एम्स रायपुर को मिला नया अध्यक्ष, पद्मश्री डॉ. बुधेन्द्र कुमार जैन संभालेंगे जिम्मेदारी
रायपुर। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने 14 अगस्त को गजट नोटिफिकेशन जारी कर अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) रायपुर के नए अध्यक्ष के रूप में पद्मश्री डॉ. बुधेन्द्र कुमार जैन की नियुक्ति की घोषणा की। उनकी नियुक्ति को चिकित्सा जगत के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि वे पांच दशकों से स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं और लाखों रोगियों को राहत पहुंचा चुके हैं।
डॉ. जैन वर्तमान में चित्रकूट श्री सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट के ट्रस्टी और सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय के निदेशक के रूप में कार्यरत हैं। नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में उन्होंने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं और ग्रामीण एवं पिछड़े क्षेत्रों में नेत्र रोगियों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाई है। इसी वर्ष उन्हें चिकित्सा सेवा में उत्कृष्ट योगदान के लिए भारत सरकार द्वारा पद्मश्री सम्मान से नवाजा गया।
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद डॉ. जैन ने स्वास्थ्य मंत्रालय और केंद्र सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उनकी सेवा भावना का प्रेरणा स्रोत सद्गुरु रणछोड़दास जी महाराज हैं, जिनकी शिक्षाओं ने उन्हें हमेशा मानवता की भलाई के लिए कार्य करने की दिशा दिखाई। उन्होंने एम्स रायपुर के चिकित्सकीय और गैर-चिकित्सकीय कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि रोगियों की भलाई और त्वरित सेवा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
डॉ. जैन ने स्पष्ट किया कि वे मानवता की सेवा को अपना मूल मंत्र मानते हैं और एम्स रायपुर में रोगियों की देखभाल, मेडिकल शिक्षा और अनुसंधान को नई दिशा देने का प्रयास करेंगे। उनका कहना है कि एम्स जैसे संस्थान का लक्ष्य केवल उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि देशभर के चिकित्सकों और शोधकर्ताओं को उत्कृष्ट शिक्षा और प्रशिक्षण देना भी है।