प्रदेश / छत्तीसगढ़

बारिश और बाढ़ से जनजीवन अस्त-व्यस्त, सरकार ने दिए राहत कार्य तेज करने के निर्देश

रायपुर/जगदलपुर। बस्तर संभाग के विभिन्न जिलों में पिछले 48 घंटों से लगातार बारिश हो रही है। तेज बारिश के चलते कई नदियां और नाले उफान पर हैं, जिससे बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। कई निचले इलाकों में पानी घुस गया है और सड़क मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। गीदम और बीजापुर के बीच का पुल क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। वहीं दरभा नाले में घूमने गए कुछ लोग कार सहित बह गए।

200 लोग शिफ्ट, 6 एयरलिफ्ट

राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री टंकराम वर्मा ने बताया कि हालात को देखते हुए प्रशासन ने तेजी से राहत और बचाव कार्य शुरू किया है। अब तक करीब 200 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है। वहीं 6 लोगों को एयरलिफ्ट कर सुरक्षित जगह पहुंचाया गया है। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ने स्थिति की जानकारी मिलते ही संबंधित अधिकारियों से सीधे बात की और तुरंत जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री का निर्देश – राहत कार्य में तेजी

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि प्रभावित जिलों में राहत और बचाव कार्य को और तेज किया जाए। प्रशासनिक अमले को अलर्ट रहने और हर परिस्थिति के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि कलेक्टरों को पर्याप्त फंड उपलब्ध कराए गए हैं और क्षतिपूर्ति नियम के अनुसार प्रभावित लोगों को मुआवजा दिया जाएगा।

जनजीवन अस्त-व्यस्त

लगातार बारिश और बाढ़ से ग्रामीण इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई गांवों का संपर्क मुख्य मार्गों से टूट गया है। खेतों में खड़ी फसलें जलमग्न हो गई हैं, जिससे किसानों को भी भारी नुकसान की आशंका है। वहीं बाढ़ग्रस्त इलाकों से लगातार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जा रहा है।