प्रदेश
सरकारी शराब दुकानों से अवैध बिक्री का मामला : प्लेसमेंट एजेंसी के खिलाफ जांच कराएगी सरकार, विधानसभा में हुई घोषणा…
रायपुर। सदन में मंगलवार को देशी-अंग्रेज़ी शराब की आपूर्ति, ओवर रेट और अवैध विक्रय का मामला उठा. भाजपा विधायक राजेश मूणत ने सवाल किया कि क्या मामले में प्लेसमेंट एजेंसी के खिलाफ एफ़आईआर दर्ज होगी? इस पर मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि प्लेसमेंट एजेंसी के खिलाफ जांच की जाएगी. अनियमितता सामने आने पर आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाएगा।
भाजपा विधायक राजेश मूणत ने सदन में मामला उठाते कहा कि किस नीति के आधार पर शराब की ख़रीदी की जाती है? मुख्यमंत्री की अनुपस्थिति में मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने जवाब देते हुए कहा कि शराब नीति बनी हुई है. मांग के अनुपात में शराब कंपनियों से इसकी आपूर्ति की जाती है. टेंडर के माध्यम से ख़रीदी की जाती है.
राजेश मूणत ने पूछा कि 2019 से 23 तक छत्तीसगढ़ में सिर्फ़ तीन कंपनी ही सप्लाई करती रही? देशी और विदेशी शराब में कितनी कंपनियों ने टेंडर में हिस्सा लिया. श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा- राज्य में देशी शराब के तीन ही उत्पादक हैं. इसलिए तीन टेंडर ही आए. राजेश मूणत ने कहा- 2018-19 में 37, 2019-20 में 67 और इसके बाद 21 फ़र्मों ने टेंडर में भाग लिया था. इसके बाद संख्या कम हो गई.
स्पीकर डॉक्टर रमन सिंह ने राजेश मूणत से कहा कि आपको ना देशी से मतलब है और ना विदेशी से फिर क्यों सवाल कर रहे हैं. मूणत ने कहा कि मतलब इसलिए है क्योंकि शराब से ही छत्तीसगढ़ में ईडी की जांच शुरू हुई. मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा- शासन की नीति थी कि देशी शराब के लिए छत्तीसगढ़ के डिस्टलरी ही टेंडर में शामिल होगी. जिलो को आठ ज़ोन में बाँटकर तीनों डिस्टलरी से सप्लाई की जाती थी.
राजेश मूणत ने कहा कि पांच साल तक एक ही कंपनी ने सप्लाई की है. ये हाल अंधा बांटे रेवड़ी चुन चुन कर दे वाला मामला है. क्या पांच साल तक सप्लाई के लिए एक ही डिस्टलरी को काम दिया गया. मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा- टेंडर में सबसे कम दर की वजह से एक ही कंपनी को सप्लाई का काम दिया गया. दर कम आएगी तो आगे भी कम देंगे.
राजेश मूणत ने कहा कि सरकारी शराब दुकानों में दो तरह की शराब बेची जाती थी. एक वैध और दूसरा अवैध. अवैध बेचने वालों के ख़िलाफ़ प्रकरण दर्ज किए गए, लेकिन एक भी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई. प्लेसमेंट एजेंसी के खिलाफ एक भी कार्रवाई नहीं हुई. पांच साल में 157 प्रकरण बने और सिर्फ़ दो व्यक्ति के ख़िलाफ़ कार्रवाई हुई. सरकारी दुकानों से अवैध शराब बेचने के पूरे राज्य में 567 प्रकरण बनाये गये, लेकिन कार्रवाई पांच पर ही हुई. क्या इस मामले की जांच कराई जाएगी.
मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि सदस्य का आँकड़ा सही नहीं है. प्लेसमेंट एजेंसी के 500 कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई हुई है. राजेश मूणत ने पूछा कि जिन लोगों ने छत्तीसगढ़ के राजस्व में डाका डाला क्या उनके खिलाफ कार्रवाई होगी? मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि इस मामले में ईडी और एसीबी जांच कर रही है.
इस पर राजेश मूणत ने कहा कि प्लेसमेंट एजेंसी ने सरकारी दुकानों से अवैध शराब खपाया. डुप्लीकेट होलोग्राम का इस्तेमाल किया गया. छत्तीसगढ़ के राजस्व में योजनाबद्ध तरीक़े से डाका डाला गया. क्या ये प्लेसमेंट एजेंसी आज भी काम कर रही है? मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि प्लेसमेंट एजेंसी आज भी कार्य कर रही है. इस मामले की जांच अब भी चल रही है. जो-जो दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी. मंत्री ने कहा कि प्लेसमेंट एजेंसी ने अपने कर्मचारियों को बचाने का प्रयास नहीं किया. जब-जब मामले आये, कार्रवाई की जाती रही.
रायपुर प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से की सौजन्य मुलाकात
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज यहाँ राज्य अतिथि गृह पहुना में रायपुर प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने सौजन्य मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री को छत्तीसगढ़ के साहित्यकार विनोद कुमार शुक्ल की रचना 'दीवार में एक खिड़की रहती थी' भेंट की। प्रेस क्लब अध्यक्ष प्रफुल्ल ठाकुर ने मुख्यमंत्री श्री साय को नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने सभी पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी तथा आमंत्रण के लिए धन्यवाद दिया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, उपाध्यक्ष संदीप शुक्ला, प्रेस क्लब महासचिव वैभव शिव पाण्डेय, कोषाध्यक्ष रमन हलवाई एवं संयुक्त सचिव द्वय तृप्ति सोनी, अरविन्द सोनवानी भी उपस्थित थे।
छत्तीसगढ़ विधानसभा : जैजेपुर पावर प्लांट पर विपक्ष ने सरकार को घेरा
रायपुर। विधानसभा बजट सत्र के 16वें दिन प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस विधायक बालेश्वर साहू ने जैजैपुर में पावर प्लांट स्थापना का मुद्दा उठाया. मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने आश्वस्त किया कि अधिग्रहित भूमि पर उद्योग लगेगा और लोगों को नौकरी भी मिलेगी.
कांग्रेस विधायक बालेश्वर साहू ने मोजर वेयर द्वारा तय समय पर प्लांट नहीं खोलने पर सवाल किया. मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने बताया कि 65 से 70 माह के भीतर प्लांट खोलना था, लेकिन तय समय पर प्लांट नहीं खुल सका. वर्तमान में अधिग्रहित जमीन भूमि बैंक में संरक्षित है.
बालेश्वर साहू ने कहा कि किसानों ने अपनी जमीन बेच दी पर प्लांट शुरू नहीं हो सका. आज किसान न वहां खेती कर पा रहे हैं न लोगों को प्लांट में नौकरी ही मिल पा रही है. मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने कहा कि अधिग्रहित भूमि पर उद्योग लगेगा और लोगों को नौकरी भी मिलेगी.
सदन में गूंजा सरकारी विभागों में फर्जी जाति प्रमाणपत्र के जरिए नौकरी का मुद्दा
रायपुर। विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान सरकारी विभागों में फर्जी जाति प्रमाणपत्र से नौकरी का मुद्दा गूंजा. भाजपा विधायक आशाराम नेताम के सवाल पर मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने बताया कि अलग-अलग अफसरों के खिलाफ केस मिले हैं, इस संबंध में कार्रवाई प्रक्रियाधीन है.
मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने बताया कि 232 कुल मामले दर्ज किए गए थे, 102 के खिलाफ कार्रवाई लंबित है. 130 प्रकरणों में सरकार के द्वारा कार्रवाई की गई. 60 प्रकरण विभाग में कार्रवाई के लिए लंबित है. 33 प्रकरण बिलासपुर हाईकोर्ट में लंबित है. 6 प्रकरण बिलासपुर हाईकोर्ट में विचाराधीन है.
गुणवत्ताहीन निर्माण पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव सख्त, लोक निर्माण विभाग के दो अधिकारी निलंबित, दो को कारण बताओ नोटिस
रायपुर। लोक निर्माण विभाग ने सड़क उन्नयन और नवीनीकरण कार्य में गुणवत्ताहीन निर्माण और अमानक कार्य के जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की है। कार्यस्थल के निरीक्षण और जांच के बाद उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के निर्देश पर विभाग ने चार अधिकारियों पर कार्रवाई की है। लोक निर्माण विभाग द्वारा गुणवत्ताहीन और अमानक कार्य के लिए कटघोरा उप संभाग के अनुविभागीय अधिकारी और उप अभियंता को निलंबित कर दिया गया है। वहीं कोरबा संभाग के तत्कालीन कार्यपालन अभियंता और उप संभागीय अनुविभागीय अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव लोक निर्माण विभाग का प्रभार संभालने के बाद से ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और उन्हें समय-सीमा में पूर्ण करने पर लगातार जोर दे रहे हैं। उन्होंने विभागीय समीक्षा बैठकों में अधिकारियों को इसके लिए कड़े निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने इसे सर्वोच्च प्राथमिकता में रखने को कहा है।
कोरबा जिले के चोटिया-चिरमिरी मार्ग के दस किलोमीटर लंबाई के उन्नयन एवं नवीनीकरण कार्य (वास्तविक लंबाई 23.3 कि.मी.) में कार्यस्थल के निरीक्षण के दौरान जाँच में डामरीकरण की मोटाई औसतन कम एवं किए गए कार्य का घनत्व कम पाए जाने पर लोक निर्माण विभाग ने संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की है। मामले में उप संभाग क्रमांक-2 कटघोरा के अनुविभागीय अधिकारी एस.पी. साहू और उप अभियंता राकेश वर्मा को निलंबित किया गया है। मंत्रालय द्वारा जारी निलंबन आदेश में कहा गया है कि गुणवत्ता के मापदण्डों का पालन किए बिना ही अमानक कार्य और मार्ग का डामरीकरण कराकर अनुविभागीय अधिकारी एवं उप अभियंता द्वारा अपने अधिकार का दुरूपयोग कर अपने पदीय कर्तव्य के निर्वहन में अनियमितता बरती गई है। इसलिए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के तहत एस.पी. साहू, अनुविभागीय अधिकारी एवं राकेश वर्मा, उप अभियंता, लोक निर्माण विभाग, उप संभाग क्रमांक-2 कटघोरा को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए उनका मुख्यालय, कार्यालय प्रमुख अभियंता, लोक निर्माण विभाग, निर्माण भवन, नवा रायपुर अटल नगर में निर्धारित किया जाता है। दोनों को निलंबन अवधि में नियमानुसार जीवन निर्वहन भत्ते की पात्रता होगी। लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता को 15 दिनों में दोनों अधिकारियों के विरुद्ध आरोप पत्रादि तैयार कर शासन को उपलब्ध कराने को कहा गया है।
लोक निर्माण विभाग ने चोटिया-चिरमिरी मार्ग के उन्नयन और नवीनीकरण में अमानक स्तर का कार्य एवं गुणवत्ता के मापदण्डों का पालन किए बिना ही डामरीकरण कराए जाने पर कोरबा संभाग के तत्कालीन कार्यपालन अभियंता ए.के. वर्मा और कोरबा उप संभाग के अनुविभागीय अधिकारी आर.एन. दुबे को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। शासन द्वारा दोनों अधिकारियों को जारी नोटिस में कहा गया है कि कार्यस्थल के निरीक्षण के दौरान जाँच में डामरीकरण की मोटाई औसतन कम एवं किए गए कार्य का घनत्व भी कम पाया गया है। दोनों अधिकारियों द्वारा कार्य अमानक स्तर का एवं गुणवत्ता के मापदण्डों का पालन किए बिना ही डामरीकरण कराकर अपने अधिकार का दुरूपयोग कर अपने पदीय कर्तव्य के निर्वहन में अनियमितता बरती गई है। दोनों अधिकारियों द्वारा निर्माण कार्यों में लापरवाही बरती गई है जो उनके कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही, उदासीनता एवं स्वेच्छाचारिता को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करता है। शासन ने इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के अंतर्गत गंभीर कदाचार मानते हुए दोनों अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उन्हें नोटिस प्राप्ति के सात दिनों की समयावधि में अपना प्रत्युत्तर प्रस्तुत करने को कहा गया है। निर्धारित समयावधि में प्रत्युत्तर प्राप्त नहीं होने पर नियमानुसार एकपक्षीय कार्यवाही की जाएगी।



चरणदास महंत आज जितना उपदेश दिए उतना बगल वालों को देते तो सरकार में होते – सीएम साय
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय विधानसभा में सोमवार को अपने विभागों की अनुदान मांगों की चर्चा के जवाब के दौरान अलग ही अंदाज में नजर आए. मुख्यमंत्री साय ने अपनी छवि के विपरीत विपक्ष को हर एक मामले पर आक्रामक तरीके से जवाब दिए. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जवाब की शुरूआत में ही नेता प्रतिपक्ष को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि मैं समझता हूं जितना उपदेश आपने मुझे दिया है उतना उपदेश यदि आप अपने बाजू वाले को दिए होते हैं पिछले 5 सालों में तो आज यह स्थिति नहीं होती. मुख्यमंत्री का इशारा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की ओर था. इस पर नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने भी इशारों की इशारों में मजाकिया लहजे में अपनी बात कही. उन्होंने कहा कि आप तो मेरी बात सुन भी लिये बाजू वाला तो मेरी बात सुनता ही नहीं था।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नेता प्रतिपक्ष को जवाब देते हुए कहा कि ये बात कही गई कि हमें विधानसभा में आने से रोका जाता है. मैं बताना चाहूंगा कि भारतीय जनता पार्टी ने छोटे से छोटे कार्यकर्ता को बड़ा सम्मान दिया जाता है. दो-दो बार विधायक बनाना, चार-चार बार सांसद बनाना, तीन-तीन बार प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व देना और मोदी जी के शासनकाल में राज्य मंत्री का दायित्व देना और आज मुख्यमंत्री का दायित्व देना, ये भारतीय जनता पार्टी में ही संभव है. मैं आपको एक बात और बता दूं कि पार्टी ने मुझसे कभी नहीं पूछा कि मुझे क्या दायित्व दे रहे हैं. यह भारतीय जनता पार्टी ही है जिसने मुझ जैसे एक छोटे किसान के बेटे को मुख्यमंत्री के पद तक पहुंचाया. भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता को रोकने वाला माई का लाल पैदा नहीं हुआ है. बीते पांच सालों में आप लोगों ने एक भी वादा पूरा नहीं किया जिससे आप लोगों जनता ने विपक्ष में बैठा दिया है. उन्होंने कहा कि मोदी की सारी गारंटी पूरी करने की गारंटी उन्होंने ले रखी है और एक-एक गारंटी पूरी होगी.
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी दुनिया के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता हैं आपको भी मालूम है. आज पीएम मोदी के साथ पूरे विश्व में भारत का डंका बज रहा है. मतलब जो दुनिया के जो महाशक्ति है उनके भी राष्ट्रपति याद करते कहीं ना कहीं निगाहें देखे रहते हैं आपके नरेंद्र मोदी कहां पर हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी ने कश्मीर में 370 धारा को समाप्त किया है तो चुनाव में 370 सीटों से भी ज्यादा आएगी. सदस्यों और नेता प्रतिपक्ष की तरफ से अच्छे सुझाव भी आए हैं. कुछ उनके क्षेत्र की मांग भी आयी हैं और सभी को हमारे अधिकारी नोट किए हैं और उसे संबंध में उनको समय पर अवगत कराया भी जाएगा. मोदी की गारंटी में आज इस देश का बच्चा-बच्चा विश्वास कर रहा है. आज एक छोटे से गांव के बच्चों को भी पूछेंगे और किसी को चाहे नहीं जाने लेकिन देश का प्रधानमंत्री कौन है सभी जानते हैं. सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास और सब का प्रयास और इस पर देश की जनता विश्वास कर चुकी है, इसलिए आज 10 साल से पीएम मोदी लगातार हर बार बढ़त बनाकर प्रधानमंत्री हैं और अगले बार भी बनने वाले हैं. एनडीए का 400 से पार होने वाला है. भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने कश्मीर में धारा 370 समाप्त की है तो 370 से ज्यादा सीटें भारतीय जनता पार्टी के आने वाली है इसको कोई दुनिया की ताकत रोक नहीं सकती है.
मुख्यमंत्री श्री साय के विभागों के लिए 8421 करोड़ 82 लाख रुपए की अनुदान मांगे पारित
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से संबद्ध विभागों के लिए आज विधानसभा में 8421 करोड़ 82 लाख 8 हजार रुपए की अनुदान मांगें चर्चा के बाद ध्वनिमत से पारित कर दी गई।
अनुदान मांगों में सामान्य प्रशासन विभाग के लिए 475 करोड़ 39 लाख 81 हजार रुपए, सामान्य प्रशासन विभाग से संबंधित अन्य व्यय के लिए 74 करोड़ 18 लाख 29 हजार रुपए, वाणिज्यिक विभाग(आबकारी) के लिए 432 करोड़ 3 लाख 44 हजार रुपए, ऊर्जा विभाग के लिए 3990 करोड़ 56 लाख 89 हजार रुपए, पशुपालन विभाग के लिए 513 करोड़ 1 लाख 58 हजार रुपए, मछलीपालन विभाग के लिए 106 करोड़ 19 लाख 49 हजार रुपए, खनिज साधन विभाग के लिए 1340 करोड़ 62 लाख 73 हजार रुपए, जनसंपर्क विभाग के लिए 443 करोड़ 87 लाख 20 हजार रुपए, पुनर्वास विभाग के लिए 2 करोड़ 75 लाख 40 हजार रुपए, परिवहन विभाग के लिए 151 करोड़ 8 लाख 20 हजार रुपए, ग्रामोद्योग विभाग के लिए 217 करोड़ 31 लाख 74 हजार रुपए, जिला परियोजनाओं से संबंधित व्यय के लिए 208 करोड़ 53 लाख रुपए, विमानन विभाग के लिए 200 करोड़ 48 लाख 36 हजार रुपए, इलेक्ट्रानिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के लिए 265 करोड़ 75 लाख 95 हजार रुपए की अनुदान मांगें पारित की गई।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सरकार की पिछले तीन महीने की उपलब्धियों को भी साझा किया। मुख्यमंत्री ने चर्चा का जवाब देते हुए मीसाबंदियों की सम्मान निधि फिर से प्रारंभ करने और कुरुद क्षेत्र में मिल्क रूट स्थापित करने एवं चिलिंग प्लांट लगाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी जी की गारंटी पर देश के बच्चे-बच्चे को भरोसा है। उन्होंने जो भी वायदे देश की जनता से किये, वो पूरा किया। मोदी जी ने जो गारंटी छत्तीसगढ़ की जनता को दी थी उसमें बहुत सी महत्वपूर्ण गारंटियों को हमने तीन महीनों में ही पूरा कर लिया है। 18 लाख हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास देने के लिए हमने राज्यांश की व्यवस्था कर ली है। किसानों को दो साल की बकाया धान बोनस की राशि 3716 करोड़ रुपए हमने दी है। हम किसानों से 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान की खरीदी की है। किसानों को 3100 रूपए प्रति क्विण्टल के मान से धान की कीमत देंगे। किसानों को अभी समर्थन मूल्य का भुगतान किया गया है। शीघ्र ही उन्हें अंतर की राशि का भुगतान कर दिया जाएगा। इस साल लगभग 145 मीट्रिक टन धान की खरीदी हुई है। युवाओं से वायदा किया था कि पीएससी भर्ती में हुई शिकायतों की जांच कराएंगे। इसकी जांच सीबीआई को सौंप दी गई है। मोदी जी की गारंटी के अनुरूप महतारी वंदन योजना के तहत विवाहित महिलाओं को सालाना राशि 12 हजार रुपए देने के लिए हम महिलाओं से आवेदन ले रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मंत्रालय के कार्यों में चिप्स की मदद से डिजीटल सचिवालय परियोजना का क्रियान्वयन किया जा रहा है। सामान्य प्रशासन विभाग में 134 पदों का सृजन किया जाएगा। एन्टी करप्शन ब्यूरो कार्यालय को अधिक सशक्त बनाने के लिए दुर्ग संभाग में एन्टी करप्शन ब्यूरो के क्षेत्रीय कार्यालय की स्थापना की जाएगी। इसके लिए विभिन्न संवर्गों के 35 पदों, राज्य आर्थिक अपराध ब्यूरो में 06 नवीन पदों के सृजन का प्रावधान किया गया है। मुख्यमंत्री अधोसंरचना संधारण एवं उन्नयन प्राधिकरण के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण एवं आवागमन से संबंधित अधोसंरचनाओं के रख-रखाव एवं उन्नयन संबंधी कार्यों के लिए 50 करोड़ 1 लाख रुपए का प्रावधान किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आबकारी विभाग के अंतर्गत जिला स्तरीय उड़नदस्ता के गठन के लिए 188 नवीन पद, आबकारी थानों और जांच चौकियों के गठन के लिए 325 नवीन पदों तथा लिपिकीय श्रेणी के 168 पदों का प्रावधान किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को निःशुल्क बिजली प्रदान करने के लिए 3 हजार 500 करोड़ रुपए और कृषि पंपों के ऊर्जीकरण के लिए 200 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है, इससे 20 हजार कृषि पंपों का ऊर्जीकरण किया जाएगा। घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं को बिजली बिल में रियायत देने के लिए वर्ष 2024-25 के बजट में 01 हजार 274 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। उन्होंने बताया कि बीपीएल उपभोक्ताओं को दी जा रही रियायतों के लिए 539 करोड़ 60 लाख रुपए का प्रावधान रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार पशुपालन को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए 513.01 करोड़ रूपए का प्रावधान किया है। पशु संवर्धन एवं नस्ल सुधार कार्यक्रम के लिए भी 63 करोड़ 75 लाख 55 हजार रूपए का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मछली पालन को बढ़ावा देने के लिए हितग्राही मूलक योजनाओं के लिए बजट में 180 करोड़ 04 लाख रूपए का प्रावधान किया गया है, जो गतवर्ष की तुलना में 10.93 प्रतिशत अधिक है। मत्स्य पालन को बढ़ावा देने महासमुन्द, सक्ती, राजनांदगांव, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर तथा जशपुर जिले में नवीन मत्स्य बीज प्रक्षेत्र की स्थापना कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने खनिजों के परिवहन में पारदर्शिता के लिए खनिज परिवहन हेतु ऑनलाईन ई-ट्रांजिट पास जारी करने की व्यवस्था पुनः आरंभ कर दी है। वित्तीय वर्ष के अंत तक खनिजों के माध्यम से 13 हजार करोड़ रूपए का खनिज राजस्व प्राप्त होने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को मकान बनाने के लिए रेत उपलब्ध कराई जा रही है। लीज स्थलों पर छोटी गाड़ी से रेत ले जाने की सुविधा प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रिंट मीडिया के लिये वित्तीय वर्ष 2024-25 के बजट में प्रदर्शन विज्ञापन हेतु 110 करोड़ रूपए तथा वर्गीकृत विज्ञापन के लिए 22 करोड़ रुपए का प्रावधान रखा गया है। विभाग के क्षेत्र प्रचार में 120 करोड़ रूपए की राशि का प्रावधान रखा गया है। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया मद से विज्ञापन के लिए 90 करोड़ रूपए का प्रावधान रखा गया है। न्यू मीडिया के मद में 40 करोड़ रूपए की राशि का प्रावधान रखा गया है। प्रकाशन मद के तहत 20 करोड़ रूपये का प्रस्ताव रखा गया है। आदिवासी उपयोजना अंतर्गत 10 करोड़ रुपए का प्रावधान रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने 25 स्थानों पर एएनपीआर कैमरा, महिलाओं की सुरक्षा हेतु निर्भया फ्रेमवर्क के तहत सार्वजनिक परिवहन की गाड़ियों मे व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस एवं इमरजेंसी बटन लगाने का निर्णय लिया गया है। परिवहन सुविधा केन्द्रों की संख्या 01 हजार तक करने की योजना है। परिवहन विभाग द्वारा अंतर्राज्यीय परिवहन चेकपोस्ट एवं परिवहन उड़नदस्ता के द्वारा ओव्हरलोडिंग की जांच के लिए राज्य में कुल 42 वे-ब्रिज की स्थापना के लक्ष्य के विरूद्ध 19 की स्थापना की जा चुकी है। आरवीएसएफ के माध्यम से स्क्रैप कराने पर पुराने वाहन के बकाया टैक्स में 1 वर्ष की छूट प्रदान की जाएगी। छत्तीसगढ़ के समस्त परिवहन कार्यालयों में ऑटोमेटेड ड्रायविंग टेस्ट ट्रैक का निर्माण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामोद्योग को बढ़ावा देने के लिए तथा इसके माध्यम से अधिकाधिक लोगों को आजीविका गतिविधियों से जोड़ने के लिए हमने 266 करोड़ 13 लाख 65 हजार रूपए का प्रावधान किया है। उन्होंने कहा कि बुनकरों, शिल्पियों की कला को बढ़ावा देने के लिए एवं इनके उत्पादों की मार्केटिंग के लिए 80 करोड़ रूपए की लागत से यूनिटी मॉल की स्थापना का निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बलरामपुर हवाई पट्टी के लिए 1200 करोड़, जशपुर हवाई पट्टी के लिए 412 करोड़, कोरबा हवाई अड्डे विकास के लिए 250 करोड़ रूपए का प्रावधान किया गया है। दिल्ली-जबलपुर विमान सेवा का विस्तार जगदलपुर तक करने के लिए 12 करोड़ का प्रावधान किया गया है। जगदलपुर एयरपोर्ट में खराब मौसम में लैण्डिंग का सफल परीक्षण किया जा चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार सूचना प्रौद्योगिकी के अधिकतम प्रयोग के माध्यम से सुशासन को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए हमने इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के बजट में इस बार 109 करोड़ रूपए की वृद्धि की है, जो कि लगभग 70 प्रतिशत की वृद्धि है। शासन की विभिन्न योजनाओं की मॉनिटरिंग के लिए हमने अटल मॉनिटरिंग पोर्टल तैयार किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम वाणी परियोजना केे प्रथम चरण में प्रदेश के 1 हजार ग्राम पंचायतों में वाई-फाई सुविधा उपलब्ध करायी जाएगी।
छत्तीसगढ़ सरकार का विद्यार्थियों के हित में बड़ा निर्णय: एक शैक्षणिक सत्र में दो बार होगी बोर्ड की परीक्षाएं
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा बोर्ड परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों के हित में एक बड़ा निर्णय लिया गया है। राज्य शासन के निर्णय अनुसार एक शैक्षणिक सत्र में दो बार बोर्ड की परीक्षाएं आयोजित की जाएगी। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल रायपुर द्वारा प्रथम मुख्य परीक्षा मार्च माह में एवं द्वितीय मुख्य परीक्षा जून-जुलाई में आयोजित की जायेगी। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आज यहां मंत्रालय से इस आशय का आदेश जारी कर दिया है।
शासन द्वारा जारी आदेश अनुसार प्रथम परीक्षा माह मार्च एवं द्वितीय परीक्षा माह जून-जुलाई में आयोजित की जायेगी। प्रथम परीक्षा में पंजीकृत छात्र ही द्वितीय परीक्षा आवेदन पत्र भरने के लिए पात्र होंगे, किन्तु विषय परिवर्तन मान्य नहीं होगा। प्रथम परीक्षा के पश्चात् द्वितीय परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए छात्रों को पुनः आवेदन पत्र भरना होगा। द्वितीय परीक्षा में वे छात्र जो पूरक के पात्र है तथा वे छात्र जो सभी विषयों में अनुत्तीर्ण है एवं श्रेणी सुधार (सम्पूर्ण विषय) के छात्र भी परीक्षा आवेदन पत्र भर सकते है। उत्तीर्ण छात्र अंक सुधार एक विषय, दो विषय या अधिक विषय में परीक्षा आवेदन भर सकते है। इनमें द्वितीय परीक्षा में वे छात्र भी सम्मिलित हो सकते है जो प्रथम परीक्षा में परीक्षा आवेदन फार्म भरने के बाद अनुपस्थित रहे हों। अवसर परीक्षा की शेष योजना पूर्ववत् रहेगी। द्वितीय परीक्षा का परीक्षा परिणाम दोनों परीक्षाओं में से विषयवार अधिक प्राप्तांक के आधार पर तैयार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विधानसभा में की बड़ी घोषणाएं
रायपुर। छत्तीसगढ़ की साय सरकार ने मीसा बंदियों को लोकसभा चुनाव से पहले बड़ा तोहफा देने का एलान किया है. दरअसल आज सीएम विष्णुदेव साय ने विधानसभा में मीसा बंदियों की पेंशन को फिर से शुरू करने की घोषणा की है. इसके अलावा राज्य के दुग्ध व्यवसायियों के लिए मिल्क रूट और चिलिंग प्लांट स्थापित किया जाएगा. इन घोषणाओं के अलावा अन्य भी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई है.
बता दें कि सीएम विष्णुदेव साय ने इन घोषणाओं के अलावा भी कई बड़ी घोषणाएं की हैं. इनमें मुख्य रूप से भाजपा विधायक अजय चंद्राकर की मांग पर कुरूद में मिल्क रूट और चिलिंग प्लांट की घोषणा की गई है. वहीं दुर्ग संभाग में ACB का क्षेत्रीय कार्यालय शुरू किया जायेगा। मुख्यमंत्री साय ने आबकरी विभाग को सुदृढ़ बनाए जाने का भी ऐलान किया है.
आबकारी विभाग में 168 पदों की वृद्धि
आबकारी विभाग में राजस्व संग्रहण में बढ़ोतरी के लिए 168 पदों की वृद्धि की गई है. ऊर्जा विभाग में किसानों को मुफ्त बिजली के लिए 3500 करोड़ का प्रावधान रखा गया है. पशु पालन विभाग के तहत डेयरी उद्यम को बढ़ावा देने 10 करोड़ का प्रावधान रखने की जानकारी उन्होंने दी है. मछली पालन के साथ पर्यटन को बढ़ावा देने एक्वा पार्क की स्थापना होगी। प्रदेश में परिवहन केन्द्रों का विस्तार किया जायगा.
इन जिलों में खुलेंगे खादी विक्रय केंद्र
इसके अलावा सीएम साय ने राज्य के 8 शहरों में आटोमेटिक फिटनेस सेंटर शुरू करने की जानकारी दी. ग्रामोद्योग को बढ़ावा देने यूनिटी मॉल शुरू किए जायेंगे. तीन जिलों में नवीन हथकरघा कार्यालय शुरू किए जायेंगे. रायगढ़, सरगुजा, दुर्ग में खादी विक्रय केंद्र खोले जायेंगे. विमानन क्षेत्र में अधोसंरचना का विकास किया जयेगा. दिल्ली- जबलपुर फ्लाइट का बस्तर तक विस्तार करने बजट में प्रावधान रखा गया है.
अमृत भारत स्टेशन योजना : PM मोदी ने CG को दी 2700 करोड़ की सौगात, 21 स्टेशनों और 83 ब्रिज का किया शिलान्यास
रायपुर। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर में 41 हजार करोड़ की रेल परियोजना की सौगात दी. इसमें छत्तीसगढ़ में रेलवे को 2,700 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात दी है. इसमें प्रदेश के 21 स्टेशनों, 83 रोड ओवरब्रिज और रोड अंडर ब्रिज का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया. इसे लेकर रायपुर रेलवे स्टेशन में आज कार्यक्रम ऑर्गेनाइज किया गया. इसमें राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, रायपुर सांसद सुनील सोनी और मंडल रेल प्रबंधक रायपुर संजीव कुमार उपस्थित थे.
प्रदेश में पुनर्विकसित किए जा रहे 21 स्टेशनों, 83 रोड ओवरब्रिज और रोड अंडर ब्रिज का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया. शिलान्यास किए गए 21 स्टेशनों में कोरबा, रायगढ़, राजनांदगांव, सरोना, भाटापारा, डोंगरगढ़, भिलाई नगर, हथबंध, बिल्हा, बैकुंठपुर रोड, अम्बिकापुर, उसलापुर, पेंड्रारोड, जांजगीर नैला, चांपा, बाराद्वार, दल्लीराझरा, भानुप्रतापपुर, निपनिया, मंदिर हसौद और भिलाई स्टेशन शामिल है.

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल हरिचंदन ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए प्रधानमंत्री का विशेष प्रेम है और प्रदेश के विकास के लिए वे लगातार इस तरह की भेंट देते रहते हैं. सिर्फ छत्तीसगढ़ ही नहीं बल्कि विकसित भारत बनाने के लिए प्रधानमंत्री हमेशा कोशिश करते रहते हैं. वे देश के युवा, महिला, किसान सबको साथ लेकर आगे चलते हैं. भारत विश्व में आज पांचवे नंबर की सबसे बड़ी इकोनॉमी है. आज तेजी से भारत विकसित हो रहा है और प्रधानमंत्री ने यह गारंटी भी दी है कि अगले 5 सालों में भारत को दुनिया की तीसरी अर्थव्यवस्था बनाएंगे.
वहीं सांसद सुनील सोनी ने कहा, आज जो कार्यक्रम हुआ विश्वभर में ऐसा कार्यक्रम नहीं हुआ होगा, जहां पर 500 से अधिक रेलवे स्टेशन और 1,500 से अधिक ओवरब्रिज, अंडर ब्रिज का एक साथ लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया. यह विश्व के लिए एक ऐतिहासिक कार्यक्रम हुआ, जिसमें छत्तीसगढ़ को भी बड़ी सौगात मिली है. उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पहली बार छत्तीसगढ़ में विकास के लिए इतना पैसा खर्च हो रहा है. वंदे भारत के साथ-साथ आने वाले समय में छत्तीसगढ़ में सुपरफास्ट ट्रेन भी दौड़ेगी. लगभग छत्तीसगढ़ के सभी स्टेशनों को अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल कर लिया गया है. आने वाला समय छत्तीसगढ़ और छत्तीसगढ़ के रेल मार्ग के लिए बहुत अच्छा होगा.

गोबर खरीदी और पैरा परिवहन की जांच बृजमोहन अग्रवाल ने विधानसभा की प्रश्न संदर्भ समिति के माध्यम से जांच के निर्देश दिये
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में सोमवार को पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के दौरान हुई गोबर की खरीदी और पैरा के परिवहन को लेकर सवाल पूछे गए। सवालों का जवाब देते हुए विभागीय मंत्री राम विचार नेताम की अनुपस्थिति में संसदीय कार्य मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने गोधन न्याय योजना के तहत हुई गोबर खरीदी और पैरा परिवहन की जांच विधानसभा की प्रश्न संदर्भ समिति से करने की घोषणा की।
पैरा परिवहन को लेकर विधायक अजय चंद्राकर ने सवाल उठाया, वहीं गोबर खरीदी पर लता उसेंडी ने प्रश्न पूछा।
अजय चंद्राकर ने विधानसभा में सवाल उठाते हुए कहा कि, पैरा परिवहन के नाम पर मनमानी की गई। परिवहन व्यय भुगतान के लिए कोई मापदंड तय नहीं था। उन्होंने इस पूरे मामले की विधायकों की समिति से जांच कराने की मांग की। इस पर मंत्री अग्रवाल ने पहले अधिकारियों की टीम बनाकर जांच करने की घोषणा की, लेकिन चंद्राकर ने इस पर आपत्ति करते हुए कहा कि यह सब खेल उन्हीं लोगों ने किया है और वे ही जांच करेंगे। ऐसा नहीं हो सकता। इस पर अग्रवाल ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से कहा कि यदि आप चाहें तो विधानसभा की प्रश्न संदर्भ समिति से जांच करा सकते हैं। अध्यक्ष ने इस पर सहमति दी।
गोबर खरीदी को लेकर लता उसेंडी ने सवाल उठाया और आरोप लगाया कि उनकी जानकारी में कई किसान ऐसे हैं जिन्होंने कम गोबर बेचा है, लेकिन उनके नाम पर ज्यादा खरीदी दिखाई गई है। उसेंडी ने कोंडागांव में 1 करोड़ 93 लाख रुपए का गोबर खरीदा गया। यहां एक किसान से 5 हजार 200 किलो गोबर खरीदा गया। लता उसेंडी ने कहा कि पैरा परिवहन की जांच हो रही है तो क्या गोबर खरीदी को भी उसमें शामिल किया जाएगा। इस पर मंत्री अग्रवाल ने सहमति दे दी। इस पर स्पीकर डॉ. रमन ने कहा कि ठीक है पैरा परिवहन के साथ इसकी भी जांच विधानसभा की समिति से करा ली जाएगी।
संसदीय कार्य मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने बताया कि, पैरे के परिवहन में 54 करोड़ रुपए खर्च किए गए। विधायक अजय चंद्राकर का आरोप है कि, उसके लिए कोई नियम, नीति नहीं थी। न ही कोई दर का निर्धारण किया गया था। ऐसा ही कुछ गोबर खरीदी में भी हुआ। माननीय विधायक लता उसेंडी की कोंडागांव विधानसभा क्षेत्र में 1 करोड़ 93 लाख रुपए का गोबर खरीदा गया। यहां एक ही किसान से 5200 किलो गोबर खरीदने का आरोप लगाया है। उस संदर्भ में अजय चंद्राकर और लता उसेंडी से संबंधित दोनो मामलों में जोकि कृषि विभाग से संबंधित है इसलिए संयुक्त रूप से प्रश्न संदर्भ समिति के माध्यम से माननीय विधानसभा अध्यक्ष ने जांच कराने के निर्देश दिए हैं।
9 राज्य प्रशासनिक सेवा के अफसरों की ट्रांसफर लिस्ट जारी
रायपुर। राज्य सरकार ने बड़े पैमाने पर भारतीय प्रशासनिक सेवा और राज्य प्रशासनिक सेवा के अफसरों का तबादला किया है। आज ही पूर्व में जारी 49 राज्य प्रशासनिक सेवा के अफसरों के बाद 9 अन्य राज्य प्रशासनिक सेवा के अफसरों का तबादला हुआ है। वहीं आज ही तीन जिलों के कलेक्टर सहित 6 IAS अफसरों की ट्रांसफर लिस्ट जारी हुई है।
राज्यप्रशासनिक सेवा के अफसरों की ट्रांसफर लिस्ट में 9 अफसरों के नाम हैं। राजेंद्र प्रसाद गुप्ता रायपुर नगर निगम के अपर आयुक्त होंगे। वहीं नेहा कपूर राज्य निर्वाचन आयोग में उप सचिव होंगी।
आईएएस अफसरों का तबादला, कई जिले के बदले गए कलेक्टर
रायपुर। प्रदेश में सरकार बदलने के बाद अधिकारियों के तबादले का दौर जारी है. इस बीच कई जिले के कलेक्टर बदल दिए गए हैं. जारी आदेश के मुताबिक कुल 6 अधिकारियों का तबादला किया गया है. जिसका आदेश सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव कमलप्रीत सिंह ने जारी किया है.
जारी आदेश के मुताबिक, सारंगगढ़-बिलाईगढ़ के कलेक्टर कुमार लाल चौहान को बलौदाबाजार-भाटापारा का कलेक्टर बनाया गया है. इसके अलावा आईएएस धर्मेश साहू को सारंगगढ़-बिलाईगढ़ का कलेक्टर बनाया गया है. आईएएस चंदन कुमार को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है.
आईएएस प्रियंका ऋषि महोबिया को संचालक पंचायत विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है. आईएएस लीना कमलेश मंडावी को कलेक्टर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही बनाया गया है. इसके अलावा आईएएस प्रतीक जैन को सीईओ आरडीए की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
दुख की घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार शहीद जवान के परिजन के साथ हैं - उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा
रायपुर। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बीजापुर जिले में हुए आईईडी ब्लास्ट में शहीद जवान राम आशीष यादव को भिलाई पहुँचकर नमन कर श्रद्धासुमन अर्पित किए हैं और पार्थिव शरीर को कंधा लगाकर पैतृक ग्राम उत्तरप्रदेश के लिए रवाना किए। उपमुख्यमंत्री ने शहीद जवान के परिजन के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा छत्तीसगढ़ सरकार उनके परिजन के साथ है। राम आशीष यादव ने आदम्य साहस का परिचय देते हुए वीरगति प्राप्त की है, उनकी शहादत को नमन है।
उपमुख्यमंत्री ने आगे कहा कि जवानों की शहादत को व्यर्थ नहीं जाने देंगे। यह जो आईईडी विस्फोट होता है इससे क्षेत्र का विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा और मूलभूत सुविधाएं प्रभावित होती है। छत्तीसगढ़ राज्य में जब से विष्णुदेव साय की सरकार बनी है, नक्सलियों के विरूद्ध लड़ाई तेज हुई है। माओवाद प्रभावित इलाकों में सुरक्षा बलों की प्रभावी कार्यवाही और दखल के चलते नक्सलियों के पांव उखड़ने लगे हैं। हमारी सरकार माओवाद प्रभावित क्षेत्र का विकास चाहती है, इसके लिए हमने नियद नेल्लानार योजना लायी है। इन ग्रामों में सभी परिवारों को विशेष पिछड़ी जनजाति के समान प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास सुविधा, सभी को राशन कार्ड, सभी को मुफ्त चावल, चना-नमक, गुड़ और शक्कर, उज्ज्वला योजना के तहत 4 मुफ्त गैस सिलेंडर, आंगनबाड़ी, सामुदायिक भवन, उप स्वास्थ्य केन्द्र, प्राथमिक शाला, किसानों को सिंचाई हेतु बोरवेल सहित सिंचाई पम्प, हैंड पंप, सोलर पंप, हर ग्राम में खेल मैदान, मुफ्त बिजली, बैंक सखी, एटीएम, कौशल विकास, वन अधिकार पट्टा, मोबाईल टावर, डीटीएच एवं टीवी, हेलीपैड तथा ब्लाक मुख्यालय तक बस सुविधा जैसी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। सभी ग्रामों को बारहमासी सड़क से जोड़े जाने का भी लक्ष्य रखा गया है।

CG में ACB और EOW की रेड : ASP राठौर बोले- 14 जगहों पर छापे में मिले महत्वपूर्ण दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, जांच के बाद होगी कार्रवाई
रायपुर। शराब घोटाला मामले में प्रदेश में हुई एसीबी और ईओडब्ल्यू की कार्रवाई को लेकर एसीबी मुख्यालय के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर का बयान सामने आया है. उन्होंने कहा कि शिकायत के बाद आरोपियों के 14 ठिकानों में रेड की कार्रवाई की गई. इस दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मिले हैं. इसकी जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ASP कीर्तन राठौर ने बताया कि पूर्व में 17 जनवरी को आबकारी घोटाला से संबंधित जो प्रकरण दर्ज किए गए अपराध क्रमांक 4/24 उसके संदर्भ में रविवार को यह कार्रवाई की गई. उन्होंने कहा, कल सभी 13 अलग-अलग आरोपियों के जो महत्वपूर्ण ठिकाने हैं, उसमें 14 जगह रेड की कार्रवाई संयुक्त टीम ने की. इसमें महत्वपूर्ण दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मिले हैं, जिसको जब्त करके प्रकरण में उनका एनालिसिस किया जा रहा है. इसके तहत महत्वपूर्ण जो साक्षी मिलेंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आज एक जगह कार्रवाई की गई, क्योंकि उसके घर में कल सील बंद था. वह मौजूद नहीं था, उसके आने के बाद कार्रवाई की गई. उन्होंने कहा, कई लोग अलग-अलग काम से बाहर थे. उनके परिवार के जो सदस्य थे, उनमें और जो संरक्षक थे, उनके ऊपर तलाशी वारंट लेकर जारी हुआ था. इसके बाद नियमानुसार तलाशी कार्रवाई की गई है.
मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के निर्देश में राजिम कुंभ कल्प मेले में बना अस्थायी अस्पताल
लोगों को 24 घंटे मिल रही निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और इलाज की सुविधाएं
जरूरतमंदों को दवाइयों का भी किया जा रहा वितरण
रायपुर। धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के निर्देश पर राजिम कुंभ कल्प 2024 मेला में आने वाले समस्त श्रद्धालुओं के उत्तम स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए शासन द्वारा मेला स्थल में गरियाबंद, रायपुर और धमतरी जिले द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य कैंप लगाया गया है। मेला स्थल में 10-10 बिस्तरों का अस्थायी अस्पताल बनाया गया है। इन अस्पतालों में 24 घंटे डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टॉफ और लैब टेक्नीशियन पदस्थ किए गए हैं। जिससे लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और इलाज की सुविधाएं मिल रही है। साथ ही जरूरतमंदों को आवश्यकतानुसार दवाइयों का भी वितरण किया जा रहा है। मेडिकल कैंप में पहुंचने वाले मरीजों को उनकी बीमारी के अनुसार पर्याप्त ईलाज देने की संपूर्ण व्यवस्था है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रत्येक अस्थायी अस्पताल में पैथोलॉजी लैब सहित ऑक्सीजन सिलेण्डर, इसीजी की व्यवस्था की गई है। ताकि आपालकालीन स्थिति में भी मरीज को तत्काल प्राथमिक उपचार दिया जा सके।
अस्पताल में पदस्थ डॉक्टरों ने बताया कि अभी तक कोई भी इमरजेंसी मामले नहीं आए हैं। अगर कोई इमरजेंसी आती है, तो हम उसके लिए तैयार हैं। प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल मरीज की स्थिति को देखते हुए निकटतम अस्पताल में एंबुलेंस द्वारा पहुंचाने की पर्यप्त व्यवस्था स्वास्थ्य विभाग द्वारा की गई है। अभी सिर्फ मौसमी बीमारी के मरीजों की संख्या दर्ज हुई है। उन्हें उनके मर्ज के हिसाब से उनको निःशुल्क दवाईयां दी जा रही है तथा स्वास्थ्य परीक्षण कर उचित सलाह और दवाईयां दी जा रही है। अस्थायी अस्पताल में पैथोलॉजी लैब की पर्याप्त व्यवस्था है, जिसमें रक्त परीक्षण सहित इसीजी, बीपी, शूगर, हिमोग्लोबिन आदि की निःशुल्क जांच की जा रही है।
राजिम कुंभ मेला स्थल में आयुर्वेदिक अस्पतालों की भी अस्थायी व्यवस्था की गई है, जहां पर दिन रात डॉक्टर मरीज के उपचार के लिए तैनात हैं और उन्हें आयुर्वेदिक चिकित्सा निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। डॉ. शिवानी बंजारे ने बताया कि हमारे पास आने वाले मरीज को उसकी बीमारी के अनुसार उपचार किया जा रहा है। ज्यादा गंभीर मरीज को निकट के अस्पताल में उपचार हेतु भेजने की व्यवस्था है। राजिम कुंभ मेले में आयुर्वेदिक चिकित्सा केन्द्र के खोले जाने से लोगों के बीच में आयुर्वेदिक इलाज के प्रति काफी रूझान देखने को मिला है। मेला आने वाले एलोपैथिक इलाज से पहले आयुर्वेदिक दवाईयां लेना ज्यादा पसंद कर रहे हैं, जो आयुर्वेद के प्रति अच्छा संकेत है।
भी किया जा रहा वितरण
राजिम कुंभ कल्प 2024 - श्रीराम के जीवन चरित्र एवं वनगमन पथ की झांकी बनी आकर्षण का केन्द्र
प्रभु श्री राम के आदर्शाे और उनके छत्तीसगढ़ वनवास काल को जानने और देखने का मिल रहा अवसर
रायपुर। धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री बृजमोहन अग्रवाल की पहल से राजिम कुंभ की भव्यता 5 वर्ष बाद पुनः लौटी है। राजिम कुंभ कल्प 2024 मेला का आयोजन इस वर्ष रामोत्सव की थीम पर मनाया जा रहा है। राजिम कुंभ मेला स्थल में प्रभु श्री राम के जीवन चरित्र और उनके छत्तीसगढ़ वनवास अवधि पर आधारित जीवंत झांकी का प्रदर्शन किया जा रहा है, जोकि मेला में पहुंचने वाले समस्त श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। लोग धार्मिक सद्भाव और मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम के आदर्शाे को अनुभव कर इस झांकी आनंद उठा रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में एवं धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के मार्ग निर्देशन में इस बार कुंभ मेला छत्तीसगढ़ शासन द्वारा श्रीराम को समर्पित किया गया है, इसी तारतम्य में मेले की सारी सजावट में श्री राम की झलक स्पष्ट नजर आ रही है। शासन द्वारा छत्तीसगढ़ में राम वन गमन पर आधारित चलित झांकी की प्रदर्शनी लगाई गई है, जिसमें वनवास के दौरान श्रीराम द्वारा छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में निवासरत स्थलों का सचित्र चित्रण किया गया है। जिसमें लोमष ऋषि से भेंट, त्रिवेणी संगम में बालू से शिवलिंग की सीता द्वारा किए गए पूजा, माता कौशिल्या सहित श्रृंगी ऋषि, शबरी एवं सुग्रीव से भेंट की झांकी लोगों के बीच आकर्षण का केन्द्र बनी हुई है। इस डोम में आने लोग छत्तीसगढ़ के दण्डकारण्य क्षेत्र में राम द्वारा बिताए गए दिनों की झांकी से लोग रोमांचित होकर आनंद उठा रहे हैं।
रामोत्सव तर्ज पर ही मुख्यमंच में आयोध्या में निर्मित श्रीरामलला के मंदिर का प्रतिकात्मक चित्रण किया गया है, जिससे मुख्यमंच पूरी तरह से राममय दिखाई देता है। साथ ही झांकी के प्रदर्शन में लेजर लाईट और साउंड इफेक्ट के माध्यम से छत्तीसगढ़ में श्रीराम के बिताए गए दिनों को दिखाया जा रहा है, जो आने वाले पीढ़ी को राम के चरित्र सहित भगवान राम, लक्ष्मण और माता सीता द्वारा छत्तीसगढ़ के दण्डकारण्य क्षेत्र के बिताए गए दिनों से परिचित करा रहे हैं। इस झांकी को देखने आए श्रद्धालुओं ने बताया कि हमें इस झांकी से काफी जानकारी प्राप्त हुई है, जिससे हम अंजान थे। युवाओं ने बताया कि जिन बातों को हमने किताबों में पढ़ा था, उसे सचित्र देखकर हमारा मन रोमांच से भर उठा। मेला आगंतुक राज्य शासन की इस पहल की भूरी-भूरी प्रशंसा कर रहे है।
