानी मांग हुई पूरी’
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा द्वारा भेलवाभांवर मार्ग के भूमिपूजन के साथ ही ग्रामीणों की बरसों पुरानी मांग पूरी हो गई। लंबे समय से इस मार्ग की आवश्यकता महसूस की जा रही थी और ग्रामीणों ने इसके निर्माण के लिए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा से अनुरोध किया था। इस सड़क के निर्माण से न केवल आवागमन में सुधार होगा, बल्कि इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। ग्रामीणों ने इस पहल के लिए छत्तीसगढ़ सरकार का आभार व्यक्त किया। ग्रामीण श्री गणेश साहू, श्री ठाकुरराम, श्री परसराम, श्री विष्णु, श्री निहोरा साहू ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि यह सड़क उनकी बरसों पुरानी मांग थी, जिसे अब उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने पूरा कर दिया है। उन्होंने कहा कि इस मार्ग के निर्माण से गांव के विकास को नई दिशा मिलेगी और लोगों के आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। ग्रामीणों ने उपमुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनकी तत्परता और संवेदनशीलता के कारण आज यह मांग साकार हो पाई है।
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने देश के प्रथम उपप्रधानमंत्री और गृहमंत्री स्वर्गीय सरदार वल्लभ भाई पटेल की 31 अक्टूबर को जयंती पर उन्हें नमन किया है। मुख्यमंत्री ने देश के लिए सरदार पटेल के योगदान को याद करते हुए कहा है कि सरदार वल्लभ भाई पटेल अपनी देशभक्ति, दृढ़ इच्छाशक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और साहस के लिए जाने जाते हैं। देश के स्वतंत्रता संग्राम में उनकी अग्रणी भूमिका थी। उनको भारत का लौह पुरुष भी कहा जाता है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम और स्वतंत्र भारत के नवनिर्माण में सरदार पटेल जी की अविस्मरणीय भूमिका को देखते हुए उनकी स्मृति और सम्मान में प्रत्येक वर्ष उनकी जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है। राष्ट्रीय एकता किसी भी देश की शक्ति और विकास का मूल स्तंभ होती है। भारत विविधताओं का देश है, जहां हर क्षेत्र की अपनी भाषा, संस्कृति और परंपरा है। उन्होंने कहा कि हम सभी का कर्तव्य है कि एकजुट होकर अपने प्रदेश और देश की प्रगति में अपना योगदान दें।
रायपुर। वन एवं जलवायु परिवर्तन, जलसंसाधन, सहकारिता एवं कौशल विकास और संसदीय मंत्री केदार कश्यप ने प्रदेशवासियों को दीपावली पर्व की बधाई और शुभकामनाएं दी। मंत्री श्री कश्यप ने प्रदेशवासियों को दिए अपने शुभकामना संदेश में कहा कि सांस्कृतिक व पारंपरिक विरासतों को अपने में समेटे बस्तर के तीज-त्यौहार व मेला-मड़ई विश्व विख्यात है, पूरा भारतवर्ष कार्तिक मास की अमावस्या को दीपावली त्यौहार के रूप में बनाते हैं वहीं बस्तर अंचल के आदिवासी समाज के द्वारा नई फसल के आगमन पर मां लक्ष्मी की आराधना सुमिरन में लक्ष्मी जगार, लक्ष्मी विवाह का आयोजन करते हैं। उन्होंने कहा कि आदिकाल से गौ-माता की पूजा-अर्चना कर पशुधन को खिचड़ी खिलाकर बड़े हर्षाेल्लास के साथ अपने समाज के सगाजनों को न्योता देकर आपसी सद्भाव व सामाजिक समरसता के साथ दियारी त्यौहार मनाते हैं। दियारी त्यौहार को परिपक्व बीजों के संरक्षण के तिहार के रूप में बस्तरवासी मनाते हैं।
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को दीपावली पर्व की बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सभी के लिए सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की है। उन्होंने कहा है कि दीपावली के दिन भगवान राम लंका पर विजय प्राप्त करके वापस अयोध्या आए थे। उनके आने की खुशी और स्वागत में दीप जलाए जाते हैं। इस साल की दीवाली बहुत खास है, क्योंकि लगभग 500 साल बाद भगवान श्रीराम अयोध्या में अपने भव्य मंदिर में विराजमान हुए हैं ।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि दीपावली पर्व सबके लिए मंगलमय हो। विकास की रोशनी गांव गांव तक पहुंचे, लोगों में परस्पर स्नेह की जड़ें और गहरी तथा मजबूत हों तथा मां लक्ष्मी की कृपा से छत्तीसगढ़ प्रदेश धनधान्य और सुखसम्पदा से परिपूर्ण रहे।
रायपुर। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने प्रदेशवासियों को दीपावली, गौरी-गौरा, गोवर्धन पूजा, मातर (भाईदूज) पर्व की बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि हमारे छत्तीसगढ़ के लिए यह गर्व की बात है कि माता कौशल्या छत्तीसगढ़ की बेटी और भगवान श्रीराम हमारे भांजे हैं। दीवाली भगवान राम के अयोध्या लौटने की खुशी में मनाई जाती है। श्रीमती राजवाड़े ने दीप पर्व पर सभी की खुशहाली और समृद्धि की कामना की है।
रायपुर। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने आज दीपावली के शुभ अवसर पर जन आकाक्षांओं के अनुरूप 7 करोड़ 37 लाख 60 हजार रूपए की लागत से 44 विकास मूलक कार्यों की सौगात दी। उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने पिपरिया नगर पंचायत को 4 करोड़ 46 लाख 60 हजार रूपए की लागत से स्वीकृत 43 अलग-अलग विकास मूलक कार्यों का भूमिपूजन किया। भूमिपूजन कार्याे में सीसी रोड़, सामुदायिक भवन, बाउन्ड्रीबाल निर्माण कार्य, आरसीसी नाली निर्माण, पाथवे निर्माण, सामुदायिक भवन निर्माण, सौंदर्यीकरण, एलईडी स्ट्रीट लाईट, मंच निर्माण सहित विभिन्न निर्माण कार्य शामिल है। इसके साथ ही 2 करोड़ 91 लाख रूपए की लागत से भेलवाभांवर मार्ग का भूमिपूजन किया।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि ये सभी निर्माण कार्य पिपरिया क्षेत्र के नागरिकों की सुविधा और क्षेत्र के समग्र विकास को बढ़ावा देंगे। उन्होंने बताया कि यह परियोजनाएं नगर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करेंगी और नागरिकों के जीवन स्तर को ऊँचा उठाने में सहायक होंगी। उन्होंने कहा कि सरकार का प्राथमिक उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के साथ नगर का समुचित विकास करना है और जनता की जरूरतों के अनुसार सुविधाएं उपलब्ध कराना है। पिपरिया नगर पंचायत के ये विकास कार्य क्षेत्रवासियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएंगे।
उपमुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार जन आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में और भी नई परियोजनाएं शुरू की जाएंगी। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार हर नागरिक तक विकास की रोशनी पहुंचाने के लिए संकल्पबद्ध है। पिपरिया में शुरू किए जा रहे ये कार्य यहां की जनता के जीवन स्तर को सुधारने में मील का पत्थर साबित होंगे। इन विकास कार्यों से न केवल बुनियादी सुविधाओं में वृद्धि होगी बल्कि क्षेत्र का समग्र विकास भी होगा। हमारी कोशिश है कि हर व्यक्ति को बेहतर सड़के, स्वच्छ वातावरण और आधुनिक सुविधाएं मिलें, ताकि क्षेत्र का भविष्य उज्जवल हो सके। उन्होंने कहा कि पिपरिया के विकास के लिए यह केवल शुरुआत है। हमारा लक्ष्य है कि यहां के लोगों को हर संभव सुविधा मिले और उनकी समस्याओं का समाधान हो। ये विकास कार्य आने वाली पीढ़ियों के लिए एक मजबूत बुनियादी ढांचा तैयार करेंगे। हम चाहते हैं कि पिपरिया का हर नागरिक गर्व महसूस करे और इस क्षेत्र को एक नया स्वरूप मिले।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नगर पंचायत पिपरिया में वार्ड क्रमांक 2 गोवर्धन नाविक के घर पास सामदायिक भवन व इंटर लाकिंग कार्य लागत 14.33 लाख, वार्ड क्र. 15 जोगी डबरी से नहर पार तक सी.सी. रोड निर्माण कार्य लागत 6 लाख 32 हजार, जोन क्र. 01 एवं 02 पानी टंकी रिनोवेशवन व बाउण्ड्रीवॉल निर्माण कार्य 18 लाख 24 हजार, वार्ड क्र. 15 तालाब से सोसायटी व सुरेश साहू, विजय साहू के घर के पास तक आर.सी. नाली एवं सी.सी. रोड निर्माण लागत 7.65, वार्ड क्र. 15 भारत माता चौंक से मंगल भवन तक पाथवे निर्माण कार्य 18 लाख 2 हजार, वार्ड क्र. 12 सांस्कृतिक मंच के पास इंटर लाकिंग कार्य लागत 2 लाख 74 हजार, वार्ड 15 सामु स्वा. केन्द्र से गेट तक पाथवे निर्माण कार्य लागत 18 लाख 66 हजार, वार्ड क्र. 15 रामकुमार केशरी के घर पास बाउण्ड्रीवॉल निर्माण कार्य लागत 1 लाख 61 हजार, वार्ड क्र. 05 संदीप दानी घर से गनपत गुप्ता घर, गणेश चन्द्राकर घर तक सी.सी. रोड निर्माण 4 लाख 19 हजार, वार्ड क्र. 09 पानी टंकी के पास सी.सी. रोड व बाउण्ड्रीवॉल निर्माण कार्य 8 लाख 42 हजार, वार्ड क्र. 11 बलदाऊ केशरी के दुकान के पीछे सामु भवन निर्माण कार्य लागत14 लाख 43 हजार, वार्ड क्र. 04 घनश्याम केशरी के घर पास सामुदायिक भवन उन्नयन निर्माण 6 लाख 32 हजार, वार्ड क्र. 15 शॉपिंग कॉम्प्लेक्स से पुष्पवाटिका उद्यान तक बाउण्ड्रीवॉल रिनोवेशन व गेट निर्माण 16 लाख 70 हजार, वार्ड क्र. 04 सामुदायिक भवन के पास मंच व सी.सी. रोड निर्माण 4 लाख 30 हजार, वार्ड क्र. 15 सामुदायिक भवन के पास मंच एवं इंटर लाकिंग कार्य 4 लाख 12 हजार, वार्ड क्र. 13 सामुदायिक भवन उन्नयन कार्य 1 लाख 29 हजार, वार्ड क्र. 15 आवास गृह से सुभाष के घर तक सी.सी. रोड निर्माण लागत 3 लाख 45 हजार, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बाउण्ड्रीवॉल उन्नयन एवं सौन्दर्गीकरण कार्य लागत 19 लाख 32 हजार, सर्व समाज मांगलिक भवन से शंकर तालाब तक एल.ई.डी स्ट्रीट लाईट स्थापना (प्रकाश व्यवस्था) लागत 16 लाख 34 हजार, भारत माता चौंक से नहर पार तक एल.ई.डी स्ट्रीट लाईट स्थापना (प्रकाश व्यवस्था) लागत 16 लाख 28 हजार, वार्ड क्र. 15 शहीद स्मारक चौंक निर्माण/सौन्दयीकरण कार्य 11 लाख 48 हजार, वार्ड क्र. 15 हाट बाजार के पास भामासाह चौक सौन्दर्याकरण कार्य लागत 19 लाख 89 हजार और शास. उच्च.मा.वि. के पास छत्तीसगढ़ महतारी चौक सौन्दर्याकरण कार्य लागत 19 लाख 47 निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया।
उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने इसी प्रकार वार्ड क्र. 01 मनोज वैष्णव के घर पास सांस्कृतिक मंच निर्माण कार्य लागत 3 लाख 54 हजार, वार्ड क 01 सुखराम साहू के घर पास मंच निर्माण कार्य लागत 4 लाख 56 हजार, वार्ड क्र. 09 फुलझर सतनामी के घर पास सांस्कृतिक मंच निर्माण कार्य 3 लाख 79 हजार, वार्ड क्र. 15 शिवकुमार साहू के घर से एस.एल.आर. एम. सेन्टर तक सी.सी. रोड निर्माण कार्य 8 लाख 73 हजार, धन्नू नाविक के घर पास सामु भवन उन्नयन व शौचालय निर्माण कार्य लागत 6 लाख 33 हजार, वार्ड 09 यात्री प्रतिक्षालय के पास रिटर्निंग वॉल व चबुतरा निर्माण कार्य लागत 8 लाख 15 हजार रूपए, वार्ड क्र. 15 सामुदायिक स्वा. केन्द्र आवास गृह के पास सांस्कृतिक मंच निर्माण कार्य लागत 3 लाख 79 हजार रूपए, सर्व सामाजिक मांगलिक भवन से प्रवेश द्वार तक एल.ई.डी. स्ट्रीट लाईट (प्रकाश व्यवस्था) कार्य लागत 19 लाख 62 रूपए, साक्षरता चौक से बड़े पुल तक एल.ई.डी. स्ट्रीट लाईट (प्रकाश व्यवस्था) कार्य लागत 11 लागत 61 हजार रूपए, वार्ड क्र. 15 राजेन्द्र साहू के घर पास मंच एवं इंटर लाफिंग कार्य निर्माण कार्य लागत 16 लाख 10 हजार रूपए, वार्ड 15 प्रवेश द्वार से कार्यालय नगर पंचायत भवन तक पाथवे निर्माण कार्य लागत 19 लाख 01 हजार रूपए, भारत माता बौंक से दैनिक बाजार तक बी.टी. रोड निर्माण कार्य लागत 17 लाख 48 रूपए, वार्ड क्र. 04 सामु, भवन के पास वॉल व इंटर लॉकिंग निर्माण कार्य लागत 2 लागत 17 रूपए, लक्ष्मी चौक सौन्दर्याकरण कार्य लागत 5 लाख 82 हजार रूपए, पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं भारत माता चौक रिनोवेशन कार्य लागत 5 लाख 02 रूपए और वार्ड क्र. 09 जैतखाम चौक निर्माण कार्य14 लाख 26 हजार रूपए का विधिवत भूमिपूजन किया। इसके साथ ही वार्ड 15 में पाईप लाईन विस्तार कार्य नलकूप खनन सहित लागत 18 लाख 81 हजार रूपए, शासकीय, सामुदायिक, सार्वजनित भवनों में रैन वाटर हार्वेटिंग निर्माण लागत 1 लाख 5 हजार रूपए, पेयजल व्यवस्था के लिए संचालित 46 नग हैंडपंपों के समीन रैन वाटर कार्य के लिए 4 लाख 60 हजार रूपए और निकाय क्षेत्रांतर्गत पेयजल व्यवस्था के लिए मिनी वाटर टैंक निर्माण व पाईप लाईन विस्तार कार्य नलकूप खान कार्य के लिए लागत 18 लाख 19 हजार रूपए का भी भमिपूजन किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक अशोक साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष विक्की अग्रवाल, सहित जनप्रतिनिधि एम, पार्षदगण उपस्थित थे।
रायपुर। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने राज्य के 101 नगरीय निकायों में अधिकारियों-कर्मचारियों के सितम्बर और अक्टूबर माह के वेतन के भुगतान के लिए 25 करोड़ 90 लाख रुपए आबंटित किए हैं। इस राशि से नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में कार्यरत प्लेसमेंट व नियमित अधिकारियों-कर्मचारियों को दो महीने के वेतन का भुगतान किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद विभाग ने निकायों को राशि जारी कर दी है। श्री साव ने सभी नगरीय निकायों में तत्काल वेतन भुगतान के निर्देश भी दिए हैं।
नगरीय प्रशासन विभाग ने शहरों में विकास कार्यों को और तेज करने के लिए भी बड़ी राशि जारी की है। उप मुख्यमंत्री एवं विभागीय मंत्री अरुण साव के निर्देश पर राज्य के 129 नगरीय निकायों में अधोसरंचना मद के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों के लिए 144 करोड़ 65 लाख रुपए आबंटित किए गए हैं।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विकास कार्यों के लिए राशि की कमी नहीं है। नगरीय निकायों को विकास कार्यों और जन सुविधाएं विकसित करने के लिए पर्याप्त राशि दी जा रही है। नगरीय निकाय गुणवत्तापूर्ण कार्य संपादित कराते हुए इन राशियों का सदुपयोग करें। उप मुख्यमंत्री श्री साव नगरीय निकायों के कार्यों की लगातार समीक्षा कर समस्याओं एवं जरूरतों की जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने शहरों के सुनियोजित और सुव्यवस्थित विकास के लिए कार्ययोजना बनाकर उनके अनुरूप कार्य करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए हैं। वे निकायों का भ्रमण कर विकास कार्यों का औचक निरीक्षण भी कर रहे हैं।
रायपुर। रायपुर कमिश्नर महादेव कावरे ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गरियाबंद विकासखंड शिक्षा अधिकारी आर.पी. दास को निलंबित कर दिया है. यह निर्णय दास के द्वारा किए गए गरिमाविहीन व्यवहार और विलंबकारी कार्य प्रणाली के चलते लिया गया.
जानकारी के अनुसार, गरियाबंद कलेक्टर दीपक अग्रवाल के पास दास की कार्यशैली को लेकर लगातार शिकायतें आ रही थी. इन शिकायतों की जांच करने पर यह पुष्टि हुई कि आर.पी. दास के द्वारा पेश किए गए कार्य में गंभीर दोष पाए गए है.
इस आधार पर जिला कलेक्टर गरियाबंद के प्रतिवेदन के अनुसार, आर.पी. दास को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 9 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया. निलंबन की अवधि में दास का मुख्यालय एवं कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी छूरा निर्धारित किया गया है. उन्हें निलंबन अवधि में नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता भी दिया जाएगा.
रायपुर। राज्य शासन के लोक निर्माण विभाग में अभियंताओं की दीपावली की खुशियां दुगुनी हो गई है। उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद विभाग ने आज मंत्रालय से 47 अधिकारियों की पदोन्नति के आदेश जारी किए हैं। लोक निर्माण विभाग द्वारा 41 उप अभियंताओं को सहायक अभियंता और चार मानचित्रकारों को सहायक अभियंता के पद पर पदोन्नत किया गया है। विभाग ने आज दो अभियंताओं को 29 मई 2020 से भूतलक्षी प्रभाव से मुख्य अभियंता के पद पर पदोन्नति के भी आदेश जारी किए हैं। इन पदोन्नत अधिकारियों की पदस्थापना बाद में की जाएगी।
लोक निर्माण विभाग द्वारा पिछले कई वर्षों से अभियंताओं की लंबित पदोन्नति के आदेश चालू अक्टूबर माह में जारी किए गए हैं। हाल ही में 14 अक्टूबर को 51 अधिकारियों को भी पदोन्नत किया गया था। इनमें तीन कार्यपालन अभियंताओं को अधीक्षण अभियंता तथा 48 सहायक अभियंताओं को कार्यपालन अभियंता के रूप में पदोन्नति दी गई थी। इस प्रकार चालू अक्टूबर माह में कुल 98 अधिकारियों को पदोन्नति का लाभ दिया गया है। सभी पदोन्नत अधिकारियों ने इस दीपावली नई खुशियां देने के लिए उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री अरुण साव को धन्यवाद देते हुए उनके प्रति आभार प्रकट किया है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के निर्देशानुसार जिला दंतेवाड़ा से पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय एवं डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय स्थित नेत्र रोग विभाग (क्षेत्रीय नेत्र अनुसंधान केंद्र) में रिफर किए गए मरीजों की जाँच एवं मार्गदर्शन देने हेतु आल इंडिया ऑप्थेल्मोलॉजिकल सोसायटी (AIOS) द्वारा गठित टीम के सदस्यों ने बुधवार को अम्बेडकर अस्पताल का दौरा किया और वहाँ भर्ती 17 मरीजों की आँखों की जाँच की। टीम के सदस्य के रूप में डॉ. उदय गाजीवाला (अध्यक्ष एआईओएस एडवर्स इवेंट्स रिपोर्टिंग कमेटी), डॉ. अरविंद कुमार मोर्या (राष्ट्रीय संयोजक, एआईओएस एडवर्स इवेंट्स रिपोर्टिंग समिति), डॉ. प्रशांत केशाओ बावनकुले (शैक्षणिक एवं अनुसंधान समिति एआईओएस एवं रेटिना विशेषज्ञ) द्वारा 17 मरीजों की आंखों की गहनता से जांच की गई और पाया कि नेत्र रोग विभाग द्वारा सभी मरीजों की उचित प्रकार से देखभाल की जा रही है एवं आवश्यक मेडिकल एवं सर्जिकल उपचार प्रदान किया जा रहा है।
इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए अम्बेडकर अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने बताया कि राष्ट्रीय टीम के रेटिना विशेषज्ञों द्वारा राय दी गयी है कि सभी मरीजों का समुचित इलाज जारी है और किसी भी अन्य उच्च संस्थान के समकक्ष गुणवत्तापूर्ण इलाज प्रदान किया जा रहा है। किसी भी मरीज को अन्य संस्थान में रिफर करने की आवश्यकता प्रतीत नहीं हो रही है। दीपावली के इस पावन पर्व पर हर्ष का विषय है कि 17 में से 14 मरीजों की आँखों में रोशनी आने की संभावना है किन्तु इसमें समय लग सकता है। इन मरीजों में दवाई एवं शल्यक्रिया उपरांत सुधार प्रतीत हो रहा है। 3 मरीजों की आँख में संक्रमण अधिक होने से राष्ट्रीय टीम के सुझाव अनुसार अन्य शल्यक्रिया की जायेगी। डॉ. सोनकर के अनुसार सभी मरीजों की उचित देखभाल एवं देखरेख चिकित्सा के निर्धारित प्रोटोकॉल अनुसार नेत्र रोग विभाग के डॉक्टरों द्वारा किया जा रहा है।
तीन सदस्यीय राष्ट्रीय ऑप्थल्मोलॉजिस्ट की टीम ने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से मरीजों के इलाज़ के संबंध में फोन पर चर्चा की और इस केस में मरीजों के हित में शासन की त्वरित सजगता और तत्परता के लिए सराहना की। स्वास्थ्य मंत्री की ओर से भी टीम को आश्वस्त किया गया कि मरीजों के इलाज में शासन की तरफ से कोई कमी नहीं होगी।
बिलासपुर। सरकारी नौकरी और उम्र कम होने का धोखा देकर विवाह करने के मामले में हाईकोर्ट ने पत्नी की अपील स्वीकार कर ली है. जांजगीर परिवार न्यायालय ने अपीलकर्ता पत्नी की तलाक की अर्जी खारिज कर दी थी, जिसे हाईकोर्ट में चुनौती दी गई थी. मामले की सुनवाई जस्टिस रजनी दुबे और जस्टिस संजय जायसवाल की डबल बैंच में हुई.
जांजगीर निवासी युवती की 5 मई 2011 को हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह हुआ, लेकिन विवाह के तुरंत बाद पति और उसके परिवार के सदस्यों ने पत्नी के साथ क्रूरता करना शुरू कर दिया. पति ने विवाह के समय अपनी वास्तविक आयु भी छिपाई थी और झूठा बयान दिया था कि वह एक सरकारी कर्मचारी है. विवाह के बाद आपसी कलह से परेशान पत्नी अलग रहने लगी. इसके बाद पति ने हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 9 के तहत पारिवारिक न्यायालय जांजगीर-चांपा में आवेदन किया.
मामले में 26.09.2018 के आदेश के अनुसार पति के पक्ष में निर्णय दिया गया और पत्नी को उसके साथ रहने का निर्देश दिया गया. पत्नी ने भी एक याचिका दायर की थी, लेकिन उसे खारिज कर दिया गया था, क्योंकि पारिवारिक न्यायालय में दोनों के बीच समझौता हो गया था. इसके बाद अपीलकर्ता पत्नी ने पारिवारिक न्यायालय के समक्ष हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 13 (1) (बी) के तहत आवेदन दायर किया, जिसे खारिज कर दिया गया, जिसके खिलाफ हाईकोर्ट में अपील दायर की गई.
सुनवाई में अपीलकर्ताओं के वकील ने कहा कि विवादित निर्णय और डिक्री कानून और तथ्यों दोनों की दृष्टि से त्रुटिपूर्ण है और इसे रद्द किया जाना चाहिए. सुनवाई के दौरान कोर्ट को बताया गया कि विवाह के समय पति ने अपनी उम्र 28 वर्ष बताया था जबकि उसकी वास्तविक उम्र 40 वर्ष रहा. वहीं पत्नी 18 वर्ष की थी. पति ने खुद को सरकारी नौकरी में भी बताया था. मामले में सभी पक्षों को सुनने के बाद हाईकोर्ट ने कहा कि, हम इस बात से संतुष्ट हैं कि यह विवाह पूरी तरह से टूट चुका है. हिंदू विवाह अधिनियम, 1955 के तहत विवाह का पूरी तरह से टूट जाना तलाक का आधार नहीं है मगर एक ऐसा विवाह जो सभी के लिए ख़त्म हो चुका है न्यायालय के आदेश से उसके उद्देश्यों को पुनर्जीवित नहीं किया जा सकता.
रायपुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज अपने एक दिवसीय नई दिल्ली प्रवास के दौरान देश के उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से भेंट की। उन्होंने राज्य शासन की ओर से उप राष्ट्रपति को राज्योत्सव के समापन एवं राज्य अलंकरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। नया रायपुर, अटल नगर में आयोजित तीन दिवसीय राज्योत्सव का समापन एवं राज्य अलंकरण समारोह 6 नवम्बर को होगा।
उल्लेखनीय है कि राज्य शासन द्वारा आगामी 4 नवम्बर से 6 नवम्बर तक नया रायपुर, अटल नगर में तीन दिवसीय भव्य राज्योत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाओं पर आधारित विकास प्रदर्शनी लगाई जाएगी। तीनों तीन शाम को सांस्कृतिक आयोजन भी होंगे।
रायपुर। भारत निर्वाचन आयोग ने आगामी 13 नवम्बर से 20 नवम्बर तक किसी भी तरह के एग्जिट पोल के आयोजन तथा प्रसारण को प्रतिबंधित किया है। आयोग द्वारा इस संबंध में अधिसूचना जारी करते हुए लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 के प्रावधानों के तहत इस अवधि के दौरान किसी भी प्रकार के एग्जिट पोल के आयोजन तथा प्रसारण को प्रतिबंधित किया गया है।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी अधिसूचना में उल्लेखित है कि झारखंड और महाराष्ट्र की विधानसभाओं के आम निर्वाचन तथा 48 विधानसभाओं और दो संसदीय क्षेत्रों में उप-निर्वाचन के दृष्टिगत 13 नवम्बर 2024 को प्रातः सात बजे से 20 नवम्बर 2024 की शाम साढ़े छह बजे तक की अवधि में इन निर्वाचनों के संदर्भ में किसी भी प्रकार के एग्जिट पोल का संचालन और प्रकाशन करने, प्रिंट या इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से प्रचार करने या किसी प्रकार की अन्य रीति में उसके परिणाम के प्रकाशन या प्रचार या प्रसार करने पर प्रतिबंध होगा।
आयोग ने अधिसूचना में यह भी स्पष्ट किया है कि लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 126 (1)ख के अंतर्गत झारखंड और महाराष्ट्र की विधानसभाओं के आम निर्वाचन तथा 48 विधानसभाओं और दो संसदीय क्षेत्रों में उप-निर्वाचन के संबंध में मतदान की समाप्ति के लिए नियत समय पर समाप्त होने वाली 48 घंटों की अवधि के दौरान किसी भी इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में किसी भी ओपिनियन पोल या किसी अन्य मतदान सर्वेक्षण के परिणामों सहित किसी भी प्रकार के निर्वाचन संबंधी मामले के प्रदर्शन पर प्रतिबंध रहेगा।
रायपुर। राज्य स्थापना दिवस, 2024 के अवसर पर 05 नवम्बर को जिला मुख्यालयों में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छत्तीसगढ़ के प्रत्येक जिले में मुख्य अतिथिगण शामिल होंगे। इस क्रम में रायपुर जिले में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय उपस्थित रहेंगे। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, बिलासपुर में उप मुख्यमंत्री अरूण साव, बस्तर में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, राजनांदगांव से विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सरगुजा में मंत्री रामविचार नेताम, महासमुंद में मंत्री दयालदास बघेल, दुर्ग में मंत्री केदार कश्यप, कोरबा में मंत्री लखन लाल देवांगन, बलौदाबाजार-भाटापारा में मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
इसी प्रकार जांजगीर-चांपा जिले के कार्यक्रम में मंत्री ओ.पी. चौधरी, बलरामपुर-रामानुजगंज में मंत्री लक्ष्मी राजवाडे़, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में मंत्री टंकराम राम वर्मा, गरियाबंद में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, बालोद में सांसद विजय बघेल, खैरागढ़-गंडई-छुईखदान में सांसद संतोष पाण्डेय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
जशपुर जिले के कार्यक्रम में सांसद चिंतामणी महाराज, बेमेतरा में सांसद रूप कुमारी चौधरी, रायगढ़ में सांसद राधेश्याम राठिया, सक्ति में सांसद कमलेश जांगडे़, दंतेवाड़ा में सांसद महेश कश्यप, कांकेर में सांसद भोजराज नाग, नारायणपुर में सांसद देवेन्द्र प्रताप सिंह, मुंगली में विधायक पुन्नु लाल मोहले, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में विधायक धरमलाल कौशिक उपस्थित रहेंगे।
इसी प्रकार कबीरधाम में विधायक अमर अग्रवाल, धमतरी में विधायक अजय चन्द्राकर, कोरिया में विधायक रेणुका सिंह, सूरजपुर में विधायक भैया लाल राजवाडे़, कोण्डागांव में विधायक लता उसेंडी, बीजापुर में विधायक विक्रम उसेंडी, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में विधायक राजेश मूणत तथा सुकमा जिले में विधायक किरण देव राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्र में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका से आज राजभवन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुलाकात कर दीपावली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। राज्यपाल श्री डेका ने भी उन्हें दीपोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं दी।