प्रदेश / छत्तीसगढ़

IAS रवि मित्तल की PMO में डिप्टी सेक्रेटरी पद पर नियुक्ति, ACC ने दी मंजूरी

रायपुर। छत्तीसगढ़ कैडर के 2016 बैच के आईएएस अधिकारी रवि मित्तल को केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में डिप्टी सेक्रेटरी के पद पर तैनात किया है। यह नियुक्ति कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) की स्वीकृति के बाद की गई है।

कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) द्वारा जारी आदेश के अनुसार, मित्तल का कार्यकाल पदभार संभालने की तिथि से चार वर्ष तक रहेगा या फिर अगली अधिसूचना तक प्रभावी रहेगा।

प्रशासनिक दृष्टि से इस नियुक्ति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि PMO में डिप्टी सेक्रेटरी का पद नीतियों के समन्वय और उच्चस्तरीय निर्णय प्रक्रिया में अहम भूमिका निभाता है। वर्तमान में रवि मित्तल जनसंपर्क आयुक्त के रूप में कार्यरत हैं और इससे पहले वे जशपुर जिले के कलेक्टर रह चुके हैं।