AI इम्पैक्ट समिट में कांग्रेसियों ने टी-शर्ट उतारकर की नारेबाजी, विरोध में कांग्रेस के खिलाफ भाजयुमो ने किया प्रदर्शन, राहुल गांधी का फूंका पुतला
रायपुर। दिल्ली में आयोजित इंडिया AI इम्पैक्ट समिट में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अपनी T-शर्ट उतार दी और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यह प्रदर्शन अमेरिका के साथ हुए व्यापार समझौते के विरोध में था, जिसके चलते भारत मंडपम स्थित समिट हॉल में व्यवधान उत्पन्न हुआ। युवा कांग्रेस के इस प्रदर्शन के विरोध में अब भारतीय जनता युवा मोर्चा देशभर में प्रदर्शन कर रही है। आज भाजयुमो ने रायपुर में कांग्रेस प्रदेश कार्यालय राजीव भवन के पास टर्निंग पॉइंट चौक पर नारेबाजी की और कांग्रेस व राहुल गांधी का पुतला दहन किया।
भाजयुमो के प्रदर्शन में भाजपाइयों की नाराजगी साफ तौर पर देखने को मिली। यह विरोध खत्म नहीं हुआ है। शनिवार को दोपहर 3 बजे कांग्रेस प्रदेश कार्यालय राजीव भवन का घेराव भी किया जाएगा। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिया ने बताया कि आज कांग्रेस ने पूरे देश को नीचा दिखाने का प्रयास किया है। इसका पूरजोर विरोध किया जाएगा।
कांग्रेस ने मां भारती का किया अपमान : राहुल टिकरिया
राहुल टिकरिया ने कहा, दिल्ली स्थित भारत मंडपम में इंडिया एआई इंपैक्ट समिट के दौरान युवा कांग्रेस ने अर्धनग्न प्रदर्शन किया है। कांग्रेस हर जगह पर यही प्रयास किया है कि भारत की जब-जब शक्ति बढ़ेगी, भारत का मान सम्मान बढ़ेगा, तब ऐसी कायर करतूत की जाएगी। आज की ऐसी हरकत से मां भारती का अपमान हुआ है। युवा शक्ति का अपमान किया गया है। एआई समिट को पूरा विश्व देख रहा था और ऐसी हरकतों से युवा कांग्रेस भारत का अपमान करने का प्रयास किया गया है। भाजयुमो पूरे देशभर में आज पुतला दहन का कार्यक्रम कर विरोध जताया है। कल रायपुर में कांग्रेस मुख्यालय का घेराव कर बड़ा प्रदर्शन करेंगे।