महंगाई के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, गैस सिलेंडर लेकर घड़ी चौक पहुंचे कार्यकर्ता
रायपुर। गैस सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस ने आज रायपुर के घड़ी चौक में विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हाथों में गैस सिलेंडर लेकर घड़ी चौक के सामने स्थित सरकारी कार्यालयों का घेराव करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और बढ़ती महंगाई को लेकर नाराजगी जताई।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेत्रियों ने चूल्हे पर खाना बनाकर प्रतीकात्मक विरोध भी दर्ज कराया। उनका कहना था कि गैस सिलेंडर के दाम इतने बढ़ गए हैं कि आम महिलाओं को फिर से चूल्हे पर खाना बनाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। कांग्रेस नेता पंकज शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण लगातार महंगाई बढ़ रही है और आम जनता इसकी मार झेलने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर पर 60 रुपये और व्यावसायिक सिलेंडर पर 110 रुपए प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।
सांसदों का आवास घेरने की दी चेतावनी
जिला अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन ने कहा कि गैस सिलेंडर के दामों में बेतहाशा वृद्धि से आम जनता परेशान है और कांग्रेस लगातार महंगाई के मुद्दे को लेकर आवाज उठा रही है। अगर महंगाई पर लगाम नहीं लगाई गई तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर सांसदों के आवास का घेराव किया जाएगा। उन्होंने कहा, केंद्रीय मंत्री अगर छत्तीसगढ़ आएंगे तो उनके कानों तक भी हम अपनी बातें पहुंचाएंगे। जब तक महंगाई के मुद्दे पर सरकार ठोस कदम नहीं उठाती, तब तक पार्टी का सिलसिलेवार विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।