प्रदेश / छत्तीसगढ़

भाजपा कार्यसमिति की बैठक: प्रदेश अध्यक्ष सिंह देव बोले- संगठनात्मक कार्यों की रूपरेखा की गई तय

रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक का समापन हो गया। राजधानी रायपुर में आयोजित इस अहम बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी रणनीति, राजनीतिक प्रस्तावों और नक्सल उन्मूलन जैसे कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। करीब 6 घंटे तक चली इस मैराथन बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव, दोनों डिप्टी सीएम, मंत्रीगण और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने मीडिया से चर्चा करते हुए बताया कि भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक हर तीन माह में आयोजित की जाती है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशों के अनुसार संगठनात्मक कार्यों की रूपरेखा तय की गई है और अब इन्हें निचले स्तर तक प्रभावी तरीके से लागू किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि संभाग प्रभारियों और जिला प्रभारियों को संभागीय बैठकों में शामिल होने का विशेष टास्क दिया गया है। वहीं जिलाध्यक्षों की अध्यक्षता में जिला कार्यसमिति बैठकों के आयोजन पर भी जोर दिया गया है, ताकि संगठनात्मक गतिविधियों को बूथ स्तर तक सक्रिय किया जा सके। बैठक के दौरान सांसद रूप कुमारी चौधरी और वरिष्ठ भाजपा नेता शिवरतन शर्मा ने पक्ष रखा। वहीं प्रदेश में नक्सल उन्मूलन और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने विस्तृत प्रस्तुति दी।

कोर कमेटी के हालिया पुनर्गठन को लेकर पूछे गए सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि नई टीम में नए और पुराने दोनों चेहरों को जगह दी गई है। उन्होंने इसे संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय की दिशा में अहम कदम बताया।

सूत्रों के मुताबिक बैठक में आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों, संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर भी मंथन किया गया।