शेयर बाजार/व्यापार

भारत के फ्यूल एक्सपोर्ट को मिली बड़ी राहत, डोनाल्ड ट्रंप की टैरिफ लिस्ट से बाहर पेट्रोलियम प्रॉडक्ट्स

भारत से अमेरिका को एक्सपोर्ट किए जाने वाले डीजल और एटीएफ (एविएशन टर्बाइन फ्यूल) जैसे पेट्रोलियम उत्पादों को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की घोषित टैरिफ लिस्ट से बाहर रखा गया है। इसका मतलब यह है कि इन उत्पादों पर अब कोई अतिरिक्त आयात शुल्क (टैरिफ) नहीं लगाया जाएगा।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, भारत ने वित्त वर्ष 2024-25 में अमेरिका को 48.6 लाख टन पेट्रोलियम उत्पादों का निर्यात किया था, जिसकी कुल कीमत 4 अरब डॉलर से अधिक थी। इन उत्पादों में सबसे ज्यादा हिस्सा रिलायंस इंडस्ट्रीज द्वारा भेजे गए फ्यूल का था, जो अमेरिका को फ्यूल एक्सपोर्ट करने वाली सबसे बड़ी भारतीय कंपनी है।

हालांकि ट्रंप ने हाल ही में भारत पर 25% टैरिफ लगाने की घोषणा की थी, लेकिन उन्होंने बाद में जिस सरकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए, उसमें कई प्रमुख भारतीय वस्तुओं को टैरिफ से छूट दी गई है। इनमें फार्मास्युटिकल्स, इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर्स, स्मार्टफोन, एसएसडी, कंप्यूटर के साथ-साथ कच्चा तेल, रिफाइंड फ्यूल, बिजली और कोयला शामिल हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि फ्यूल एक्सपोर्ट को टैरिफ फ्री बनाए रखने से भारत और रिलायंस जैसी कंपनियों के लिए अमेरिका के साथ व्यापार सुचारु रूप से जारी रहेगा। वहीं रूस के साथ भारत के ऊर्जा संबंधों को लेकर ट्रंप प्रशासन की चेतावनी के बावजूद अब तक कोई दंडात्मक कार्रवाई या आर्थिक जुर्माने के संकेत नहीं मिले हैं।