प्रदेश
बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दाब का असर, अगले 5 दिन तक बारिश की संभावना
रायपुर। दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर निम्न दाब क्षेत्र बना है. इसके पश्चिम और उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना है. इसके प्रभाव से अगले 5 दिनों तक दक्षिणी छत्तीसगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक 24 अक्टूबर से मध्य और दक्षिणी छत्तीसगढ़ में वर्षा वितरण में वृद्धि होने की संभावना है. आज एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है.
पिछले 24 घंटे के दौरान अंबिकापुर में सबसे ज्यादा तापमान 32.1 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम रात का पारा 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. प्रदेश में इस दौरान कुछ इलाकों में बारिश हुई. जगदलपुर 1 सेमी, मानपुर 1 सेमी, छोटेडोंगर 1 सेमी, बस्तर 1 सेमी और लोहांडीगुड़ा 1 सेमी पानी गिर गया.
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम
बात करें राजधानी रायपुर की तो, मौसम विभाग ने आज आकाश मेघमय रहने की संभावना जताई है. बुधवार को तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.
2 दिन बाद फिर बारिश!
मौसम विभाग के मुताबिक, आज एक दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं 2 दिन बाद भी वर्षा की स्थिति बनने की संभावना है.
दिवाली अवकाश के दौरान खुला हाईकोर्ट, इन नर्सिंग कॉलेजों को काउंसिलिंग में शामिल करने का दिया आदेश…
बिलासपुर। छात्रहित से जुड़े मुद्दे पर सुनवाई के लिए दिवाली अवकाश के दौरान हाईकोर्ट खुला. जस्टिस अरविंद वर्मा की बेंच में हुई सुनवाई में जीएनएम से बीएससी नर्सिंग में अपग्रेड कॉलेजों को राहत दी.
जस्टिस अरविंद वर्मा ने बीएससी नर्सिंग में अपग्रेड कॉलेजों को काउंसिलिंग प्रक्रिया में शामिल करने के साथ काउंसिलिंग की तारीख 26 अक्टूबर तक बढ़ाने का भी आदेश जारी किया. दरअसल, मेडिकल एजुकेशन विभाग ने जीएनएम पाठ्यक्रम वाले कॉलेजों को काउंसिलिंग से बाहर कर दिया था, जिसके खिलाफ द एसोसिएशन ऑफ प्राइवेट नर्सिंग एंड पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी.
रायपुर से दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए एयर इंडिया ने सुविधा बढ़ाई
रायपुर। छत्तीसगढ़ के हवाई यात्रियों को दिल्ली-रायपुर-दिल्ली सेक्टर में एयर इंडिया की नई फ्लाइट की सौगात इसी माह मिलेगी. कंपनी ने 26 अक्टूबर से दिल्ली-रायपुर-दिल्ली सेक्टर में नई उड़ान संचालित करने का प्रस्ताव नागरिक उड्डयन निदेशालय को दिया है. इस नई उड़ान के साथ ही दिल्ली के लिए एयर इंडिया की तीन फ्लाइट रोजाना उपलब्ध होगी.
एयर इंडिया द्वारा प्रस्तावित यह नई फ्लाइट दोपहर को संचालित की जाएगी. फिलहाल एयर इंडिया की दो उड़ानें सुबह-शाम को संचालित की जाती हैं. प्रस्तावित शेड्यूल के तहत एयर इंडिया की अभी रायपुर एयरपोर्ट से फ्लाइट 2635 दिल्ली से दोपहर 12.10 बजे उड़ान भरेगी तथा उसके रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद विमानतल पहुंचने का समय दोपहर 2.05 बजे है. रायपुर से एयर इंडिया की फ्लाइट 2636 दोपहर 2.35 बजे रवाना होकर शाम 4.45 बजे दिल्ली पहुंचेगी.
स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से हर दिन 24 उड़ानें
बताया गया है कि रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट को देश के प्रमुख एयरपोर्ट से जोड़ने के लिए रोजाना कुल 24 उड़ानें संचालित की जा रही हैं. 26 अक्टूबर से एयर इंडिया और इंडिगो की दो नई उड़ानें शुरू होने पर उड़ानों की संख्या बढ़कर 26 हो जाएगी.
दिल्ली-रायपुर सेक्टर में रोजाना 8 उड़ानें
26 अक्टूबर से दिल्ली-रायपुर-दिल्ली सेक्टर में रोजाना आठ उड़ानों का विकल्प उपलब्ध होगा. 26 अक्टूबर से ही इंडिगो की एक नई फ्लाइट दिल्ली-रायपुर-दिल्ली सेक्टर में संचालित करने की तैयारी है. फिलहाल इंडिगो की रोजाना 4 उड़ानें संचालित की जाती हैं. इंडिगो सूत्रों के मुताबिक उड़ान संख्या 6ई2120 दिल्ली से सुबह 10.15 बजे रवाना होगी और दोपहर 12.15 बजे रायपुर पहुंचेगी. वापसी में उड़ान संख्या 6ई6640 रायपुर से दोपहर 12.45 बजे उड़ान भरेगी और दोपहर 2.45 बजे दिल्ली पहुंचेगी. एक नई उड़ान शुरू होने से रायपुर-दिल्ली सेक्टर में इंडिगो की कुल पांच उड़ानें हो जाएंगी. इससे यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी.
छठ पूजा पर स्टेशनों में यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष तैयारी, DRM ने रायपुर स्टेशन पर त्योहारी सीजन में क्राउड मैनेजमेंट का लिया जायजा
रायपुर। मंडल रेल प्रबंधक दयानंद ने रायपुर स्टेशन पर मीडिया के साथ वार्ता की उन्होंने दिपावली पर्व के बाद अपने घरों / कार्यस्थलों पर लौटते यात्रियों और छठ पूजा आगामी त्योहारों के दौरान रायपुर रेल मंडल द्वारा यात्रियों को कई सुविधाएं दी जा रही है जैसे कि :- स्पेशल ट्रेन, कंफर्म बर्थ, होल्डिंग एरिया, भीड़ – भाड़ प्रबंधन, खान – पान सुविधा जैसे कई सुविधाये दी जा रही है। यात्रियों की सुगम यात्रा हेतु स्टेशनों पर विशेष क्राउड मैनेजमेंट किया गया है की विस्तृत जानकारी मीडिया को दी एवं होल्डिंग एरिया में मीडिया के साथ यात्रियों से वार्तालाप किया एवं उपलब्ध यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया।
-होलिडिंग एरिया / ठहराव की सुविधा रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की संख्या बढ़ती हैं तो उनके लिए होल्डिंग एरिया बनाये गये हैं। जिससे प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक भीड़ का जमाव ना हो। 30 x 200 फीट साइज़ का लगभग 6000 स्क्वायर मीटर विशाल होल्डिंग एरिया 1000 से अधिक यात्रियों के बैठने लिए बनाया गया है ।
जिसमें 600 चेयर की व्यवस्था की गई है। यात्रियों की सुविधा के लिए, सीसीटीवी कैमरा, एयर कूलर एवं पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था होल्डिंग एरिया में खान-पान की व्यवस्था बहुत ही न्यूनतम दरों पर जनता खाना ₹15 में, इकोनामी मिल ₹20 में, एवं ₹14 में रेल नीर की व्यवस्था की गई है।
यात्रियों की सुविधा के लिए टीटीई द्वारा लगातार यात्रियों को पर्याप्त जानकारी एवं काउंसलिंग किया जा रहा है।
-इसी प्रकार दुर्ग स्टेशन पर 1000 स्क्वायर मीटर एरिया का होल्डिंग एरिया जिसमें लगभग 1000 यात्री ठहराव की क्षमता है एवं 200 चेयर की व्यवस्था की गई है।
-भाटापारा रेलवे स्टेशन पर 400 स्क्वायर मीटर एरिया का होल्डिंग एरिया जिसमें 50 चेयर की व्यवस्था यात्रियों की सुविधा के लिए की गई है
-भिलाई पावर हाउस स्टेशन पर 250 स्क्वायर मीटर एरिया का होल्डिंग एरिया जिसमें 100 चेयर की व्यवस्था यात्रियों के लिए की गई है।
-रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर किसी भी तरह का भगदड़ न हो इसीलिए भीड़ को कंट्रोल करने के लिए यात्रियों के ठहराव की सुविधा रेलवे स्टेशन परिसरों पर प्रदान गई है। यात्रियों की सुविधा के लिए होल्डिंग एरिया में पानी की सुविधा, होल्डिंग एरिया में ही टिकट लेने की सुविधा, व्हील चेयर, स्ट्रेचर सीसीटीवी कैमरा की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
-एम्बुलेंस की सुविधा रायपुर स्टेशन पर किसी भी आपातकालीन स्थिति के लिए 24 घंटे एम्बुलेंस की सुवधा भी उपलब्ध कराई गई है।
-प्लेटफार्म पर रस्सी लगाकर पंक्तिबद्ध यात्रियों को कोच में प्रवेश कराया जा रहा है।
स्पेशल ट्रेनों की सुविधा यात्रियों की सुविधा के लिए रायपुर रेल मंडल से 03 स्पेशल ट्रेन गाड़ी संख्या 08795 दुर्ग पटना, गाड़ी संख्या 08763 दुर्ग सुल्तानपुर, गाड़ी संख्या 08760 दुर्ग- निजामुद्दीन स्पेशल गाड़ियां चलाई जा रही है इसके अतिरिक्त लगभग 8 स्पेशल ट्रेन रायपुर रेल मंडल से गुजरेगी।
टिकट काउंटर टिकट काउंटर पर यात्रियों की भीड़ न हो यात्री व्यवस्थित होकर टिकट ले इस हेतु समुचित टिकट काउंटरों की व्यवस्था की गई है। इसमें स्टेशन परिसर में ही टीटीई द्वारा 03 मोबाइल यू.टी.एस. टिकटिंग कि सुविधा। रायपुर स्टेशन परअनारक्षित टिकट काउंटर का रेलवे आरक्षण केंद्र में शिफ्टिंग के दौरान यात्रियों को अनारक्षित टिकट लेने में असुविधा ना हो इस हेतु वाणिज्य विभाग के अधिकारियों वाणिज्य निरीक्षकों सुपरवाइजरो द्वारा लगातार भीड़ की निगरानी की जा रही है। 06 अनारक्षित टिकट काउंटर की सुविधा, 12 ATVM रायुपर स्टेशन पर अनारक्षित टिकट दे रहे है।
उद्घोषणा-उद्घोषणा सिस्टम के माध्यम से स्टेशनों पर लगातार कोच पोजिशन एवं ट्रेनों का आवागमन का समय एवं प्लेटफार्म की सूचना यात्री हित की अन्य सूचनाओं को प्रदान किया जा रहा है।
इमरजेंसी मेडिकल चिकित्सा रूम (ईएमआर) रायपुर स्टेशन पर इमरजेंसी मेडिकल चिकित्सा रूम बनाया गया है। जिसमें 24 घंटेचिकित्सा सुविधा के लिए 5 वर्ष के लिए दिनांक 31 जुलाई 2025 से 30 जुलाई 2030 तक मेडिकल अनुबंध किया गया है। जिसमे रू.99/- में 32 तरह के हेल्थ चेक – अप की सुविधा एवं डॉक्टर ” ऑन कॉल बेसिस” पर उपस्थित रहेगें।
यात्रियों का स्टेशन में सुगम्य प्रवेश- रायपुर स्टेशन पर यात्रियों का निर्वाध प्रवेश हो इस हेतु रायपुर स्टेशन के सभी गेट पर प्रवेश एवं निकास की व्यवस्था की गई है।..
अधिकारियो द्वारा निगरानी ट्रेनों में टीटीई को निर्देशित किया गया है कि वह क्राउड मैनेजमेंट पर विशेष ध्यान एवं यात्रियों की यात्री सुविधाओं को सुनिश्चित कर रेल नियमों का पालन करते हुए यात्रियों को सुरक्षित ट्रेनों में प्रवेश करा रहे है। वाणिज्य विभाग के अधिकारी, निरीक्षक लगातार क्राउड मैनेजमेंट पर निगरानी बनाए हुए हैं।पूछताछ केंद्र पूछताछ केंद्र पर त्वरित एवं सही जानकारी उपलब्ध हो इस हेतु भी संबंधित निरीक्षकों एवं स्टाफ को निर्देशित किया गया है।
अतिरिक्त टिकट चेकिंग स्टाफ अतिरिक्त टिकट चेकिंग स्टाफ को तैनाती
पेयजल एवं खानपान- यात्रियों के लिए पेयजल एवं खानपान की व्यवस्था स्टेशनों पर उपलब्ध सभी स्टॉल एवं कैटरिंग यूनिटों को निर्देशित किया गया है पर्याप्त मात्रा में खाद्य सामग्री उपलब्ध रखें ताकि यात्रियों को और असुविधा न हो।
यात्री सुरक्षा – यात्रियों की सुरक्षा हेतु स्टेशन पर सी.सी.टी.वी कैमरा, स्कैनर लगाए गए हैं अतिरिक्त रेलवे सुरक्षा बल, अन्य सेवा दलो की व्यवस्था की गई है।
बैटरी ऑपरेटेट कार सर्विसेस बुजुर्ग एवं दिव्यांग यात्रियों के लिए बैटरी ऑपरेटेट कार के माध्यम से स्टेशन परिसर पर एक प्लेटफार्म से दुसरे प्लेटफार्म पर आने जाने हेतु विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
वाणिज्य कंट्रोल रूम रायपुर स्टेशन पर विशेष क्राउड मैनेजमेंट वाणिज्य कंट्रोल रूम बनाया गया है 24 घंटे सभी ट्रेनों एवं स्टेशनों पर उपलब्ध वाणिज्य स्टाफ से लगातार संपर्क बनाए रखने हेतु व्यवस्था जाएगीएवं संबंधित वाणिज्य निरीक्षक यात्रियों की सुविधा हेतु जानकारी लेकर उच्च अधिकारियों को अवगत कराएंगे रेल मदद पर यात्री सक्रीय है तुरंत ही उनकी समस्या का निवारण किया जा रहा हैं।
सजगता- सतर्कता – एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म का उपयोग करते समय सावधानी रखने, लिफ्ट ओवर लोडेड ना हो एस्केलेटर का संचालन सही हो इसकी सुनिश्चितता करेंगे एवं सुव्यवस्थित पार्किंग पर निगरानी, आगजनी की घटनाओ से बचाने के लिए सभी स्टाफ की सतर्क रहने के निर्देश दिए गए है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बगिया में सुनी आम जनता की समस्याएं, आवेदनों के त्वरित निराकरण के निर्देश
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज अपने गृह ग्राम बगिया में लोगों से दीपावली पर्व के अवसर पर मुलाकात कर उन्हें दीप पर्व की शुभकामनाएं और बधाई दी। मुख्यमंत्री को दीप पर्व की बधाई देने के लिए बड़ी संख्या में लोग उनके गृह ग्राम बगिया पहुंचे थे। इस आत्मीय मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों से उनकी समस्याएं भी सुनी और उनके आवेदन भी लिये। उन्होंने इस मौके पर मौजूद जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके विभागों से संबंधित आवेदनों का तत्परता से निराकरण करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों, महिलाओं, किसानों, छात्रों और विभिन्न सामाजिक संगठनों से एक-एक कर मुलाकात की और दीप पर्व की शुभेच्छाओं के अदान-प्रदान के दौरान लोगों की समस्याएं भी सुनी। मुख्यमंत्री ने लोगों से मिले आवेदनों के संबंध में अधिकारियों से कहा कि सभी आवेदनों का समयबद्ध समाधान किया जाए। मुलाकात के दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, सड़क, जनसुविधाओं और विभिन्न योजनाओं से संबंधित आवेदन लोगों ने मुख्यमंत्री को दिए।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को दीप पर्व की शुभकामनाएं देने बगिया में लगा रहा तांता
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के जशपुर स्थित गृह निवास बगिया में दीपावली के पावन पर्व पर शुभकामनाएं देने वालों का सिलसिला दिन भर जारी रहा। देर रात्रि तक जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्यों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने मुख्यमंत्री से भेंट कर दीपावली की शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री श्री साय ने सभी लोगों का आत्मीय स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं सुख-समृद्धि की मंगलकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर कहा कि दीपावली का पर्व, परस्पर सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है, जो समाज को अंधकार से प्रकाश की ओर अग्रसर होने की प्रेरणा देता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे स्वदेशी और स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता दें, जिससे कुम्हारों, कारीगरों और स्थानीय उद्यमियों को प्रोत्साहन मिल सके। उन्होंने कहा कि ‘वोकल फॉर लोकल की भावना आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।‘
मुख्यमंत्री से भेंट के दौरान लोगों ने अपनी मांगें एवं समस्याएं भी उनके समक्ष रखी। मुख्यमंत्री श्री साय ने सभी निवेदनों को संज्ञान में लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित और समयबद्ध कार्यवाही के निर्देश दिए। दीपावली के अवसर पर मुख्यमंत्री निवास में चहुओर उत्साह का वातावरण रहा।
मुख्यमंत्री की पहल पर जशपुर और बस्तर जिले में 4 नवीन महाविद्यालयों के लिए 132 पद स्वीकृत
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर छत्तीसगढ़ शासन के उच्च शिक्षा विभाग मंत्रालय ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट में प्रावधानित 4 नवीन शासकीय महाविद्यालयों की स्थापना को स्वीकृति प्रदान कर दी है। उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार इन महाविद्यालयों की स्थापना फरसाबहार (जिला-जशपुर), करडेगा (जिला-जशपुर), नगरनार (जिला-बस्तर) तथा किलेपाल (जिला-बस्तर) में की जाएगी।
मुख्यमंत्री की इस पहल से जशपुर एवं बस्तर जैसे जनजाति बहुल एवं भौगोलिक रूप से दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अब उनके इलाके में ही उच्च शिक्षा के अवसर उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा है कि प्रदेश के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराना उनकी सरकार की प्राथमिकता है। दूरस्थ अंचलों की बेटियों और बेटों को अब कॉलेज की पढ़ाई के लिए अब अपने घरों से दूर अन्यत्र नही जाना पड़ेगा। उच्च शिक्षा की पहुंच हर इलाके में हो, इसके लिए राज्य सरकार शिक्षा के ढांचे को सुदृढ़ बना रही है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि शिक्षा ही प्रदेश के सर्वांगीण विकास की आधारशिला है और सरकार युवाओं को अवसर, संसाधन तथा बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
गौरतलब है कि इन चारों महाविद्यालयों के लिए कुल 132 पदों (प्रति महाविद्यालय 33 पद) के सृजन की स्वीकृति के साथ ही कक्षाएं प्रारंभ करने की अनुमति भी राज्य शासन ने दे दी है। स्वीकृत पदों में प्राचार्य, सहायक प्राध्यापक, ग्रंथपाल, क्रीड़ाधिकारी, सहायक ग्रेड-1 एवं प्रयोगशाला कर्मी आदि शामिल हैं। मुख्यमंत्री श्री साय की इस पहल से आदिवासी एवं दूरस्थ क्षेत्रों में उच्च शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा। स्थानीय युवाओं की शिक्षा, रोजगार एवं कौशल वृद्धि के अवसर बढ़ेंगे। प्रदेश में समान और संतुलित शैक्षणिक विकास को गति मिलेगी।
केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाएंगे IPS आशुतोष सिंह, CBI में में बनाए गए SP, आदेश जारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ कैडर के आईपीएस आशुतोष सिंह की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) एसपी के पद पर पोस्टिंग हुई है। आज मिनिस्ट्री ऑफ होम अफेयर ने उनकी प्रतिनियुक्ति को औपचारिक मंजूरी देते हुए राज्य सरकार को तीन सप्ताह के भीतर उन्हें रिलीव करने के निर्देश जारी किए हैं। CBI में आशुतोष का कार्यकाल ज्वाइन करने की तिथि से पांच वर्ष तक या अगले आदेश (जो भी पहले हो) तक होगा।
जानिए कौन हैं आईपीएस आशुतोष सिंह
आईपीएस आशुतोष सिंह 2012 बैच के छत्तीसगढ़ कैडर के अधिकारी हैं और वर्तमान में महासमुंद जिले के पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात हैं। वे मूलतः उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के रहने वाले हैं। उनका जन्म 9 मार्च 1986 को हुआ था और उनके पिता रेलवे इंजीनियर थे।
आशुतोष सिंह ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा लखनऊ से पूरी की। दसवीं में उन्हें 88% अंक प्राप्त हुए और 12वीं में 80% अंक हासिल किए। इसके बाद उन्होंने लखनऊ यूनिवर्सिटी से अर्थशास्त्र और राजनीति शास्त्र में स्नातक की डिग्री (BA) प्राप्त की। इसके उपरांत उन्होंने दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी से राजनीति शास्त्र में पोस्टग्रेजुएशन (MA) किया। इस दौरान उन्होंने NET-JRF भी क्वालीफाई किया।
एम.फिल की पढ़ाई करते समय आशुतोष सिंह ने UPSC की तैयारी शुरू की। पहले प्रयास में वे साक्षात्कार तक पहुंचे, लेकिन अंतिम चयन में चूक गए। दूसरे प्रयास में उन्होंने पूरी मेहनत लगाई और 225वीं रैंक के साथ UPSC क्रैक कर लिया। इसके बाद उन्हें आईपीएस की सर्विस और छत्तीसगढ़ कैडर मिला। आशुतोष सिंह पहले भी चार अन्य सरकारी परीक्षाओं में चयनित हो चुके थे, लेकिन उन्होंने सभी छोड़कर UPSC को अपना लक्ष्य बनाया।
आईपीएस आशुतोष सिंह ने 24 दिसंबर 2012 को अपनी सेवा ज्वाइन की। उन्होंने हैदराबाद के लाल बहादुर शास्त्री प्रशिक्षण अकादमी से प्रशिक्षण पूरा किया और फिर फील्ड ट्रेनिंग के लिए रायपुर जिले में प्रशिक्षु आईपीएस के रूप में पोस्टिंग प्राप्त की। वे अभनपुर थाना प्रभारी भी रहे। इसके बाद सरगुजा जिले में डीएसपी हेड क्वार्टर और फिर अंबिकापुर में सीएसपी के पद पर तैनात हुए। अंबिकापुर में सीएसपी रहते हुए उन्होंने 5 नवंबर 2014 से 5 सितंबर 2015 तक अपनी सेवाएं दी और तेज तर्रार और प्रभावशाली पुलिस अधिकारी के रूप में अपनी पहचान बनाई। आशुतोष सिंह वर्तमान में महासमुंद जिले के SP का दायित्व निभा रहे हैं।
देखें आदेश

संतों की कृपा और जनता के विश्वास से ही संभव हुआ सुशासन का दीपोत्सव: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
रायपुर। दीपावली के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज रायगढ़ जिले के लैलूंगा तहसील के ग्राम भुईयांपानी पहुँचे। यहाँ उन्होंने गुरुधाम में आयोजित दीप महोत्सव कार्यक्रम में शामिल होकर अपने आराध्य संत गुरुदेव स्वामी धनपति पंडा एवं प्रेमशीला पंडा की प्रतिमाओं के समक्ष नमन कर प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की मंगलकामना की।

मुख्यमंत्री श्री साय ने दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह दीपोत्सव हर घर में उजियारा और हर जीवन में सुख, समृद्धि, शांति एवं प्रेम का प्रकाश फैलाए। उन्होंने कहा कि गुरु का आशीर्वाद सदैव हम सब पर बना रहे। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने शिवमंदिर में जाकर शिवलिंग पर जलाभिषेक किया तथा हनुमान मंदिर एवं वटवृक्ष की पूजा-अर्चना भी की।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह संतों और प्रदेश की जनता का ही आशीर्वाद है कि एक किसान का बेटा मुख्यमंत्री बना है। उन्होंने बताया कि उनके कार्यकाल के 22 महीनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी योजनाओं को धरातल पर उतारना उनकी सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता रही है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लोगों के विकास के लिए राज्य सरकार सुशासन, पारदर्शिता और विकास के संकल्प के साथ कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को दो वर्षों का बकाया बोनस प्रदान किया गया है। धान खरीदी की सीमा 21 क्विंटल प्रति एकड़ कर दी गई है। धान का मूल्य 3,100 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपए की आर्थिक सहायता दी जा रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 18 लाख आवास स्वीकृत किए गए हैं। ई-गवर्नेंस प्रणाली की शुरुआत हो चुकी है और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। भूमिहीन मजदूर सहायता योजना, तेंदूपत्ता खरीदी 5,500 रुपए प्रति मानक बोरा, रामलला दर्शन योजना एवं मुख्यमंत्री तीर्थ-दर्शन योजना जैसी अनेक जनहितकारी योजनाएँ सफलतापूर्वक संचालित की जा रही हैं।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री साय ने गुरुधाम में एक करोड़ रुपए की लागत से सर्वसुविधायुक्त भवन का निर्माण, महतारी सदन के लिए 29 लाख रुपए के साथ ही गुरुधाम परिसर में हाईमास्ट लाइट की स्थापना, तालाब का सौंदर्यीकरण, बोर खनन एवं अन्य आवश्यकताओं के लिए घोषणा की।
लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया ने उपस्थित सभी लोगों को दीपावली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि इस संसार में गुरु से बढ़कर कोई नहीं है। गुरु ही वह प्रकाशस्तंभ हैं जो हमें अंधकारमय जीवन से निकालकर ज्ञान, अनुशासन और नैतिकता के पथ पर अग्रसर करते हैं। गुरु की प्रेरणा ही जीवन में सच्चा आनंद, आत्मिक शांति और सर्वाेच्च सुख प्रदान करती है। उनका मार्गदर्शन जीवन को अर्थपूर्ण बनाता है।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद देवेन्द्र प्रताप सिंह, महापौर जीवर्धन चौहान, संत सनातन धर्मदेवी संत समाज के अध्यक्ष सहदेव पंडा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष दीपक सिदार, सत्यानंद राठिया सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन उपस्थित थे।
“अपराजिता” केंद्र में दीपावली का उत्सव - उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया दीपों का पर्व
रायपुर। समाज कल्याण विभाग, जिला रायपुर द्वारा संचालित एकीकृत महिला सहायता केंद्र “अपराजिता” में दीपावली का पर्व हर्षोल्लास एवं उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर केंद्र में निवासरत महिलाओं ने दीप जलाकर एवं सजावट कर दीपों के त्यौहार का आनंद उठाया।

दीपावली के पूर्व दिवस केंद्र के लिए एक विशेष अवसर भी रहा, जब केंद्र में रह रही बिमला यादव को उनके मानसिक स्वास्थ्य में सुधार के पश्चात उनके पति देवशरण कोसले , ग्राम कवर्धा, जिला कबीरधाम के सुपुर्द किया गया। श्रीमती यादव को दिनांक 2 अगस्त 2025 को सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा केंद्र में लाया गया था, जहाँ उनका उपचार मनोचिकित्सक डॉ. सुरभि के मार्गदर्शन में किया गया।
यह पहली बार नहीं है जब “अपराजिता” केंद्र से किसी महिला को उपचार पूर्ण होने के बाद परिवार के सुपुर्द किया गया हो। इससे पूर्व विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर भी एक हितग्राही को स्वस्थ होने के पश्चात परिवार को सौंपा गया था।
संस्था “अपराजिता” में महिलाओं को निःशुल्क आवास, भोजन, वस्त्र, उपचार एवं परामर्श सेवाएं प्रदान की जाती हैं। साथ ही मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु केंद्र में योग, ध्यान, प्रकृति से जुड़ाव, पर्याप्त विश्राम और मोबाइल के सीमित उपयोग जैसे विषयों पर भी मार्गदर्शन दिया जाता है।
इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी एवं संयुक्त संचालक अरविंद गेडाम, डॉ. अनिल नायक, संस्था की प्राचार्य अधीक्षक शिखा वर्मा तथा स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
पुलिस स्मृति दिवस पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने किया शहीद परिवारों को सम्मानित
रायगढ़। उर्दना स्थित शहीद स्मृति गार्डन में आज पुलिस स्मृति दिवस समारोह का आयोजन गरिमामय वातावरण में किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने शहीदों के परिजनों को शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया. इस दौरान उन्होंने परिजनों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करते हुए उन्हें हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया.
वित्त मंत्री चौधरी ने इस पर अवसर पर शहीदों के सर्वोच्च बलिदान और कर्तव्यनिष्ठा को नमन करते हुए कहा कि समाज और देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले पुलिसकर्मियों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता. उन्होंने बताया कि जिले के कई शहीदों के नाम पर स्टेडियम और उद्यानों का नामकरण किया जा चुका है, तथा शेष शहीदों के नाम पर भी प्रमुख स्थलों का नामकरण किया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी उनके योगदान को याद रख सकें.
प्रति वर्ष 21 अक्टूबर को मनाए जाने वाले पुलिस स्मृति दिवस पर आज रायगढ़ जिले में शहीद स्मृति गार्डन, उर्दना में भावपूर्ण परेड का आयोजन किया गया. इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल ने 1 सितम्बर 2024 से 31 अगस्त 2025 तक ड्यूटी के दौरान शहीद हुए सभी रैंक के 191 पुलिसकर्मियों के नामों का वाचन किया.
यह दिवस वर्ष 1959 में लद्दाख के हॉट स्प्रिंग क्षेत्र में चीनी सेना के हमले में शहीद हुए दस पुलिस जवानों की स्मृति में मनाया जाता है. इस दिन देश की सुरक्षा की प्रथम पंक्ति में तैनात केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के गश्ती दल पर चीनी सैनिकों ने घात लगाकर हमला किया था, जिसमें दस वीर जवानों ने मातृभूमि की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी थी. तीन सप्ताह बाद चीन ने शहीद जवानों के पार्थिव शरीर भारत को लौटाए थे, जिनका अंतिम संस्कार लद्दाख के हॉट स्प्रिंग में राजकीय सम्मान के साथ किया गया था.
दीपावली के पावन पर्व पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने परिवार सहित की पूजा-अर्चना, प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं
रायपुर। सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने दीपावली के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं और बधाइयां दी हैं।
श्री अग्रवाल ने अपने परिवार के साथ विधि-विधान से माँ लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि दीपों की यह ज्योति हर घर, हर दिल में खुशियों का उजाला फैलाए।



श्री अग्रवाल ने कहा कि दीपावली अंधकार पर प्रकाश की, असत्य पर सत्य की और अधर्म पर धर्म की विजय का पर्व है। यह त्योहार हमें सद्भाव, त्याग, और सेवा की भावना के साथ समाज में प्रकाश फैलाने की प्रेरणा देता है। मैं समस्त प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देता हूं और भगवान श्री गणेश तथा मां लक्ष्मी से प्रार्थना करता हूं कि, सभी की जीवन में सुख शांति समृद्धि प्रदान करें।
मरीजों को दिवाली की बधाई देने हॉस्पिटल पहुंचे मंत्री, बांटे फल और मिठाई
मनेंद्रगढ़। दिवाली के अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिला के खंडगांव स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे. यहां मरीजों और उनके परिजनों तथा अस्पताल स्टाफ के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं.
स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने अस्पताल में भर्ती मरीजों का हालचाल जाना और उन्हें जल्द स्वस्थ होने की शुभकामनाएं दीं. इस दौरान उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों तथा अस्पताल स्टाफ को फल एवं मिठाई वितरित की. अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों ने स्वास्थ्य मंत्री के साथ मिलकर दीप प्रज्वलित कर दिवाली का उत्सव मनाया
मनेंद्रगढ़। दिवाली के अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिला के खंडगांव स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे. यहां मरीजों और उनके परिजनों तथा अस्पताल स्टाफ के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं.
स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने अस्पताल में भर्ती मरीजों का हालचाल जाना और उन्हें जल्द स्वस्थ होने की शुभकामनाएं दीं. इस दौरान उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों तथा अस्पताल स्टाफ को फल एवं मिठाई वितरित की. अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों ने स्वास्थ्य मंत्री के साथ मिलकर दीप प्रज्वलित कर दिवाली का उत्सव मनाया.
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि बीमार व्यक्तियों की सेवा और उनका मनोबल बढ़ाना मेरे लिए दिवाली को सार्थक बनाता है. स्वास्थ्य विभाग लगातार बेहतर सेवाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने अस्पताल के स्टाफ को भी इस अवसर पर समर्पण और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी.
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि बीमार व्यक्तियों की सेवा और उनका मनोबल बढ़ाना मेरे लिए दिवाली को सार्थक बनाता है. स्वास्थ्य विभाग लगातार बेहतर सेवाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने अस्पताल के स्टाफ को भी इस अवसर पर समर्पण और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी.
शहीद ASP की पत्नी को मिली DSP के पद पर नियुक्ति, राज्य सरकार ने जारी किया आदेश
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने शहीद एएसपी आकाश राव गिरपुन्जे की धर्मपत्नी स्नेहा गिरपुन्जे को अनुकम्पा नियुक्ति देने का फैसला किया है। स्नेहा गिरपुन्जे को डीएसपी पद पर ज्वाइनिंग दी गई है और उन्हें पुलिस प्रशिक्षण अकादमी में पदस्थ किया गया है।
पिछले दिनों विष्णुदेव साय कैबिनेट ने विशेष प्रकरण मानते हुए स्नेहा गिरपुन्जे को डीएसपी पद पर अनुकम्पा नियुक्ति देने का फैसला लिया था। इस फैसले के बाद अब स्नेहा गिरपुन्जे को डीएसपी पद पर ज्वाइनिंग दी गई है।
गौरतलब है कि एएसपी आकाश राव गिरपुन्जे की शहादत सुकमा में आईईडी की चपेट में आने से हुई थी। उनकी शहादत को याद करते हुए सरकार ने उनकी धर्मपत्नी को अनुकम्पा नियुक्ति देने का फैसला किया है।
हिंसा का अंधकार छोड़ मुख्यधारा की रोशनी में साथियों के साथ जानसी और जुनकी ने पहली बार मनाई दीपावली
गरियाबंद। दीपावली का पर्व केवल त्योहार नहीं, बल्कि अंधकार पर प्रकाश की विजय का सच्चा प्रतीक है. हर साल यह पर्व अपने साथ नई खुशियाँ और रोशनी लेकर आता है, लेकिन इस बार की दीपावली उन नक्सलियों के लिए कुछ खास था, जो हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटकर आजादी की रोशनी में यह पर्व मना रहे थे. इनमें 8 लाख की इनामी पूर्व नक्सली जानसी, जुनकी, वैजंती, मंजुला और मैना शामिल हैं.
बीते दिनों इन दोनों के साथ कई अन्य पुरुष और महिला नक्सलियों ने भी सरकार की आत्मसमर्पण और पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर हिंसा का रास्ता छोड़ दिया था. समाज की मुख्यधारा में लौटने के बाद इन सभी के लिए यह पहली दीपावली है.

बाजार में खरीदारी करते हुए इन पूर्व नक्सलियों के चेहरे पर एक नई शुरुआत की खुशी और संतोष साफ झलक रहा था. इनमें शामिल जानसी और जुनकी आम महिलाओं की तरह गरियाबंद के बाजार में अपनी पहली आजाद दीपावली के लिए कपड़े चुनती और खरीदारी करती दिखाई दीं.
आठ लाख की इनामी नक्सली जानसी ने बताया कि 19 सालों तक नक्सलियों के साथ रहने के बाद जंगल से निकलने के बाद यह उनकी पहली आजादी की दीपावली होगी. वहीं 5 लाख की इनामी नक्सली जुनकी ने बताया कि उसने कभी दीपावली नहीं मनाई. यह उसकी पहली दीपावली है, इसके लिए वह काफी खुश है.

वहीं एक अन्य नक्सली मैना ने बताया कि जंगल में किसी भी त्योहार का नाम लेना तक मना था, त्योहार मनाना तो छोड़ दीजिए. अब अपने साथियों के साथ दीपावली मनाने के लिए काफी उत्सुक हूं.
वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, छापा मारकर सागौन की कीमती लकड़ी को किया जब्त
बीजापुर। सामान्य वन विभाग ने बीजापुर के टिम्बर माफियाओं पर एक बड़ी कार्रवाई की है. अवैध सागौन की लकड़ी का बड़ा भंडार जब्त किया गया है. यह कार्रवाई जिला मुख्यालय के न्यू पुलिस लाइन के सामने और भट्टीपारा में स्थित डेरी फार्म पर दो टिप्पर और लगभग पांच से छः घनमीटर सागौन की कीमती लकड़ी बरामद हुई है.
वन विभाग को लंबे समय से इस क्षेत्र में अवैध लकड़ी तस्करी की शिकायतें मिल रही थीं. इन्हीं शिकायतों के आधार पर टीम ने सोमवार को यह कार्रवाई की, जिसके बाद यह बड़ा डंप सामने आया. वन अमला फिलहाल मौके पर जांच कर रहा है, ताकि बरामद लकड़ी के स्रोत और वास्तविक मालिक का पता लगाया जा सके.
इस कार्रवाई के बाद जिला मुख्यालय के कई फर्नीचर मार्टों में भी वन विभाग की तलाशी जारी है. जिस स्थान से लकड़ी मिली है, वह पुलिस लाइन से सटा हुआ और सुरक्षित क्षेत्र माना जाता है, जिससे विभागीय मिलीभगत की संभावना जताई जा रही है. स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इतनी बड़ी मात्रा में लकड़ी वन कर्मियों की जानकारी के बिना इकट्ठा नहीं की जा सकती थी. इससे रेंजर, बीट गार्ड और अन्य अमले की मिलीभगत की आशंका जताई गई है.
राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शहीद वाटिका पहुंचकर शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि
रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर स्थित शहीद वाटिका पहुंचे। उन्होंने अमर जवान स्तंभ पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीद वीर जवानों को नमन किया। उन्होंने शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को स्मरण करते हुए उनके परिजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, विधायक मोतीलाल साहू, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विवेकानंद सिन्हा सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।