प्रदेश / छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटे भारी बारिश का अलर्ट हुआ जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में दिनभर रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है, जिससे जलभराव की स्थिति बन सकती है। प्रशासन ने लोगों से नदियों, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।

मानसून की गतिविधि हुई तेज

मौसम वैज्ञानिक गायत्रीवाणी कांचीभोटला के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी से लगे उत्तर ओडिशा और पश्चिम बंगाल के ऊपर बना लो प्रेशर एरिया अभी सक्रिय है। हालांकि यह पहले की तुलना में थोड़ा कमजोर हुआ है, लेकिन इसके प्रभाव से पूरे छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां तेज हो गई हैं।

बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिली है।

मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में भारी बारिश के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। मानसून के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं और अगले 3 से 4 दिनों तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

सरगुजा संभाग में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने सरगुजा संभाग में भारी बारिश को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उत्तर छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में अगले 4 से 5 दिनों तक भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है।

इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

अगले 24 घंटे के दौरान इन जिलों के एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है—

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM), सक्ती, कोरबा, जांजगीर-चांपा, रायपुर, बलौदाबाजार, महासमुंद, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (KCG).