प्रदेश / छत्तीसगढ़

झीरम घाटी मामले पर बयान देकर विवाद में घिरे विकास तिवारी, कांग्रेस ने प्रवक्ता पद से हटाया, जारी किया शो-कॉज नोटिस

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता विकास तिवारी को पार्टी ने प्रवक्ता के पद से हटा दिया है। जेपी नड्डा के बयान के बाद विकास तिवारी ने झीरम घाटी जांच आयोग कमेटी से अपने ही सीनियर लीडर्स के नार्को टेस्ट कराने की मांग कर दी थी। तिवारी के इस बयान के बाद पीसीसी चीफ दीपक बैज के निर्देश पर उन्हे प्रवक्ता के पद से हटाते हुए नोटिस जारी कर 3 दिन में जवाब मांगा है।

गौरतलब है कि पिछले दिनों छत्तीसगढ़ प्रवास पर आये बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने झीरम घाटी नक्सली नरसंहार पर कांग्रेस नेताओं पर सवाल उठाये थे। उन्होने इस नक्सली हमले में कांग्रेस नेताओं की संलिप्तता का दावा किया था। जेपी नड्डा के इस बयान के बाद जहां पूर्व सीएम भूपेश बघेल सहित पीसीसी चीफ दीपक बैज ने नड्डा के इस बयान पर आपत्ति दर्ज कराते हुए बीजेपी सरकार पर गंभीर आरोप लगाये थे।

वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता विकास तिवारी ने जेपी नड्‌डा के बयान के बाद झीरम जांच के लिए गठित न्यायिक जांच आयोग से बीजेपी नेताओं के अलावा पूर्व सीएम भूपेश बघेल और कांग्रेस नेता कवासी लखमा के नार्को टेस्ट कराने की बात कह दी थी। विकास तिवारी के इस बयान के बाद पार्टी में बवाल मच गया।

लिहाजा उनके इस बयान का पार्टी के अंदर विरोध हुआ और कुछ नेताओं ने उनके खिलाफ अनुशासन भंग की कार्रवाई की मांग की। विवाद बढ़ते देख पीसीसी चीफ दीपक बैज के निर्देश पर कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैंदू ने विकास तिवारी को प्रवक्ता के पद से हटाने का आदेश जारी करते हुए नोटिस भेजा है। इस नोटिस में विकास तिवारी से आगामी तीन दिनों के भीतर पूरे मामले में लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया है।

देखें नोटिस