प्रदेश / छत्तीसगढ़

विष्णुदेव सरकार में “सुशासन है तो चक्र सुदर्शन भी है”, सूदखोर तोमर बंधु के ठिकानों पर चला बुलडोजर

निगम की कार्रवाई में उस ऑफिस को जमींदोज कर दिया गया, जो शुभकामना वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड के नाम से संचालित हो रहा था। यह दफ्तर रोहित तोमर और भावना तोमर के नाम पर पंजीकृत था। कार्रवाई के दौरान नगर निगम, पुलिस और जिला प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद रही।

गौरतलब है कि रोहित तोमर और वीरेंद्र तोमर, दोनों भाई बीते दो महीने से फरार हैं और कोर्ट ने उन्हें भगोड़ा घोषित कर रखा है। रायपुर पुलिस ने इन दोनों हिस्ट्रीशीटरों पर इनाम घोषित किया हुआ है। दोनों पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और लंबे समय से कानून की पकड़ से बाहर हैं।

इस कार्रवाई को लेकर गृहमंत्री विजय शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा—

“सुशासन है तो चक्र सुदर्शन भी है। किसी मंत्री या मुख्यमंत्री के साथ फोटो खिंचवाने से कोई कानून से ऊपर नहीं हो जाता। तोमर जैसे अपराधियों ने समाज को पीड़ा दी है, अब कानून अपना काम करेगा।”
उन्होंने इस पोस्ट को #जय_बुलडोजर हैशटैग के साथ साझा किया।

वहीं सांसद अरुण साव ने भी बुलडोजर कार्रवाई को लेकर सख्त संदेश दिया। उन्होंने लिखा—

“बुलडोजर तो चलेगा…! जब विपक्ष में थे तब भी स्पष्ट थे, आज शासन में हैं तब भी स्पष्ट हैं।
तोमर बंधु हों या जिहादी बंधु, आतंक का फन फैलाओगे तो कुचलने का हुनर भी ‘सुशासन सरकार’ को आता है।”

इस पूरी कार्रवाई को विष्णु देव साय सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत देखा जा रहा है, जो कानून व्यवस्था के प्रति सरकार की गंभीरता को दर्शाता है।