प्रदेश / छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ को मिलेगी अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधा, मुख्यमंत्री के निर्देश पर 40 करोड़ की राशि स्वीकृत

रायपुर।  मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के कुशल मार्गदर्शन में प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएँ लगातार नए आयाम गढ़ रही हैं। इसी कड़ी में राजधानी रायपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय परिसर के कैंसर अस्पताल का विस्तार किया जा रहा है। मौजूदा जी प्लस टू (G+2) भवन को उन्नत कर जी प्लस सिक्स (G+6) भवन के रूप में विकसित किया जाएगा। इस परियोजना पर लगभग 39.36 करोड़ रुपये की पुनरीक्षित राशि स्वीकृत की गई है।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने जानकारी देते हुए कहा कि यह परियोजना केवल ईंट-पत्थरों से बनी इमारत का विस्तार भर नहीं है, बल्कि प्रदेश की जनता के लिए उम्मीद की नई किरण है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए निर्माण कार्य को शीघ्र गति प्रदान की जाए ताकि जनता जल्द से जल्द इसका लाभ उठा सके।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में कैंसर से जूझ रहे मरीजों को सीमित संसाधनों और भवन संरचना के कारण कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में जी प्लस सिक्स भवन तैयार होने के बाद अस्पताल में न केवल अधिक मरीजों का उपचार संभव होगा, बल्कि अत्याधुनिक तकनीक और सुविधाओं से लैस कैंसर उपचार सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इसमें उन्नत रेडियोथेरेपी मशीनें, आधुनिक केमोथेरेपी यूनिट, अत्याधुनिक सर्जिकल सुविधाएं और मरीजों के लिए आरामदायक वार्ड शामिल होंगे।

स्वास्थ्य मंत्री ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व के कारण ही प्रदेश स्वास्थ्य क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। यह निर्णय छत्तीसगढ़ को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा।

इस परियोजना के पूरा होने से प्रदेश के दूरदराज़ क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को राजधानी में बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी और उन्हें बाहर अन्य राज्यों में इलाज के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। विशेष रूप से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए यह अस्पताल वरदान साबित होगा, क्योंकि सरकारी स्तर पर मिलने वाली सेवाएं निजी अस्पतालों की तुलना में बेहद किफायती होंगी।

अस्पताल के विस्तार के बाद डॉक्टरों और विशेषज्ञों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी, ताकि मरीजों को विश्वस्तरीय इलाज मिल सके। साथ ही कैंसर रिसर्च और प्रशिक्षण सुविधाओं को भी बढ़ावा देने की योजना बनाई जा रही है। इस प्रकार, डॉ. अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय का यह उन्नयन केवल एक भवन निर्माण नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के हर नागरिक के स्वस्थ जीवन का सपना साकार करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।