खेल
भारत ने आखिरी वनडे में ऑस्ट्रेलिया को 9 विकेट से हराया
सिडनी। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज के अंतिम मुकाबले में भारत ने 9 विकेट से जीत दर्ज की है। सिडनी में खेले गए इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 46.4 ओवर में 236 रन बनाए। जवाब में भारत ने रोहित शर्मा की शतकीय, जबकि विराट कोहली की अर्धशतकीय पारी खेलते हुए 168 रन की साझेदारी की, जिसके दम पर भारत ने 38.3 ओवर में 1 विकेट खोकर 237 रन बनाकर मैच जीत लिया। हालांकि, यह जीत सीरीज में काफी नहीं थी, और ऑस्ट्रेलिया ने तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम की। रोहित शर्मा को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
भारतीय गेंदबाजों ने भी इस मैच में शानदार प्रदर्शन किया और ऑस्ट्रेलिया को बड़ा स्कोर बनाने से रोका। लक्ष्य का पीछा करते हुए रोहित और गिल ने भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई और दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 69 रनों की साझेदारी हुई। इसे जोश हेजलवुड ने गिल को आउट कर तोड़ा। इसके बाद रोहित और कोहली की जोड़ी ने मोर्चा संभाला और ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों की जमकर क्लास ली। यह दोनों बल्लेबाज अंत तक टिके रहे और नाबाद रहते हुए पवेलियन लौटे।
भारत और ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग-11
भारत की प्लेइंग-11:
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल, केएल राहुल (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज।
ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग-11:
मिचेल मार्श (कप्तान), ट्रैविस हेड, मैथ्यू शॉर्ट, मैट रेनशॉ, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), मिचेल ओवेन, कूपर कॉनोली, नाथन एलिस, मिचेल स्टार्क, एडम जम्पा, जोश हेजलवुड।
रविंद्र जडेजा सौराष्ट्र के लिए खेल सकते अगला रणजी ट्रॉफी मैच
नई दिल्ली। भारत के स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा शनिवार से राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में मध्य प्रदेश के खिलाफ शुरू हो रहे सौराष्ट्र के आगामी रणजी ट्रॉफी मैच में खेल सकते हैं।
क्रिकबज की एक रिपोर्ट के अनुसार, ऑस्ट्रेलिया में भारत की एकदिवसीय टीम में नहीं चुने गए इस अनुभवी ऑलराउंडर ने सौराष्ट्र के लिए प्रथम श्रेणी मैच के लिए खुद को उपलब्ध कराया है क्योंकि वह अगले महीने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली टेस्ट श्रृंखला के लिए मैच के लिए तैयार हैं।
36 वर्षीय शीर्ष क्रम के टेस्ट ऑलराउंडर ने आखिरी बार टूर्नामेंट के पिछले संस्करण में असम के खिलाफ रणजी ट्रॉफी मैच खेला था। उन्होंने उस सीज़न में दो मैचों में भाग लिया था और दिल्ली के खिलाफ अपने विशिष्ट ऑलराउंड प्रदर्शन (38 रन, 66 रन पर पाँच विकेट और 38 रन पर सात विकेट) के साथ प्लेयर ऑफ़ द मैच का सम्मान अर्जित किया था।
सौराष्ट्र के लिए 47 रणजी ट्रॉफी मैचों में, उन्होंने 57.60 की औसत से 3,456 रन बनाए हैं और 21.25 की औसत से 208 विकेट लिए हैं।
2025/26 रणजी सीज़न के अपने पहले मैच में, जयदेव उनादकट की अगुवाई वाली सौराष्ट्र ने पहली पारी में मामूली बढ़त के आधार पर कर्नाटक को हराया, जिसमें धर्मेंद्र जडेजा ने शानदार प्रदर्शन किया। बाएँ हाथ के स्पिनर ने 10 विकेट लिए।
ऑस्ट्रेलियाई वनडे के लिए नहीं चुने जाने पर, जडेजा ने कहा था, "यह अच्छी बात है कि उन्होंने मुझे टीम में न चुने जाने का कारण बताया। मैं इससे खुश हूँ। लेकिन जब भी मुझे अगली बार मौका मिलेगा, मैं वही करने की कोशिश करूँगा जो मैं इतने सालों से करता आ रहा हूँ।"
"अगर मुझे विश्व कप में मौका मिलता है और उससे पहले कई वनडे मैच होने हैं और अगर मैं वहाँ अच्छा प्रदर्शन करता हूँ, तो यह भारतीय क्रिकेट के लिए अच्छी बात होगी। विश्व कप जीतना हर किसी का सपना होता है।" पिछली बार हम मामूली अंतर से चूक गए थे, इसलिए अगली बार हम इसकी भरपाई करने की कोशिश करेंगे।"
जडेजा आखिरी बार इस महीने की शुरुआत में वेस्टइंडीज के खिलाफ दो घरेलू टेस्ट मैचों में खेले थे। उन्होंने अहमदाबाद में पहले टेस्ट में नाबाद 104 रन बनाए और 2-0 से सीरीज़ वाइटवॉश में आठ विकेट लिए।
एडिलेड में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 2 विकेट से हराया, सीरीज में बनाई 2-0 की अजेय बढ़त
एडिलेड। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे में भारत को दो विकेट से हार का सामना पड़ा है। इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ खेली जा रही 3 मैचों की वनडे सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त हासिल कर ली है। एडिलेड में खेले गए इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मिशेल मार्श ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। इसके बाद भारतीय टीम ने रोहित-श्रेयस के अर्धशतक की मदद से निर्धारित 50 ओवर में नौ विकेट खोकर 264 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलिया के लिए मैथ्यू शॉर्ट और कूपर कोनोली ने अर्धशतक लगाए जिससे टीम ने 46.2 ओवर में आठ विकेट पर 265 रन बनाकर मैच जीत लिया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने 54 रन के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए थे, लेकिन मैथ्यू शॉर्ट ने पारी को संभाला और अर्धशतक लगाने में सफल रहे। इस दौरान मैट रेनशॉ ने उनका साथ बखूबी निभाया। भारत ने रेनशॉ और एलेक्स कैरी के विकेट निकाले जिससे ऑस्ट्रेलिया पर दबाव बढ़ा। फिर हर्षित राणा ने शॉर्ट को भी पवेलियन भेज दिया। हालांकि, कोनोली टिके रहे और उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की जीत सुनिश्चित की। भारत को अंत में कुछ विकेट मिले, लेकिन ऑस्ट्रेलिया लक्ष्य के इतने करीब पहुंच गया था कि यहां से भारत का जीतना मुश्किल था।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से शॉर्ट ने सबसे ज्यादा 74 रन बनाए, जबकि कोनोली 61 रन बनाकर नाबाद रहे। ऑस्ट्रेलिया के लिए मिचेल ओवेन ने 36, मैट रेनशॉ ने 30, ट्रेविस हेड ने 28, मिचेल मार्श ने 11, कैरी ने 9, मिचेल स्टार्क ने 4 और जेवियर बार्टलेट ने 3 रनों का योगदान दिया। भारत की तरफ से अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा और वाशिंगटन सुंदर को दो-दो विकेट मिले, जबकि मोहम्मद सिराज और अक्षर पटेल ने एक-एक विकेट लिया।
इस दिन खेला जाएगा तीसरा और आखिरी वनडे
3 मैचों की वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला सिडनी में 25 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से खेला जाएगा।
भारत और ऑस्ट्रेलिया दोनों टीमों की प्लेइंग 11
भारत की प्लेइंग-11
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह।
ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग-11
मिचेल मार्श (कप्तान), ट्रैविस हेड, मैथ्यू शॉर्ट, मैट रेनशॉ, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), मिचेल ओवेन, कूपर कॉनोली, जेवियर बार्टलेट, मिचेल स्टार्क, एडम जैम्पा, जोश हेजलवुड।
भारत ने ऑस्ट्रेलिया को दिया 265 रनों का लक्ष्य, रोहित-श्रेयस ने जड़े अर्धशतक
एडिलेड। एडिलेड में खेले जा रहे दूसरे वनडे मुकाबले में भारत ने ऑस्ट्रेलिया के सामने 265 रनों का लक्ष्य रखा है। इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारतीय टीम ने रोहित-श्रेयस के अर्धशतक की मदद से निर्धारित 50 ओवर में नौ विकेट खोकर 264 रन बनाए है।
भारत के लिए रोहित शर्मा ने सबसे ज्यादा 73 रन बनाए, जबकि श्रेयस अय्यर ने शानदार 61 रनों की पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट के लिए 118 रनों की अहम साझेदारी हुई, जिसने टीम को शुरुआती झटकों से उबारा।
भारत की शुरुआत खराब रही जब जेवियर बार्टलेट ने छठे ओवर में कप्तान शुभमन गिल (9) और विराट कोहली (0) को पवेलियन भेज दिया। कोहली लगातार दूसरे मैच में खाता नहीं खोल पाए। इसके बाद रोहित और श्रेयस ने पारी को संभालते हुए रन गति बढ़ाई, लेकिन दोनों अपने शतक से चूक गए।
मध्यक्रम में अक्षर पटेल ने भी 44 रनों की उपयोगी पारी खेली। हालांकि उनके आउट होने के बाद भारतीय पारी एक बार फिर लड़खड़ा गई। निचले क्रम में हर्षित राणा (नाबाद 24) और अर्शदीप सिंह (13) ने नौवें विकेट के लिए 37 रनों की साझेदारी कर स्कोर को 260 के पार पहुंचाया।
भारत की ओर से अन्य बल्लेबाजों में केएल राहुल ने 11, वाशिंगटन सुंदर ने 12 और नीतीश रेड्डी ने 8 रन जोड़े। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से एडम जैम्पा सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 10 ओवर में 4 विकेट लिए। वहीं जेवियर बार्टलेट ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट चटकाए, जबकि मिचेल स्टार्क को 2 सफलता मिली। अब ऑस्ट्रेलिया को 3 मैचों की वनडे श्रृंखला में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल करने के लिए 265 रनों का लक्ष्य हासिल करना होगा।
भारत और ऑस्ट्रेलिया दोनों टीमों की प्लेइंग 11
भारत की प्लेइंग-11
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह।
ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग-11
मिचेल मार्श (कप्तान), ट्रैविस हेड, मैथ्यू शॉर्ट, मैट रेनशॉ, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), मिचेल ओवेन, कूपर कॉनोली, जेवियर बार्टलेट, मिचेल स्टार्क, एडम जैम्पा, जोश हेजलवुड।
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर चुनी गेंदबाजी, भारतीय टीम में नीतीश रेड्डी को डेब्यू का मौका
पर्थ। ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ पर्थ में जारी पहले वनडे मैच में टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया है। नीतीश रेड्डी को इस फॉर्मेट में डेब्यू का मौका मिला है। विराट कोहली और रोहित शर्मा 223 दिनों के बाद भारत के लिए वनडे फॉर्मेट में उतरे हैं।
पर्थ स्टेडियम में भारतीय टीम तीन ऑलराउंडर और तीन तेज गेंदबाजों के साथ उतरी है। ऐसे में कुलदीप यादव अंतिम एकादश में जगह नहीं बना सके हैं। 22 वर्षीय नीतीश रेड्डी ने नवंबर 2024 में पर्थ के मैदान पर ही अपना टेस्ट डेब्यू किया था। वह अपने करियर में 9 टेस्ट खेल चुके हैं, जिसमें 29.69 की औसत के साथ 386 रन अपने नाम कर चुके हैं। वहीं, 4 टी20 मुकाबलों में उन्होंने 90 रन बनाने के साथ 3 विकेट भी हासिल किए हैं।
टॉस जीतने के बाद ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने कहा, "विकेट काफी अच्छा लग रहा है, ऊपर थोड़ी नमी है, इसलिए उम्मीद है कि हम इसका पूरा फायदा उठा पाएंगे।" भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने कहा, हम भी टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी ही चुनते। हम अच्छी स्थिति में हैं। हमारे पास एक बेहतरीन संयोजन है।"
विराट कोहली और रोहित शर्मा आखिरी बार 9 मार्च 2025 को चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में उतरे थे, जिसे टीम इंडिया ने अपने नाम किया था। दोनों ही खिलाड़ी टेस्ट और टी20 फॉर्मेट से संन्यास ले चुके हैं। दोनों देशों के बीच साल 1980 से 2025 के बीच अब तक 152 मुकाबले खेले गए, जिसमें 84 मैच ऑस्ट्रेलिया के नाम रहे, जबकि 58 मैच भारत ने जीते। वहीं, 10 मुकाबले बेनतीजा रहे।
भारत की प्लेइंग इलेवन: रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, नीतीश रेड्डी, हर्षित राणा, मोहम्मद सिराज और अर्शदीप सिंह।
ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग इलेवन: ट्रेविस हेड, मिचेल मार्श (कप्तान), मैथ्यू शॉर्ट, जोश फिलिप (विकेटकीपर), मैट रेनशॉ, कूपर कोनोली, मिचेल ओवेन, मिचेल स्टार्क, नाथन एलिस, मैथ्यू कुहनेमैन, जोश हेजलवुड।
भारतीय टीम ने दूसरा टेस्ट 7 विकेट से जीत सीरीज में 2-0 से किया क्लीन स्वीप
दिल्ली। भारत ने दिल्ली में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में वेस्टइंडीज को 7 विकेट से हराकर दो मैचों की टेस्ट सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली। टीम इंडिया ने 121 रन का लक्ष्य तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया। यह जीत न केवल शुभमन गिल की कप्तानी में भारत की पहली टेस्ट सीरीज जीत है, बल्कि टीम इंडिया ने इसके जरिए गौतम गंभीर को आज उनके 44वें जन्मदिन पर एक खास तोहफा भी दिया है।
भारत ने मंगलवार को पांचवें दिन एक विकेट पर 63 रन से अपनी पारी आगे बढ़ाई। सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन ने 39 रन और कप्तान शुभमन गिल ने 13 रन बनाए। हालांकि, दोनों के आउट होने के बाद केएल राहुल ने जिम्मेदारी संभाली और शानदार बल्लेबाजी करते हुए 58 रन की नाबाद पारी खेली। उन्होंने अपने टेस्ट करियर का 20वां अर्धशतक पूरा किया। ध्रुव जुरेल 6 रन बनाकर नाबाद रहे।
इससे पहले, भारत ने अपनी पहली पारी 5 विकेट पर 518 रन बनाकर घोषित की थी। भारत के लिए पहली पारी में यशस्वी जायसवाल के 175 रन और शुभनम गिल का नाबाद (129 रन) शतक देखने को मिला था। जवाब में वेस्टइंडीज की टीम पहली पारी में 248 रन पर सिमट गई। भारत ने 270 रन की बढ़त मिलने के बाद फॉलोऑन देने का फैसला किया। दूसरी पारी में वेस्टइंडीज ने संघर्ष करते हुए 390 रन बनाए और भारत के सामने 121 रन का लक्ष्य रखा।
टीम इंडिया ने लक्ष्य का पीछा करते हुए शानदार प्रदर्शन किया और आसानी से जीत हासिल की। पहला टेस्ट भारत ने पारी और 140 रन से जीता था, जबकि दूसरे मैच में भी दबदबा कायम रखा। दूसरे मैच की पहली पारी में 5 और दूसरी पारी में 3 विकेट झटकने वाले कुलदीप यादव को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
यह जीत भारतीय क्रिकेट के लिए खास है, क्योंकि युवा कप्तान शुभमन गिल ने बतौर टेस्ट कप्तान अपनी पहली सीरीज में क्लीन स्वीप किया है। इंग्लैंड के खिलाफ पिछली सीरीज 2-2 की बराबरी पर खत्म हुई थी, लेकिन इस बार गिल ने शानदार शुरुआत के साथ अपनी कप्तानी पर मुहर लगा दी है। भारत ने आखिरी सीरीज 378 दिन पहले पिछले साल 1 अक्टूबर को बांग्लादेश के खिलाफ जीती थी। अब भारत का अगला टेस्ट असाइनमेंट नवंबर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज होगा।
भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरा टेस्ट मैच कल से
नई दिल्ली। भारत और वेस्टइंडीज (IND vs WI) के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज़ जारी है। सीरीज़ का पहला टेस्ट अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया था, जिसे टीम इंडिया ने एक पारी और 140 रनों से जीत लिया था। वेस्टइंडीज की टीम ने इस मैच में अपने प्रदर्शन से सभी क्रिकेट प्रेमियों को निराश किया। अब इस टेस्ट सीरीज़ का दूसरा और आखिरी टेस्ट 10 अक्टूबर से दिल्ली में खेला जाएगा। आइए जानें कि आप इस मैच का लाइव प्रसारण कब और कहाँ देख सकते हैं।
भारत-वेस्टइंडीज मैच किस मैदान पर खेला जाएगा?
भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरा टेस्ट मैच दिल्ली में खेला जाएगा। यह मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच से पहले, टीम इंडिया ने जीत के साथ सीरीज़ का आगाज किया है। अब दूसरे मैच में जीत के साथ टीम इंडिया सीरीज़ में क्लीन स्वीप करने की कोशिश करेगी।
भारत बनाम वेस्टइंडीज का दूसरा टेस्ट मैच कब खेला जाएगा?
भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरा टेस्ट मैच 10 अक्टूबर को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच सुबह 9:30 बजे भारतीय समयानुसार शुरू होगा और पूरे दिन शाम तक चलेगा।
मिचेल मार्श के तूफानी शतक से न्यूजीलैंड पस्त, ऑस्ट्रेलिया ने 2-0 से जीती सीरीज
स्पोर्ट्स डेस्क। ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मिचेल मार्श ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे और आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच में अपनी बल्लेबाजी का ऐसा तूफान दिखाया कि मेजबान टीम पूरी तरह पस्त हो गई। मार्श ने अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला शानदार शतक जड़ा, जिसकी बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड को 3 विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज पर 2-0 से कब्जा कर लिया। सीरीज का दूसरा मैच बारिश के कारण धुल गया था।
मार्श का तूफानी शतक
माउंट माउंगानुई के बे ओवल में खेले गए इस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 156 रन बनाए। जवाब में, 157 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत खराब रही, लेकिन एक छोर पर कप्तान मिचेल मार्श मजबूती से टिके रहे।
उन्होंने सिर्फ 52 गेंदों में 8 चौके और 7 छक्कों की मदद से नाबाद 103 रनों की तूफानी पारी खेली। मार्श ने एक छोर पर विकेट गिरने के बावजूद संयम और आक्रामकता का शानदार प्रदर्शन किया और टीम को 18 ओवर में ही जीत दिलाकर मैदान से बाहर आए।
न्यूजीलैंड का संघर्ष
न्यूजीलैंड की ओर से टिम साइफर्ट ने सर्वाधिक 48 रन बनाए, जबकि गेंदबाजी में जेम्स नीशम ने 4 ओवर में 26 रन देकर 4 विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया को कड़ी टक्कर दी। हालांकि, नीशम का यह जबरदस्त प्रदर्शन भी मार्श के तूफान के आगे फीका पड़ गया।
इस जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड को उसके घर में टी20 सीरीज में हराकर एक बार फिर चैपल-हैडली टी20 ट्रॉफी अपने नाम कर ली है। मार्श को उनकी बेहतरीन शतकीय पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए टीम इंडिया का ऐलान, रोहित से कप्तानी छिन, शुभमन गिल को सौंपी टीम की कमान, अय्यर होंगे उपकप्तान
मुंबई। भारतीय क्रिकेट टीम ने ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए अपनी आधिकारिक टीम का ऐलान कर दिया है। मौजूदा समय में टीम इंडिया वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेल रही है, जिसके बाद टीम ऑस्ट्रेलिया जाएगी। इस दौरे में भारत को पहले तीन वनडे और पांच टी20 मैच खेलना हैं।
भारतीय चयनकर्ताओं ने शुभमन गिल को वनडे टीम का नया कप्तान नियुक्त किया है। उनके साथ श्रेयस अय्यर को उप-कप्तान बनाया गया है। वनडे टीम में अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली भी शामिल हैं, जिन्हें विशेष रूप से बल्लेबाजी के लिए चुना गया है।
टी20 टीम का कप्तान सूर्यकुमार यादव ही रहेंगे। रोहित शर्मा और विराट कोहली ने टी20 इंटरनेशनल और टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया है, इसलिए दोनों अब केवल वनडे क्रिकेट में ही भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। दोनों का अनुभव टीम के लिए बड़ी ताकत साबित होगा।
टी20 टीम इंडिया
कप्तान: सूर्यकुमार यादव
मुख्य खिलाड़ी: अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल (उपकप्तान), तिलक वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, वाशिंगटन सुंदर
वनडे टीम इंडिया
कप्तान: शुभमन गिल
उपकप्तान: श्रेयस अय्यर
मुख्य खिलाड़ी: रोहित शर्मा, विराट कोहली, अक्षर पटेल, केएल राहुल (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), यशस्वी जयसवाल।
इस ऐलान के साथ ही भारत ने ऑस्ट्रेलिया दौरे की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। टीम के अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का मिश्रण इस दौरे में एक संतुलित टीम का संकेत देता है।
पाकिस्तान को 5 विकेट से मात देकर चैंपियन बनी टीम इंडिया, 9वीं बार जीता खिताब
दुबई। संयुक्त अरब अमीरात में खेले जा रहे टी20 एशिया कप के फाइनल मुकाबले में भारत ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया है। इस जीत के साथ भारत नौवीं बार एशिया कप का चैंपियन बना है। इससे पहले भारत ने 7 बार वनडे और 1 बार टी20 फॉर्मेट में एशिया कप का खिताब जीता था।
बता दें कि दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। इसके बाद सलमान अली आगा की कप्तानी वाली पाकिस्तान की पारी 19.1 ओवर में 146 रन के स्कोर पर सिमट गई। जवाब में 147 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने 19.4 ओवरों में 5 विकेट खोकर 150 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। रिंकू सिंह ने चौका लगाकर भारत को जीत दिलाई। भारत की इस जीत के हीरो तिलक वर्मा रहे, जिन्होंने 69 रन की नाबाद पारी खेली।
पाकिस्तान की बल्लेबाजी रही फ्लॉप
पाकिस्तान की टीम को इस मैच में साहिबजादा फरहान और फखर जमान ने शानदार शुरुआत दिलाई। पहले विकेट के लिए दोनों बल्लेबाजों ने 9.4 ओवर में 84 रन जोड़े। साहिबजादा इस मैच में 38 गेंदों में 57 रन बनाए, इस दौरान उन्होंने पांच चौका और तीन छक्का लगाया। इसके अलावा फखर जमान ने 35 गेंदों में 47 रन बनाए। वहीं सैम अयूब ने 11 गेंदों में 14 रन की पारी खेली। इसके अलावा का पाकिस्तान के 8 बल्लेबाज सिंगल डिजिट स्कोर बनाकर आउट हुए। पाकिस्तान का स्कोर एक वक्त पर 113/2 था, लेकिन यहां से अगले 8 विकेट 33 रन के अंदर गंवा बैठे। अच्छी शुरुआत के बाद पाकिस्तान की पारी पूरी तरह से लड़खड़ा गई। उनकी टीम 19.1 ओवर में ही सिमट गई।
भारत की गेंदबाजी की बात करें तो कुलदीप यादव ने 4 विकेट लिए। इसके अलावा जसप्रीत बुमराह, वरुण और अक्षर ने 2-2 विकेट लिए।
तिलक वर्मा ने भारत के लिए लगाया अर्धशतक
147 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। अभिषेक शर्मा जो इस पूरे एशिया कप में शानदार बैटिंग करते हुए नजर आए थे वह इस मैच में सिर्फ 5 रन बना पाए। वहीं उपकप्तान शुभमन गिल ने 10 गेंदों में 12 रन बनाए। कप्तान सूर्या इस मैच में भी फ्लॉप रहे, वह 5 गेंदों में सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हुए। संजू ने 21 गेंदों में 24 रन बनाए। 77 के स्कोर भारत को चौथा झटका था।
यहां से तिलक वर्मा और शिवम दुबे ने पारी को संभाला। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 60 रन की पार्टनरशिप हुई। 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर दुबे आउट हुए। 22 गेंदों वह 33 रन बनाकर आउट हुए। तिलक वर्मा ने इस मैच में भारत के लिए शानदार बल्लेबाजी की। 53 गेंदों में 69 रन बनाकर नाबाद लौटे। इस दौरान उन्होंने तीन चौके और चार छक्के लगाए। तिलक भारत की इस जीत में सबसे बड़े हीरो साबित हुए।
साल 1983 में हुई थी एशिया कप की स्थापना
एशियन क्रिकेट कॉउंसिल (एसीसी) द्वारा आयोजित, एशिया कप की स्थापना साल 1983 में हुई थी और एक साल बाद संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के शारजाह में पहली बार इस टूर्नामेंट को आयोजित किया गया था। एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट के पहले 12 संस्करण 50 ओवरों के एकदिवसीय फॉर्मेट में खेले गए थे, लेकिन 2016 से यह टूर्नामेंट एकदिवसीय और T20 अंतरराष्ट्रीय मैचों के बीच बारी-बारी से खेला जाता रहा है।
भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान जैसी महाद्वीपीय टीमों के अलावा, हांगकांग, चीन, संयुक्त अरब अमीरात और नेपाल जैसे एसोसिएट नेशंस भी पहले एशिया कप में हिस्सा ले चुके हैं।
श्रीलंका ने सबसे ज्यादा बार खेला है एशिया कप
श्रीलंका के नाम सबसे अधिक एशिया कप में खेलने का रिकॉर्ड है, जिसने अब तक सभी 16 संस्करणों में हिस्सा लिया है। भारत, श्रीलंका और बांग्लादेश ने 15-15 बार एशिया कप में शिरकत की है, जबकि अफगानिस्तान ने चार बार टूर्नामेंट में हिस्सा लिया है।
एशिया कप की सबसे सफल टीम है भारत
कप्तान सुनील गावस्कर के नेतृत्व में भारत ने 1984 में पहला एशिया कप जीता था – यह तीन टीमों का टूर्नामेंट था जिसमें पाकिस्तान और श्रीलंका अन्य टीमें थीं। भारतीय क्रिकेट टीम एशिया कप की सबसे सफल टीम भी है, जिसने 17 संस्करणों में से 9 बार खिताब जीता है। भारत ने टूर्नामेंट के पहले पांच संस्करणों में से चार जीते और 1988 से 1995 के बीच लगातार तीन एशिया कप खिताब जीतने वाली एकमात्र टीम भी है।
श्रीलंका प्रतियोगिता में दूसरी सबसे सफल टीम है, जिसने छह बार एशिया कप का खिताब अपने नाम किया है, जबकि पाकिस्तान दो खिताबों के साथ तीसरे स्थान पर काबिज है। बांग्लादेश 2012, 2016 और 2018 में तीन बार उपविजेता रहा है। इस बीच, श्रीलंका सात बार एशिया कप में उपविजेता रहा है जो किसी भी टीम द्वारा सबसे अधिक है।
एशिया कप विवाद, सूर्यकुमार यादव पर ICC ने लगाया 30% जुर्माना
दुबई। एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए तनावपूर्ण मुकाबले के बाद, अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने भारतीय टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव पर बड़ी कार्रवाई की है। पाकिस्तान के खिलाफ ग्रुप स्टेज मैच में जीत के बाद ‘पहलगाम’ आतंकी हमले के पीड़ितों और भारतीय सेना के प्रति एकजुटता व्यक्त करने के लिए सूर्यकुमार पर उनकी मैच फीस का 30 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।
हालांकि, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आईसीसी के मैच रेफरी के इस फैसले को चुनौती देने का निर्णय लिया है।
क्या था पूरा मामला?
14 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में पाकिस्तान पर भारत की शानदार जीत के बाद, सूर्यकुमार यादव ने पोस्ट-मैच प्रेजेंटेशन सेरेमनी में यह जीत पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों और भारतीय सशस्त्र बलों को समर्पित की थी।
यह बयान मई में दोनों देशों के बीच हुए सैन्य संघर्ष के बाद आया था, जब भारत ने पहलगाम हमले के बाद जवाबी कार्रवाई की थी।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने सूर्यकुमार के इस बयान पर आपत्ति जताते हुए आईसीसी से शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि टिप्पणी में भारत-पाकिस्तान के बीच सैन्य तनाव से जुड़े राजनीतिक संकेत मौजूद थे।
आईसीसी का फैसला और बीसीसीआई की प्रतिक्रिया
आईसीसी मैच रेफरी रिची रिचर्डसन ने आधिकारिक सुनवाई के बाद सूर्यकुमार यादव को दोषी पाया, हालांकि भारतीय कप्तान ने खुद को निर्दोष बताया था। आईसीसी ने सूर्यकुमार को भविष्य में टूर्नामेंट के दौरान किसी भी तरह के राजनीतिक बयान देने से बचने की सलाह भी दी है।
सूत्रों के अनुसार, बीसीसीआई इस फैसले से सहमत नहीं है और उसने अपने कप्तान का समर्थन करते हुए जुर्माने के खिलाफ अपील दायर की है। बीसीसीआई का मानना है कि आतंकी पीड़ितों के प्रति एकजुटता व्यक्त करना किसी भी तरह से आईसीसी के आचार संहिता का उल्लंघन नहीं है।
पाकिस्तानी खिलाड़ियों पर भी हुई कार्रवाई
इसी विवाद के बीच, आईसीसी ने पाकिस्तानी टीम के खिलाड़ियों पर भी कार्रवाई की है:
पाकिस्तानी तेज गेंदबाज हारिस रऊफ पर भी मैच के दौरान आक्रामक इशारे करने और कथित तौर पर अनुचित भाषा का इस्तेमाल करने के लिए मैच फीस का 30 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।
-पाकिस्तानी सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान को उनके ‘गन सेलिब्रेशन’ (बंदूक चलाने जैसा इशारा) के लिए सिर्फ चेतावनी देकर छोड़ दिया गया है। फरहान ने दलील दी थी कि यह उनके पख्तून समुदाय में खुशी व्यक्त करने का पारंपरिक तरीका है।
-एशिया कप का फाइनल रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाना है, जिसके ठीक पहले आईसीसी की यह कार्रवाई दोनों देशों के बीच पहले से बढ़े तनाव को और बढ़ा सकती है।
41 साल के इतिहास में पहली बार एशिया कप के फाइनल में होगा भारत-पाकिस्तान का महामुकाबला
दुबई। साल 1984 में पहली बार एशिया कप खेला गया. उसके बाद एशिया कप के अब तक 17 सीजन हुए. 1984 से लेकर 2025 के बीच 41 सालों का फासला है. लेकिन ऐसा पहली बार होगा कि भारत-पाकिस्तान इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के फाइनल में पहली बार एक-दूसरे के आमने-सामने होंगे. यानी कुल मिलाकर यह इस टूर्नामेंट के लिहाज से ऐतिहासिक लम्हा है.
एशिया कप 2025 के मैच नंबर-17 में 25 सितंबर (गुरुवार) को बांग्लादेश और पाकिस्तान की टक्कर हुई. दुबई के दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में हुए सुपर-चार के इस मुकाबले में पाकिस्तानी टीम ने बांग्लादेश पर 11 रनों से जीत हासिल की. इस जीत के साथ ही पाकिस्तानी टीम ने फाइनल में प्रवेश कर लिया है.
अब 28 सितंबर (रविवार) को होने वाले फाइनल में पाकिस्तान का सामना भारत से होगा. एशिया कप के 41 सालों के इतिहास में पहली बार भारत और पाकिस्तान के बीच फाइनल खेला जाएगा. मुकाबले में बांग्लादेश को जीत के लिए 136 रनों का टारगेट मिला था, लेकिन उसकी टीम 20 ओवर्स में 9 विकेट पर 124 रन ही बना सकी.
वहीं यह यह इस टूर्नामेंट का सबसे बड़ा ट्विस्ट (मोड़) माना जा रहा है. पाकिस्तान ने 25 सितंबर को बांग्लादेश को सुपर-4 मुकाबले में हराकर भारत के खिलाफ फाइनल खेलने के लिए अपनी सीट बुक कर ली. वैसे टूर्नामेंट की शुरुआत से ही इस बात का अंदाजा लगाया जा रहा था कि दोनों देशों के बीच फाइनल होगा।
भारत और पाकिस्तान एशिया कप के 17वें संस्करण में पहली बार एशिया कप के फाइनल में भिड़ेंगे. भारत इस टूर्नामेंट का 8 बार फाइनल जीता है. इनमें साल 1984, 1988, 1990–91, 1995, 2010, 2016, 2018, 2023 शामिल है. 2016 में एशिया कप टी20 फॉर्मेट था.
वहीं पाकिस्तान केवल दो बार साल 2000, 2012 और में यह कप जीता है. लेकिन यहां सबसे बड़ा ट्विस्ट यही है कि दोनों ही देश कभी भी एक दूसरे के सामने फाइनल में नहीं आए हैं. श्रीलंका ने इस टूर्नामेंट को 6 बार 1986, 1997, 2004, 2008, 2014, 2022 में जीता है. 2022 का एशिया कप अभी की तरह टी20 फॉर्मेट रहा है.
पाकिस्तान और भारत कितनी बार एशिया कप के रनर-अप
भारतीय टीम एशिया कप जीतने के मामले में सबसे अग्रणी हैं. वहीं वो 3 बार रनर-अप भी रहा है. भारतीय टीम को 1997, 2004, 2008 फाइनल में हार भी मिली. तीनों ही बार उसे फाइनल में श्रीलंका ने चित किया. अब पाकिस्तान के खिलाफ भारत जब एशिया कप के फाइनल में खेलेगा, तो यह उसका 12वां एशिया कप फाइनल होगा. वहीं पाकिस्तान 1986, 2014, 2022 (टी20 फॉर्मेट) का रनर-अप रहा है.
1986 में एशिया कप भारत नहीं खेला था
टीम इंडिया ने 1986 का एशिया कप नहीं खेला था क्योंकि उस समय श्रीलंका के साथ क्रिकेट संबंध अच्छे नहीं थे. पाकिस्तान ने भी 1990–91 का टूर्नामेंट भारत के साथ राजनीतिक रिश्ते खराब होने की वजह से बॉयकॉट किया था. इसी कारण 1993 का एशिया कप भी रद्द हो गया था. एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) ने बाद में तय किया कि 2009 से टूर्नामेंट हर दो साल में एक बार खेला जाएगा. ICC ने यह भी तय किया कि एशिया कप में खेले गए सभी मैचों को आधिकारिक वनडे मैच माना जाएगा.
2015 में ACC के आकार को छोटा करने के बाद ICC (इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ) ने घोषणा की कि 2016 से एशिया कप बारी-बारी से वनडे और टी20 फॉर्मेट में खेला जाएगा, यह इस बात पर निर्भर करेगा कि अगला बड़ा टूर्नामेंट किस फॉर्मेट में है. इसी वजह से 2016 का एशिया कप पहली बार टी20 फॉर्मेट में खेला गया था. बाद में 2022 और अब 2025 में यह टी20 फॉर्मेट में हुआ.
वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया का हुआ ऐलान, रवींद्र जडेजा को बनाया गया उपकप्तान
मुंबई। भारत-वेस्टइंडीज के बीच अगले महीने से होनी वाली सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो गया है. इस टीम में कई बड़े फेरबदल देखने को मिले हैं. टीम में कई बड़े बदलाव भी देखने को मिल सकते हैं. इस सीरीज के लिए के लिए रवींद्र जडेजा को उपकप्तान बनाया गया है. देवदत्त पडिक्कल की वापसी हुई है. वहीं इंग्लैंड दौरे में खेले करुण नायर को टीम से बाहर कर दिया गया है. वेस्टइंडीज के खिलाफ 2 अक्टूबर से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में पहला टेस्ट होगा. वहीं दूसरा टेस्ट 10 अक्टूबर राजधानी दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होगा.
करुण नायर को लेकर पहले ही संभावना जताई जा रही थी कि उनको सीरीज में मौका नहीं मिलेगा. करुण नायर का प्रदर्शन इंग्लैंड दौरे पर बहुत खास नहीं था. ठीक वैसा ही हुआ. वहीं अक्षर पटेल की वापसी हुई है. इंग्लैंड दौरे पर टीम में शामिल नहीं थे. देवदत्त पडिक्कल भी टीम में वापस आ गए हैं.
वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज के लिए 15 सदस्यीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा (उप कप्तान), वॉशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, नीतीश कुमार रेड्डी, एन जगदीशन (विकेटकीपर), मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव
IND A vs AUS A : मानव सुथार की फिरकी में फंसे कंगारू
IND A vs AUS A : भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे भारत ‘ए’ और ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ के बीच दूसरे अनाधिकारिक टेस्ट मैच के पहले दिन युवा स्पिनर मानव सुथार ने अपनी फिरकी का जादू बिखेरते हुए कंगारू बल्लेबाजों को जमकर परेशान किया। एक तरफ जहां सुथार ने पांच विकेट लेकर ऑस्ट्रेलियाई टीम की कमर तोड़ दी, वहीं दूसरी तरफ सीनियर गेंदबाज मोहम्मद सिराज महंगे साबित हुए।
सुथार का ‘पंजा’ कमाल
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी भारत ‘ए’ टीम के लिए बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार ने सबसे शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 28 ओवर की अपनी गेंदबाजी में 93 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किए। सुथार ने ओलीवर पीक और कूपर कॉनोली जैसे बल्लेबाजों को जल्दी आउट कर ऑस्ट्रेलिया पर दबाव बनाया। उनके शानदार प्रदर्शन से ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ की टीम एक समय मजबूत स्थिति में होने के बावजूद बड़े स्कोर तक नहीं पहुंच पाई।
सिराज और प्रसिद्ध का बेअसर प्रदर्शन
अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज, जो भारतीय टीम में वापसी की उम्मीद कर रहे हैं, इस मैच में महंगे साबित हुए। उन्होंने 13 ओवर में 73 रन लुटाए और सिर्फ एक विकेट लिया। इसी तरह, प्रसिद्ध कृष्णा ने भी 14 ओवर में 63 रन दिए और एक ही विकेट हासिल किया।
ऑस्ट्रेलिया ने बनाए 350 रन
पहले दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ ने 9 विकेट के नुकसान पर 350 रन बना लिए हैं। टीम के लिए जैक एडवर्ड्स ने 88 और कप्तान नाथन मैकस्वीनी ने 74 रनों की उपयोगी पारियां खेलीं। हालांकि, मानव सुथार की शानदार गेंदबाजी की बदौलत भारत ‘ए’ मैच में अपनी पकड़ मजबूत करने में कामयाब रहा।
ऋषभ पंत की वापसी को लेकर बड़ी अपडेट
स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत की वापसी का इंतजार कर रहे फैंस के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। इंग्लैंड दौरे पर चोटिल होने के बाद से मैदान से दूर चल रहे पंत की फिटनेस को लेकर एक अहम अपडेट सामने आया है। पंत की चोट में तेजी से सुधार हो रहा है और वह जल्द ही क्रिकेट के मैदान पर वापसी कर सकते हैं।
वेस्टइंडीज सीरीज से वापसी मुश्किल, दक्षिण अफ्रीका सीरीज पर नजर
माना जा रहा है कि ऋषभ पंत वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली आगामी टेस्ट सीरीज में टीम का हिस्सा नहीं होंगे, क्योंकि इस सीरीज के लिए उनका पूरी तरह से फिट होना मुश्किल है। हालांकि, उनके नवंबर में भारत में होने वाली दक्षिण अफ्रीका सीरीज से वापसी करने की पूरी संभावना है।
इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट में लगी चोट के बाद पंत का पैर फ्रैक्चर हो गया था। हालांकि, अब वह बिना किसी सहारे के आराम से चल पा रहे हैं। उन्होंने बेंगलुरु के नेशनल क्रिकेट एकेडमी (NCA) में अपना रिहैब शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि पंत अपनी रिकवरी पर कड़ी मेहनत कर रहे हैं और विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में हैं।
टीम इंडिया के लिए अहम वापसी
ऋषभ पंत का टीम में लौटना भारतीय टीम के लिए बेहद अहम है। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग टीम को मजबूती प्रदान करती है। वह टेस्ट क्रिकेट में भारत के लिए कई महत्वपूर्ण पारियां खेल चुके हैं। उनकी वापसी से टीम को एक बार फिर से संतुलन मिलेगा।
फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि ऋषभ पंत पूरी तरह से फिट होकर जल्द ही मैदान पर लौटेंगे और एक बार फिर से अपनी शानदार बल्लेबाजी से सबका दिल जीतेंगे।
एशिया कप 2025 : भारतीय टीम के फील्डिंग कोच टी दिलीप ने सभी टीमों को दी खास सलाह
स्पोर्ट्स डेस्क। एशिया कप 2025 में भारतीय क्रिकेट टीम के शानदार प्रदर्शन में फील्डिंग की भूमिका बेहद अहम रही है। टीम के फील्डिंग कोच टी दिलीप ने हाल ही में एक खास सलाह दी है, जो न केवल भारतीय टीम बल्कि टूर्नामेंट में हिस्सा ले रही सभी टीमों के लिए बहुत उपयोगी साबित हो सकती है। यह सलाह खासकर दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की अनोखी फ्लडलाइट्स की स्थिति में कैचिंग के लिए है।
क्या है टी दिलीप की सलाह?
टी दिलीप ने बीसीसीआई द्वारा जारी एक वीडियो में बताया कि दुबई अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में फ्लडलाइट्स की व्यवस्था पारंपरिक स्टेडियमों से बिल्कुल अलग है। यह ‘रिंग ऑफ फायर’ जैसी रोशनी पैदा करती है, जिससे गेंद को हवा में देखना मुश्किल हो जाता है। दिलीप ने बताया कि ऐसी स्थिति में, सबसे ज़रूरी बात है कि खिलाड़ी एक पल के लिए भी गेंद पर से अपनी नज़र न हटाएँ।
उनका कहना है कि “हमें जीवन भर सिखाया गया है कि हमेशा गेंद पर नज़र रखो। जैसे ही आप एक पल के लिए भी गेंद नहीं देख पाते, तो आप घबरा जाते हैं। इसलिए अभ्यास सत्रों में हम अलग-अलग तरीकों से अभ्यास करने की कोशिश करते हैं ताकि खिलाड़ी ऐसी परिस्थितियों के लिए तैयार रहें।” यह सलाह विशेष रूप से ऊंचे कैच लेने के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।
सभी टीमों के लिए क्यों है यह अहम?
एशिया कप में अधिकांश मैच दुबई और अबू धाबी जैसे स्टेडियमों में हो रहे हैं। इन स्टेडियमों की फ्लडलाइट्स अक्सर खिलाड़ियों के लिए बड़ी चुनौती पेश करती हैं। टी दिलीप की यह सलाह सभी टीमों के लिए इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि यह उन्हें मैच से पहले इस खास परिस्थिति के लिए खुद को तैयार करने में मदद करेगी। अच्छी फील्डिंग सिर्फ कैच लेने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह रन बचाने और मैच का रुख बदलने में भी निर्णायक भूमिका निभाती है।
यह दर्शाता है कि टी दिलीप का अनुभव और रणनीति सिर्फ अपनी टीम तक सीमित नहीं है, बल्कि वह खेल के प्रति एक व्यापक दृष्टिकोण रखते हैं, जो अन्य टीमों को भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित कर सकता है।
भारत बनाम पाकिस्तान: जानिए कैसा रहेगा मौसम, किन खिलाड़ियों पर रहेंगी निगाहें?
भारत-पाकिस्तान के बीच दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में एशिया कप 2025 का छठा मुकाबला खेला जाना है। टी20 फॉर्मेट के एशिया कप में चौथी बार दोनों टीमें आमने-सामने होंगी। टीम इंडिया ने टूर्नामेंट का अपना पहला मैच यूएई के खिलाफ खेला, जिसमें 9 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। भारतीय टीम इस समय ग्रुप-ए की प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष पर है।
वहीं, पाकिस्तान ने ओमान के खिलाफ 93 रन से अपना पहला मैच जीता। यह देश प्वाइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर मौजूद है। अगर टीम इंडिया यह मुकाबला जीत लेती है, तो शीर्ष स्थान मजबूत कर लेगी। अगर पाकिस्तानी टीम ने मैच जीता, तो भारत को पछाड़कर नंबर-1 स्थान हासिल कर लेगी।
दुबई के इस मैदान की पिच स्पिन गेंदबाजों के लिए मददगार है। हालांकि, यहां तेज गेंदबाजों को शानदार पेस और बाउंस मिल रहा है। रविवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मुकाबले के दौरान बारिश की आशंका नहीं है। रात में ओस भी एक कारक हो सकती है। टॉस जीतने वाला कप्तान पहले गेंदबाजी का फैसला ले सकता है।
इस मुकाबले में कप्तान सूर्यकुमार यादव के अलावा तिलक वर्मा, अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल से बतौर बल्लेबाज खासा उम्मीदें होंगी। वहीं, गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती और अर्शदीप सिंह विपक्षी टीम के बल्लेबाजों को परेशान करते नजर आ सकते हैं।
पाकिस्तान की ओर से सईम अयूब और साहिबजादा फरहान टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाने का माद्दा रखते हैं। वहीं गेंदबाजी में मोहम्मद नवाज और सुफियान मुकीम पर सभी की निगाहें होंगी। भारत-पाकिस्तान के बीच टी20 फॉर्मेट के एशिया कप में तीन मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें टीम इंडिया ने 2 मैच जीते। वहीं, साल 2007 से अब तक टी20 फॉर्मेट में दोनों देश कुल 13 मैच खेल चुके हैं, जिसमें 9 मैच टीम इंडिया के नाम रहे।
भारत की टीम: अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, संजय सैमसन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, जितेश शर्मा, रिंकू सिंह, अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा।
पाकिस्तान की टीम: सईम अयूब, साहिबजादा फरहान, मोहम्मद हारिस (विकेटकीपर), फखर जमान, सलमान आगा (कप्तान), हसन नवाज, मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, शाहीन अफरीदी, सुफियान मुकीम, अबरार अहमद, हुसैन तलत, हसन अली, खुशदिल शाह, हारिस रऊफ, मोहम्मद वसीम जूनियर और सलमान मिर्जा।