प्राचार्य पदोन्नति मामले की हाईकोर्ट में सुनवाई पूरी, कल आ सकता है बड़ा फैसला
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में बहुप्रतीक्षित प्राचार्य पदोन्नति मामले की सुनवाई आज 4 अगस्त को हाईकोर्ट बिलासपुर में हुई, जिसमें याचिकाकर्ता नारायण प्रकाश तिवारी की ओर से उनके अधिवक्ता तथा राज्य सरकार की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता यशवंत सिंह ठाकुर ने अपना पक्ष मजबूती से रखा।
इस मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति रविंद्र कुमार अग्रवाल की एकलपीठ में हुई। कोर्ट ने सभी पक्षों को सुनने के बाद स्पष्ट किया कि 5 अगस्त को मामले की पुनः सुनवाई होगी और सुनवाई पूरी की जाएगी, जिससे यह उम्मीद बंधी है कि फैसला जल्द आ सकता है।इस मामले में इंटरवीनर अधिवक्ता अनूप मजूमदार ने प्रभावी ढंग से पक्ष रखा था। आज की सुनवाई में मनोज सनाढ्य और राजेश शर्मा भी उपस्थित रहे।
संभावित ऐतिहासिक निर्णय
उम्मीद जताई जा रही है कि याचिकाकर्ता, शासकीय पक्ष और इंटरवीनर सभी ने अपना पक्ष प्रस्तुत कर दिया है, ऐसे में कल की सुनवाई अंतिम हो सकती है, और एक बड़ा व ऐतिहासिक फैसला आने की पूरी संभावना है। इस केस का असर राज्य में पहले से पदोन्नत हो चुके प्राचार्यों पर भी पड़ सकता है, लिहाजा वे भी फैसले का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।